सोमवार, 10 मार्च 2014

पांच राज्यों के चुनाव : एक भिन्न पर्यवेक्षण


(10 दिसंबर 2013 की पोस्ट)

चलिये, राजनीति की बिसात के एक और रोमांचक खेल का अंत हुआ। कहते है यह सेमी-फाइनल था। ऐसा सेमी-फाइनल जिसमें पिछली चौथाई सदी से जो दल 45 से 50 प्रतिशत मतदाताओं पर अधिकार बनाये हुए हैं, उन्होंने हिस्सा ही नहीं लिया था, जबकि सेमि-फाइनल, फाइनल का खेल खेलने वाले कांग्रेस-भाजपा जैसे दलों की सरकारें इन बाकी दलों की बैसाखियों पर ही टिकी रही थी।

भारत में वोट को ‘जनतंत्र का उत्सव’ कहते हैं। ‘उत्सव’ - दुख-दर्दों को भूलने का समय, सार्वजनिक मस्ती का समय। अपने ‘वोट की ताकत’ के नशे में नाचने-गाने का समय।

सामान्य समय में आप लोगों से बात करेंगे तो पायेंगे कि उनकी नजर में राजनीतिज्ञ कुछ आवारा किस्म के लोगों की ऐसी उद्यमी, पतित और लुटेरू जमात है जो मौका आने पर संजीदगी का स्वांग भरते हुए सरकारी पदों का बाना पहन लेते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण ही है कि इस मामले में लोग दक्षिण या वाम, किसी में कोई भेद नहीं करते। लेकिन वोट के पर्व में ऐसी जमातों की अदला-बदली करके ही लोग खुशी में पागल हुए जाते हैं। कुल मिला कर, चुनाव के नाम पर अपनी गमगीन जिंदगी के चंद दिन ढोल-धमाकों के साथ मौज से बिताते हैं।

दरअसल, यह जनतंत्र का एक अद्भुत खेल है। इसकी चौहद्दी तक सीमित दल जहां यह जानते हैं कि उनकी राजनीतिक शक्ति आम लोगों में निहित है, इसके साथ ही वे पूंजीवादी व्यवस्था की रक्षा को भी अपना दैवी कर्त्तव्य माने हुए हैं। आम लोगों के प्रतिनिधि के नाते नीतियां बनाते हैं, लेकिन हर रोज उसी आम आदमी की स्वतंत्र राजनीतिक हैसियत को तोड़ने का उपक्रम भी करते रहते हैं; सत्ता आम आदमी की राजनीतिक शक्ति के दुश्मन बनी रहती है। पुन:, वही दल और सत्ता नाना प्रकार के भौतिक संरक्षणों से आम जन में नये सिरे से राजनीतिक शक्ति भी पैदा करते हैं।

यह ऐसा खेल है कि कारण की रक्षा करो, परंतु कार्य को, जहां भी वो प्रगट हो, नष्ट कर दो। लेकिन, कार्य-कारण संबंध गैर-द्वंद्वात्मक नहीं होते। ये हमेशा परस्पर को प्रभावित करते हैं, और मजे की बात है कि इसी अन्योन्यक्रिया में अक्सर अपनी-अपनी विशिष्टता भी खो देते हैं। कार्य-कारण की सीमारेखा धुंधली होने लगती है। फलत:, इसी व्यवस्था में ऐसी-ऐसी नीतियां सामने आती है कि ‘सच्चे समाजवादी’ भी मात खा जाए! शासक दल अपने को आमलोगों के ऐसे प्रतिनिधि के रूप में देखता है, जो पूंजीवादी समाज के चौखटे में जनता के निम्नतर वर्गों को सुखी बनाना चाहता है। राजस्थान में लोगों को दवाएं मुफ्त देने, छत्तीसगढ़ में दो रुपया किलो अनाज, तो केंद्र की नरेगा, खाद्य सुरक्षा योजनाएं, और ऐसी ही कई दूसरी योजनाएं है, जिनकी जनता को राहत देने मात्र के घोषित उद्देश्यों से बनायी गयी पश्चिम बंगाल, केरल की वामपंथी सरकारें कल्पना भी नहीं कर पायी थी।

तथापि, सभी दलों की उलझन यह है कि वह आम लोगों का ही नहीं, अपने साथ जुड़े उन तमाम लंपटों का भी प्रतिनिधि होता हैं, जिनका एकमात्र उद्देश्य अपने को लाभान्वित करना होता है। ये लोग राजकोष को अपनी सिक्किम की लॉटरी के ईनाम के अलावा कुछ नहीं समझते। राजनीतिक भ्रष्टाचार कैंसर की तरह पूरे शरीर में फैल जाने वाला लाईलाज मर्ज बन जाता है।

इसप्रकार, परस्पर-विरोधी कार्यभारों में उलझे हमारे राजनीतिक दल अंधेरे में किसी उद्भ्रांत की तरह टटोलते हुए कभी इसका दामन थामते हैं तो कभी उसका अपमान करते है, कभी इसे खरीदते हैं तो कभी उसे धमकाते है - और इसप्रकार राजनीति को मूलत: सबको वैरी बनाये रखने के शैतानी काम का पर्याय बना डालते हैं। शासन की सारी दृढ़ घोषणाएं और उसकी निश्चयात्मक शैली के मुकाबले व्यवहार में उसका ढुलमुलपन हास्यास्पद सूरत पेश करता है। नग्न तानाशाह का रास्ता साफ होता है।

भारत के राजनीतिक परिदृश्य में क्या यह पर्यवेक्षण आपको सही नहीं लगता? चुनावों में सत्ता के पक्ष में क्यों वोट दिया जाए अथवा सत्ता के विरोध में क्यों वोट दिया जाए की तरह के प्रश्न कुछ निरर्थक अटकलबाजियों की तरह के प्रश्न प्रतीत होने लगे हैं। इनके उत्तरों से शायद ही किसी खास नतीजे पर पंहुचा जा सकता है। उसीप्रकार, जैसे चुनावों के संदर्भ में अर्थनीति को लेकर ‘सेन-भगवती बहस’ के विषय को उठाना निरर्थक है।

उदय प्रकाश की पोस्ट पर एक टिप्पणी

उदय जी, बहुत सुंदर।
अनायास ही लू शुन याद आगये। डार्विन के विकासवाद को मानने वाले लू शुन। एक साक्षात्कार में उनसे पूछा गया - यदि बंदर से ही आदमी बना तो फिर आज भी इस धरती पर बंदर नाम का प्राणी क्यों मौजूद है?

क्रांतिकारी लू शुन का जवाब था - बंदरों के एक तबके ने जीवन के अनुभव से चार टांगों के बजाय दो टांगों पर चलने को अपनाया लेकिन एक हिस्सा अपने पूर्वजों की हजारों साल की परंपराओं की दुहाई देता हुआ चार टांगों की जीवन-पद्धति से ही चिपका रह गया। लू शुन ने आगे और जोड़ा - जो लोग जीवन में आने वाले परिवर्तनों को अस्वीकारते हैं, मानव सभ्यता के इतिहास में वे सभी मानव रूपी बंदरों की तरह पड़े रह जाते हैं, सभ्यता परिवर्तनशील मनुष्यों के साथ आगे बढ़ती जाती है।

लेकिन असल त्रासदी तो चयन-विहीनता की त्रासदी है। युद्धों, दंगा-फसादों, जन-हत्याओं, जातीय उन्मूलनों से लेकर आर्थिक-राजनीतिक क्रांतियों तक में जबरन उजाड़ दिये जारहे विस्थापितों, निर्वासितों, शरणार्थियों, आप्रवासियों की है। ‘सर्जनात्मक विध्वंस’ से जुड़ी असंख्य रूपों में व्यक्त होने वाली मानवीय त्रासदियां।

पाब्लो नेरूदा की रचनाओं में ‘जड़ों’ का बार-बार जिक्र आया है। निहायत स्थूल रूप् में - लगातार बारिस से हमेशा गीले रहने वाले पहाड़ी जंगलों में ढहते हुए बूढ़े पेड़ों की नग्न जड़ों के रूप में। और सूक्ष्म रूप में, आत्मिक संसार में बसे देश, परंपरा और संस्कृति की जड़ों के रूप में भी। लेकिन वही नेरूदा यह कहने से भी नहीं चूकते - ‘‘मैं अपनी जड़ों से अलग हुआ/सारे विश्व का होगया’’।

मनुष्य की प्राणी सत्ता का मामला बेहद पेचीदा है। इसकी अभिव्यक्ति का कोई एक निश्चित रूप कभी नहीं हो सकता।

याद आते हैं एडवर्ड सईद भी। उनकी किताब है - Reflections on exile। अपनी धरती से उखाड़ दिये गये विस्थापितों, निर्वासितों, शरणार्थियों और प्रवासियों को ध्यान में रखते हुए वे लिखते हैं - “(they) must make do in new surroundings, and the creativity as well as sadness that can be seen in what they do is one of the experiences that still has to find its chroniclers”
(उन्हें नये परिवेश में रहना होगा और वे जो करते हैं उससे जाहिर होने वाली उनकी सर्जनात्मकता और साथ ही साथ उनकी निराशा ऐसे अनुभवों में एक है जिसके लेखाकारों की अब तक तलाश है।)

