शुक्रवार, 13 मार्च 2026

‘अब युद्ध का अंत ईरान ही करेगा !’


(इस युद्ध के सत्य के उद्घाटक, घटनामूलक (evental) चरित्र पर एक टिप्पणी)

−अरुण माहेश्वरी  


ईरान-अमेरिका युद्ध अब महज एक राजनीतिक या सैन्य घटना नहीं रह गई है । अमेरिका ने इस युद्ध का प्रारंभ किया पर इसका अंत अब उसके वश में नहीं रहा है । यह क्रमशः एक ऐसी वैश्विक चर्वणा का रूप ले चुका है जिसका परिणाम बिल्कुल अपरिमेय है । अभी तो अमेरिका अपने मृत सैनिकों की गिनती कर पा रहा है और इजरायल भी बर्बादियों के कुछ झूठे-सच्चे आँकड़े रख पा रहा है, पर इसमें आश्चर्य नहीं कि जल्द ही इन आँकड़ों की कोई अहमियत ही नहीं बचेगी । बमों और मिसाइलों के धमाकों के धूल-धुएं में जैसे सारी दुनिया ही ओझल होती दिखाई देगी । कल तक जो सच था, आज अचानक इतना बदल चुका होगा कि उसकी सूरत ही पहचान में नहीं आएगी । 

ट्रंप ने सत्ता पर आने के साथ ही ‘अमेरिका के हित’ के नाम पर दुनिया को अस्थिर करने की जो सुचिंतित मुहिम शुरू की थी, वह अब हमारी दृष्टि में ‘दुनिया के हित’ में अंगड़ाई लेते हुए विश्व-व्यवस्था के एक बिल्कुल नये आकार में उभरने के अविश्वसनीय आलोड़न का रूप लेती जा रही है । आज अमेरिका में ही यह चर्चा सरगर्म है कि एपस्टीन फाइल में फंसा डोनाल्ड ट्रंप न सिर्फ शारीरिक रूप में सड़ चुका है, बल्कि राजनीतिक रूप से भी प्रति पल बद से बदतर होता जा रहा है । यह व्यक्ति ट्रंप का ही सच नहीं है, बल्कि काफी हद तक पूरी अमेरिकी सत्ता का, मध्यपूर्व और पूरे विश्व में फैले सैनिक अड्डों और उस पर आश्रित राजनीतिक सत्ताओं का भी सच है । इन अड्डों का और लंबे समय तक यूं ही बने रहना संभव नहीं लगता है क्योंकि इस युद्ध ने खाड़ी के देशों के सामने इनके होने की अहमियत के खोखलेपन को जाहिर कर दिया है ।  

इसीलिए, हमारा मानना है कि ईरान तो महज एक बहाना है, वास्तविकता यह है कि जैसे अमेरिका-केंद्रित आज की दुनिया का अंतःस्थित सत्य ही अपने परम आत्म-संहारक रूप को प्रकट करने को मचल उठा है । वर्तमान का असहनीय यथार्थ अब विश्व के समूचे प्रतीकात्मक जगत को उलट-पुलट कर, भू-राजनीति की अब तक की पहचानी हुई सूरत को ध्वस्त कर, एक नये यथार्थ-प्रतीकात्मक-छविमूलक समग्र रूप को तैयार करने की दिशा में बढ़ रहा है । ईरान के नेतृत्व का आलम यह है कि उसने शहादत की अपनी मूलगामी परंपरा पर अपने अंत के साथ पूरे मध्यपूर्व के अन्यायपूर्ण स्वरूप के अंत की ठान ली है, जो वहां के शासन को पहले की तुलना में अंदर से कहीं ज्यादा मजबूत बना रहा है । ट्रंप-नेतन्याहू अब युद्ध विराम चाहते हैं और ईरान उसके लिए भारी शर्तों को रख कर इसे टालते हुए एक तार्किक अंत तक ले जाने पर आमादा है ।  

इस घटना को यदि हम खास ईरान और इस्लामी इतिहास के संदर्भ में ही देखें तो लगेगा कि कर्बला के युद्ध में हुई शहादत ने आज उनके लिए एक नया रास्ता तैयार करना शुरू कर दिया है । कर्बला की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इमाम हुसैन की युद्ध में जीत की कोई वास्तविक संभावना नहीं थी। फिर भी उन्होंने संघर्ष चुना। यहीं से शहादत का वह दर्शन पैदा होता है जिसमें शहादत केवल मृत्यु नहीं, एक सत्य की सार्वजनिक घोषणा है। इस अर्थ में इमाम हुसैन ने एक प्रकार के नैतिक उद्घाटन (revelation) का काम किया था। शिया चिंतन में कर्बला को केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं माना जाता। इसे हमेशा मौजूद रहने वाली आज की घटना समझा जाता है। हुसैन की हार वास्तव में एक नैतिक विजय बन गई। शिया परंपरा में कर्बला केवल एक युद्ध नहीं है, बल्कि एक स्थायी नैतिक घटना है। “हर दिन आशूरा है, हर ज़मीन कर्बला है”— यह कथन इसी अर्थ को व्यक्त करता है।

इस प्रकार, इमाम हुसैन की शहादत ने इस्लामी चेतना में जो एक विशेष नैतिक संरचना पैदा की, उस संरचना में किसी अन्यायपूर्ण सत्ता के सामने सत्य की गवाही, पराजय के बावजूद नैतिक विजय, स्मृति और शहादत के माध्यम से इतिहास के पुनर्लेखन को उसके मुख्य तत्त्व कहा जा सकता है । 

आज के आधुनिक दर्शन की भाषा में हम इसे सत्य के विस्फोट की तरह की ऐतिहासिक घटना की तरह भी देख सकते हैं । ऐलन बाद्यू ऐसी घटना को परिभाषित करते हुए उसकी विशेषताओं को इस प्रकार गिनाते हैं कि वह मौजूदा व्यवस्था से बाहर से आती है, स्थापित व्यवस्था के नियमों को चुनौती देती है और एक नई सत्य-विधि (Truth-process) की शुरुआत करती है । पुरानी व्यवस्था अपनी ही भाषा में स्वयं को समझाने में अक्षम नजर आने लगती है। वे फ्रांसीसी क्रांति, पेरिस कम्यून या कुछ महान कलात्मक आविष्कारों को भी ऐसी घटनाओं के उदाहरण बताते हैं। इसका का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है सत्य-घटना के प्रति दीर्घकालिक निष्ठा और उसके अनुसार व्यवहारिक-संगठित प्रतिबद्धता। अर्थात्, घटना से उद्घाटित सत्य को जन-गण की व्यापक स्वीकृति और तदनुरूप सामाजिक रूपांतरण की एक लंबी प्रक्रिया का प्रारंभ । कर्बला इसीलिये एक घटना कहलायेगा क्योंकि उसने शिया समुदाय के रूप में एक नए सामूहिक प्रमाता (subject) को जन्म दिया । 

