सोमवार, 7 अप्रैल 2014

भाजपा का घोषणापत्र




भारतीय जनता पार्टी के घोषणापत्र से उस रहस्य पर से पर्दा उठ गया है कि आखिर वह क्यों मतदान शुरू होजाने के दिन तक प्रसारित नहीं किया गया था। यह घोषणापत्र इस बात का प्रमाण है कि भाजपा ने अंदर ही अंदर इस बार के चुनाव के लिये कोई घोषणापत्र न तैयार करने का फैसला कर लिया था। उन्होंने सचमुच यह तय कर लिया था कि जब हमने ‘प्रधानमंत्री’ बना ही दिया है तो फिर अब घोषणापत्र की क्या जरूरत है! क्या हिटलर की कही बातों का भी कोई विकल्प हो सकता है! नरेन्द्र मोदी बोल ही रहे थे तो फिर और क्या चाहिये था। घोषणापत्र के लिये बनायी गयी कमेटी वगैरह तो ऐसे ही थी !

लेकिन जब चारों ओर से घोषणापत्र की गुहारें उठने लगी तो हर मर्ज का इलाज बने बैठे भाजपा दफ्तर में तैनात कट-पेस्ट मास्टरों ने शायद कमान संभाल ली और दो दिनों के अंदर ही, साहब के निर्देश के अनुसार एक घोषणापत्र तैयार करके छाप डाला। और सबतो उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र से मार लिया और उसको भाजपाई  रंग देने के लिये राममंदिर, धारा 370 और समान नागरिक संहिता का केसरिया घोल मिला दिया।

इन नकलचियों को इतना भी ध्यान नहीं रहा कि भाजपा का यह घोषणापत्र 4 अप्रैल को जारी किया जा रहा है, न कि 26 मार्च को। 26 मार्च को तो कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किया गया था। कट-पेस्ट करते वक्त उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र की तारीख भी अपने घोषणापत्र में डाल दी।

और तो और, इस घोषणापत्र को जारी करते वक्त नरेन्द्र मोदी का जो भाषण तैयार किया गया, उसमें भी हूबहू सोनिया गांधी के उस भाषण के अंशों को डाल दिया गया जो उन्होंने कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करते समय दिया था। थोड़ा सा फर्क सिर्फ यह रहा कि नरेन्द्र मोदी ने अपने भाषण के अंत में दो वाक्य ऐसे कह दिये जिनसे लगता था कि वे घोषणापत्र जारी नहीं कर रहे, ‘प्रधानमंत्री’ पद की शपथ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे कभी अपने लिये कुछ नहीं करेंगे और कभी भी सत्ता का बदइरादों से प्रयोग नहीं करेंगे।

लगता है भाजपा ने नरेन्द्र मोदी को इसप्रकार बुंदी का किला फतह करवा कर उनको ‘प्रधानमंत्री’ पद की अतृप्त इच्छा से मुक्त करा दिया है !

सोचने की बात यह है कि मोदी सरकार कांग्रेस का विकल्प होगी या उसकी एक  भद्दी नकल !

वैसे इतिहास में जाकर देखे तो आरएसएस का भी कभी कोई संविधान नहीं था।  उसे सरदार पटेल ने जबर्दस्ती उस समय गोलवलकर पर दबाव डाल कर तैयार करवाया था जब गांधीजी की हत्या के बाद गोलवलकर जेल में थे। संविधान न होने का आरएसएस वालों का तर्क होता था कि हिंदू संयुक्त परिवार का भी क्या कोई संविधान होता है! यह तो एक अलिखित, सदियों की परंपराओं से स्वत: निर्मित संविधान है। परिवार के प्रमुख कर्ता की इच्छा सर्वोपरि होती है, उसे कोई चुनौती नहीं दी जा सकती है।

हास्यास्पद ढंग से वे संघ के अवतरण को ईश्वरीय काम मानते हुए गीता के श्लोक को भी उद्धृत करते थे :

‘‘यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत:।
अभ्युत्थान धर्मस्य: तदात्मानं सृजाम्यहम।।’’

ऐसे में भाजपा का इस चुनाव के लिये कोई घोषणापत्र न आना ही स्वाभाविक है । उन्होंने मुखिया चुन दिया है। उसकी इच्छा और कथन ही तो घोषणापत्र है, क्योंकि उसे तो कभी चुनौती नहीं दी जा सकती है। ऊपर से, मोदी तो साक्षात ईश्वर भी है - हर हर मोदी ! महादेव का नया अवतार!