सईद नतीजा यह निकालते हैं कि न वह प्रतिरोध चल सकता है कि ‘चलो, अपनी महान पुस्तकों तक लौट चलो’ और न गैर-यूरोपीयों को गंभीरता से न लेने की मानसिकता चल सकती है। ‘यूरोप-केंद्रिकता’ की आलोचना से जुड़ी सांस्कृतिक बहस के बीच से उनके सामने ‘‘पहचान की राजनीति की दरिद्रता, मूल-तत्व की शुद्धता की निकृष्टता, अन्यों की तुलना में किसी एक परंपरा की प्रमुखता का चरम झूठ’’ स्पष्ट हुआ था। ‘पौर्वात्यवाद’ के उस प्रवर्त्तक ने साफ कहा कि संस्कृति हमेशा एक मिश्रित, बहुरूपी और कभी-कभी अन्तर्विरोधी विमर्शों की उपज होती है, पंडितों-मुल्लाओं के फतवों की मुहताज नहीं होती। हजारों फतवे भी संस्कृति का निर्माण नहीं कर सकते।

और भी दिलचस्प है ‘आवास प्रश्न’ में एंगेल्स की यह बात। जर्मनी में अपने घर और उसके साथ लगे बाग का भोग करने वाला मजदूर वह सब छोड़ कर जब औद्योगिक शहरों की ओर दौड़ता है तो एंगेल्स कहते हैं - ‘‘मकान और बाग का भोग अब आवागमन की पूर्ण स्वतंत्रता के भोग के मुकाबले कहीं कम मूल्य का होगया।’’

अभी चंद रोज पहले, पिछले जनवरी महीने की घटना है। पश्चिम बंगाल में बोलपुर के निकट के एक आदिवासी गांव में 20 साल की आदिवासी युवती का सामूहिक बलात्कार किया गया। गांव के आदिवासी मुखिया ने सामूहिक बलात्कार का यह दंड सुनाया था, ऊपर से 50 हजार रुपये का हर्जाना और। लड़की का दोष यह था कि वह काम के लिये शहर गई थी, एक लड़के से दोस्ती की थी और शहर से एक टेलिविजन लाकर उसपर गाने सुना करती थी।

क्या कहेंगे बंदर से आदमी बनने की इन कभी न खत्म होने वाली दास्तानों को ? क्या आदमी की प्राणी-सत्ता की ही चिरंतन त्रासदियां नहीं !

https://www.facebook.com/notes/uday-prakash/%E0%A4%B5%E0%A4%BF%E0%A4%B8%E0%A5%8D%E0%A4%A5%E0%A4%BE%E0%A4%AA%E0%A4%BF%E0%A4%A4/642304319150299






रविवार, 9 मार्च 2014

आप पर भाजपा के हमलों का लक्ष्य

भाजपा और उसकी सेवा में लगे मीडिया ने अभी आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ दो बातों का प्रचार जोर-शोर से चला रखा है।

पहला यह कि कांग्रेस जो काम नहीं कर पायी, वह उसे ‘आप’ के माध्यम से करवा रही है। अर्थात ‘आप’ कांग्रेस की बी टीम है।

दूसरा यह कि ‘आप’ माओवादियों-नक्सलियों और अराजक तत्वों का समूह है।

इस प्रचार का पहला उद्देश्य यह है कि इसके दबाव में आकर ‘आप’ अपने हमलों को पूरी तरह से कांग्रेस पर संकेंद्रित कर दें और भाजपा को बख्श दें क्योंकि जब से केजरीवाल जी ने गुजरात के विकास के झूठ को उजागर किया है, ‘आप’ के वार भाजपा के लिये काफी महंगे साबित होने लगे हैं।

इस प्रचार का दूसरा उद्देश्य यह है कि वामपंथियों को अछूत सा बताते हुए यह सुनिश्चित करें कि ‘आप’ का वामपंथियों से कोई संपर्क न बनने पायें। ऐसा होने पर भारत में स्वच्छ और ईमानदार राजनीति के एक नये अध्याय की शुरूआत होगी, जैसा समूचे लातिन अमेरिका में हो चुका है। यह भी कांग्रेस के खिलाफ विकल्प के तौर पर खुद को पेश करने की भाजपा की कोशिश पर बड़ा आघात होगा।

शुक्रवार, 7 मार्च 2014

दिल्ली में जो हुआ, वही पूरे भारत में होगा



यह चुनाव-प्रचार अभूतपूर्व है। ऐसा पहले शायद ही कभी दिखाई दिया हो। 

भारत की राजनीति एक बड़ी करवट बदलती दिखाई दे रही है। 

जो चल रहा था, वह चल नहीं सकता और नया क्या हो, उसकी कोई साफ रूप-रेखा नजर नहीं आती।

इसमें एक ओर कांग्रेस है जो लगातार सत्ता पर होने पर भी आज अपने को बदलाव के एजेंट के रूप में पेश करना चाहती है। 

दूसरी ओर भाजपा है जो विपक्ष में होने पर भी पुराने, और भी जघन्य तौर-तरीकों और मूल्यों से चिपकी हुई पतित यथास्थितिवाद की पार्टी है।

इनके बीच से ही तीसरा पक्ष उभरा है आम आदमी पार्टी का, स्वस्थ और नयी जनतांत्रिक राजनीति का दावेदार और भारत के शहरी मध्यवर्ग के लिये बड़े आकर्षण का विषय।

और एक चौथा पक्ष है, वामपंथियों तथा कई राज्यों में सत्ताधारी गैर-कांग्रेस, गैर-भाजपा दलों का, जो किसी भी रूप में नया नहीं, पुराने चुनावोत्तर जोड़-तोड़ के हिसाब पर तैयार हुआ विकल्प है।

जो दल इन चारों के बाहर है, वे क्या है और क्या नहीं है, कहना मुश्किल है।

इन हालत में मतदाताओं में एक हिस्सा तो वह है, जो इन तमाम वर्षों में किसी न किसी राजनीतिक दल से अपने को जोड़ चुका है और आज भी जुड़ा हुआ है।

दूसरा हिस्सा, हमेशा की तरह हवा के रुख पर अपने मत को स्थिर करता है।

तीसरा एक बड़ा हिस्सा ऐसा है जिनका अपनी परंपरागत दलगत प्रतिबद्धताओं से मोहभंग हुआ है, लेकिन धर्म-निरपेक्षता और सांप्रदायिकता के प्रश्न पर कोई समझौता करने के लिये तैयार नहीं है।

और चौथा हिस्सा, बहुत बड़ा हिस्सा आज के नौजवानों का है, जो आधुनिक है, उदार है और भ्रष्ट राजनीतिज्ञों के चंगुल से मुक्ति और स्वस्थ जनतांत्रिक बदलाव चाहता है।

मतदाताओं के पहले तबके की संख्या जनता के आम मोहभंग के साथ दिन प्रति दिन कम हुई है, अर्थात दलगत प्रतिबद्धताएं कमजोर हुई है।

मीडिया के विस्फोट से दूसरा तबका अब वैचारिक रूझानों के मामले में पहले जितना शून्य नहीं रहा है।

निर्णायक भूमिका मतदाताओं का तीसरा और चौथा हिस्सा ही अदा करेगा। ये ही आज भारत में संख्या की दृष्टि से भी सबसे अधिक हैं।


जो पुराने ढांचे में सोचते हैं, जो यह समझते है कि आज भी जाति, संप्रदाय और क्षेत्र की राजनीति निर्णायक साबित होगी, उनको करारा झटका लगने वाला है। ऐसे सारे लोग भारत के नये यथार्थ को, नये मतदाताओं और उनकी मानसिकता को समझने में विफल है। 

भारत के अधिक से अधिक आर्थिक एकीकरण का अर्थ यही है कि पहचान पर आधारित राजनीति (Identity Politics) कमजोर हुई है। 

अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के प्रति सब जगह जो एक प्रकार का स्वत: स्फूर्त समर्थन दिखाई दे रहा है, उसके पीछे यही सचाई काम कर रही है। यह बहुत ही स्वागतयोग्य है। राहुल गांधी ने भी इस सच को पकड़ा है, लेकिन थोड़ी देर से।

आम आदमी पार्टी की आगामी लोकसभा चुनावों में एक महत्वपूर्ण भूमिका होगी, इसे कोई पसंद करे या न करे।


दिल्ली में जो हुआ, वही पूरे भारत में होगा। 

आज भारत में यदि किसी पार्टी की हवा है तो वह सिर्फ़ आम आदमी पार्टी की हवा है । भाजपा और कांग्रेस का सारा मजमा अरबों रुपयों के बल पर जम रहा है । 'आप' की ताक़त पूरी तरह से साधारण जन है । 

सिर्फ़ साल भर पहले बनी इस पार्टी ने भारत के आम मतदाताओं की कल्पना को छुआ है । दिल्ली में इस पार्टी की शानदार सफलता ने कांग्रेस और भाजपा के दबदबे के सामने ख़ुद को पूरी तरह से असहाय पा रहे साधारण जनों में एक नये आत्म-विश्वास और ऊर्जा का संचार किया है ।

अकेले इस पार्टी ने गुजरात में घुस कर मोदी के विकास के झूठ के परखचे उड़ाये हैं। मोदी के शासन के जन-विरोधी चरित्र का पर्दाफ़ाश किया है ।