ईरान का आधुनिक इतिहास, 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद का इतिहास गवाह है कि वहां कर्बला की स्मृति को एक राजनीतिक रूप दिया गया। इसने वहां राजनीति को धर्म और नैतिकता के संघर्ष के रूप में देखने की नई परंपरा शुरू की, शहादत को प्रतिरोध की शक्ति बनाया और साम्राज्यवाद के विरुद्ध संघर्ष को धार्मिक-ऐतिहासिक स्मृति से जोड़ा । इसीलिये यह अकारण नहीं है कि आधुनिक ईरानी राजनीतिक भाषा में कर्बला का संदर्भ बार-बार आता है। 

बहरहाल, आज के ईरान और अमेरिका-इजरायल की लड़ाई में कर्बला ही इस युद्ध के ईरानी नैरेटिव की संरचना में एक प्रमुख भूमिका अदा कर रहा है । इसी के चलते यह युद्ध केवल हथियारों से लड़ा जा रहा रणनीतिक संघर्ष नहीं रह गया है, बल्कि सत्य और शक्ति का टकराव का रूप लेता जा रहा है। बाद्यू के सत्य-विधि (truth-procedure) की प्रक्रिया में हमेशा नई राजनीतिक कल्पनाएँ जन्म लेती हैं, नए गठबंधन बनते हैं और पुराने शक्ति-संतुलन टूट जाते हैं । इतिहास में बार-बार देखा गया है कि बड़े युद्धों के बाद अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बदल जाती है। प्रथम विश्व युद्ध से राष्ट्र संघ की उत्पत्ति हुई, द्वितीय विश्व युद्ध से संयुक्त राष्ट्र संघ बना । इसके अलावा समकालीन राजनीति में युद्ध केवल सैन्य संघर्ष नहीं होता, वह प्रतीकात्मक युद्ध भी होता है। नैरेटिव, स्मृति, धार्मिक प्रतीक − इन सबका प्रयोग राजनीतिक वैधता पाने के लिए भी किया जाता है। कर्बला का प्रतीक इसी कारण मध्य-पूर्व की राजनीति में अत्यंत शक्तिशाली प्रतीक है।

यह सच है कि हर युद्ध को “सत्य की घटना” नहीं कहा जा सकता है । यह घटना (Event) केवल संघर्ष नहीं, बल्कि ऐसा क्षण होता है जो मानवता के लिए एक नए सार्वभौमिक सत्य का द्वार खोलता है। आज यह एक अनोखी बात है कि इस युद्ध के बीच से एक ‘शहादत-स्मृति से संचालित’ राज्य ईरान एक ऐसे प्रमाता के रूप में उभर कर सामने आया है जो दुनिया को एक नई विश्व-व्यवस्था के सत्य के उदय का साक्षात्कार कराता जान पड़ता है । अयातुल्ला अली खामनेई ने अमेरिकी साम्राज्यवाद-जियोनवादी इज़रायल के एपस्टीनपंथी, दुनिया के सबसे ताक़तवर अनैतिक गठबंधन को सीधी चुनौती दे कर ऐसी परिस्थिति पैदा कर दी कि अब ईरान के नए सुप्रीम नेता मुज्तबा खामनेई युद्ध के अंत की ऐसी शर्तें पेश कर पा रहे हैं जो अभी की विश्व-व्यवस्था की सीमाओं से परे जाती है । वे सीधे मांग कर रहे हैं कि अमेरिका को पूरे मध्यपूर्व से अपने सैनिक अड्डों को समेट लेना होगा, ईरान की सार्वभौमिकता का सम्मान करना होगा, उस पर लगी सब पाबंदियों को खत्म करना होगा । अन्यथा, ईरान परमाणु बम को भी उतारेगा, नए वैश्विक सामरिक गठबंधन में शामिल होगा । इन शर्तों को मानने का अर्थ होगा विश्व शक्ति-संतुलन का पूरी तरह से उलट-पुलट जाना ।  

इसीलिये हम यह देख पा रहे हैं कि अमेरिका ने युद्ध शुरू किया होगा, पर उसका ऐतिहासिक अर्थ अब उसके नियंत्रण में नहीं रहा ।  अब इसका अंत ईरान ही करेगा । 


सोमवार, 2 मार्च 2026

ईरान युद्ध, तेल और प्रभुत्व की चिंता से जुड़ी अमेरिकी बदहवासी

(अमेरिकी प्रमाता के संकट की एक मनोविश्लेषणात्मक-भूराजनीतिक व्याख्या की कोशिश) 


– अरुण माहेश्वरी





आज ईरान के साथ अमेरिका और उसके सहयोगियों का युद्ध केवल एक क्षेत्रीय सैन्य संघर्ष नहीं है। इसे केवल मिसाइलों, विमानों, या सामरिक चालों के स्तर पर समझना इस घटना के वास्तविक अर्थ को सीमित कर देना होगा। यह युद्ध वस्तुतः उस महाशक्ति के अस्तित्वगत संकट का प्रकटीकरण है, जिसने लगभग आठ दशकों तक स्वयं को विश्व-व्यवस्था के अंतिम संरक्षक और निर्णायक केंद्र के रूप में स्थापित किया था। यह संकट केवल बाहरी शक्ति-संतुलन का संकट नहीं है; यह स्वयं अमेरिका के प्रमाता-स्वरूप—उसके subject-position—के भीतर उत्पन्न हुआ संकट है। यह वह क्षण है जब एक सत्ता अपनी ही निर्मित पूर्णता की छवि के विघटन से गुजर रही है, और उसी विघटन की बदहवासी में अपने सबसे गहरे सत्य को उजागर कर रही है।