फिर कैसा घोषणापत्र, कैसा संविधान। सिर्फ चलेगा, हिटलर का फरमान।


वैसे इस पूरे प्रकरण से वामपंथियों का यह आरोप सही साबित होता है कि कांग्रेस और भाजपा में बुनियादी नीतियों के विषय में रत्ती भर भी फ़र्क़ नहीं है । भाजपा में अतिरिक्त दोष यह है कि वह आरएसएस द्वारा चालित होने के कारण सांप्रदायिक है और नरेन्द्र मोदी गुजरात जन-संहार के लिये एक प्रमुख ज़िम्मेदार व्यक्ति है ।

शनिवार, 5 अप्रैल 2014

गुजरात 2002 के हत्यारों को कभी माफ नहीं किया जा सकता

अरुण माहेश्वरी


‘इकोनोमिस्ट’ पत्रिका ने अपने ताजा लेख में नरेन्द्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री पद के लिये अयोग्य बताते हुए गुजरात के 2002 के जन-संहार का भी जिक्र किया है। उसमें साफ शब्दों में कहा गया है कि उन दंगों में मोदी के खिलाफ सबूत इसलिये नहीं मिल पाये हैं, ‘‘क्योंकि सबूतों को बाकायदा नष्ट कर दिया गया है’’। भारत में यह तथ्य सर्वविदित है। फिर भी मोदी के समर्थक पूरी निर्लज्जता से अदालत में मोदी के जुर्म के अब तक साबित न हो पाने को मोदी के निर्दोष साबित हो जाने के तौर पर पेश करते हैं।
सब जानते हैं कि केंद्र में राजग सरकार (1998-2003) के काल में संघ परिवार ने गुजरात को अपनी सांप्रदायिक राजनीति की प्रयोगशाला बनाया, हिटलर के पद-चिन्हों पर चलते हुए यहूदियों के जन-संहार की आधुनिक इतिहास की अब तक की सबसे डरावनी और जघन्य स्मृतियों को ताजा कर दिया।
तब से अब तक पूरा एक दशक बीत चुका है। 2003 के आम चुनाव में केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन का अंत होगया। उसके बाद, लाख कोशिश करके भी केंद्र की सत्ता पर लौटने की राजग की कोई कोशिश सफल नहीं हुई। गुजरात जनसंहार की स्मृतियां आज भी किस प्रकार पूरे राष्ट्र को किसी दु:स्वप्न की तरह सता रही है, इसे तब से अब तक इस जनसंहार को लेकर चल रहे असंख्य मुकदमों के इतिहास को देख कर भी जाना जा सकता है। नरेन्द्र मोदी सांप्रदायिक घृणा और ध्रुवीकरण से बर्बर बहुसंख्यकवादी हिंसा के बल पर भले ही तीसरी बार गुजरात में चुनाव जीत कर आगये हो, लेकिन पूरा राष्ट्र इसमें एक उदीयमान आधुनिक समाज के बर्बर कबीलाई समाज के रूप में पतन के खतरे को देखकर संत्रस्त है।
गुजरात के जनसंहार से जुड़े मुकदमों में अभी सैकड़ों लोग जेल में बंद है। बहुतों को सजाएं भी हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी और विश्व हिन्दू परिषद के गुजरात के कई शीर्षस्थ नेता उम्र कैद की सजा भुगत रहे हैं। उम्र कैद की सजा पाने वालों में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल है। अब तक नरेन्द्र मोदी पर कोई आंच नहीं आयी है, लेकिन उनसे भी कई बार सीबीआई ने लंबी पूछ-ताछ की है। आगे और जांच के बाद उनका अपराध भी प्रमाणित हो जाए तो कोई अचरज की बात नहीं है। पिछले आठ साल से जेल में बंद गुजरात पुलिस के अधिकारी डी जी वंजारा का हाल में जारी किया गया पत्र इस बात के संकेत देने के लिये काफी है।