आज जो लोग इस पार्टी के नाम पर नाक-भौं सिकोड़ते हैं, उन्हें दिल्ली के परिणाम याद करने चाहियें ।

हम फिर दोहरायेंगे, आगामी आम चुनाव में भारत में वही होगा, जो दिल्ली में हुआ था ।


चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, 2009 के आम चुनाव में भाजपा को कुल मतों का 18.8 प्रतिशत मत मिले थे। कांग्रेस को 28.55 प्रतिशत।

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के मतों में एक प्रतिशत वृद्धि की भी संभावना नहीं है। उनकी एक आडंबरपूर्ण तानाशाह की सूरत किसी के भी मन में सिवाय डर के और कुछ पैदा नहीं कर सकती।

आखिरी समय तक राहुल गांधी कोई करिश्मा कर दिखाये तो दूसरी बात है, अन्यथा कांग्रेस के मतों में भी गिरावट के आसार दिखाई देते हैं।

इसीलिये फिर एक बार दोहराता हूं - दिल्ली में जो हुआ, इस बार सारे भारत में वही होगा।

साम्प्रदायिकता के खिलाफ प्रतिरोध की अनुलंघनीय प्राचीर - 13 प्रतिशत नये नौजवान मतदाता और 13 प्रतिशत अल्पसंख्यक मतदाता। बाकी चीजें अतिरिक्त।

२०१४ के आम चुनाव में कुल ८० करोड़ मतदाता भाग लेंगे । इनमें १० करोड़ मतदाता पहली बार मत देंगे । अर्थात लगभग १३ प्रतिशत नये नौजवान मतदाता होंगे । 

भारत का नौजवान और कुछ भी हो, सांप्रदायिक नहीं हो सकता । इस बार यह नौजवान ही निर्णायक होगा ।

आगामी आम चुनाव में नौजवान मतदाता हर अहंकारी नेता को धूल चटायेगा,इसमें शक नहीं ।

नौजवान धर्म, जाति और क्षेत्र पर आधारित पहचान की राजनीति को एक सिरे से ठुकरायें। समाज के सभी तबकों के बीच सौहार्द्र, मेल-जोल और शांतिपूर्ण सहजीवन को बढ़ावा देने वाले परिवेश के पक्ष में अपना मत दें। यही युवा धर्म है।

इस तरह मत मरो

सरला माहेश्वरी

(अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सरला माहेश्वरी की कविता )


सुनो मेरी बच्चियों
इस तरह मौत को गले लगाकर
सिर्फ एक खबर की तरह मत मरो
मत होने दो
अपने दुखों, अभावों और मौत का उपयोग
एक सनसनीखेज खबर की तरह

उठो! खड़ी हो जाओ!
जो समझते हैं तुम्हें अपने पांव की धूल
तो फिर धूल बनकर ही उनकी आंखों में
किरकिरी की तरह रड़को
उठो मेरी बच्चियों!

अग्नि के सात फेरे लगाने भर में
मत सिमटाओ अपने जीने का अर्थ
तुम नहीं हो केवल भार्या
केवल भोग्या
केवल रमणी
केवल वंश वृद्धि का जरिया
बदल डालो
तुम्हारे खाते लिख दिये गये इन संबोधनों को
आओ
कई अक्षर खड़े हैं तुम्हारे इंतजार में
आओ
इन्हें जोड़कर
खुद को नया अर्थ, नया विधान दो।

गुरुवार, 6 मार्च 2014

हिटलर और व्यवसायी वर्ग


अभी चुनाव के मौके पर अपनी पुस्तक ‘आरएसएस और उसकी विचारधारा’ के एक अध्याय ‘आरएसएस और व्यवसायी वर्ग’ के अंश को अपने मित्रों के साथ साझा कर रहा हूं जिसमें बताया गया है कि कैसे हिटलर ने व्यवसायियों का इस्तेमाल करने के बाद उन्हें गन्ने की तरह चूस कर फेंक दिया था। उम्मीद है कि मित्रों को इससे इस पूरे विषय पर सोचने की कुछ सामग्री मिलेगी :

शिरेर की किताब में हिटलर और जर्मनी के पूँजीपतियों के बीच सम्बन्धों का बहुत सजीव चित्र मिलता है। हिटलर के पतन के बाद नाजी पार्टी के बचे हुए नेताओं पर युद्ध के जघन्य अपराधों के लिए न्यूरेमबर्ग में मुकदमा चलाया गया था। इतिहास में यह मुकदमा न्यूरेमबर्ग मुकदमे के नाम से प्रसिद्ध है जिसके अन्त में कुछ को मृत्युदण्ड और अनेक लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इन अपरा​धियों में एक व्यक्ति था बाल्थर फंक। वह जर्मनी के एक प्रमुख आर्थिक अखबार ’’बर्लिनर बोरसेन जेतुंग’’ का एक समय सम्पादक था। सम्पादन के इस काम को छोड़कर वह नाजी पार्टी में शामिल हो गया तथा नाजी पार्टी और जर्मनी के महत्वपूर्ण व्यापारी घरानों के बीच वह सम्पर्क-सूत्र की तरह काम किया करता था।

न्यूरेमबर्ग मुकदमे की सुनवाई के दौरान उसने बताया था कि उसके कई उद्योगपति मित्रों ने, खासतौर पर राइनलैण्ड की बड़ी-बड़ी खदानोें की कम्पनियों के मालिकों ने, उससे नाजी आन्दोलन में शामिल होने के लिए कहा था ’’ताकि उस पार्टी को निजी उद्योगों के पक्ष में लाया जा सके।’’फंक ने यह बताया कि 1931 तक आते-आते ’’मेरे उद्योगपति मित्रों
न्यूरेमबर्ग मुकदमा

को तथा मुझे यह पूरा विश्वास हो गया था कि वह दिन दूर नहीं जब नाजी पार्टी सत्ता पर आनेवाली है।’’

हिटलर को उन दिनों ऐसे ही लोगों की तलाश थी जिनके पास धन हो। शिरेर लिखता है कि उस समय ’’पार्टी को चुनाव अभियान चलाने, व्यापक और सघन प्रचार के खर्च को चुकाने, सैकड़ों पूरा-वक्ती अ​धिकारियों को वेतन देने तथा अपने तुफानी दस्तों वाली निजी सेना को बनाए रखने के लिए भारी मात्राा में धन की जरूरत थी। उस समय तक उसके तूफानी दस्ते के सैनिकों की संख्या 1 लाख पर पहुँच गई थी। व्यवसायी और बैंकर ही हिटलर के कोष के सबसे बड़े स्रोत थे।’’ (शिरेर, पूर्वोक्त, पृ. 201-202)

युद्ध के बाद न्यूरेमबर्ग जेल में पूछताछ किए जाने पर फंक ने कुछ बड़े-बड़े उद्योगपतियों के नाम बताए थे जिनका हिटलर के साथ सम्बन्ध था। कोयला खानों के शहंशाह इमिल किरदोर्फ ने सभी कोयला खान मालिकों से नियमित वसूली करके हिटलर के लिए ’’रुर ट्रेजरी’’ नाम का एक फंड ही तैयार किया था। उसके साथ हिटलर का सम्बन्ध 1929 में कायम हुआ था। वह यूनियनों से बहुत नफरत करता था और हिटलर ने यूनियनों के विरुद्ध उसे अपने ’’तूफानी दस्ते’’ के जरिये सहायता पहुँचाई थी। किरदोर्फ के भी पहले से हिटलर को नियमित चन्दा देनेवाला व्यक्ति था फ्रिट्ज थाइसेन। ’’स्टील ट्रस्ट’’ के प्रमुख इस व्यक्ति ने बाद में एक पुस्तक लिखी : ’’आई पैड हिटलर’’, जिसमें उसने अपने इस कृत्य के लिए काफी दु:ख जाहिर किया। उसने 1923 में ही हिटलर को पहला तोहफा 1 लाख मार्क (25 हजार डालर) का दिया था। उसके साथ ही जर्मनी की यूनाइटेड स्टील वक्‍​र्स का मालिक अलबर्ट वोग्लर भी नाजी पार्टी को नियमित रुपये दिया करता था। शिरेर ने बताया है : ’’1930 से 1933 के काल में सत्ता के मार्ग की अन्तिम बाधाओं को पार करने के लिए हिटलर को मुख्य रूप से उद्योगपतियों से जो कोष मिला उसका मुख्य हिस्सा कोयला और इस्पात उद्योग से आया था।’’ (शिरेर, पूर्वोक्त, पृ. 23)

फंक ने हिटलर को कोष देनेवाले और भी अनेक उद्योगपतियों और उनकी कम्पनियों के नाम बताए थे। कुल मिलाकर यह सूची काफी लम्बी है। इनमें जर्मनी के विशाल रसायन कार्टल आई.जी. फारबेन के प्रमुख डॉयरेक्टर जार्ज वान स्निजलर, पोटेशियम उद्योग के अगस्त रोस्टर्ग, अगस्त दिहन, हम्बर्ग-अमेरिका लाइन के कूनो, शक्तिशाली कोलोन उद्योग के ओटो वुल्फ, डच बैंक, कामर्स एंड प्राइवेट बैंक की तरह ही कई प्रमुख बीमा कम्पनियों और बैंकों के मालिक, जर्मनी की सबसे बड़ी बीमा कम्पनी एलियांज के मालिक शामिल थे जो हिटलर को नियमित कोष जुटाकर दिया करते थे। हिटलर के एक आर्थिक सलाहकार विल्हेल्म केपलर का दक्षिण जर्मनी के उद्योगपतियों से गहरा सम्बन्ध था। उन्होंने व्यवसायियों का एक अलग से संगठन ही बनाया था जो हिटलर के ’’तूफानी दस्ते’’ के प्रमुख हिमलर के प्रति समर्पित था। इस संगठन का उन्होंने नाम रखा था ’’सर्कल ऑफ फ्रेंड्स ऑफ इकोनोमी।

