रविवार, 12 जुलाई 2026

राजनीतिक समुच्चयों का अस्तित्व उनकी सबसे नीचे की इकाइयों की सक्रियता में निहित होता है!

 

(हितेन्द्र पटेल द्वारा फेसबुक पर साझा की गई कुनाल चट्टोपाध्याय की एक टिप्पणी पर)

 

अरुण माहेश्वरी

 

कुनाल चट्टोपाध्याय ने पश्चिम बंगाल के वामपंथ की वर्तमान स्थिति पर एक विचारोत्तेजक टिप्पणी लिखी है। उनका मुख्य निष्कर्ष है कि सीपीआई जैसे दलों का निरंतर संकुचन मुख्यतः इसलिए हुआ क्योंकि उन्होंने अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान छोड़कर सीपीआई(एम) पर निर्भर रहने की नीति अपनाई। उनके अनुसार यदि वे अपने स्वतंत्र संगठन, स्वतंत्र आंदोलनों और स्वतंत्र राजनीतिक आलोचना का विकास नहीं करेंगे, तो उनका यह सिकुड़ना जारी रहेगा।

 

यह विश्लेषण अपने भीतर निस्संदेह एक महत्वपूर्ण सत्य समेटे हुए है। लेकिन हमारा सवाल है कि क्या यही पूरा सत्य है? हमें ऐसा नहीं लगता । ऐसा इसलिए क्योंकि यह विश्लेषण मुख्यतः राजनीतिक रणनीति के स्तर पर ही रुक जाता है। यह उस गहरे संरचनात्मक नियम तक नहीं पहुँचता जो किसी भी राजनीतिक दल (समुच्चय) के विस्तार और संकुचन को नियंत्रित करता है।

 

इस पूरे विषय को, हमारे अनुसार, एक अलग धरातल से देखने की जरूरत है ।

 

सबसे पहले हमें इस मूल सत्य को स्वीकार करना चाहिए कि राजनीति सत्य की एक प्रक्रिया है, और प्रत्येक सत्य की तरह उसका अस्तित्व भी समुच्चयों के रूप में ही संगठित होता है। कोई भी राजनीतिक दल केवल व्यक्तियों का इकट्ठा होना नहीं होता। वह मूलतः एक समुच्चय होता है, जिसकी एकता उसकी राजनीतिक लाइन और संगठनात्मक ढाँचे से निर्मित होती है।

 

राजनीतिक दल अपने बाहर समाज में मौजूद समानधर्मा खास सामाजिक तत्वों को लगातार अपनी ओर आकर्षित करता है। यही उसकी जीवन-प्रक्रिया, बल्कि जीवन धर्म है । जिस दिन यह प्रक्रिया रुक जाती है, उसी दिन वास्तव में उसका संकुचन शुरू हो जाता है।

 

यहीं पर राजनीति के फ्रैक्टल चरित्र का एक बहुत खास पहलू सामने आता है।

 

फ्रैक्टल गणित की एक ऐसी ज्यामितीय संरचना है जिसमें किसी सम्पूर्ण की निर्माण-पद्धति विभिन्न पैमानों पर उसके प्रत्येक हिस्से में पुनरावर्तित होती है। इसलिए प्रत्येक छोटा भाग किसी अर्थ में सम्पूर्ण का ही पुनरावर्तन होता है।

 

राजनीति का स्वरूप भी कुछ ऐसा ही होता है । राष्ट्रीय दल एक समुच्चय है तो उसका प्रांतीय संगठन भी एक समुच्चय है। जिला समिति और स्थानीय शाखा भी। यहाँ तक कि प्रत्येक जनसंगठन और प्रत्येक स्थानीय आंदोलन भी समुच्चय ही होते हैं । इन सभी पर एक ही नियम लागू होता है । लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि हर स्तर पर संगठन की आकृति एक जैसी दिखाई देती है ।

 

इसका वास्तविक अर्थ यह है कि जिस राजनीतिक लाइन और संगठनात्मक प्रभाव से कोई दल अपने सबसे छोटे स्तर पर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है, वही बड़े स्तरों पर भी उसके विस्तार का आधार बनती है। नीचे जो प्रभावी नहीं है, वह ऊपर कभी स्थायी रूप से प्रभावी नहीं हो सकता।

 