गुजरात के जन-संहार को लेकर जो 4000 से ज्यादा मुकदमें दर्ज हुए, नरेन्द्र मोदी की राज्य सरकार ने सबूतों को मिटा कर अथवा गवाहों को डरा-धमका कर उनमें से लगभग 2000 मुकदमें सबूतों के अभाव की बिना पर बंद करा दिये थे। बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने उनमें से 1600 मुकदमों को फिर से जांच करने लायक पाया और उनमें लगभग साढ़े छ: सौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किये गये लोगों में 40 पुलिस अधिकारी है, जिन्हें सीधे अपराध में शामिल होने अथवा जान-बूझ कर अपने काम में लापरवाही बरतने का अपराधी पाया गया है।

मोदी सरकार की एक प्रमुख मंत्री माया कोडनानी और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का कुख्यात नेता, जिसने गर्व के साथ एक गर्भवती मुस्लिम महिला के पेट को तलवार से चीर देने के अपराध को स्वीकारा था, बाबू बजरंगी उम्र कैद की सजा भुगत रहे हैं।

इस जनसंहार के बारे में अभी 60 से भी अधिक राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय संस्थाओं और संगठनों द्वारा जांच का काम चल रहा है। भारत के राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने इस पर अपनी रिपोर्ट में साफ कहा है कि गुजरात में मुसलमानों पर किये गये हमले पूर्व-नियोजित थे और उनमें राज्य सरकार के अधिकारियों का प्रत्यक्ष हाथ था। ‘इस बात के प्रमाण मौजूद है कि जब मुसलमानों पर हमलें किये जा रहे थे, वहां की पुलिस खामोश बैठी थी।’’ इस रिपोर्ट में भाजपा और नरेन्द्र मोदी पर यह आरोप लगाया गया है कि उन्होंने ‘स्कूलों की पाठ्य पुस्तकों में नाजीवाद का गौरव गान करके नस्लवादी श्रेष्ठता, नस्ली घृणा और नाजीवाद की विरासत को बढ़ावा दिया।’’

अमेरिकी सरकार के विदेश विभाग ने भी इस बात को नोट किया है कि ‘मोदी ने  माध्यमिक की स्कूली पाठ्य पुस्तकों को बदल कर उनमें हिटलर का वर्णन एक करिश्माई नेता के रूप में किया और ‘नाजीवाद की उपलब्धियों’ का शान के साथ बखान किया है।’’

जस्टिस कृष्ण अय्यर ने भी इस जनसंहार को पूर्वकल्पित कहते हुए अपनी जांच रिपोर्ट में यहां तक बताया है कि गोधरा कांड के काफी दिन पहले मुस्लिम इलाकों में हिंदुओं के घरों की सिनाख्त करके उन पर हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें चिपका दी गयी थी या उन पर केसरिया झंडे लगा दिये गये थे, ताकि हमलों के समय उन सिनाख्त कर दिये गये घरों को हमलों से बचाया जा सके। हमलों के पहले आर एस एस और भाजपा के समर्थन से विहिप ने कट्टर हमलावरों के शिविर आयोजित किये। इस रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि ‘इन हमलों में राज्य सरकार तो साफ तौर पर शामिल थी। और, राज्य सरकार के इस काम को केंद्र सरकार का समर्थन था, इस बात को भी अब सभी जानते हैं।’’

गुजरात की मोदी सरकार ने गोधरा की घटना की जांच के लिये जे. सी. शाह को लेकर एक व्यक्ति के जांच आयोग का गठन किया था, जिसकी रिपोर्ट इतनी विवादास्पद रही कि सुप्रीम कोर्ट ने उस पर कहा कि ‘यह राय किन्हीं सबूतों पर नहीं, बल्कि शुद्ध कल्पना पर आधारित है।’’

इसके पहले, सन् 2003 में गुजरात सरकार ने पूरे विषय की जांच के लिये शाह-नानावती आयोग का गठन किया था। इस आयोग ने भी बिना किसी की गवाह को सुने चंद महीनों बाद ही ऐलान कर दिया कि राज्य की पुलिस और सरकार ने हिंसा से निपटने के लिये जरूरी कार्रवाई करने में किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरती थी। सन् 2008 में जस्टिस शाह की मृत्यु हो जाने पर उनकी जगह पर उस सेवानिवृत जज अक्षय मेहता को नियुक्त किया गया जिसने अपने कार्यकाल में कुख्यात बाबू बजरंगी को जमानत दी थी, जो आज  उम्र कैद की सजा पा कर जेल में सड़ रहा है। इस आयोग की समय सीमा को अब तक बीस से ज्यादा बार बढ़ाया जा चुका है। अब कहा जा रहा है कि यह आयोग 2014 के लोक सभा चुनाव की प्रतीक्षा कर रहा है। उसके बाद ही वह अपनी कोई रिपोर्ट देगा।