’’कुछ उद्योगपतियों ने शुरू में हिटलर का साथ नहीं दिया था, किन्तु बाद में उन्होंने भी दबाव में आकर या बहती गंगा में हाथ धोने के इरादे से नाजी पार्टी के साथ खुद को कुछ हद तक जोड़ लिया था। ऐसी कम्पनियों में जर्मनी की सबसे बड़ी बिजली के उपकरण बनानेवाली कम्पनी सीमेंस भी थी।इस प्रकार जाहिर है कि सत्ता पर आने के हिटलर के अन्तिम अभियान में इसके पास उद्योगपतियों की विशाल धनराशि उपलब्ध थी। यद्यपि हिटलर का प्रचारमन्त्री गोयेबल्स तब भी रुपये की कमी की बात किया करता था, लेकिन सारे तथ्य बताते हैं कि हिटलर को उद्योगपतियों से ही करोड़ों मार्क प्रति महीने मिलते थे।

इन तमाम उद्योगपतियों ने हिटलर को इस प्रकार भारी धन देकर कौन सा महान काम किया था, इसे कुछ ने तो युद्ध के दौरान ही तथा कुछ ने युद्ध के बाद खुलेआम माफियाँ माँग कर स्वीकारा था। सन् 1930 में राइख बैंक के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर 1931 में हिटलर से मिलने और अपनी पूरी शक्ति लगाकर हिटलर को बड़े-बड़े उद्योगपतियों, बैंकरों आदि के सम्पर्क में लानेवाले डॉ. स्काख्त, जिनके बारे में कहा जाता है कि हिटलर को सफलता की अन्तिम सीढि़याँ चढ़वानेवालों में वे एक सबसे प्रमुख व्यक्ति थे, ने हिटलर के चांसलर बनने के पहले ही उसे एक पत्र लिखा था जिसमें उन्होंने कहा था : ’’मुझे कोई सन्देह नहीं है कि आज की परिस्थितियाँ आपको चांसलर बना देगी।...आपका आन्दोलन अपने अन्दर इतने बड़े सत्य और आवश्यकता को धारण किए हुए है कि विजय ज्यादा दिन तक आपसे दूर नहीं रह सकती...निकट भविष्य मेें मेरा कार्य मुझे कहाँ ले जाएगा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, यहाँ तक कि आप मुझे किले में बन्दी पड़ा हुआ देख सकते हैं, तब भी आप मुझे हमेशा अपना वफादार समर्थक मान सकते हैं।’’ (शिरेर द्वारा उद्धृत, पृ. 205)

स्काख्त के इस पत्र पर टिप्पणी करते हुए शिरर ने लिखा है कि नाजी आन्दोलन का ’’एक बड़ा सत्य’’ जिसे हिटलर ने कभी छिपाया नहीं, वह यह था कि यदि वह पार्टी कभी जर्मनी की सत्ता पर आ गई तो वह जर्मनी से व्यक्तिगत स्वतंत्रता को, जिसमें डॉ. स्काख्त और उनके व्यवसायी दोस्तों की स्वतंत्रता भी शामिल है, समाप्त कर देगी। इसे समझने में राइख बैंक के मिलनसार अध्यक्ष, जिस पद पर हिटलर के काल मेें वे फिर लौट आए थे, तथा उद्योग और वाणिज्य के क्षेत्र में उनके सहयोगियों को थोड़ा समय लगा। डॉ. स्काख्त हिटलर के चांसलर बनने के बारे में ही एक सही भविष्यवक्ता साबित नहीं हुए, बल्कि फ्यूहरर (हिटलर का लोकप्रिय सम्बोधन-अ.मा.) द्वारा उन्हें बन्दी बनाए जाने के बारे में भी उनकी भविष्यवाणी सच निकली। किले में नहीं, उन्हें बन्दी बनाकर यातना शिविर में रखा गया था, जो कहीं ज्यादा बदतर था, तथा हिटलर के ’’वफादार समर्थक’’ के रूप में नहीं (इस मामले में वे गलत साबित हुए) बल्कि उसके विरोधी के रूप में।’’ (शिरेर, पृ. 205)

सन् 1933 के जमाने से ही हिटलर ने यातना शिविरों का निर्माण शुरू कर दिया था। कँटीलें तारों से खुले स्थान को घेर कर बनाए गए ऐसे यातना शिविरों की संख्या एक वर्ष के अन्दर ही 50 हो गई थी। हिटलर के ’’तुफानी दस्ते’’ लोगों को डराने, उनसे ब्लैकमेल करने के लिए इन यातना शिविरों का खुलकर प्रयोग करते थे। इन शिविरों में सुनियोजित ढंग से हत्याएँ करायी जाती थी। बन्दियों को भूख और प्यास से तड़पाकर मार दिया जाता था। इनमें एक खासी संख्या व्यवसायी समाज के लोगों की भी थी जिनसे पैसे वसूलने के लिए हिटलर के लोग इन शिविरों का प्रयोग किया करते थे। ऐसे-ऐसे यातना शिविरों का भी गठन किया था जिनमें जिन्दा लोगों को पकड़-पकड़ कर उन पर विभिन्न प्रकार की जहरीली गैस आदि के प्रयोग किए जाते थे।

सन् 1936 तक आते-आते ही जर्मनी की अर्थव्यवस्था अस्त-व्यस्त होने लगी थी। युद्ध की तैयारियों के लिए हिटलर ने वित्तमन्त्रालय से स्काख्त को हटाकर अपने विश्वासपात्र गोरिंग को आर्थिक क्षेत्र का तानाशाह बना दिया था। स्काख्त को 1939 में राइख बैंक की अध्यक्षता से भी हटाकर उसकी जगह फंक को बैठा दिया गया। उद्योगों पर उद्योगपतियों का नियन्त्रण नहीं के बराबर रह गया। नाजी पार्टी ने उनका सिर्फ दुधारू गाय की तरह इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। जिन तमाम व्यवसायियों ने हिटलर के शासन का उत्साह के साथ स्वागत किया था और उसकी स्थापना में भरपूर योगदान किया था उनका मोहभंग होने में देर नहीं लगी। नाजी पार्टी की ओर से रोजाना उनके पास सिर्फ चन्दे की दरख्वास्तें आया करती थी। हिटलर के जरिए ट्रेड युनियनों को नष्ट करने तथा मजदूरों को सबक सिखाने की इच्छा रखनेवाले उद्योगपति अब स्वयं हिटलर की पार्टी के गुलाम बनकर रह गए थे। नाजी पार्टी को बिल्कुल शुरू से सबसे ज्यादा चन्दा देनेवाला फ्रिट्ज थाइसेन युद्ध शुरू होने के पहले ही जर्मनी छोड़कर भाग गया था। उसने उन्हीं दिनों लिखा कि ’’नाजी शासन ने जर्मन उद्योग का नाश कर दिया है।’’ वह जिनसे भी मिलता था, कहा करता था कि ’’मैं कितना बड़ा मूर्ख था।’’ (शिरेर, पूर्वोक्त, पृ. 360)

न्यूरेमबर्ग मुकदमे के बाद उद्योगपतियों से हिटलर के सम्पर्क स्थापित करनेवाले प्रमुख व्यक्ति फंक को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।शिरेर ने हिटलर के काल में छोटे-छोटे व्यावसायियों की दुर्गति का भी एक चित्र पेश किया है। ’’छोटे व्यवसायी, जो पार्टी के समर्थकों में प्रमुख थे तथा चांसलर हिटलर से बहुत कुछ की आशा रखते थे, उनमें से अनेक बहुत जल्द ही पूरी तरह नष्ट हो गए तथा उन्हें वेतन भोगी मजदूरों की श्रेणी में देखा जाने लगा।’’ (वही, पृ. 361)

जहाँ तक मजदूरों-कर्मचारियों का प्रश्न है, उन्हें तो हिटलर के काल में तमाम अ​धिकारों से शून्य, हुक्म का गुलाम बनाकर छोड़ दिया गया था। उनकी जिन्दगी हमेशा ’’तूफानी दस्तों’’ के आतंककारी साये में बीतती थी।आर्थिक क्षेत्र में हिटलर की चरम तानाशाही से कुछ उद्योगों ने एक काल में अनाप-शनाप मुनाफा बटोरा, लेकिन हिटलर के शासन का अन्त जर्मनी के तमाम उद्योग-धंधों को विध्वस्त खंडहरोें में बदलने के रूप में ही हुआ था।