इसीलिए किसी भी दल की वास्तविक शक्ति उसके शीर्ष नेतृत्व में नहीं, बल्कि उसके सबसे छोटे पुनरुत्पादक समुच्चयों में निहित होती है। ऊपर वही जीवित रहता है जो नीचे जीवित है।

 

यहीं पर हमारे सामने कुनाल चट्टोपाध्याय की टिप्पणी की सीमा जाहिर हो जाती है।

 

वे सीपीएम की अधीनता को सीपीआई के पतन का कारण मानते हैं। लेकिन समुच्चय सिद्धांत के आधार पर देखें तो यह अधीनता शायद स्वयं एक पहले से उपस्थित सीपीआई की संरचनात्मक दुर्बलता की अभिव्यक्ति थी।

 

जिस दल की स्थानीय इकाइयाँ समाज में अपना विस्तार नहीं कर रही हो, वह ऊपर जाकर स्वतंत्र कैसे रह सकता है? इसीलिए किसी भी प्रकार का पिछलग्गूपन कारण कम, परिणाम अधिक होता है।

 

हम और एक कदम आगे जाते हुए यह भी कहना चाहेंगे कि सीपीएम भी इस तर्क से ऊपर नहीं है ।

यदि सीपीएम खुद नए सामाजिक तत्वों को अपनी ओर आकर्षित कर रही होती, तब भी वाम समुच्चय में विस्तार की प्रक्रिया बनी रहती। लेकिन जब उसका ही जैविक विस्तार रुक गया, तो पूरे वाम समुच्चय का संकुचन शुरू हो गया। छोटे वाम दलों का क्षय उसी बड़े संकट का भी एक खास परिणाम हो सकता है।

 

कुनाल जी की टिप्पणी में जो एक और महत्वपूर्ण सवाल आता है, वह है राज्य और राजनीति के संबंध का सवाल। कुनाल कहते हैं कि सीपीएम ने सत्ता के बल पर सीपीआई जैसे दलों को निगल जाने की अतिरिक्त क्षमता पा ली थी ।

 

हमारा मानना है कि राजनीतिक दलों का भविष्य उनके आकार और राज्य की ताक़त मात्र से तय नहीं होता । वह हमेशा उनके सबसे छोटे स्तरों पर राजनीतिक सक्रियता अर्थात् उनकी अपनी जैविक पुनरुत्पादन-क्षमता से निर्धारित होता है।

 

लेकिन राज्य की तर्क-पद्धति अलग होती है। राज्य को स्थिरता चाहिए, प्रशासन चाहिए, आनुगत्य और नियंत्रण चाहिए; समझौते चाहिए।

 

अर्थात राज्य का स्वाभाविक झुकाव पुनरुत्पादन की राजनीतिक प्रक्रिया के बजाय व्यवस्था के संरक्षण की ओर होता है।

 

बाद्यू की भाषा में राजनीति का उद्देश्य नित नए प्रमाताओं का निर्माण होता है और राज्य का उद्देश्य व्यवस्था का पुनरुत्पादन। इसीलिए बाद्यू राजनीति और राज्य के बीच स्थायी तनाव की बात करते हैं।

 

जब कोई भी राजनीतिक दल समाज में अपना आधार विकसित करने के बजाय दूसरे दलों के नेताओं, संगठनों और प्रभाव क्षेत्रों को अपने भीतर समाहित करके बढ़ने लगता है, तब उसका विस्तार मुख्यतः संख्यात्मक होता है। समकालीन भारत में इसका सबसे स्पष्ट उदाहरण भारतीय जनता पार्टी के विस्तार में देखा जा सकता है।

 

ऐसा विस्तार अंततः अपने भीतर अनेक परस्पर विरोधी उपसमुच्चयों तैयार करता है।इसमें जब तक सत्ता का केंद्रीकरण बना रहता है, वे साथ रहते हैं। सत्ता ढीली पड़ते ही वही अंतर्विरोध उभर आते हैं। इसलिए हमारी दृष्टि में ऐसा अवसरवादी विस्तार वास्तव में स्थगित विघटन होता है।

 

जो दल समाज के भीतर नए राजनीतिक प्रमाताओं का निर्माण करते रहते हैं, वही दीर्घजीवी होते हैं। इसके बजाय जो दल केवल दूसरे समुच्चयों को तोड़कर बढ़ते हैं, वे अपने भीतर भविष्य के विखंडन के बीज भी साथ-साथ बोते चलते हैं।

 

राजनीति का इतिहास ऊपर से नहीं लिखा जाता। वह नीचे की उन असंख्य जीवित इकाइयों में रचा जाता है जहाँ पहली बार कोई नया राजनीतिक प्रमाता जन्म लेता है। जो दल इन इकाइयों का सतत पुनरुत्पादन करते हैं, वही इतिहास में टिकते हैं; जो उनसे कट जाते हैं, उनका क्षय केवल समय का प्रश्न रह जाता है।

 


शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

बंगाल के इतिहास का पुनर्लेखन या इतिहास का राजनीतिक पुनरुत्पादन?