इसप्रकार साफ है कि 2014 का लोकसभा चुनाव भारत में राजनीति के भविष्य को तय करने वाला एक निर्णायक चुनाव होने जा रहा है। इन चुनावों में आर एस एस ने सीधे नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर खड़ा करके भारतीय राजनीति को हिटलर के नक्शे-कदम पर आगे ले जाने के अपने इरादों की साफ घोषणा की है। ये चुनाव भारत में धर्म-निरपेक्षता और सांप्रदायिकता के बीच, जनतंत्र और नग्न तानाशाही के बीच एक फैसलाकुन लड़ाई के चुनाव साबित होंगे।

भाजपा का घोषणापत्र

आरएसएस का कोई संविधान नहीं था। उसे सरदार पटेल ने जबर्दस्ती उस समय गोलवलकर पर दबाव डाल कर तैयार करवाया था जब गांधीजी की हत्या के बाद गोलवलकर जेल में थे। संविधान न होने का आरएसएस वालों का तर्क होता था कि हिंदू संयुक्त परिवार का भी क्या कोई संविधान होता है! यह तो एक अलिखित, सदियों की परंपराओं से स्वत: निर्मित संविधान है। परिवार के प्रमुख कर्ता की इच्छा सर्वोपरि होती है, उसे कोई चुनौती नहीं दी जा सकती है।

हास्यास्पद ढंग से वे संघ के अवतरण को ईश्वरीय काम मानते हुए गीता के श्लोक को भी उद्धृत करते थे :

‘‘यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत:।
अभ्युत्थान धर्मस्य: तदात्मानं सृजाम्यहम।।’’

ऐसे में भाजपा का इस चुनाव के लिये कोई घोषणापत्र न आना ही स्वाभाविक है । उन्होंने मुखिया चुन दिया है। उसकी इच्छा और कथन ही तो घोषणापत्र है, क्योंकि उसे तो कभी चुनौती नहीं दी जा सकती है। ऊपर से, मोदी तो साक्षात ईश्वर भी है - हर हर मोदी ! महादेव का नया अवतार!

फिर कैसा घोषणापत्र, कैसा संविधान। सिर्फ चलेगा, हिटलर का फरमान।

गुरुवार, 3 अप्रैल 2014

व्यक्ति और पार्टी : पार्टी-हित और जन-हित

अरुण माहेश्वरी

राजनीतिक पार्टी व्यक्ति नहीं, व्यक्तियों का समूह है। उन लोगों का समूह जो एक मान्य विचारधारा के अनुसार पूरे समाज को ढालने के लिये एकत्रित हुए हैं। उनका लक्ष्य होता है कि यह पार्टी क्रमश: फैलते-फैलते पूरे समाज या पूरी जनता का रूप ले लें। पार्टी का जनता में पूरी तरह से लोप ही पार्टी का अंतिम गंतव्य है। जनहित और पार्टी-हित अभिन्न, और हमेशा के लिये एकाकार हो जाते हैं। कहा जा सकता है कि ऐतिहासिक तौर पर पार्टी का कोई अंतिम रूप नहीं होता, बल्कि जनता में उसका विलोपन होता है। इस अंत तक पहुंचने की अंतहीन प्रक्रिया में संक्रमण के कई पड़ाव आते हैं, ऐतिहासिक तौर पर संभव नये-नये तत्वों, व्यक्तियों और व्यक्तियों के समूहों को यह अपने में आत्मसात करती है।

लेकिन जब तक कोई पार्टी अपने इस अंत तक नहीं पहुंचती, वह पार्टी ही रहती है, समाज या जन नहीं हो पाती। उसे संपूर्ण समाज या जनता नहीं माना जा सकता।  इसीलिये यह जरूरी नहीं होता कि पार्टी-हित और जन-हित हमेशा एक और अभिन्न हो। यद्यपि, कुछ ऐतिहासिक संधि-क्षणों में जब जन-हित और पार्टी-हित एक समान हो जाते हैं, तब पार्टी वास्तव अर्थों में जन-आंदोलन का रूप लेकर सामने आती है।