हिटलर के काल में जर्मन उद्योगों की दुर्दशा के इस लम्बे बयान से हमारा तात्पर्य यही है कि आज भारत में फासिस्ट तानाशाही की शक्तियों में व्यवसायियों का जो तबका अपनी भलाई के स्वप्न देख रहा है, वह इतिहास-बोध से पूरी तरह शुन्य एक बहुत ही अदूरदर्शी और तात्कालिक स्वार्थों तक सीमित तबका है। राजनीतिक तानाशाही का अन्तिम परिणाम अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भी चरम अराजकता के अलावा और कुछ नहीं होता क्योेंकि आर्थिक क्षेत्र में यह तानाशाही शक्तिशाली और सत्ता के निकट रहनेवाले व्यवसायियों के हितों में पूरी अर्थव्यवस्था के अन्य तमाम संघटकों का बुरी तरह नुकसान पहुँचाती है। परिणामत: सिर्फ असंतुलन और अराजकता ही पैदा होते हैं।

भारत में आर एस एस ने अपनी तानाशाही को स्थापित करने के लिए साम्प्रदायिकता का जो ताण्डव शुरू किया है उसके घातक परिणाम अभी से सामने आने लगे हैं। बम्बई आज पूरी तरह क्षत-विक्षत है। उत्तर प्रदेश में थोड़े से दिनों के भाजपाई शासन ने हालत यह पैदा कर दी थी कि उस प्रदेश के छोटे व्यवसायियों को भाजपा सरकार के खिलाफ ही हड़ताल करने के लिए मजबूर होना पड़ा था। अभी तो आर एस एस के लोग सिर्फ अपने राजनीतिक विरो​धियों तथा स्वतंत्रचेता बुद्धिजीवियों को ही धमकी भरे पत्रों आदि से डराया-धमकाया करते हैं। यदि इनकी कुछ और शक्ति बढ़ी तो वे ऐसे तमाम लोगों को भी डराया-धमकाया करेंगे जो उनके आदेश के अनुसार उनके अभियानों के लिए चन्दा देने से इन्कार करेंगे।

भारतीय उद्योग का हित भी अन्ततोगत्वा भारत की एकता और अखण्डता में ही है। आर एस एस का रास्ता इस एकता और अखण्डता के बिल्कुल विपरीत है। इसलिए अपने अन्तिम निष्कर्षें में यह रास्ता कभी भी भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए किसी भी रूप में हितकारी नहीं हो सकता। हिटलर के काल के जर्मनी के अनुभवों से यही सबक मिलता है।




मंगलवार, 4 मार्च 2014

अभूतपूर्व चुनाव-प्रचार





यह चुनाव-प्रचार अभूतपूर्व है। ऐसा पहले शायद ही कभी दिखाई दिया हो।

भारत की राजनीति एक बड़ी करवट बदलती दिखाई दे रही है।

जो चल रहा था, वह चल नहीं सकता और नया क्या हो, उसकी कोई साफ रूप-रेखा नजर नहीं आती।

इसमें एक ओर कांग्रेस है जो लगातार सत्ता पर होने पर भी आज अपने को बदलाव के एजेंट के रूप में पेश करना चाहती है।

दूसरी ओर भाजपा है जो विपक्ष में होने पर भी पुराने, और भी जघन्य तौर-तरीकों और मूल्यों से चिपकी हुई पतित यथास्थितिवाद की पार्टी है।

इनके बीच से ही तीसरा पक्ष उभरा है आम आदमी पार्टी का, स्वस्थ और नयी जनतांत्रिक राजनीति का दावेदार और भारत के शहरी मध्यवर्ग के लिये बड़े आकर्षण का विषय।

और एक चौथा पक्ष है, वामपंथियों तथा कई राज्यों में सत्ताधारी गैर-कांग्रेस, गैर-भाजपा दलों का, जो किसी भी रूप में नया नहीं, पुराने चुनावोत्तर जोड़-तोड़ के हिसाब पर तैयार हुआ विकल्प है।

जो दल इन चारों के बाहर है, वे क्या है और क्या नहीं है, कहना मुश्किल है।

इन हालत में मतदाताओं में एक हिस्सा तो वह है, जो इन तमाम वर्षों में किसी न किसी राजनीतिक दल से अपने को जोड़ चुका है और आज भी जुड़ा हुआ है।

दूसरा हिस्सा, हमेशा की तरह हवा के रुख पर अपने मत को स्थिर करता है।

तीसरा एक बड़ा हिस्सा ऐसा है जिनका अपनी परंपरागत दलगत प्रतिबद्धताओं से मोहभंग हुआ है, लेकिन धर्म-निरपेक्षता और सांप्रदायिकता के प्रश्न पर कोई समझौता करने के लिये तैयार नहीं है।

और चौथा हिस्सा, बहुत बड़ा हिस्सा आज के नौजवानों का है, जो आधुनिक है, उदार है और भ्रष्ट राजनीतिज्ञों के चंगुल से मुक्ति और स्वस्थ जनतांत्रिक बदलाव चाहता है।

मतदाताओं के पहले तबके की संख्या जनता के आम मोहभंग के साथ दिन प्रति दिन कम हुई है, अर्थात दलगत प्रतिबद्धताएं कमजोर हुई है।

मीडिया के विस्फोट से दूसरा तबका अब वैचारिक रूझानों के मामले में  पहले जितना शून्य नहीं रहा है।

निर्णायक भूमिका मतदाताओं का तीसरा और चौथा हिस्सा ही अदा करेगा। ये ही आज भारत में संख्या की दृष्टि से भी सबसे अधिक हैं।  


रविवार, 2 मार्च 2014

पूरन चंद्र जोशी की सन् 1987 के अंत में प्रकाशित पुस्तक ‘परिवर्तन और विकास के सांस्कृतिक आयाम’ की इस लेखक द्वारा की गयी लंबी समीक्षा जो सन् 1988 में लिखी गयी थी।


















आ सवाल चुगे अगियाये



(पी. सी. जोशी के साथ अनुभवों की एक रोमांचक यात्रा)

सरला माहेश्वरी


पूरन चंद्र जोशी की पुस्तक ‘यादों से रची यात्रा एक विकल्प की तलाश‘ किसी तपती गर्मी, उमस और बेचैनी के समय में ठंडी फुहार की तरह सचमुच एकबारगी मन को हरा कर गयी। विचारों और चिंताओं से भरी इस किताब को दो दिन में पूरी पढ़ गयी। बहुत दिनों बाद मुक्तिबोध की कविता की पंक्तियां फिर कानों में गूंज उठी-

जड़ीभूत ढ़ाचों से जरूर लड़ेगें हम
चाहे प्रतिनिधि तुम
चाहे प्रतिनिधि हम।

यह एक ईमानदार समाजशास्त्री और एक न्यायपूर्ण समाज को धरती पर देखने को आतुर संवेदनशील बुद्धिजीवी का अपने अतीत, वर्तमान और आनेवाले कल से वाद-विवाद और संवाद है। जनता के संघर्षों और उसकी जिजीविषा में अटूट आस्था रखने वाला व्यक्ति जिस तरह हमेशा एक नयी सुबह का सपना संजोए रखता है और यह विश्वास करता है-‘ऐसा जमाना हमेशा नहीं रहेगा। एक समय आयेगा, जब हम फिर अपनी जमीन से जुड़ेगें, और फिर से हमारे जीवन में वसंत आयेगा (इसी पुस्तक से) , जोशी जी न सिर्फ अपने समय से ही साक्षात्कार करते हैं बल्कि उससे दो-दो हाथ करते हुए चरैवेति-चरैवेति के संकल्प के साथ , ‘वैंक्विश्ड टुडे बट नाट फारएवर, टुमारो वी शैल राइज विद ग्रेटर विजडम एडं डिसिप्लिन‘ (लेखक की पूस्तक से उद्धृत) के विश्वास के साथ यह कहते हैं कि आम आदमी के लिये कोई पैराडाइस लॉस्ट , स्वर्ग का लोप नहीं है और नहीं उसके लिये कोई ‘दॅ एण्ड ऑफ सिविलाइजेशन‘, सभ्यता का अंत है।

जोशी जी की यह पुस्तक हमेशा बेहतर की तलाश की मनुष्य की सतत चेष्टा और इस चेष्टा के तहत उसकी निर्मितियों, उनकी कमियों, कमजोरियों और उनसे उबरकर एक नये विकल्प की खोज की यात्रा है।

उनकी यह यात्रा वैकल्पिक सभ्यता की जन्मभूमि रूस से शुरू होती है। जोशी जी लिखते हैं-‘‘ रूसी क्रांति की सबसे महत भूमिका यही थी कि उसने व्यापक जनसाधारण को इतिहास के हाशिए से इतिहास की मुख्य प्रेरक शक्ति, मुख्यकर्ता के रूप में इतिहास के केंद्र में प्रतिष्ठित किया। रूसी क्रंाति मुख्य रूप से हमेशा इसीलिये याद की जायेगी, अमर रहेगी कि उसने श्रमिक जनता में आत्मसम्मान जगाया और अदम्य आत्मविश्वास पैदा किया और उसकी सर्जनात्मक ऊर्जा, उसमें निहित रचनात्मक अंत:शक्ति को नये समाज, नए अर्थतंत्र, नई राजव्यवस्था, नई संस्कृति के निर्माण का माध्यम बनाया‘‘। जोशी जी रूसी क्रांति की इस महान भूमिका के बारे में गांधी, रवींद्रनाथ और जवाहरलाल नेहरू की स्वीकारोक्तियों का स्मरण करते हैं और यह सवाल उठाते हैं कि आज अभिजात वर्गों द्वारा उस महान स्मृति को मिटाने का जो अभियान चलाया जा रहा है, उसके पीछे वाशिंगटन समझौते के तहत चलायी जा रही नवउदारवादी संस्कृति की तो भूमिका है ही, इसके साथ ही क्या स्वयं रूस के अंदर की सोवियत व्यवस्था के विघटन के बाद की घटनाएं इसका प्रमाण नहीं है कि श्रमिक जनसाधारण आज फिर से अपनी मानवीय स्थिति और नियति के मूक निष्क्रिय दर्शक बना दिये गये हैं और आज रूस में भी ‘एक देश दो राष्ट्र‘ वाला अमीर गरीब का विभाजन और अलगाव पैदा हो गया है।