द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद अमेरिका ने जो स्थान प्राप्त किया, वह केवल सैन्य विजय का परिणाम नहीं था। उसने एक ऐसी प्रतीकात्मक व्यवस्था का निर्माण किया जिसमें उसकी शक्ति विश्व-व्यवस्था की अनिवार्य शर्त बन गई। डॉलर वैश्विक विनिमय का आधार बना, अमेरिकी सैन्य गठबंधनों ने सुरक्षा की अंतिम गारंटी का रूप लिया, और उसकी सांस्कृतिक-तकनीकी शक्ति ने उसे आधुनिकता के छविमूलक केंद्र के रूप में स्थापित किया। इस प्रकार अमेरिका केवल एक राष्ट्र नहीं रहा; वह एक प्रतीकात्मक सत्ता बन गया—एक ऐसा “विश्व-प्रमाता” जिसके अस्तित्व पर पूरी पूंजीवादी विश्व-व्यवस्था का विश्वास टिका हुआ था।


परंतु मनोविश्लेषण हमें बताता है कि कोई भी सत्ता अपने भीतर एक अभाव (lack) को छिपाए बिना इस प्रकार की पूर्णता का दावा नहीं कर सकती। सत्ता की स्थिरता इस बात पर निर्भर करती है कि इस अभाव को अभाव के रूप में पहचाना न जाए। जैसे ही यह अभाव प्रकट होता है, सत्ता का अस्तित्वगत संकट प्रारंभ हो जाता है। आज अमेरिका की स्थिति में यही हो रहा है। वह विश्व का सबसे अधिक ऋण-ग्रस्त राष्ट्र है। उसकी सैन्य संरचना पर होने वाला व्यय उसकी आर्थिक संरचना पर असाधारण दबाव डाल रहा है। और सबसे महत्वपूर्ण, चीन का उदय पहली बार उसके अद्वितीय प्रभुत्व के मिथक को वास्तविक चुनौती दे रहा है। यह चुनौती केवल शक्ति-संतुलन का परिवर्तन नहीं है; यह उसकी आत्म-छवि पर लगा हुआ आघात है।


यहाँ यह समझना आवश्यक है कि अमेरिका का यह संकट केवल मनोवैज्ञानिक या प्रतीकात्मक स्तर का संकट नहीं है। इसके पीछे एक ठोस भौतिक आधार है। अमेरिकी प्रभुत्व की आर्थिक संरचना लंबे समय से खाड़ी क्षेत्र के तेल और पेट्रो-डॉलर व्यवस्था पर टिकी रही है। तेल केवल एक ऊर्जा-संसाधन नहीं है; वह उस वित्तीय संरचना का आधार है जिसने डॉलर को वैश्विक मुद्रा के रूप में स्थापित किया। खाड़ी के तेल के वैश्विक व्यापार का डॉलर में होना ही अमेरिकी वित्तीय शक्ति की वास्तविक नींव रहा है। इसी ने अमेरिका को यह क्षमता दी कि वह अपने बढ़ते ऋण-भार के बावजूद विश्व-अर्थव्यवस्था का केंद्र बना रहे।


इस प्रकार खाड़ी क्षेत्र पर नियंत्रण अमेरिका के लिए केवल सामरिक प्रश्न नहीं है; यह उसके आर्थिक अस्तित्व का प्रश्न है। यदि इस क्षेत्र पर उसका निर्णायक प्रभाव कमजोर पड़ता है, यदि तेल-व्यापार में वैकल्पिक व्यवस्थाएँ उभरती हैं, यदि खाड़ी के देश अन्य शक्तियों—विशेषतः चीन—की ओर झुकते हैं, तो यह केवल एक क्षेत्रीय परिवर्तन नहीं होगा। यह अमेरिकी प्रभुत्व की वित्तीय नींव को ही हिला देगा। इस अर्थ में ईरान के साथ उसका संघर्ष केवल सुरक्षा-संबंधी संघर्ष नहीं है; यह उस आर्थिक संरचना को बनाए रखने का संघर्ष है जिस पर उसका वैश्विक प्रभुत्व टिका हुआ है।


परंतु यहीं एक निर्णायक विरोधाभास उत्पन्न होता है। जब किसी शक्ति को अपने आर्थिक प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए बार-बार सैन्य आक्रामकता का सहारा लेना पड़े, तो यह उसकी शक्ति का प्रमाण नहीं, बल्कि उसके संकट का संकेत बन जाता है। क्योंकि वास्तविक प्रभुत्व वह होता है जिसे बार-बार सिद्ध करने की आवश्यकता न पड़े। जिस क्षण प्रभुत्व को सिद्ध करना पड़े, उसी क्षण उसका अभाव प्रकट हो चुका होता है।


डोनाल्ड ट्रंप का “Make America Great Again” का नारा इसी अभाव की राजनीतिक अभिव्यक्ति है। यह नारा केवल एक चुनावी नारा नहीं है; यह उस खोई हुई पूर्णता को पुनः प्राप्त करने की सामूहिक कल्पना है, जिसका अस्तित्व अब केवल अतीत में है। “फिर से महान बनाना” इस बात की स्वीकारोक्ति है कि महानता अब स्वयंसिद्ध नहीं रही। इस प्रकार यह नारा समाधान नहीं, बल्कि संकट का लक्षण है—एक ऐसी कल्पना जो अभाव को ढँकने का प्रयास करती है, पर उसे समाप्त नहीं कर सकती।


मनोविश्लेषण के सिद्धांत के अनुसार, जब सत्ता अपने प्रतीकात्मक आधार को खोने लगती है, तो वह वास्तविक हिंसा के माध्यम से अपनी शक्ति को प्रमाणित करने का प्रयास करती है। यही वह बिंदु है जहाँ बदहवासी जन्म लेती है। बदहवासी केवल भय की अवस्था नहीं है; यह उस आक्रामक सक्रियता की अवस्था है जिसमें सत्ता अपने अस्तित्व को बचाने के लिए लगातार क्रिया करती रहती है। परंतु यही क्रिया उसके अभाव को और अधिक स्पष्ट कर देती है।