अब हम आज के भारत पर आते हैं। आज धर्म-निरपेक्ष और जनतांत्रिक भारत के हित में है कि नरेन्द्र मोदी जैसे एक सांप्रदायिक और तानाशाह व्यक्ति को विजयी न होने दिया जाए। लेकिन इस जनहित के आधार पर ही यदि कोई यह सोचे कि भारत की सभी धर्म-निरपेक्ष और जनतांत्रिक ताकतों के बीच कोई पूर्ण एकता कायम हो जायेगी तो वह पूरी तरह से शेखचिल्ली का सपना होगा। उल्टे सचाई यह है कि कोई भी धर्म-निरपेक्ष और जनतांत्रिक पार्टी इस लक्ष्य के लिये अपने पार्टी-हित की बलि देने के लिये तैयार नहीं है। इसीलिये अनेक जगहों पर स्वाभाविक तौर से धर्म-निरेपेक्ष पार्टियों के बीच आपस में भारी टकराहटें होना तय है।

इसमें वामपंथियों की और भी अतिरिक्त समस्या है। उन्हें सिर्फ धर्म-निरपेक्षता और जनतंत्र की लड़ाई ही नहीं लड़नी है, नव-उदारवाद को भी पराजित करना है। यह अलग बात है कि नव-उदारवाद के बेहतर वामपंथी विकल्प की ठोस सूरत बताने में वह अभी सफल नहीं है।

बहरहाल, जो समस्या पार्टियों और उनके पार्टी-हितों की है, वे धर्म-निरपेक्ष और जनतांत्रिक व्यक्ति और नागरिक की नहीं है। शायद यही कारण है कि कोई स्वतंत्र व्यक्ति या नागरिक जितनी आसानी से अपने समय के जन-हित के विषयों के साथ खुद को एकात्म कर लेता है, पार्टियां नहीं कर पाती है - इस प्रकार की तमाम उदात्त घोषणाओं के बावजूद कि जनहित से अलग पार्टी-हित कुछ भी नहीं होता है। इसके अलावा इस सच से भी इंकार नहीं किया जा सकता है कि पार्टियों के अंदर का गैर-जनतांत्रिक नौकरशाही ढांचा व्यक्ति की पहलकदमियों को बनाये रखने के लिये बेहद घातक साबित होता है।

शायद यही वे बुनियादी कारण हैं कि प्रकृत बुद्धिजीवी अपनी पार्टी-अस्मिता के प्रति आग्रहशील नहीं होता हैं। वृहत्तर उद्देश्यों के लिये व्यक्ति का विलय जितना आसान है, पार्टी या किसी गिरोह का नहीं।  