अपने लेख ‘स्तालिन के आखिरी मुलाकाती‘ में जोशीजी भारत के भूतपूर्व विदेश सचिव तथा बाद में मास्को में भारत सरकार के राजदूत श्री के.पी.एस. मेनन और भारतीय पुलिस के एक बड़े अधिकारी तथा रूस के इतिहास में विशेष दिलचस्पी रखने वाले श्री निगमेंद्र सेन के अध्ययन तथा जवाहरलाल नेहरू की यात्रा के हवाले से सोवियत संध के पूरे घटनाचक, स्तालिन की भूमिका को समझने की कोशिश करते हैं। वे सोवियत संध, यानी विश्व का पहला समाजवादी देश जिसके सामने अभूतपूर्व चुनौतियां थी, जहां बाहर और भीतर समाजवाद के दुश्मन इस नवनिर्मित देश को मिटाने पर तुले हुए थे, उस समय माक्‍​र्स की धारणा के विपरीत एक अंत्यंत पिछड़े हुए राष्ट्र में संपन्न हुई समाजवादी क्रांति को बचाने और देश को विकसित करने का का गुरु दायित्व किस तरह संभाला गया, इस पर गंभीरता से विचार करते हैं। वे फ्रांसीसी इतिहासकार मार्क ब्लाक की इस बात को याद करते हैं कि ‘‘जहां तक महान ऐतिहासिक विभूतियों का सवाल है उनके बारे में तुरंत फैसला देना आसान है। लेकिन उन्हें समझना और उनके साथ न्याय करना अत्यंत कठिन।‘‘ जोशी जी का कहना है कि स्तालिन के व्यक्तित्व का मूल्यांकन भी एक इतिहासकार के लिये गंभीर चुनौती भरा काम है। वे स्तालिन के बारे में लेनिन की एक टिप्पणी का हवाला भी देते हैं जिसमें लेनिन यह कहते हैं कि जनरल सेक्रटरी बनने के बाद स्तालिन ने अपने हाथ में अपार शक्ति केंद्रित कर ली है और मुझे इस बात का विश्वास नहीं होता कि वे इस शक्ति का प्रयोग एहतियात के साथ करना जानते हैं। इसके साथ ही वे स्तालिन को सनकी और स्वेच्छाचारी भी बताते हैं।

जोशी जी एक समाज वैज्ञानिक के नाते जहां पूरी निष्ठा के साथ उस पूरे ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य को समझने की कोशिश करते हैं जिसने स्तालिन की इन सब कमजोरियों के बावजूद उन्हें देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचा दिया, वहीं वे गंभीरता के साथ यह भी संधान करते हैं कि क्या स्तालिनवाद के बीज रूस की विशिष्ट ऐतिहासिक परिस्थितियों की उपज नहीं थे? जोशी जी इतिहासकार ई.एच. कार की पुस्तक, ‘द बोल्शेविक रिवोल्यूशन‘ तथा पत्रकार मौरिस हिंडस की चर्चित पुस्तक ‘मदर रशा‘ के हवाले से बताते हैं कि रूस के इतिहास में दो तरह की प्रवृतियां रही है, एक यूरोप के साथ जुड़ने और खुलेपन की प्रवृति थी जिसका प्रतिनिधित्व पीटर द ग्रेट ने किया था और लेनिन भी इसी परंपरा को जीवित रखने के लिये प्रयत्नशील थे और दूसरी परंपरा रूस के गैर यूरोपीय चरित्र को प्राथमिकता देने की और उसे यूरोप के मुकाबले एक महाशक्ति के रूप में सुदृढ़ करने की प्रवृति थी। कार के अनुसार रूस के बुद्धिजीवी भी दो खेमों में बंटे हुए थे। स्तालिन इसी दूसरी धारा का प्रतिनिधित्व करते थे। जोशी जी का कहना है कि स्तालिन लेनिन की तरह माक्‍​र्सवाद के मूल प्रेरणास्रोत, विवेकवाद और प्रबुद्धवाद के कठिन रास्ते से माक्‍​र्सवाद तक नहीं पहुंचे थे। वे एक छलांग में धार्मिक ‘प्रीस्ट‘ से माक्‍​र्सवादी ‘प्रीस्ट‘ में तब्दील हो गये थे और उन्होंने माक्‍​र्सवाद को भी एक धार्मिक पंथ या संप्रदाय के रूप में ढ़ाल दिया। जोशी जी यह भी कहते हैं कि इसके चलते रूस अपने इतिहास की विवेकवाद और प्रबुद्धवाद की परंपरा से कट गया और रूस की आयरन कर्टेन से घेराबंदी कर स्तालिन का रूस पीटर द ग्रेट के रूस की मानसिक खिड़कियां और दरवाजे खोलने की परंपरा से भी कट गया। आश्चर्य होता है कि जब श्री मेनन स्तालिन को रूसी इतिहास में ‘इवान द टेरिबल‘ के समकक्ष रखते हैं तो जोशी जी ही उनकी बात का खंडन करते हुए यह कहते हैं कि रूस के आधुनिकीकरण में स्तालिन की महत भूमिका को देखते हुए उनका स्थान रूसी आध्ुनिकीकरण के प्रथम महानायक ‘पीटर द ग्रेट’ के समकक्ष क्यों नहीं ! माक्‍​र्सवाद हमें बताता है कि ‘‘मानव-जन अपना इतिहास स्वयं बनाते हैं, पर अपने मनचाहे ढ़ग से नहीं। वे उसे अपनी मनचाही परिस्थितियों में नहीं, अपितु ऐसी परिस्थितियों में बनाते हैं, जो उन्हें अतीत से प्राप्त और अतीत द्वारा सम्प्रेषित होती है और जिनका उन्हें सीधे-सीधे सामना करना पड़ता है।‘‘ स्तालिन के गुण-दोष को भी हमें उस काल-विशेष के संदर्भ में ही देखना पड़ेगा। लेकिन फिर भी प्रश्न तो स्वाभाविक रूप में मनुष्य के विवेक के सामने खड़े होते ही हैं। रवीन्द्रनाथ ने कहा था-लेकिन सभ्यता का एक बुद्धिरूप भी होता है जो अन्न रूप से बड़ा है। जो सभ्यता जनता के मनरूपी खेत का कर्षण करके उसमें फल उत्पन्न कर पाती है वही महान होती है। इस कर्षण का अभाव जरूर कहीं तो रहा होगा।