 

−अरुण माहेश्वरी 



अब बीजेपी के सत्ता पर आने के साथ ही लगता है बंगाल के इतिहास लेखन की नई शैली आकार लेना चाहती है।

यहां हमारा संकेत हितेन्द्र पटेल जी की 3 जुलाई की एक फेसबुक पोस्ट की ओर है । इसमें वे इतिहास में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति न्याय करने के लिए एक पूरी बुकलेट लिखने की घोषणा करते हैं । हितेंद्र जी की परियोजना को हम यदि सिर्फ किसी अवसरवादी समायोजन के खाते में डालने के बजाय गंभीरता से लें, तो इस पर इतिहास लेखन संबंधी एक अन्य प्रकार की गंभीर अकादमिक चर्चा की जा सकती है ।

वे कहते हैं कि अब तक “मार्क्सवादी”, “कैम्ब्रिज”, “एलीट” इतिहासकारों ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी आदि की उपेक्षा की । 

इतिहास में किसी का उपेक्षित रह जाना कोई नई बात नहीं है । वास्तव में कुछ अर्थ में किसी का वहां न होना ही इतिहास का होना भी होता है । पूर्ण इतिहास तो यूं भी इतिहास की ‘पूर्ण गति’ के समान होता है!

बहरहाल, सवाल यह है कि अब तक के इतिहास को ‘एलीट’ का धोखा बता कर उपेक्षित तथ्यों को सामने लाने का दावा क्या सिर्फ उपेक्षित के प्रति न्याय तक ही सीमित है या न्याय के नाम पर इसमें इतिहास की खुली दरारों को किसी नए खास प्रकार के आख्यान से पाटने की परियोजना भी है; अर्थात् उपेक्षित के पुनरुद्धार के नाम पर अतीत के किसी वृत्तांत को एक नई विचारधारा के अनुरूप तैयार करने की कोशिश तो नहीं है!

हम सारी दुनिया में दक्षिणपंथ की तमाम वैचारिक मुहिम को न्याय करने के नारों की ओट में ही ऐसे ही काम करते हुए देख सकते हैं। 

ट्रंप का ‘मागा’ (make America great again) अमेरिकी ‘एलीट’ से लड़ते हुए गाजा के ध्वंस-स्तूप पर एक और ‘एलीट’ के लिये ही पर्यटन केंद्र बनाने और ‘आतंकवादी’ ईरान के विध्वंस से धनाढ्य विस्तारवादी यहूदियों के ग्रेटर इज़रायल के निर्माण की घोषणाएँ कर रहा है।

इतिहास के उपेक्षित तथ्यों को सामने लाना तभी एक विश्लेषणात्मक कर्म है जब वे इतिहास की दरारों को और चौड़ा करें ताकि उसके सामाजिक सत्य पर रोशनी गिरे। लेकिन जब उन्हीं तथ्यों को किसी नए राजनीतिक प्रभुत्व के ज्ञान-तंत्र में व्यवस्थित कर बांधा जाता है, तब वह विश्लेषण नहीं, एक नया विश्वविद्यालयी विमर्श कहलाता है । इतिहास किसी प्रश्न के बजाय नए प्रभुओं को ज्ञान की वैधता देने का पाठ्यक्रम बन जाता है।

अब हम आते हैं हितेंद्र पटेल जी के विषय पर । उनका विषय है बंगाल के राष्ट्रवाद का इतिहास और उसमें हिंदुत्व या श्यामा प्रसाद मुखर्जी का स्थान।

सब जानते हैं कि उन्नीसवीं और बीसवीं शताब्दी के प्रारंभिक बंगाली राष्ट्रवाद पर हिंदू धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीकों का गहरा प्रभाव था। बंकिम, विवेकानंद, अरविन्द, बिपिन पाल और रवीन्द्रनाथ भी — इन सबके यहाँ हिंदू सांस्कृतिक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं । पर जो नोट करने की बात है कि इनमें से किसी की राजनीतिक कल्पना धार्मिक राष्ट्र-राज्य की परिकल्पना की नहीं थी।

