गुरुवार, 19 नवंबर 2026

राहुल गांधी की राजनीति में बहुलता, अनुभूति और सत्य के प्रश्न पर एक विमर्श


−अरुण माहेश्वरी



कोलंबिया विश्वविद्यालय में राहुल गांधी की लंबी वार्ता को सुनते हुए उनके राजनीतिक चिंतन के विशेष दार्शनिक पक्ष ने सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित किया। वे भारतीय समाज की बहुलता को स्वीकार करने के साथ ही स्वयं को निरंतर प्रश्नांकित करने और दूसरों को सुनने की आवश्यकता पर बल दे रहे थे। इस संदर्भ में उन्होंने प्राचीन भारतीय चिंतन का भी उल्लेख किया। 

उनकी इन बातों ने हमें एक साथ शैव मत के प्रत्यभिज्ञा दर्शन और ऐलेन बाद्यू के सत्य तथा प्रमाता के सिद्धांत की याद दिला दीं।

राहुल जब स्वयं को प्रश्नांकित करने की बात करते हैं तो इसका अर्थ अपने अहं का विसर्जन नहीं है। इसका अर्थ है अपनी अनुभूतियों और उनसे निर्मित धारणाओं को अंतिम न मानना। 

दूसरे की बात को सुनना इसलिए आवश्यक है कि अन्य का अनुभव हमारी अपनी अनुभूति को एक नया अर्थ प्रदान कर सकता है। सुनने की प्रक्रिया में हम केवल दूसरे को नहीं जानते, अपने को भी नए सिरे से पहचान रहे होते हैं। 

सुनना केवल लोकतांत्रिक शिष्टाचार नहीं, बल्कि स्वयं को बदलने और नए राजनीतिक सत्य की संभावना के प्रति खुलने की प्रक्रिया है। 

अन्य की आवाज़ को दबाना केवल अन्य को मौन करना नहीं, बल्कि अपने स्वयं के प्रमातृत्वकरण की संभावनाओं को भी सीमित करना है।

यदि प्रमाता की विशिष्ट अनुभूति अन्य के साथ संवाद के माध्यम से नए अर्थ ग्रहण करती है, तो अन्य की स्वतंत्र अभिव्यक्ति की रक्षा केवल उसके अधिकार की रक्षा नहीं है। वह हमारी अपनी अनुभूति के रूपांतरण की संभावना की रक्षा भी है।

अनुभूतियाँ अनेक हैं, लेकिन उनकी स्वतंत्र अभिव्यक्ति के अधिकार की सार्वभौमिकता ही वह राजनीतिक सत्य है जिसके प्रति निष्ठा नए प्रमाताओं के गठन का आधार बन सकती है।

प्रत्यभिज्ञा दर्शन में अनुभूति का प्रत्यवमर्श एक केंद्रीय अवधारणा है। अनुभूति किसी अमूर्त चेतना का पर्याय नहीं, बल्कि प्रमाता का विशिष्ट अनुभव है। 

प्रत्येक नई अनुभूति पूर्ववर्ती अनुभूतियों के साथ संबंध में अपना अर्थ ग्रहण करती है। अन्य के साथ संबंध इस प्रक्रिया को एक नया आयाम देता है। 

शैव दार्शनिक उत्पलदेव की सिद्धित्रयी में ‘संबंधसिद्धि’ संबंध की दार्शनिक समस्या को विशेष महत्त्व देती है। प्रत्यभिज्ञा के प्रत्यवमर्श और संबंध की इस समस्या को आधुनिक राजनीतिक संदर्भ में विकसित करें, तो सुनने की प्रक्रिया प्रमाता की अपनी अनुभूति के रूपांतरण का माध्यम दिखाई देती है। राहुल गांधी की बातों को इसी दृष्टि से पढ़ा जा सकता है।

राहुल स्वयं को शैव भी कहते रहे हैं। भले ही उनके राजनीतिक चिंतन को सीधे कश्मीरी शैव दर्शन से न जोड़ें, लेकिन उनकी बातों में उस परंपरा के साथ एक विचारोत्तेजक साम्य दिखाई दिया जो अनुभूति, आत्म-पहचान और प्रत्यवमर्श (संवाद) के संबंधों को केंद्रीय महत्त्व देती है।

इस प्रसंग में ऐलेन बाद्यू का दर्शन एक और अद्भुत आयाम जोड़ता है। बाद्यू के अनुसार अस्तित्व के मूल में कोई परम ‘एक’ नहीं, बल्कि शुद्ध बहुलता है। ‘एक’ अस्तित्व का मूल तत्त्व नहीं, बल्कि बहुलता को एक के रूप में प्रस्तुत करने वाली संरचनात्मक गणना का परिणाम है। 

इसीलिए सत्य किसी परम अद्वैत की संपत्ति नहीं है। वह विशिष्ट परिस्थिति में घटित नवीनता से आरंभ होने वाली सत्य-प्रक्रिया में विकसित होता है। 

इस पूरी वार्ता का सबसे महत्त्वपूर्ण पहलू भी बहुलता और सार्वभौमिकता के संबंध को लेकर ही था । 