ईरान के साथ युद्ध इसी बदहवासी का परिणाम है। यह युद्ध केवल ईरान को नियंत्रित करने का प्रयास नहीं है; यह उस प्रतीकात्मक संरचना को बनाए रखने का प्रयास है जिसमें अमेरिका विश्व-प्रमाता के रूप में स्थापित रहा है। परंतु युद्ध-क्षेत्र से आ रही घटनाएँ—चाहे वे सैन्य क्षति की खबरें हों, या सहयोगियों की असुरक्षा की भावना—इन सबका महत्व केवल उनके सामरिक परिणाम में नहीं है। उनका महत्व इस तथ्य में है कि वे उस अजेयता के मिथक में दरार के संकेतक बन रही हैं जिस पर अमेरिकी प्रभुत्व टिका हुआ था।


इस युद्ध का एक और महत्वपूर्ण परिणाम खाड़ी के देशों की प्रतिक्रिया में दिखाई देता है। दशकों से ये देश अमेरिकी सुरक्षा-गारंटी पर निर्भर रहे हैं। परंतु आज यदि वे यह अनुभव करने लगते हैं कि अमेरिका उनकी सुरक्षा की सार्वभौमिक गारंटी नहीं रहा, बल्कि एक सीमित और पक्षधर शक्ति बन गया है, तो यह एक गहरे प्रतीकात्मक परिवर्तन का संकेत है। यह उस विश्वास के विघटन का संकेत है जिस पर अमेरिकी प्रभुत्व टिका हुआ था।


जब सहयोगी अपने संरक्षक पर से विश्वास खोने लगते हैं, तो यह किसी भी महाशक्ति के संकट का सबसे स्पष्ट संकेत होता है। क्योंकि महाशक्ति की शक्ति केवल उसके शत्रुओं पर नहीं, बल्कि उसके सहयोगियों के विश्वास पर टिकी होती है। जैसे ही यह विश्वास डगमगाने लगता है, उसकी शक्ति का प्रतीकात्मक आधार टूटने लगता है।


इस स्थिति को यदि हम एक व्यापक ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में देखें, तो यह स्पष्ट हो जाता है कि अमेरिका का वर्तमान संकट केवल एक राष्ट्र का संकट नहीं है। यह उस पूरी विश्व-व्यवस्था का संकट है जिसका केंद्र वह रहा है। यह उस ऐतिहासिक संरचना का संकट है जिसमें पूंजीवादी प्रभुत्व, तेल-आधारित वित्तीय व्यवस्था, और सैन्य शक्ति का संयोजन शामिल रहा है।


अभिनवगुप्त के स्पन्द सिद्धांत की भाषा में कहें तो यह चिति के विक्षोभ का क्षण है—वह क्षण जब चेतना अपनी ही सीमा का अनुभव करती है। यह विक्षोभ केवल विघटन नहीं है; यह एक नई संरचना के जन्म का संकेत भी है। इसी प्रकार अमेरिका का संकट केवल उसके प्रभुत्व के अंत का संकेत नहीं है; यह एक नई विश्व-व्यवस्था के उद्भव का संकेत भी है।


इस प्रकार अमेरिका की आक्रामकता को उसकी शक्ति के प्रमाण के रूप में नहीं, बल्कि उसके प्रतीकात्मक और आर्थिक अभाव के लक्षण के रूप में देखना चाहिए। उसकी हर आक्रामक कार्रवाई उसके उस प्रयास का हिस्सा है जिसके माध्यम से वह अपने प्रभुत्व को बनाए रखना चाहता है। परंतु उसी प्रयास में उसका अभाव और अधिक स्पष्ट होता जाता है।


अंततः यह कहा जा सकता है कि महाशक्तियों का वास्तविक संकट उनकी सैन्य पराजय में नहीं, बल्कि उस क्षण में निहित होता है जब उनकी अपरिहार्यता का विश्वास टूट जाता है। आज अमेरिका इसी क्षण से गुजर रहा है। उसकी आक्रामकता उसके प्रभुत्व को पुनः स्थापित करने का प्रयास है, पर उसी में उसके प्रभुत्व की सीमाएँ भी उजागर हो रही हैं।


और हम यह भी जोड़ना चाहेंगे कि ऐसे संकट में फँसी महाशक्तियाँ अपनी पराजय से नहीं, बल्कि अपनी बदहवासी से पहचानी जाती हैं।

शनिवार, 7 फ़रवरी 2026

दक्षिणपंथ, तानाशाही और पेडोफाइल

 

-अरुण माहेश्वरी 



देखते-देखते, दक्षिणपंथ से तानाशाही की ओर बढ़ रहे विश्व में हम यौन कुंठाओं से भरे, बच्चों  तक के यौन शोषण के राक्षसी कृत्य करने वाले पेडोफाइल्स  ( पेडोफाइल्स) शासकों के उभार के अजीब से क्रम को देख रहे हैं । 


जो कल तक दक्षिणपंथी रुझान नज़र आता था, अब क्रमशः अपने कपड़े उतारते हुए युद्धखोर तानाशाह, स्वेच्छाचार से पेडोफाइल्स की जमात में शामिल होने की सीमा तक अपने को नंगा कर चुके हैं । 


लकानियन दृष्टि से संरचना के भीतर अवरोही तर्क से देखें, तो दक्षिणपंथ की यह परिणति सत्ता-कामना के इसी मूल तल तक उतरती हुई दिखाई देती है। यह पेडोफाइल का शाब्दिक रूप नहीं, उसकी संरचनात्मक तार्किक -परिणति है। तानाशाही की संरचना ही पेडोफिलिक कामना जैसी सत्ता-प्रधान विकृतियों की ओर झुकाव पैदा करती है।


लकानियन दृष्टि से आदमी के मस्तिष्क की पेडोफिलिक संरचना का प्रमुख तत्व है, पूर्ण नियंत्रण (absolute control ) की कामना। 


बच्चा एक ऐसी वस्तु है, जिस पर एकतरफ़ा शक्ति का प्रयोग किया जा सकता है जहाँ बराबरी का कोई प्रतीकात्मक रिश्ता नहीं बनता । इसलिए बच्चे का यौन-शोषण सिर्फ यौन नहीं है, यह सत्ता-जन्य कामना भी है। यह प्रमाता की ऐसी स्थिति है जहाँ अन्य को प्रमाता बनने का अधिकार ही नहीं दिया जाता। ऐसे स्वेच्छाचारी की कामना ‘अन्य’ (other) के अभाव से नहीं, बल्कि ‘अन्य’ की उपस्थिति से घबराती है। इसलिए वह ऐसे व्यक्ति को चुनती है जो ‘अन्य’ बन ही न पाए। 