इसके विपरीत जहां तक हिंदू महासभा और हिंदुत्व का सवाल है, वे एक अलग, शुद्ध राजनीतिक परियोजना है जिसका विकास विशेष ऐतिहासिक परिस्थितियों में हुआ।

इसीलिए यह निष्कर्ष सही नहीं है कि बंगाली राष्ट्रवाद में हिंदुत्व के तत्व हिंदू महासभा के हिंदुत्व के पूर्वरूप थे । इन दोनों को एक ही ऐतिहासिक धारा में मिलाना न सिर्फ इतिहास का सरलीकरणवादी है, बल्कि बंगाली राष्ट्रवाद में मौजूद हिंदू सांस्कृतिक तत्त्वों से हिंदुत्व के धार्मिक राष्ट्र-राज्य की प्रतिस्थापना की वैसी ही कोशिश है जिसे हमने ऊपर न्याय के नाम पर पुराने औजारों से ही किसी ‘नए विश्वविद्यालयी विमर्श की प्रतिस्थापना’ कहा है । 

अब विशेष रूप से श्यामा प्रसाद मुखर्जी को लिया जाए । वे एक गंभीर शिक्षाविद् थे और उन्होंने एक समय बंगाल के हिंदुओं की आशंकाओं को भी उठाया था । 1947 के बंगाल विभाजन में उन्होंने हिंदू-बहुल क्षेत्र को भारत में रखने की मांग का साथ दिया था । यह इतिहास का तथ्य है और इसे दर्ज जरूर किया जाना चाहिए। लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि उन्होंने अंततः हिंदू महासभा का राजनीतिक मंच स्वीकार किया। इसलिए उनकी ऐतिहासिक भूमिका का आकलन केवल उनकी आशंकाओं से नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक विकल्पों से भी होगा।

इतिहास किसी व्यक्ति का मूल्यांकन केवल उसकी परिस्थितियों से नहीं, बल्कि उन ऐतिहासिक विकल्पों से करता है जिन्हें उसने उन परिस्थितियों में चुना।

इसी प्रकार, ब्रिटिश शासन की “फूट डालो और राज करो” की नीति एक ऐतिहासिक तथ्य है । पर इसी से बंगाल के सारे सामाजिक अंतर्विरोधों की पर्याप्त व्याख्या नहीं मिलती । मुस्लिम किसानों की आर्थिक शिकायतें और आकांक्षाएँ, जातिगत असमानताएँ, नमशूद्र राजनीति का उदय और भद्रलोक समाज का वर्चस्व, इन सबको केवल औपनिवेशिक षड्यंत्र का परिणाम मान लेना इतिहास की आंतरिक जटिलताओं से आँख मूँद लेना है । प्रो. सुशोभन सरकार आदि के बंगाल रिनैसां संबंधी कामों में इन पहलुओं पर काफी प्रकाश डाला गया है जो इतिहास की ऐसी दरारों को खोलते हैं जिनसे उससे जुड़ा सामाजिक सत्य प्रकाश में आता है । तभी इतिहास समाज के गतिशील वर्गीय अन्तर्विरोधों के अध्ययन का सजीव स्रोत बनता है । 

दरार किसी पाठ की कमी नहीं होती । यह वह स्थान है जहाँ कोई वैचारिक रूप अपने ही सामाजिक आधार को पूरी तरह ढँक नहीं पाता। इतिहासकार उसी असंगति को बड़ा करता है। 

हितेंद्र जी ने प्रो.सव्यसाची भट्टाचार्य का खास ज़िक्र किया है। यह सच है कि प्रो. भट्टाचार्य ने बंगाल के इतिहास के कुछ ऐसे प्रसंगों को भी दर्ज किया जिन्हें आसानी से छोड़ा जा सकता था। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सांप्रदायिक तनाव और बंगाल के हिंदू समाज की आशंकाओं को भी इतिहास का हिस्सा माना। लेकिन उतना ही सच यह भी है कि उन्होंने इन तथ्यों से हिंदुत्व का कभी कोई वैचारिक आख्यान निर्मित नहीं किया। 