सामान्यतः बहुलता को सार्वभौमिक सत्य के विपरीत रखा जाता है। मान लिया जाता है कि जहाँ अनेक अनुभव और अनेक दृष्टियाँ होगी, वहाँ कोई सार्वभौमिक सत्य संभव नहीं है।

बाद्यू का दर्शन इस विरोध से साफ इंकार करता है। सत्य की सार्वभौमिकता का अर्थ सभी भिन्नताओं को किसी एक पहचान में विलीन कर देना नहीं है। 

बहुलता सत्य का निषेध नहीं है। वह उन संबंधों और नई संभावनाओं की भूमि है जिनमें सत्य के सार्वभौमिक नाना रूपों का उदय हो सकता है।

प्रमाता सत्य का पहले से विद्यमान स्वामी नहीं होता; वह भी सत्य के प्रति अपनी निष्ठा के माध्यम से गठित होता है।

राहुल सुनने की कला में विभिन्न सामाजिक अनुभवों से अपनी राजनीतिक समझ को बदलने की शक्ति देखते हैं। बाद्यू के यहाँ भी सत्य स्थापित ज्ञान और पहचानों की सीमाओं को तोड़कर सामने आता है। 

इसी लिहाज से भारत जोड़ो यात्रा के बारे में राहुल का विचार महत्वपूर्ण हो जाता है । यात्रा केवल लोगों से मिलने और उनकी समस्याएँ जानने का उपक्रम नहीं रह जाती। वह एक ऐसी प्रक्रिया बन जाती है जिसमें दूसरों के अनुभवों ने उनकी अपनी राजनीतिक समझ को प्रश्नांकित किया। 

राहुल की बहुलता की रक्षा के प्रति निष्ठा को यदि भारतीय संविधान द्वारा उद्घाटित समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की सार्वभौमिक संभावनाओं से जोड़कर देखें, तो यह निष्ठा स्वयं एक राजनीतिक सत्य-प्रक्रिया का रूप ग्रहण कर सकती है।

इस वार्ता ने एक बार फिर यह साफ किया कि भारतीय संविधान कोई संपन्न घटना नहीं, बल्कि एक जारी घटना है। उसका सार्वभौमिक सत्य अभी पूर्णतः उद्घाटित नहीं हुआ है। 

संविधान के प्रति निष्ठा का अर्थ किसी स्थापित संहिता के प्रति आज्ञाकारिता नहीं, बल्कि उसकी असमाप्त संभावनाओं को वास्तविक बनाने की प्रक्रिया में स्वयं प्रमाता के रूपांतरण और नए प्रमाताओं के गठन में भाग लेना है।






सोमवार, 2 नवंबर 2026

1 नवंबर और भारत में जेन जी का प्रतिरोध

 

−अरुण माहेश्वरी



1 नवंबर की रैली सिर्फ एक राजनीतिक रैली नहीं थी । जिन लोगों ने भी यू ट्यूब पर सरे जमीन इस रैली को कवर किया है, उनकी रिपोर्टिंग्स से इसका जो सबसे महत्वपूर्ण पहलू सामने आया वह यही था कि यह एक राजनीतिक दल, या इंडिया गठबंधन नामक कई राजनीतिक दलों के समूह की रैली ही नहीं थी, यह उतनी ही गैर-राजनीतिक जेन जी, नागरिक समाज और आम लोगों की रैली थी । 

बिना इस तथ्य को नोट किए इस रैली का सही मूल्यांकन और इसके राजनीतिक संकेतों का आकलन संभव नहीं है ।  

हमने अपने फेसबुक पेज पर इसी तथ्य को रेखांकित करने के लिए ‘न्यूज पिंच’(News Pinch) की एक रिपोर्टिंग साझा की है । वह रिपोर्टिंग बताती है कि कैसे ‘ग़ैर-दलीय’ होना राजनीतिक चेतना से रहित होना नहीं होता है। 

राजनीतिक दलों की सदस्यता के बाहर भी लोकतंत्र की रक्षा की तरह के राजनीतिक संकल्प पैदा हुआ करते हैं । वोट चोरी का मसला लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा से जुड़ा मसला है, इसे समझने के लिए राजनीतिक दलों से संबद्धता जरूरी नहीं है । 

यह समय कोकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की मृत्यु का शोक या जश्न मनाने का समय नहीं है । सीजेपी का संबंध जेन जी से है और जेन जी का अस्तित्व राजनीतिक दलों से नहीं, हमारे सामाजिक-राजनीतिक यथार्थ के अतिरिक्त ‘रीयल’ से है । वह अतिरिक्त रीयल जो किसी गिनती में नहीं आता पर हर गिनती को बिखेर देता है । 