बच्चा प्रतिरोध नहीं करता, कोई सामाजिक-प्रतीकात्मक उत्तर नहीं देता, तानाशाह की कामना पर सवाल नहीं उठाता।इसलिए बच्चा यहाँ ‘अन्य’ (Other) के रूप में नहीं बल्कि एक सुरक्षित वस्तु के रूप में चुना जाता है।यही दूसरे से डरने वाली संरचना सत्ता-राजनीति में तानाशाही मानसिकता में बदलती है।


इसके अलावा, लकान कामना के गठन को हमेशा प्रतीकात्मक व्यवस्था के जरिये बनते हुए देखते हैं । इसे ही आम बोलचाल की भाषा में सांस्कृतिक परिवेश कहा जाता है । उम्र के बढ़ने के साथ व्यक्ति के संपर्कों का यह संसार अर्थात् उसका प्रतीकात्मक जगत बदलता जाता है, उसकी इच्छाएँ, रुचियाँ भी बदलती जाती है । 


जो लोग सामान्यतः बच्चों का यौन शोषण जैसे घिनौने काम करते हैं, उनकी समस्या यह भी है कि उनकी  कामनाएँ वयस्क पुरुष के प्रतीकात्मक संबंध के बजाय पूर्व-वयस्क वस्तु से ही चिपकी रहती है। वे हमेशा परिपक्व संबंध से पलायन करते हैं । पेडोफाइल की कामना उस अन्य से डरती है जो बोल सकता है, प्रश्न कर सकता है, इंकार कर सकता है, चुनौती दे सकता है । यह मानसिकता मूलतः प्रतीकात्मक संबंध से पलायन की संरचना भी है। 


मनोविश्लेषण की दृष्टि से पेडोफाइल वह व्यक्ति है जिसकी कामना प्रतीकात्मक संबंध, बराबरी और दूसरे की स्वायत्तता को सहन नहीं कर पाती और इसीलिए वह ऐसे ऑब्जेक्ट का चुनाव करता है जो बोल न सके, विरोध न कर सके और प्रश्न न उठा सके।


इसीलिए हमें आश्चर्य नहीं होता हैं कि आरएसएस जैसे बंद, अनुशासनात्मक और सत्ता-केन्द्रित संगठनों के परिवेश में पली मानसिकता में, ऐसी विकृत सत्ता-कामनाएँ पनपने की संभावना सबसे अधिक होती है। इसे हम इधर बढ़ते हुए यौन अपराधों के साथ संघ और बीजेपी के लोगों की अधिक से अधिक संलग्नता के उदाहरणों से जोड़ कर देख सकते हैं । एपस्टीन फ़ाइल के संदर्भ में मोदी का नाम और उनका ट्रंप जैसे गंभीर नैतिक और आपराधिक विवादों से घिरे व्यक्ति को लगातार ‘माई डीयर फ्रेंड’ कहकर संबोधित करना भी, इस राजनीतिक नैतिकता के संकट का एक गहरा संकेत है।


सोमवार, 19 जनवरी 2026

“Board of Peace” : शेखचिल्ली का महल, जिसकी इतिहास में कोई ज़मीन नहीं है

-अरुण माहेश्वरी

 

जिस गति से चीन का उभार हो रहा है और ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका जिस तेज़ी से अपनी अंतरराष्ट्रीय भूमिकाओं से पैर खींच रहा है, उससे अब यह साफ़ हो चला है कि वर्तमान विश्व-व्यवस्था के भीतर ही वह दबाव पैदा हो रहा है जो एक नई व्यवस्था को जन्म देगा।

कोई भी व्यवस्था तब तक समाप्त नहीं होती जब तक उसकी अंदरूनी संभावनाएँ चुक नहीं जातीं। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद से चली आ रही अमेरिकी नेतृत्व वाली व्यवस्था में आज संसाधनों की खींच-तान, वैधता का क्षरण, और वैश्विक गठबंधनों में शिथिलता के चलते क्षय के वही लाइलाज लक्षण दिखाई देने लगे हैं जो उसकी मृत्यु को लगभग तय कर रहे हैं।

यदि हम इस प्रक्रिया को गणित की सेट थियरी की भाषा में कहें तो यह एक ऐसी आंतरिक बाध्यता (forcing) की तरह है जो पुराने ढाँचे के भीतर ही नई स्थिति को “अपरिहार्य” बना देती है। परिवर्तन किसी घोषणापत्र या रणभेरी से नहीं आता—वह व्यवस्था के भीतर जमा हुए अन्तर्विरोधों के दबाव से जन्म लेता है।

लेकिन ठीक इसी ऐतिहासिक मोड़ पर ट्रंप का ग़ज़ा को केंद्र में रखकर बहुदेशीय “Board of Peace” (शांति-निकाय) का प्रस्ताव—कुछ चुनिंदा देशों को पत्र लिखकर संयुक्त राष्ट्र जैसी बहुस्तरीय संस्था के स्थान पर अपने सीधे प्रभुत्व वाली बहुदेशीय संस्था की परिकल्पना—दरअसल इसी फोर्सिंग की द्वंद्वात्मक प्रक्रिया को पहले ही रोककर उलट देने की एक कोशिश है। जो परिवर्तन भीतर ही भीतर पक चुका है, उसे बाहर से शक्ति के प्रयोग द्वारा बलपूर्वक मोड़ देने का प्रयास है।

यहीं फ्रेडरिक एंगेल्स का लेख “इतिहास में बल प्रयोग की भूमिका” याद आता है। लेख के बिल्कुल आरंभ में ही उन्होंने एक प्रमेय की तरह यह सवाल रखा था कि “ख़ून और तलवार की नीति” कुछ समय के लिए सफल क्यों होती है—और अंततः उसका विफल होना क्यों लाज़िमी है। एंगेल्स का निष्कर्ष साफ़ था: बल प्रयोग किसी समय तक परिणाम दे सकता है, पर वह इतिहास का नियम नहीं बन सकता। इतिहास का नियम अंततः आर्थिक संरचना और उत्पादन-सम्बन्धों की गति से तय होता है। सत्ता का अंतिम संतुलन वहीं टिकता है जहाँ उसकी आर्थिक ज़मीन मौजूद होती है।