लकान के यहाँ विश्लेषक (Analyst) कभी नया गुरु नहीं बनता। वह विश्लेष्य को कोई नया अंतिम सत्य नहीं देता। कोई वैकल्पिक आख्यान प्रस्तुत नहीं करता। इतिहास की प्रगति किसी आख्यान के पूर्ण होने से नहीं, बल्कि समाज के अन्तर्विरोधों के उद्घाटन से होती है । 

प्रचारक पहले कहता है कि पुराने इतिहासकारों ने दरार छिपा दी थी। फिर उसी दरार पर अपने राजनीतिक आख्यान का नया प्लास्टर चढ़ा देता है। इस प्रकार पुराना आवरण हटता है, पर उसकी जगह नया आवरण आ जाता है। 

नए इतिहास-लेखन की बड़ी विशेषता यह नहीं होती कि वह नए तथ्य खोजती है। नए तथ्य तो हर पीढ़ी खोजती है। जो इतिहासकार उसकी जटिलता को बचाते हैं, वे इतिहास को समृद्ध करते हैं; और जो उसे एक वैचारिक आख्यान में समेटना चाहते हैं, वे चाहे कितने ही नए तथ्य क्यों न प्रस्तुत करें, अंततः इतिहास नहीं, स्मृति-राजनीति (politics of memory) का लेखन करते हैं। 

कुल मिला कर इतिहास का विश्लेषक उसकी दरारों को चौड़ा करता है; इतिहास का प्रचारक उन्हें अपने नए प्रभुत्व के गारे से भर देता है। 

अब जब हम स्मृति-राजनीति (politics of memory) की बात कर रहे हैं, हितेंद्र जी के द्वारा गुरुदत्त के उपन्यासों का उल्लेख महत्वपूर्ण हो जाता है । गुरुदत्त हिंदुत्ववादी वैचारिक पृष्ठभूमि के एक लोकप्रिय उपन्यासकार थे। उनके उपन्यास स्वतंत्रता, विभाजन और हिंदू समाज की कुछ खास प्रकार की स्मृतियों का लेखन है । उन्हें किसी मानसिक संसार को समझने का महत्त्वपूर्ण स्रोत कहेंगे । लेकिन वे इतिहास के प्राथमिक स्रोत नहीं हैं।

साहित्य इतिहास का दस्तावेज़ नहीं, इतिहास की चेतना का दस्तावेज़ होता है। यदि उपन्यासों को अभिलेखीय प्रमाणों के समकक्ष रख दिया जाए, तो इतिहास और साहित्य दोनों की प्रकृति विकृत हो जाती है। 

इतिहासकार का काम किसी दल की ओर से मुकदमा लड़ना नहीं है। लकान की भाषा में कहें तो विश्लेषक S₁ (मास्टर-संकेतक) का उत्पादक नहीं होता। वह उस स्थान को सक्रिय करता है जहाँ $ (विभाजित प्रमाता) (barred subject) अपने सत्य के साथ उपस्थित हो सकता है। 

अंत में हम यही कहेंगें कि इतिहास का विषय वैचारिक आकृतियाँ नहीं, उन आकृतियों को जन्म देने वाले सामाजिक अन्तर्विरोध हैं। राष्ट्रवाद, सांप्रदायिकता और सांस्कृतिक पहचान इतिहास की गतिशील शक्तियाँ नहीं, बल्कि उन शक्तियों के वैचारिक रूप हैं। इतिहासकार यदि इन्हीं रूपों को विश्लेषण की अंतिम इकाई मान ले, तो वह स्वयं विचारधारा के भीतर काम करने लगता है। इतिहास का काम इन वैचारिक रूपों के आवरण को काटकर उन सामाजिक अन्तर्विरोधों को दृश्य बनाना है जिनकी वास्तविक गति इन रूपों के भीतर छिप जाती है।




बुधवार, 1 जुलाई 2026

राम मंदिर में चोरी और धर्म के राजनीतिकरण का संकट

— अरुण माहेश्वरी





अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों और उससे जुड़ी गिरफ्तारियों ने करोड़ों श्रद्धालुओं को स्तब्ध कर दिया है। यदि जांच अंततः इन आरोपों की पुष्टि करती है और यह सिद्ध होता है कि श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित धन का व्यवस्थित दुरुपयोग हुआ है, तो यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं होगी; यह उस संस्थागत संरचना पर भी गंभीर प्रश्न होगा जिसके अधीन इस मंदिर का संचालन किया जा रहा है।