आज यदि हम सारी दुनिया में जेन जी के उभार को देखें तो पायेंगे कि यह राजनीति के जगत की एक बिल्कुल नयी पौध की तरह है । उदार जनतंत्र की ही डिजिटल युग की एक नई पीढ़ी । अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, बराबरी और सत्ता से प्रश्न करने के अधिकार को अपने जीवन की स्वाभाविक शर्त मान कर तैयार हुई एक सर्वथा नई राजनीतिक पीढ़ी । डिजिटल संचार ने इसकी सामुदायिक पहचान, संवाद और संगठन की क्षमताओं को अभूतपूर्व विस्तार दिया है।

यह वह पीढ़ी है जिसने नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका के अलावा केन्या, बुल्गारिया, मंगोलिया से लेकर हंगरी में संसदीय तानाशाही के अवतार विक्टर ऑर्बान, और सर्बिया का अलेक्ज़ांदर वुचिच की सत्ता के परखचे उड़ा दिये । इसी का प्रताप है कि इसराइल की तरह के युद्धखोर कहे जाने वाले समाज में नेतन्याहु जैसा जंगबाज अभी गद्दी के लिए जूझ रहे हैं और अमेरिका में ट्रंप जैसा महा अहंकारी शासक अपनी प्रासंगिकता कायम रखने के लिये कसमसा रहा है । इसी के प्रकोप से फ्रांस, ब्रिटेन सहित लगभग पूरे यूरोप में आग लगी हुई है । 

हम जानते हैं कि हंगरी, सर्बिया, नेपाल और श्रीलंका में युवा भागीदारी तथा परिवर्तन के संगठनात्मक रूप अलग-अलग हैं। पर एक बात साफ है कि इन परिवर्तनों में नई पीढ़ी की निर्णायक और महत्वपूर्ण भागीदारी रही है ।

और, हम आज अपनी आंखों के सामने भारत में मोदी-शाह-आरएसएस की तरह की चरम भ्रष्ट और तानाशाही की पूरी संरचना को उसी युवा जन-प्रतिरोध के आंदोलन की लपटों में झुलसते देख रहे हैं । 

जब हम इस पीढ़ी के सामाजिक उत्स की तलाश करते हैं, निःसंकोच कह सकते हैं कि यह उसी बदनाम ‘उदार लोकतंत्र’ की उपज है जिसके डिजिटल स्वरूप को सामान्य तौर पर पूंजीवाद के चरम मजदूर-विरोधी युग के रूप में चिह्नित किया जाता है । अब ऐसा लगने लगा है कि इसकी डिजिटल तकनीक ने सिर्फ शोषण को नहीं, अब प्रतिरोध को भी एक नई धार और भाषा देना शुरू कर दिया है । 

एक दौर में यदि इसने पूंजीपतियों के औजार के रूप में पुरातनपंथी वाम की विदाई का काम किया तो अब यही नई पीढ़ी का हथियार बन कर सारी दुनिया में दक्षिणपंथ की कब्र खोद रहा है । जो तकनीक अब तक सत्ता की निगरानियों और दमन के हथियार का काम कर रही थी, वही अब नए लोकतांत्रिक राजनीतिक संघर्ष का औजार भी बन रही है ।  

कुल मिला कर, हम आज सारे जराग्रस्त पुराने ढांचों के भरभरा कर ढह जाने के साक्षी बन रहे हैं। राष्ट्र, धर्म, जाति, वर्ग आदि की तरह के  सामाजिक-सांस्कृतिक विभाजनों के जड़ खाँचों पर टिकी राजनीति दम तोड़ती दिखाई देने लगी है । आज पीढ़ियों का यह संघर्ष उम्र का नहीं, सत्ता और स्वतंत्रता के संबंध का संघर्ष है।

भारत में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ यह लड़ाई आज सभी लोकतांत्रिक शक्तियों के साथ जेन जी नामक इस नई ऊर्जा से अनूठा संयोग करने की लड़ाई का रूप ले रही है। यह लड़ाई छात्र, मजदूर, किसान, बेरोजगार, अल्पसंख्यक और मध्यवर्ग, सबको एक साझा संघर्ष के लोकतांत्रिक सूत्र से बांध रही है। 

इसमें आज हम राहुल गांधी की एक विशिष्ट अवस्थिति को लक्ष्य कर सकते हैं । उनकी भूमिका परंपरागत राजनीतिक संगठनों और उनके बाहर विकसित हुई युवा-नागरिक ऊर्जा के बीच पुल की भूमिका दिखाई देती है । 

भारत की राजनीति की इस ऊर्जा को यदि इसी प्रकार सहेज कर रखा जाता रहे, राजनीति के पुराने आधिभौतिक विश्वासों के मोह की जंजीरों से मुक्त करके राजनीति को राजनीति के रूप में ही ग्रहण करके सामाजिक रूपांतरण की दिशा में बढ़ा जाता रहे, तो हमारा विश्वास है कि आज के भारत को उसके गहरे अवसाद के इन क्षणों से बाहर निकाला जा सकेगा । 

1 नवंबर की रैली में भारत की उसी इच्छा-शक्ति का प्रदर्शन हुआ है जो मोदी-संघ जैसे कुंठित जनों की गिरफ्त से देश को आजाद करके स्वतंत्रता के खुले आकाश में जीने की नई संभावनाओँ का संकेत देती है ।