अपने आलेख ‘महायुद्ध के बाद का रूस : भारतीय मूल्यांकन‘ में जोशी जी प्रोफसर आशाराम, जो इलाहबाद विश्वविद्यालय में राजनीति विभाग के प्रोफेसर थे और कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े हुए थे तथा प्रसिद्ध समाजशास्त्री और बंगला साहित्यकार धूर्जटी प्रसाद मुखर्जी की रूस यात्राओं के जरिये यह बताने की कोशिश करते हैं कि किस प्रकार क्रांति के बाद का रूस मेहनतकश जनता का ही नहीं प्रगतिशील बुद्धिजीवियों का भी मक्का सा बन गया था। यानी जैसे ‘किगडम ऑफ गाड आन अर्थ‘ ईसाई धर्म के लोगों के लिये आस्था जागृत करता है, आलोचनात्मक विवेक नहीं उसी प्रकार रूस भी विश्वासी कम्युनिस्टों का आदर्श स्वप्न लोक बन गया था। जोशी जी के अनुसार आशाराम जी ने सोवियत समाज के अन्तर्विरोधों को देखा था और उसे अभिव्यक्त भी किया था लेकिन आंखों पर पट्टी बंधे अंध-विश्वासी कम्युनिस्टों ने उसे स्वीकार नहीं किया, उल्टे आशाराम जी की प्रतिबद्धता पर ही सवाल उठा कर उनकी भत्‍​र्सना की। धूर्जटी बाबू की रूस यात्रा के अनुभवों का जिक्र करते हुए जोशी जी कहते हैं कि उन्होंने रूस को खुली आंखों से देखा था और उसके सकारात्मक पक्षों की सराहना करते हुए जहां उसे बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वृद्धों और शिक्षकों का स्वर्ग बताया, वहीं उन्होंने इस बात पर आशंका भी जाहिर की थी कि महायुद्ध के बाद रूस को एक नयी दिशा देने में रूसी नेतृत्व कितना सफल और सक्षम होगा यह नहीं कहा जा सकता। उनके अनुसार इसके लिये रूस को वैचारिक पूर्वाग्रहों से मुक्त, नई दिशा के चिंतन में समर्थ स्वतंत्र बुद्धिजीवी समुदाय की जरूरत थी जिसकी उपस्थिति लगातार क्षीण होती जा रही थी और स्तालिन के नेतृत्व काल में तो बुद्धिजीवियों पर शासक वर्ग का सर्वसत्तावादी वर्चस्व कायम हो गया और रूस का स्वतंत्र बुद्धिजीवी वर्ग एक कैप्टिव बुद्धिजीवी वर्ग में तबदील हो गया, वह सिर्फ शासक वर्ग का व्याख्याता और टीकाकार बन कर रह गया। इसके बाद ही जोशी जी धूर्जटी बाबू और कामरेड पी.सी. जोशी के बीच हुई एक दिलचस्प बातचीत का हवाला देते हैं जहां इन दोनों में इस बात पर बहस होती है कि एक बुद्धिजीवी की पार्टी में क्या कोई जगह होती है, क्या वह सिर्फ मंच की शोभा बढ़ाने की चीज भर है। धूर्जटी बाबू कहते हैं कि कम्युनिस्ट आंदोलन में तो बुद्धिजीवी पार्टी का बंदी है या महज पार्टी लाइन का व्याख्याता, प्रवचनकार, टीकाकार या प्रचारक। इन सबमें बुद्धिजीवी की जगह कहां है? धूर्जटी बाबू की इस बात के जवाब में पी.सी. जोशी कहते हैंं कि एंटी-इंटैलेक्चुएलिज्म का जवाब एंटी-पोलिटीकल होकर तो नहीं दिया जा सकता। सच तो यह है कि राजनैतिक आंदोलन, राजनैतिक पार्टी, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और नेताओं से अलग होकर तो बुद्धिजीवी लोकतंत्र में कोई सक्रिय और सार्थक भूमिका नहीं निभा सकता । ...राजनीतिक क्षेत्र में बुद्धिजीवियों का प्रवेश और हस्तक्षेप ही राजनीति के अंदर ‘एंटी-इंटैलेक्चुएलिज्म की कड़ी दीवार को तोड़ सकता है। धूर्जटी बाबू पलटकर सवाल करते हैं कि : क्या बुद्धिजीवी के राजनीति में प्रवेश और हस्तक्षेप की यह जरूरी शर्त है कि वह किसी राजनीतिक पार्टी का सदस्य बने और उसका अनुशासन स्वीकार करे। ...अनुभव बताता है कि पार्टीबद्ध, अनुशासनबद्ध बुद्धिजीवी अंत में एक स्वतंत्र बुद्धिजीवी नहीं पार्टी का प्रवचनकार और व्याख्याता बनकर बुद्धिजीवी के रूप में समाप्त हो जाता है।‘‘ जोशी जी भी धूर्जटी बाबू की इस बात को स्वीकारते हुए कहते हैं कि कम्युनिस्ट पार्टी जब सत्ता में आ जाती है तो उसका संगठन रेडिकल चेतना और चिंतन तथा क्रिटिकल सोच का प्रतिरोधी बन जाता है। जोशी जी के अनुसार कम्युनिस्ट आंदोलन ने दुनिया भर में प्रतिभाशाली बुद्धिजीवियों को जितना अपनी ओर आकर्षित किया उतना और किसी आंदोलन ने नहीं, लेकिन इसके साथ ही जितने बड़े पैमाने पर उनके बुद्धिजीवी चरित्र पर कम्युनिस्ट पार्टी के संगठन और अनुशासन ने आघात कर उन्हें स्वायत्त चिंतन में असमर्थ बनाया, उसकी भी कोई मिसाल नहीं है।

‘‘हम सामान्यतया उस ‘स्वतंत्रता‘‘ को पसंद नहीं करते, जो केवल बहुवचन के लिये सार्थक है। इंगलैंड हमें इस बात का बड़े एतिहासिक पैमाने पर प्रमाण प्रस्तुत करता है कि ‘‘ स्वतंत्रताओं‘‘ का संकुचित क्षितिज स्वतंत्रता के लिये कितना खतरनाक है।

‘‘स्वतंत्रताओं की, विशेषाधिकारों की बात,‘‘ वोल्तेयर कहते हैं, ‘‘मातहती की पूर्वकल्पना करती है। स्वतंत्रताएं सामान्य दासता में अपवाद का द्योतक है।‘‘ ( माक्‍​र्स : पत्र-पत्रिकाओ की स्वतंत्रता पर वाद-विवाद)

माक्‍​र्स के उपरोक्त कथन के संदर्भ में हम बुद्धिजीवी की स्वतंत्रता को समझने की कोशिश करें तो नि:संदेह हमें यह समझते देर नहीं लगती कि बुद्धिजीवी की स्वतंत्रता और बुद्धिजीवी की स्वायत्तता भी अपने आप में एक मिथक ही है। वर्गों में विभाजित और शोषण पर टिके समाज में सिर्फ पूंजी ही स्वायत्त होती है। लेकिन इसके बावजूद यह भी सच है कि पूंजी की स्वतंत्रता और मनुष्य की गुलामी का यह द्वंद्व ही मनुष्य की स्वतंत्रता का वह मूल्य भी पैदा करता है, जो अंतत: मनुष्य की गुलामी को खत्म करने में एक सहायक की भूमिका अदा करता है। जहां तक कम्युनिस्ट पार्टी में बुद्धिजीवी की परजीवी भूमिका का प्रश्न है यह सिर्फ कम्युनिस्ट पार्टी का ही दोष नहीं है। कोई भी संगठन, समाज और दर्शन यदि अपने भीतरी लोकतांत्रिक स्वरूप को खो देता है, तो वह न सिर्फ सत्य के संधान के अपने रास्ते को ही अवरुद्ध कर देता है बल्कि अपने मूल उद्धेश्य से ही भटक कर कितनी ही विकृतियों और अंतत: अपने विनाश का भी कारक बन जाता है। इसलिये सवाल सिर्फ बुद्धिजीवी की स्वतंत्रता का नहीं है बल्कि जैसा कि माक्‍​र्स ने कहा, बहुवचन की स्वतंत्रता का है। बहुवचन की इस स्वतंत्रता का प्रश्न हमारे मन को सालता रहे और हम मुक्तिबोध की तरह खुद से यह पूछते रहें तो एक बुद्धिजीवी की भूमिका का शायद कुछ हद तक निर्वहन कर सकेंगे :

अब तक क्या किया जीवन क्या जिया
अपने ही कीचड़ में धंस गये
विवेक बघार डाला स्वार्थों के तेल में
आदर्श खा गये
बहुत बहुत ज्यादा लिया और दिया बहुत बहुत कम
मर गया देश अरे जीवित रह गये तुम।

अपने आलेख ‘‘स्तालिन के बाद का रूस : साहित्य की भूमिका‘‘ में जोशी जी ने चुप्पी के उस काल का जीवंत चि़त्रण रूसी कवियों की जानदार कविताओं से किया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने कुछ जीवंत अनुभवों का भी जिक्र करते हुए यह बताया है कि किस तरह वैचारिक सेमिनारों में भी रूसी प्रतिनिधि मंडल हमेशा एक ही स्वर में बोलते थे, जबकि निजी बातचीत में उनके विचार अलग होते थे। जोशी जी की पुस्तक में ही उद्धरित त्वारद्वास्की की पंक्तिया बहुत कुछ कह देती है, जो इस प्रकार हैं:

‘‘जो कुछ रह गया था अनकहा
फर्ज कहता है कि हम आज वह सब कहें ‘‘

और अपने फर्ज के मानवीय बोध की यह चेतना ही है जो हर अंधेरे को तोड़ कर उजाले का रास्ता प्रशस्त कर देती है। इसीलिये खुद जोशी जी भी इस बात को स्वीकारते हैं कि पूरा परिदृश्य अंधकारमय नहीं है। वे लिखते हैं-बाद की सोवियत यूनियन की अन्य यात्राओं के उपरांत सोवियत व्यवस्था की गहराती समस्याओं का अहसास और बोध मन में गहरा संशय पैदा करता था कि यह व्यवस्था अपने अंतर्विरोधों से मुक्त होने और संकटग्रस्त होने की तरफ जाने से क्या बचने में समर्थ हो पायेगी? दूसरी ओर संशय से जूझता हुआ अंतर्मन का एक विश्वास भी बना रहा जो तर्क और बुद्धि से परे था, लेकिन मन में आशा जगाए हुए था - समाजवाद निश्चय ही अपनी समस्याओं से जूझने में उसी प्रकार सफल होगा जैसे बीते दौर के संकटों पर विजयी हुआ है।
‘‘सलाम लेनिनग्राड‘‘ में उन्होंने फासीवाद पर सोवियत संघ की लाल फौज और उस देश की जनता की वीरता और कुर्बानियों का बेहद सजीव चित्रण किया है। रूसी कवियत्री अन्ना अखमातोवा की कविताएं अत्यंत मार्मिक है, एक बानगी देखिये ‘‘हिम्मत‘‘ कविता की-