ट्रंप का “शांति-निकाय” इसी अर्थ में सचमुच शेखचिल्ली का महल है।

वे यह मानकर चल रहे हैं कि हिंसा, धमकी, प्रतिबंध, और मनमाने ढंग से चुने गए देशों तथा प्रतिनिधियों की सूची से एक नई वैश्विक संरचना बनाई जा सकती है। उन्होंने विश्व-व्यवस्था को एक निजी क्लब समझ लिया है। उनका जड़ राजनीतिक विवेक शायद यह देख ही नहीं पा रहा कि विश्व-व्यवस्था उत्पादन, व्यापार, तकनीक, वित्त, ऊर्जा और श्रम जैसे आर्थिक कारकों के विश्व-स्तरीय रिश्तों का एक अत्यंत जटिल जाल होती है। संयुक्त राष्ट्र की बहुस्तरीयता भी कोई महज नैतिक आदर्श या सुविधाजनक व्यवस्था नहीं, बल्कि उसी जाल का संस्थागत रूप है।

ट्रंप इस जाल को काटकर अपना एक नया “शॉर्टकट” बनाना चाहते हैं, पर इतिहास में शॉर्टकट व्यवस्था नहीं बनाते, केवल अराजकता पैदा करते हैं। भारत सहित दुनिया के तमाम देशों में इसके असंख्य उदाहरण मौजूद हैं।

ट्रंप की मूर्खता का आलम यह है कि वे नोबेल शांति पुरस्कार देने वाले देश नार्वे से धमकी के बल पर पुरस्कार “ऐंठने” को भी “अमेरिका को फिर से महान” बनाने का कोई नुस्ख़ा मान बैठे हैं।

दरअसल, बल प्रयोग पर भरोसा करने वालों का सबसे बड़ा भ्रम यही होता है कि वे मानते हैं कि कोरा बल “निर्माण” भी कर सकता है। उन्हें यह अहसास नहीं होता कि बल से अधिकतम ध्वंस संभव है, निर्माण नहीं।

नई विश्व-व्यवस्था तभी बनती है जब उत्पादन और तकनीक के नए केंद्र उभरते हैं, व्यापार के नए मार्ग स्थिर होते हैं, वित्तीय शक्ति का नया अनुशासन जन्म लेता है, और दुनिया के देशों के ज़ेहन में वैधता का कोई नया प्रतीकात्मक रूप बन चुका होता है।

ट्रंप की घोषणाएँ इनमें से एक भी शर्त पूरी नहीं करतीं—वे तो इन सबको एक सिरे से नकारती हैं। वे नई व्यवस्था की ज़मीन नहीं बनातीं; वे केवल पुराने ढाँचे को और अधिक कमजोर करती हैं।

अपने ‘MAGA’ कार्यक्रम के तहत ट्रंप जिस “नई विश्व-व्यवस्था” को खुद गढ़ना चाहते हैं, वह उसी निर्माण-प्रक्रिया में केवल बाधा बन सकती है। जिस तरह नैटो के सदस्य देश चीन की ओर झुकने लगे हैं, वर्षों के विरोध के बाद भी कनाडा चीन में एक विकल्प देख रहा है, और चीन की ‘बेल्ट एंड रोड’ परियोजना को जिस प्रकार दुनिया में समर्थन मिल रहा है—ये सब प्रमाण हैं कि ट्रंप की नीतियाँ ही अमेरिका के मित्रों को उससे दूर धकेल रही हैं।

इसीलिए यदि यह ‘शांति-निकाय’ कभी बन भी गया तो उसके स्थायित्व की कोई गारंटी नहीं होगी। वह शुद्ध रूप से एक विघटनकारी निकाय होगा—एक ऐसी संरचना जो स्वयं अपने भीतर अस्थिरता, अविश्वास और विद्रोह के बीज लिए होगी।

जिस व्यवस्था की नींव साझा आर्थिक-ऐतिहासिक ज़मीन पर नहीं, बल्कि किसी एक शक्ति के स्वेच्छाचार पर रखी जाती है, वह व्यवस्था नहीं—एक सामयिक ज़ोर-ज़बर्दस्ती होती है।

ट्रंप की पैंतरेबाज़ी इतिहास की धारा को नहीं मोड़ सकती। वह केवल शोर पैदा कर सकती है।

अंत में हम फिर एंगेल्स के कथन को ही दोहराएँगे: “ख़ून और तलवार की नीति” कुछ समय तक सफल लग सकती है, पर उसका विफल होना लाज़िमी है। अंतिम विजय हमेशा उन्हीं शक्तियों की होती है जिनके पीछे इतिहास की वास्तविक ज़मीन होती है। और आज की दुनिया में वह ज़मीन किसी एक की नहीं—अनेकों की है। दुनिया अब एकध्रुवीय नहीं, बहुध्रुवीय है।

ट्रंप जिस महल का नक्शा बना रहे हैं, उसके लिए इस दुनिया में रत्ती भर ज़मीन नहीं बची है—न किसी के पिछवाड़े में, न किसी के कथित “प्रभाव क्षेत्र” मे !

ट्रंप का यह महल शेखचिल्ली का सपना है । इतिहास की मिट्टी पर अब उसका निर्माण तो दूर, उसके नक़्शे को उकेरना भी संभव नहीं होगा ।


बुधवार, 14 जनवरी 2026

ट्रंप की सनक या अमेरिकी साम्राज्यवाद का असल रूप !

 



-अरुण माहेश्वरी

ट्रंप ने आज सारी दुनिया को जैसे किसी हुक पर टांग कर रख दिया है । सामान्य बुद्धि का कोई भी आदमी, जो खास तौर पर द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद के विगत 80 साल में दुनिया की एक निश्चित प्रतीकात्मक व्यवस्था के दायरे में सोचने का अभ्यस्त हो चुका है, ट्रंप के टैरिफ युद्ध से लेकर एक राष्ट्रपति दंपत्ति का खुले आम अपहरण और दुनिया के किसी भी कोने में सैनिक हस्तक्षेप करने की रणनीति को पूरी तरह से समझ ही नहीं पा रहा है । महाशक्तियों द्वारा अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र में पूर्ण वर्चस्व बनाने का कथित मुनरो डाक्ट्रिन, जिसे अभी ट्रंप के नाम पर डोनरो डाक्ट्रिन कहा जाने लगा है, उससे भी ट्रंप की वर्तमान रणनीति की कोई संतोषजनक व्याख्या नहीं मिलती है ।      