सोमवार, 31 मार्च 2014

जगदीश्वर चतुर्वेदी का लेखन


अरुण माहेश्वरी

आज जगदीश्वर चतुर्वेदी जी ने अपनी चार किताबें भेंट की -इंटरनेट साहित्यालोचना और जनतंत्र, नरेन्द्रमोदी और फासीवादी प्रचारकला, लोकतंत्र और सोशल मीडिया, तथा डिजिटल कैपिटलिज्म, फेसबुक संस्कृति और मानवाधिकार।
अब मेरे पुस्तकालय में जगदीश्वर जी की लगभग 30 भारी-भरकम किताबें हो गयी है। इन पुस्तकों के अलावा, उनकी जिन पुस्तकों के बारे में मेरी जानकारी है, उनकी संख्या 20 से कम नहीं होगी। मतलब जितनी उनकी उम्र हुई है, लगभग उतनी ही किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं।
जो लेखक अभी भी युवा और प्रौढ़ता के संधि-वय में हो, उसका इतना विराट, वैविध्यपूर्ण और सार्थक लेखन किसी के लिये भी विस्मय और साथ ही ईष्‍र्या का विषय भी हो सकता है।
जगदीश्वर जी कोलकाता विश्वविद्यालय में हिंदी के प्रोफेसर है। ‘हिंदी का अध्यापक’ - ‘तारे जमीं पर’ के हिंदी अध्यापक की रूढ़ छवि - दकियानूस, कूपमंडुक! उत्कट जातिवादी, गोटीबाज! उदयप्रकाश के व्यंग्य-वाणों का एक स्थायी लक्ष्य! लेकिन उनमें नामवर जी, शिवकुमार मिश्र जैसे भी रहे हैं, और साथ ही है जगदीश्वर जी। सामान्य की पुष्टि करने वाले अपवाद!
संस्कृत और ज्योतिष की पृष्ठभूमि, लेकिन वामपंथियों की संगत ने पता नहीं कैसे जगदीश्वर जी के तार उत्तर-आधुनिकता के विमर्श से जोड़ दिये। इसीकी उंगली थाम कर वे इसके बाई-प्रोडक्ट से दिखते मीडिया की ओर कुछ उसी प्रकार बढ़ गये जैसे सुधीश पचौरी। सुधीश पचौरी मीडिया के अखबारी स्तंभकार होगये, और जगदीश्वर जी मीडिया-पंडित।
मीडिया उत्तर-आधुनिकता का बाई-प्रोडक्ट कहलायेगा या उत्तर-आधुनिकता का प्रमुख संघटक तत्व, इसपर बहस होसकती है। आधार और अधिरचना की द्वंद्वात्मकता का आलम यही है कि ‘मुर्गी पहले या पहले अंडा’ वाली असमाधेय सी दिखती समस्या सामने आजाती है।
बहरहाल, मीडिया हमारे समय के तमाम विमर्शों को जिसप्रकार नये सिरे से परिभाषित सा कर रहा है, संस्कृतिमात्र का माध्यमीकरण अर्थात वास्तविक दुनिया का आभासित दुनिया से एकप्रकार का विस्थापन जिस गति और विस्तार के साथ जारी है, उसमें मीडिया के संदर्भ में जीवन के सभी व्यापारों पर सोचना बिल्कुल स्वाभाविक लगता है। जगदीश्वर जी के लेखन के जैसे बिजली की गति से विस्तृत हो रहे फलक के पीछे दिख रही उनकी व्यग्रता और उत्कंठा से भी इस असंभव गति से फैल रही सर्वव्यापी, सर्व-ग्रासी, परम शक्तिवान माया का एक अनुमान मिलता है।
इस अकेले लेखक ने हिंदी में मेतलार्द, बोर्दिओ, मैकलुहान, एडवर्ड सईद, बौद्रिलार्द, दरीदा, जीजेक, इको आदि न जाने कितने गैर-कम्युनिस्ट मार्क्सवादियों और स्वतंत्र चिंतकों के बारे में जितनी सामग्री मुहैय्या करायी है, पीसी, लैपटॉप, टैबलेट, इंटरनेट, ईमेल, फेसबुक, टीवी, कैबल टीवी जैसे आज के युग के तकनीकी उपकरणों और उनके प्रयोग की विधियों से जुड़े विमर्शों को जिस प्रकार प्रस्तुत किया है, वह सचमुच चौंकाने वाला है। इंटरनेट और उससे जुड़े आधुनिक उद्योगों के नाना प्रकार के उत्पादों तक को उन्होंने अपनी आंखों से ओझल नहीं होने दिया है।
जगदीश्वरजी का यह सारा काम कुछ ऐसी गति से चल रहा है कि किसी भी साधारण पाठक के लिये उसके साथ अपनी संगति कायम करना कठिन है, और जो थोड़ा ठहर कर इस विशाल काम के मूल्यांकन के लिहाज से इसे उलटना-पुलटना चाहते हैं, उनके लिये तो साल में चार-छ:-दस-बारह की रफ्तार से आने वाली किताबें किसी बमबारी से कम नहीं है।
मीडिया के साथ ही जुड़ा हुआ है राजनीति का विषय। शायद जगदीश्वर जी को पश्चिम बंगाल की एक ऐसी देन जिसने उनके मीडिया विमर्श को निश्चित तौर पर एक धार देने की भूमिका अदा की है। पश्चिम बंगाल प्रवास ने उन्हें वामपंथी राजनीति के आंतरिक विन्यास, उसकी अन्दुरूनी गतिशीलता और जड़ता का एक प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया है। और, संभवत: इसी अनुभव ने इस ज्योतिषाचार्य, हिंदी के अध्यापक को दुनिया के गैर-कम्युनिस्ट मार्क्सवादी और जनतांत्रिक विमर्श की कुछ पुख्ता समझ पाने का सलीका भी दिया।
मुझे लगता है कि जगदीश्वर जी के तेजी से फैल रहे लेखन के आयतन का एक समग्र मूल्यांकन किसी के लिये भी लगभग नामुमकिन सा काम है। लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि यह सब कोरा सार-संग्रहवादी नहीं है। बारीकी से देखने पर इसमें एक खास प्रकार की एकसूत्रता, उत्तर-आधुनिक तरह की ही असामंजस्य के सामंजस्य वाली विचार-प्रणाली को देखा जा सकता है।
अपने लेखन से हमें लगातार परिचित कराने के लिये हम उनके प्रति आभारी हैं और उनके लेखन की इसी गति के बने रहने की कामना करते हैं।
29.03.2014