सबसे पहले एक बुनियादी बात स्पष्ट कर लेनी चाहिए। यह चोरी किसी हिंदू मंदिर की पारंपरिक व्यवस्था में हुई चोरी नहीं है। भारत के हजारों मंदिरों में चढ़ावे से पुजारियों, सेवायतों और धार्मिक संस्थाओं का निर्वाह होता है। यदि वह स्थापित परंपरा और नियमों के अनुरूप है, तो उसे चोरी नहीं कहा जाता। चोरी तब कहलाती है जब श्रद्धा से समर्पित धन को नियमों के विरुद्ध निजी संपत्ति में बदल दिया जाए।


लेकिन अयोध्या का प्रश्न यहीं समाप्त नहीं होता।

यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं रहा। इसका निर्माण एक विशाल राजनीतिक आंदोलन की परिणति के रूप में हुआ। इसे केवल भगवान राम के मंदिर के रूप में नहीं, बल्कि एक विशेष राजनीतिक परियोजना के सबसे बड़े प्रतीक के रूप में प्रतिष्ठित किया गया। इसीलिए यहाँ जो कुछ घटित होता है, वह केवल धार्मिक घटना नहीं रह जाता; वह राजनीति, सत्ता और संस्थागत संस्कृति के प्रश्नों को भी जन्म देता है।


समाजशास्त्र का एक सामान्य सिद्धांत है कि संस्था का स्वरूप उसके संचालन के स्वरूप को भी प्रभावित करता है। संस्था जिस उद्देश्य से निर्मित होती है, जिस प्रकार की सत्ता-संरचना उसके भीतर स्थापित की जाती है और जिन प्रोत्साहनों पर उसका प्रशासन चलता है, वही उसकी कार्य-संस्कृति को आकार देते हैं।


भारत का दुर्भाग्य यह है कि सार्वजनिक जीवन का शायद ही कोई क्षेत्र भ्रष्टाचार के संकट से पूरी तरह मुक्त रहा हो। सरकारी संस्थाएँ, सार्वजनिक उपक्रम, अनेक प्रशासनिक निकाय और राजनीतिक संगठन बार-बार इसी समस्या से ग्रस्त पाए गए हैं। ऐसी स्थिति में यदि कोई धार्मिक संस्था स्वयं एक प्रकार के अर्ध-सरकारी या राजनीतिक प्रतिष्ठान का रूप ग्रहण कर ले, तो यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या वह भी उसी संस्थागत संस्कृति से प्रभावित नहीं होगी जो हमारे सार्वजनिक जीवन में पहले से व्याप्त है ?


यहीं से अयोध्या के राम मंदिर का प्रश्न एक व्यापक अर्थ ग्रहण करता है।


प्राचीन हिंदू धर्म का ऐतिहासिक स्वरूप किसी एक केंद्रीय धर्मसत्ता पर आधारित नहीं रहा है। उसकी शक्ति उसकी बहुलता में रही है—असंख्य तीर्थ, असंख्य परंपराएँ, असंख्य संप्रदाय, स्थानीय देवस्थानों की स्वायत्तता और साधना के विविध मार्ग। उसके पास न कोई एक सर्वोच्च धर्माध्यक्ष रहा, न कोई एक अनिवार्य धार्मिक राजधानी और न ही एक केंद्रीकृत धार्मिक अनुशासन। यही उसकी ऐतिहासिक विशेषता रही है।


इसके विपरीत, आधुनिक राजनीतिक हिंदुत्व की परियोजना हिंदू समाज को एक केंद्रीय प्रतीक, एक केंद्रीय धार्मिक-राजनीतिक स्थल और एक प्रकार के आधिकारिक प्रतिनिधित्व के अंतर्गत संगठित करने का प्रयास करती दिखाई देती है। यह प्रक्रिया हिंदू धर्म के स्वाभाविक ऐतिहासिक विकास का परिणाम नहीं, बल्कि राजनीति द्वारा निर्मित एक कृत्रिम केंद्रीकरण का प्रयास है।


और, हमारी नजर में यहीं सबसे बड़ा खतरा निहित है।


जब किसी बहुलतावादी लोकधर्म को सत्ता की केंद्रीय परियोजना में रूपांतरित किया जाता है, तब उसके भीतर भी वही प्रशासनिक तर्क प्रवेश करते हैं जो आधुनिक राजनीतिक संस्थाओं की पहचान हैं—सत्ता का केंद्रीकरण, संसाधनों का केंद्रीकरण, नियंत्रण का केंद्रीकरण, भाई-भतीजावाद और संरक्षण की राजनीति। श्रद्धा का स्थान प्रबंधन लेने लगता है, नैतिक अनुशासन की जगह प्रशासनिक अनुशासन आ जाता है, और धार्मिक उत्तरदायित्व की जगह राजनीतिक उत्तरदायित्व प्रमुख हो जाता है।