हमारे सामने अभी मूल प्रश्न यह है कि ट्रंप की वर्तमान आक्रामक वैश्विक नीति क्या सिर्फ एक व्यक्ति की अनियंत्रित सनक है, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि यह अमेरिका में अगले संतुलित बुद्धि के राष्ट्रपति के आने तक की समस्या भर है या यह अमेरिकी साम्राज्यवाद का असल, अब तक छिपा कर काबू में रखा गया रूप है जो अभी हमें सीधे विश्व की लकानियन प्रतीकात्मक (Symbolic), छविमूलक (Imaginary) और रीयल (Real) की गांठ के अंदर की उस कसमसाहट का साक्षी बना रहा है, जिसमें यह विश्व-व्यवस्था अपनी समग्रता की छतरी के नीचे तार-तार होकर फटती हुई दिखाई दे रही है।

द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनी कानून-आधारित विश्व व्यवस्था मूलतः संप्रभु राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र, और परमाणु प्रतिरोध (डेटरेंस) के संतुलन एक प्रतीकात्मक संरचना रही है, जिसके प्रति सभी संप्रभु राष्ट्रों के साझा मौन समर्थन के बल पर युद्ध का पूर्ण-विनाशकारी ‘रीयल’ खुल कर खेल नहीं पाता है । इधर-उधर बल का प्रयोग होता रहा है, पर वह कुछ इस प्रकार हुआ है ताकि इस प्रतीकात्मक संरचना के दबाव से काफी हद तक नियंत्रित हो जाए ।  

पर अब ट्रंप तो इस प्रतीकात्मक अनुबंध को ही खुले आम चुनौती देते हुए अपनी मनमर्जी के नियमों की रचना करने पर उतारू हैं। ट्रंप का राजनीतिक आचरण हमें केवल एक व्यक्ति का अहंकार नहीं, बल्कि उस अमेरिकी दैत्याकार शक्ति का सभी आवरणों को चीर कर प्रकट होना प्रतीत होता है, जिसे कई दशकों तक पाल-पोस कर तैयार करने पर भी संस्थागत विवेक के जरिये  ढँक कर रखा जा रहा था। पिछले तमाम दशकों से हर अमेरिकी राष्ट्रपति की छवि को दुनिया के सबसे ताकतवर इंसान के रूप में गढ़े जाने के बावजूद किसी राष्ट्रपति ने उस सर्वशक्तिमानता को अपने चरित्र में इतने आक्रामक स्वरूप में नहीं ढाला जैसा ट्रंप अभी करते दिखाई देते हैं । वे हर डर से मुक्त, नियमों से परे हैं और अपने को “अमेरिका” का पर्याय मान चुके हैं । अपनी इस आत्म-छवि से कि जैसे वे खुद ही अमेरिका है, उन्हें ऐसा लगता है कि मानो वे जो चाहें, कर सकते हैं !

दरअसल, मनोविश्लेषण के सिद्धांतों के अनुसार, प्रमाता की छवि, प्रतीकात्मक जगत और इनके इतर यथार्थ (रीयल) की गांठ के अंदर के तनाव में विस्फोटक मोड़ तब आता है जब उसका छविमूलक अहंकार रीयल की भूमिका को अनियंत्रित खुला छोड़ देता है। इससे अमेरिकी सत्ता की राक्षसी शक्ति उसके राष्ट्रपति को, अर्थात् उसके प्रतिनिधि को राजनीति के शर्तों के परे साक्षात राक्षस बना देती है । 

मानव-संहार और पूर्ण-प्रभुत्व की लालसा के राक्षसी तंत्र के यथार्थ से निर्मित ट्रंप के लिए डर मानव जीवन का अवांछित सत्य नहीं, बल्कि राजनीति का एक वांछित, जरूरी और सक्रिय हथियार हो गया है। वे विश्व राजनीति में नाभिकीय हथियारों से उत्पन्न अस्तित्वगत संकट के आतंक को सुनियोजित ढंग से तेजी से उभार रहे हैं, जिसे हिटलर की पराजय के बाद की प्रतीकात्मक व्यवस्था ने वर्षों से दबाकर रखा है । नाभिकीय विनाश, अनियंत्रित युद्ध, मानव सभ्यता मात्र के अंत की आशंका के इस चुनौतीपूर्ण रीयल का अब ट्रंप प्रत्यक्ष धमकी के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। यही कारण है कि ट्रंप के वक्तव्यों और कार्रवाइयों में शांति, कूटनीति या नैतिक तर्क जैसी चीजें हास्यास्पद हो जाते हैं । वे अपनी राक्षसी शक्ति के रीयल से दुनिया की प्रतीकात्मक व्यवस्था को पूरी तरह से निरस्त कर देना चाहते हैं।

उनके लिए ‘गोल्डन डोम’ जैसी अमेरिका को सुरक्षित करने की अवधारणाएँ किसी तकनीकी श्रेष्ठता से अधिक, एक मनोवैज्ञानिक संरचना हैं। यह विश्वास कि अमेरिका स्वयं को पूर्णतः सुरक्षित कर सकता है, और शेष विश्व को असुरक्षा में धकेल सकता है, रीयल पर अपने नियंत्रण का एक कोरा भ्रम है। इसी भ्रम से उत्पन्न विश्वास के साथ वे समग्र वैश्विक परिस्थिति (टोपोलॉजी) में असंतुलन पैदा कर रहे है। इस परिस्थिति में चीन और रूस जैसी महाशक्तियां भौंचक है, पर इसका कारण जितना उनकी सामरिक तैयारियों में कमी नहीं है, उससे बहुत ज्यादा उन पर वर्तमान प्रतीकात्मक व्यवस्था का आत्मानुशासन या बंधन है जो उन्हें रीयल के जोखिम से सतर्क बनाता है । वे यह तय नहीं कर पा रहे लगते है कि उनका मुकाबला एक वास्तविक युद्ध-रणनीति से है या यह महज एक अमेरिकी राष्ट्रपति का आत्मघाती उकसावा है ! हमारी नजर में चीन और रूस में यह अनिर्णय की स्थिति ही ट्रंप की राजनीति का प्रमुख लक्ष्य है जिसका लाभ ट्रंप को उसके टैरिफ युद्ध, वेनेजुएला के तेल पर कब्जे और अभी ईरान तक में अपने हितों को साधने में मिल रहा है । 