गुरुवार, 27 मार्च 2014

‘आंखो देखी’

अरुण माहेश्वरी
  

कल एक बहुत अच्छी फिल्म देखी - आंखो देखी। ‘मैं कहता हौं आखन देखी, तू कहता कागद की लेखी।

भारत के उस निम्न-मध्यवित्त के परिवार का सच, जिसकी संख्या 70 करोड़ बतायी जाती है और जिसके आगे और उत्थान पर भारत की प्रगति का बहुत कुछ निर्भर है। वर्षों बाद जैसे हिंदी सिनेमा के पर्दे पर भारत के शहरों की पुरानी संकरी गलियों के नीम अंधेरे घरों में ठहरी हुई जिंदगियों का सच बिना व्यवसायिक विकृति के उकेरा गया है।

वेदांत में आत्म-अनात्म की तरह ही ‘दृष्टि चैतन्य’ भी एक बुनियादी पारिभाषिक पद है। जब तक हम विषयों का प्रत्यक्ष करते हैं, तब तक ही उनका अस्तित्व है तथा ज्योंही हमें उनका प्रत्यक्ष होना बंद हो जाता है, त्योंही वे शून्य में चली जाती है। दृष्टि-सृष्टि। जो अप्रत्यक्ष है, उसकी सत्ता को स्वीकारा नहीं जा सकता। इसीका विलोम है शंकर का मायावाद - दृश्य जगत का लेश मात्र भी अस्तित्व नहीं है।

इस वेदांती विमर्श का ही एक फल है - अनुभव अथवा भोग की लालसा, अपने दृश्य जगत की परिधि के विस्तार की उत्कंठा।

और कहना न होगा, इसी उपक्रम में बेचारा ‘पाल गोमरा’ अपनी जान गंवा देता है।

‘आंखो देखी’ के बाबूजी उदय प्रकाश के ‘पाल गोमरा’ का ही एक और प्रतिरूप है। निम्न-मध्यवर्ग के अन्त:करण का जैविक प्रतिबिंब।

बाबूजी उम्र की ढलान पर पहुंच कर तमाम आस्था-अनास्थावादी भक्तों की तरह कुछ इसप्रकार के एक सोच में फंस जाते हैं कि जो भी खुद को दिखाई न दे, उसपर विश्वास मत करो। परिवार में छोटा भाई और बेटा रोजगार करने लगे थे, इसीलिये बाबूजी अब ऐसी किसी भी खब्त के साथ आराम से जीवन काट सकते थे! परिणाम यह हुआ कि जिस ट्रेवल एजेंसी में बाबूजी काम करते थे, वहां भी ग्राहकों को ऐसी कोई सूचना देने से इंकार करने लगे, जो खुद उनके अनुभव का हिस्सा न रही हो। नौकरी को जाना था, चली गयी। बाबूजी ने सोचा, क्या फर्क पड़ता है, जीवन की गाड़ी तो भाई और बेटा ही खींच लेंगे, मैं अब क्यों झूठी-सच्ची बातों के जंजाल में पड़ा रहूं।

बाबूजी बेहद तर्कशील होगये। संशय उनका स्थायी भाव बन गया। इसके चलते उनके साथ उनके जैसे ही कुछ चेले भी जुट गये। दूसरे आम जनों के लिये मलंग जैसे दिखाई देने वाले बाबूजी या तो पागल थे या फिर पहुंचे हुए कोई फकीर। लेकिन जीवन का ठोस सच यह था कि बाबूजी के नौकरी छोड़ते ही आसन्न आर्थिक संकट के आभास ने उनके परिवार को तोड़ दिया। सदा तर्क के लिये तत्पर बाबूजी को मौन होजाना पड़ा।

तभी बेटे की कुसंगत की वजह से बाबूजी एक जूआघर के संपर्क में आयें ओर चंद रोज के लिये उस जूआघर के मुलाजिम होगये। जूआघर की कमाई ने बेटी का ब्याह भले-भले निपटा दिया। फिर एक बार सारी जिम्मेदारियों से मुक्त बाबूजी ने जूआघर छोड़ा और 28 साल बाद पत्नी के साथ हिल स्टेशन की सैर पर गये।