ऐसी स्थिति में यदि भ्रष्टाचार जन्म लेता है, तो उसे केवल कुछ व्यक्तियों की नैतिक विफलता कहकर टालना पर्याप्त नहीं होता। वह किसी न किसी रूप में उस संस्थागत रूपांतरण की भी अभिव्यक्ति बन जाता है जिसके द्वारा धर्म को राजनीति की भाषा में संगठित किया गया।


इसीलिए यह कहना अधिक उचित होगा कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो यह किसी हिंदू मंदिर में हुई चोरी भर नहीं है। यह उस मंदिर में हुई चोरी है जिसे राजनीतिक हिंदुत्व की केंद्रीय परियोजना का प्रतीक बनाया गया। यह टिप्पणी हिंदू धर्म पर नहीं, बल्कि धर्म के राजनीतिकरण पर है।


विडंबना यह है कि भगवान राम भारतीय सांस्कृतिक चेतना में मर्यादा, न्याय और धर्म के आदर्श के रूप में प्रतिष्ठित हैं। यदि उन्हीं के नाम पर निर्मित सबसे बड़े सार्वजनिक मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा पर प्रश्न उठने लगें, तो यह केवल धन के गबन का मामला नहीं रहता । यह उस दावे की भी परीक्षा है कि क्या राजनीति धर्म की रक्षा कर सकती है? 


शायद इस घटना का सबसे बड़ा सबक यही है कि धर्म की सबसे बड़ी सुरक्षा उसके राजनीतिक अधिग्रहण में नहीं, बल्कि उसकी नैतिक स्वायत्तता में निहित होती है। जिस दिन कोई धार्मिक संस्था सत्ता का विस्तार बन जाती है, उसी दिन उसमें सत्ता की बीमारियों के प्रवेश का खतरा पैदा हो जाता है। और जहाँ सत्ता की संस्कृति का प्रवेश होता है, वहाँ श्रद्धा भी प्रशासनिक फ़ाइलों और राजनीतिक संरक्षण के बीच खोने लगती है।


यदि अयोध्या की यह घटना अंततः सिद्ध होती है, तो उसका सबसे गहरा संदेश यही होगा कि किसी भी धर्म की रक्षा राजनीति के द्वारा नहीं, बल्कि उस नैतिक चेतना के द्वारा होती है जो सत्ता से बड़ी होती है। जब सत्ता स्वयं धर्म का रूप धारण कर लेती है, तब सबसे पहले धर्म की आत्मा ही संकट में पड़ती है।


आगे के लिए कुछ सुझावः


इस संदर्भ में कुछ ठोस कदमों पर विचार किया जाना आवश्यक है। 

सबसे पहले, मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए—नियमित ऑडिट, सार्वजनिक रिपोर्टिंग और स्वतंत्र निगरानी तंत्र के माध्यम से। 

दूसरा, धार्मिक संस्थाओं के संचालन को राजनीतिक प्रभाव से यथासंभव मुक्त रखने की दिशा में स्पष्ट नीतियाँ बननी चाहिए, ताकि उनकी नैतिक स्वायत्तता बनी रहे। 

तीसरा, यह भी विचार किया जा सकता है कि क्या ऐसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के प्रबंधन में पारंपरिक धार्मिक प्राधिकारों—जैसे शंकराचार्यों या अन्य मान्य आध्यात्मिक संस्थाओं—की अधिक भूमिका सुनिश्चित की जाए, ताकि संचालन का आधार राजनीतिक संरचना के बजाय धार्मिक उत्तरदायित्व और परंपरा पर टिका रहे। 

चौथा, श्रद्धालुओं और समाज की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, जिससे जवाबदेही केवल प्रशासनिक ढांचे तक सीमित न रहे। अंततः, धर्म के मूल नैतिक मूल्यों—ईमानदारी, सेवा और उत्तरदायित्व—को संस्थागत व्यवहार का आधार बनाया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धा और विश्वास की रक्षा केवल शब्दों में नहीं, व्यवहार में भी दिखाई दे।