इस पूरे संदर्भ में किसी के भी दिमाग में हिटलर की ऐतिहासिक स्मृतियां उभर सकती है । हिटलर ने भी ट्रंप की भांति ही प्रतीकात्मक व्यवस्था को ध्वस्त कर अपनी ताकत के रीयल को सर्वोच्च स्थान पर स्थापित करना चाहा था। लेकिन आज के रीयल की विनाशकारी क्षमता असीमित है, उसका विस्फोट किसी एक भूगोल तक सीमित नहीं रह सकता, वह पूरी मानव जाति को निगल सकती है। हिटलर के हाथ में तब वह ताकत नहीं लगी थी । 

लकानियन समग्रता की भाषा में कहें तो, आज की दुनिया एक ऐसे बोरोमियन विन्यास में फँसी हुई है जिसमें प्रतीकात्मक, छविमूलक और रीयल की गाँठ ढीली हो चुकी है। ट्रंप इस गाँठ को और कसने की बजाय उसे ऐसे झटके से खींच रहे हैं कि उसमें से रीयल अलग से बाहर निकल आए, और वह अपना वर्चस्व स्थापित कर लें । उन्हें इस बात की जरा भी फिक्र नहीं है कि इस गांठ के खुलने का अर्थ है कि प्रतीकात्मक और छविमूलक, वर्तमान की पूरी संरचना ही बिखर जायेगी । वे सचेत रूप में इसे बिखेरना चाहते हैं, बिना यह सोचे कि इसका अंतिम अंजाम क्या होगा । इसी राजनीति के तहत वे नहीं चाहते कि रूस-चीन धुरी अपनी शक्ति का संतुलित प्रदर्शन भी करें । वे उसे डरा कर निष्क्रिय रखना चाहते हैं और कम से कम अपने प्रभाव क्षेत्र में अपने हिसाब का एक नया संसार गढ़ लेने पर उतारू हैं । चीन और रूस को परोक्ष रूप में यह लालच भी दे रहे हैं कि क्यों न वे भी अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र में अपने रीयल के अनुरूप नया विश्व गढ़ लें । रीयल को इस प्रकार, लगातार उकसाने का अर्थ है विश्व को समग्र-विस्फोट के कगार पर ले जाना । इसकी उन्हें रत्ती भर परवाह नहीं है।

इसलिए ट्रंप द्वारा पैदा की जा रही समस्या को द्वंद्वात्मक रूप में समझने की जरूरत है । यह न तो केवल ट्रंप की निजी सनक है, न ही अमेरिकी साम्राज्यवाद की कोई सुविचारित, अजेय रणनीति। यह अमेरिकी शक्ति का वह नग्न रूप है, जो अपने ही छविमूलक अहंकार में डूबकर अपनी प्रतीकात्मक सीमाओं को नकार रहा है। यही कारण है कि यह राजनीति जितनी दूसरों के लिए घातक है, उतनी ही अंततः स्वयं अमेरिका के लिए आत्मघाती भी हो सकती है। डर से क्षणिक प्रभुत्व तो स्थापित किया जा सकता है, पर कोई नई स्थायी विश्व-व्यवस्था तैयार नहीं हो सकती जिसका सपना ट्रंप देख रहे हैं । रीयल की स्वतःस्फूर्त चुनौती जहां प्रगति का वाहक बनती है, वहीं उसे हथियार बनाने की नीति अंततः उस स्वार्थ, शक्ति और हिंसा से लबरेज, अनियंत्रित रीयल को उनमुक्त कर देती है, जिसे सभ्यता ने सदियों की मेहनत से निर्मित प्रतीकात्मक व्यवस्था से बाँध रखा है और जिसे काबू में रखने के लिए अभी सिर्फ पचासी साल पहले द्वितीय विश्वयुद्ध में तकरीबन बारह करोड़ से ज्यादा लोगों की कुर्बानियां दी गई थी।

ट्रंप की कार्रवाइयां अमेरिकी साम्राज्यवाद की एक स्पष्ट अभिव्यक्ति हैं, लेकिन इसे पूरी तरह से "सनक" या सिर्फ ट्रंप तक सीमित करना भी सही नहीं है। अमेरिकी इतिहास में मुनरो डाक्ट्रिन से लेकर अभी की ट्रंप की  हेमिस्फेरिक डोमिनेंस (प्रभावक्षेत्र पर वर्चस्व) की प्रवृत्ति लंबे समय से मौजूद है। 2025 की अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी स्ट्रेटजी में "फ्लेक्सिबल रियलिज्म" का उल्लेख इसी दिशा में इशारा करता है, जो अमेरिका पर दुनिया के प्रबंधन के बोझ को कम करते हुए अमेरिकी हितों को प्राथमिकता देता है । यही ‘अमेरिका को फिर से महान बनाने’ (मागा) की नीति के मूल में है । वेनेजुएला में निकोलस मदुरो का अपहरण और ग्रीनलैंड पर कब्जे की बातें एक नई तरह के "नग्न साम्राज्यवाद" को दर्शाती हैं, जहां अमेरिका खुले तौर पर प्राकृतिक संसाधनों और क्षेत्रीय प्रभुत्व पर अपने को केंद्रित कर रहा है।  पर यही अंतरराष्ट्रीय कानून और गठबंधनों को कमजोर भी कर रहा है। इस प्रकार, यह अमेरिकी सत्ता की एक निरंतरता ही है, न कि सिर्फ एक व्यक्ति का अहंकार। 

पिछले अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने भी इराक, अफगानिस्तान में जैसे हस्तक्षेप किए, ट्रंप इसे बिना किसी वैचारिक आवरण के कर रहे हैं । इसे अभी की भाषा में ‘ट्रांजैक्शनल रिलेशन्स’ कहा जाता है। 

हमें याद रखना चाहिए कि साम्राज्यवाद अमेरिकी विदेश नीति के डीएनए में है, और ट्रंप इसे ही बिल्कुल स्पष्ट रूप से सामने ला रहे हैं। अगर चीन और रूस जैसी शक्तियां संयम बरतती रहीं, तो ट्रंप की रणनीति कामयाब हो सकती है । लेकिन इन सबसे वैश्विक विस्फोट का जोखिम हमेशा बना रहेगा।