पहाड़ों का स्वच्छ आकाश, ठंडी हवा, और घाटियों की अनंत गहराइयां। बाबूजी इस दृश्य का उल्लेख करते हुए इस स्वच्छ ठंडी हवा में उड़ने की अनुभूति की बात करते हैं। पत्नी कह बैठती है - यह तो तुम्हारे अनुभव का हिस्सा नहीं है। और, इसी अनुभव को पाने की ललक में बाबूजी एक ऊंचे पहाड़ के सिरे से घाटी की अंतहीन तलहटी की ओर छलांग लगा देते हैं - आसमान में उड़ने लगते हैं !

न जाने कितनी छोटी-छोटी इच्छाओं, वासनाओं से बना है यह निम्नवित्त का जीवन, जैसे विशाल समंदर में उतार दी गयी कागज की कोई नौका। उठती-गिरती लहरों के साथ डोलती, हवा के थपेड़ों से उलट-पुलट होती और पता नहीं कब, अचानक ही किसी अतल गहराई में अपना अस्तित्व गंवा बैठती।

इस कमजोर जीवन में दहलीज के बाहर कदम रखना ही जैसे मृत्यु को निमंत्रण देना है! लेकिन बात बाबूजी के गिर कर मर जाने की नहीं है, बात उस ऊंचाई से छलांग लगा कर उड़ने की क्षणिक अनुभूतियों की है।

जीवन कुछ इसीप्रकार चल रहा है - नित नये अनुभवों की तलाश में रोज खत्म होरही जिंदगियों की श्रंखला में।
27.03.2014

बुधवार, 26 मार्च 2014

'आप' - एक वास्तविक युगांतकारी जन-आंदोलन

आम आदमी पार्टी (आप) भारत में आज के समय का एक वास्तविक युगांतकारी जन-आंदोलन है। जन-भावनाओं की अभिव्यक्ति का व्यापकतम मंच।

भारत की आजादी की लड़ाई के दिनों में जो स्थिति भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की थी अथवा 1970 के दशक के प्रथमार्द्ध में जो स्थिति जेपी आंदोलन की थी, आजके भारत में वही स्थिति ‘आप’ आंदोलन की है।

इस आंदोलन ने समाज के रंध्र-रंध्र में फैल चुके भ्रष्टाचार के कैंसर का मुद्दा उठाया है, इसने अंबानियों-अडानियों के विरोध के जरिये देशी-विदेशी इजारेदारों द्वारा की जारही खुली लूट का विषय उठाया है, इसने पूंजीपतियों-राजनीतिज्ञों-नौकारशाहों की दमघोटूं धुरी का प्रश्न उठाया है, इसने राज्य और राजनीतिक दलों को जड़ बना रही नौकरशाही जकड़नों के सवाल को भी सामने लादिया है।

इसके अलावा, यह आंदोलन आदमी के मन और मस्तिष्क पर अपना पूर्ण नियंत्रण कायम करने पर आमादा भारत के बिकाऊ मीडिया के खिलाफ लगातार प्रसारवान सामाजिक मीडिया के जरिये आदमी की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बचाये रखने का आंदोलन भी है।

आज के जमाने के हर मानदंड पर यह आंदोलन अपने मूल उद्देश्य और व्याप्ति, दोनों ही लिहाज से इस युग के साथ पूरी तरह मेल खाता हुआ जन-आंदोलन है। सारी दुनिया में ऐसे युगांतकारी जन-आंदोलनों के उभार की अनेक मिसालें हमारे सामने हैं।

आज ‘आप’ के इस आंदोलन को देश की वर्तमान राजनीतिक संस्थाओं के प्रति अपना रुख तय नहीं करना है, बल्कि दक्षिण हो या वाम, सभी राजनीतिक दलों को इस आंदोलन के बरक्स अपनी स्थिति को परिभाषित करना है। युगांतकारी आंदोलन का तात्पर्य यही है।

भ्रष्टाचार, अंबानी-अडानी की लूट, राजनीतिज्ञ-नौकरशाही-पूंजीपति की आततायी धुरी और आदमी की आवाज को दबा देने के काम में लगे भ्रष्ट मीडिया के खिलाफ इस विशाल आंदोलन के बीच से ही नये भारत की नयी तस्वीर बनेगी।

हमारा यही मानना है।