‘‘मालूम हमें कि क्या गुजरती हम पर इस पल/मालूम नहीं क्या होगा कल सब कुछ तो अनिश्चित इस पल/मगर निश्चित है यह कि न छोड़ेगी हिम्मत हमारा साथ/घड़ी बताती है कि है यही हिम्मत की घड़ी आज/डर नहीं अगर ऊपर से बरसता सीसे का लावा/कोई साया न सिर पर मगर न कोई गिला न पछतावा/हर हालत में रखेगें महफूज तुझे, ओ हमारी शान/हमीं से पहुंचेगी हमारी जुबान हमारे बच्चों के बच्चों तक/आजाद और पाक, इंसानियत के लिये हिम्मत का यह सबक।‘‘ और इस अपराजेय हिम्मत पर मुस्कुराता हुआ लेनिनग्राड मौत को पराजित कर फिर उठ खड़ा होता है। लेखिका लिखती है- ‘‘और यह बिना तारों की/जनवरी की रात/इसकी अनोखी किस्मत से आश्चर्यचकित/मौत की अगाध गहराइयों से वापस लौटा/लेनिनग्राड स्वयं को करता है सलाम।

अन्ना अखमातोव की ये कविताएं और उनसे प्रभावित, बल्कि अभिभूत होकर लिखी गई शिशिर दास की मूल बांग्ला कविता, ‘कोथाय छिलाम आमी, कोथाय‘ का अंग्रेजी, रूसी और हिंदी में रूपांतरण और फिर इसका रूसी प्रतिनिधियों के बीच पाठ-आसंुओं की कोई भाषा नहीं होती, विश्व मानवता जैसे एक ही स्वर में बोल रही थी।
‘‘नई राह की खोज‘‘ में लेखक नवउदारवादी चिंतक फ्रंासिस फुकुयामा के चिंतन की आलोचना करता है और यह बताता है कि किस तरह यल्तसिन ने तथाकथित आर्थिक सुधारों को लागू करके प्रगति के जो सपने दिखाये थे, वे सपने पूरा होना तो दूर उसने तो रूसी जनता को उपलब्ध सारी सुविधाओं को ही छीन लिया। अर्थतंत्र से राज्य का वर्चस्व हटाकर सबकुछ बाजार के हाथों सौंप देने के परिणाम सब उल्टे ही साबित हुए। लेखक का कहना है कि सोवियत समाजवादी व्यवस्था की असफलता और नवउदारवाद की असफलता ने एक न्यायसम्मत समाज की मनुष्य की आकांक्षा को पराजित नहीं किया है। उसकी विकल्प की तलाश अभी जारी है। विकल्प की इसी तलाश में लेखक यह सवाल करता है कि क्या जनसाधारण की व्यापक गरीबी और अभाव के बीच अमीरी के ये द्वीप नई सभ्यता के स्थायी प्रतीक हैं या समाज के प्रबुद्ध तत्वों के लिये एक चेतावनी है और विकास के नाम पर हो रहे इस अपविकास को रोकने और विकास का नया मॉडल खोजने के लिए एक चुनौती। लेखक इसी द्वंद्वात्मक सामाजिक संदर्भ में नए वैचारिक क्षितिज, नई राहें खोजने के लिए खुद को प्रतिबद्ध करता है। जोशी जी के विचारों, उनके निष्कर्षों से आप सहमत हों या न हों, लेकिन आप उनकी चिंताओं से खुद को अलग नहीं कर सकते। इस बेहद रोचक विमर्श के लिये जोशी जी को अकूत धन्यवाद।


 

शनिवार, 1 मार्च 2014

राजनीति का सौन्दर्यशास्त्र

आज राहुल गांधी की प्रचार शैली पर टिप्पणी करते हुए हमने राजनीति के सौन्दर्य शास्त्र की बात कही थी। सालों पहले, सन्  2005 में बिहार और हरियाणा की विधान सभाओं के चुनावों के वक्त हमने इसी शीर्षक से एक लेख लिखा था - ‘राजनीति का सौंदर्यशास्त्र’। 

आज अपने मित्रों से उस लेख को साझा कर रहा हूं :




राजनीति का सौन्दर्यशास्त्र

बिहार में चुनाव हो रहे हैं। हरियाणा में भी। भारत की संसदीय राजनीति के इतिहास में ये दो ऐसे प्रदेश हैं जो वर्तमान दौर की राजनीति के अनेक रोमांचक तत्वों के उत्स कहे जा सकते हैं। जातिवाद ने भारत के और भी कई राज्यों की राजनीति के स्वरूप को बदला है, लेकिन किसी भी अन्य राज्य में लालू यादव पैदा नहीं हुए। इसी प्रकार राजनीतिक अनीतियां दूसरे राज्यों में कम नहीं दिखाई देती फिर भी हरियाणा हरियाणा ही है। यहां किसी का भी शासन क्यों न आजाए, राजनीतिक किस्सागोइयों में इसकी लाल-त्रिमूर्ति (भजन-बंशी-देवी) का रोमांच कभी खत्म नहीं होगा। 

दरअसल सामान्यतौर पर व्यवहारिक राजनीति का संबंध कॉमन सेंस से होता है। हालात को देख कर चालें चली जाती है। ऐसी राजनीति में आम तौर पर किसी प्रकार का रोमांच या कौतुहल नहीं होता, और इसीलिये इसका अपना कोई सौंदर्यशास्त्र भी नहीं होता। इतिहास के व्यर्थताबोध की जो सबसे अधिक चर्चा की जाती है और जो आज के उत्तरआधुनिकतावादी दर्शन के मूल में है, उसके पीछे भी वस्तुत: किसी राजनीतिक सौंदर्यशास्त्र की अनुभूति का अभाव ही काम कर रहा होता है। समाज को बदलने की प्रेरणादायी क्रांतिकारी राजनीति जब दुनिया की परिस्थितियों से ताल-मेल बैठाने की कसरत में पर्यवसित होती दिखाई देने लगती है तो ‘इतिहास के अंत’ का सूत्र जन्म लेता है। फ्रांसिस फुकुयामा ने 1989 में जब इतिहास के अंत की बात की तब उसके पीछे उनका तर्क था कि सारी दुनिया में ‘उदारतावादी जनतंत्र’(लिबरल डेमोक्रेसी) की प्रशासनिक व्यवस्था के औचित्य के बारे में जिस प्रकार की सर्वसम्मति पैदा हो रही है, उसने ‘मनुष्यमात्र के विचारधारात्मक विकास को अंतिम बिंदु’ तक पंहुचा दिया है। इतिहास से अपने तात्पर्य को समझाते हुए वे कहते हैं कि हेगल और मार्क्स ने भी इतिहास को सदैव विकासमान रूप में नहीं देखा था। हेगल ने एक उदारतावादी राज्य के विकास में इतिहास के अंत को देखा था तो माक्र्स ने कम्युनिस्ट समाज में। लेकिन इसका अर्थ यह कदापि नहीं है कि जन्म, जीवन और मृत्यु का सिलसिला रुक जायेगा; कि आगे अब और महत्वपूर्ण घटनाएं नहीं घटेगी और अखबार उन्हें प्रकाशित करना बंद कर देंगे। इतिहास के अंत से उनका तात्पर्य मानवता द्वारा ऐसे उदारतावादी जनतंत्र की स्थापना से था जो अन्य सभी दूसरी व्यवस्थाओं के अंदर के ‘गंभीर दोषों और अयौक्तिक्ताओं’ से बुनियादी तौर पर मुक्त है और इसीलिये अंतिम है।   

बहरहाल, हमारा मकसद कत्तई इस दार्शनिक बहस और उसके तमाम निहितार्थों पर चर्चा का नहीं है। यह एक लंबी बहस है और इसके अनेक आयाम है। सोवियत संघ और पूर्वी यूरोप के समाजवादी देशों के पराभव के साथ ही विचारधारा के मैदान में फुकुयामा का इस प्रकार का सैद्धांतिक घोषणा-पत्र लेकर कूदना पूंजीवाद को ही इतिहास का अंतिम सत्य घोषित करने की अश्लीलता से भरा हुआ था और इसीलिये सर्वत्र निंदित भी हुआ। हम यहां इस प्रसंग पर चर्चा नहीं करेंगे। यहां हमारा मकसद बिहार और हरियाणा के चुनावों की खासियत से अपनी बात शुरू करके आम जनता को उत्साहित और प्रेरित करने वाले राजनीति के रोमांच और कौतुहल के तत्व के संधान और इसतरह एक प्रकार के ‘राजनीतिक साैंदर्यशास्त्र’ की चर्चा के अनजाने रास्ते की ओर बढ़ना है। 

फुकुयामा के ‘इतिहास के अंत’ का एक प्रमुख तत्व है ‘सर्वसम्मति’। जहां ‘सर्वसम्मति’ है, वहीं ‘अंत’ है। और इस ‘अंत’ का अर्थ है प्रेरणा और उत्साह का, कौतुहल और रोमांच का अंत। अब यदि हम फिर बिहार और हरियाणा तथा आज के राजनीतिक यथार्थ की बात करें तो पायेंगे कि क्या यह भारतीय राजनीति की ‘सर्वसम्मति’ का ही प्रताप नहीं है कि अब हरियाणा के ‘लालों’ और एक हद तक बिहार के लालू का भी पुराना आकर्षण क्रमश: म्लान होता दिखाई देता है; कि बार-बार चाहने पर भी सांप्रदायिक भाजपा के लिये रामजन्म भूमि का झंडा उठा कर चुनाव के मैदान में उतरना संभव नहीं जान पड़ता? लालू हो या कोई लाल (जिनमें लालकृष्ण आडवाणी भी शामिल है) सभी ‘विकास’ के ‘सर्वसम्मत’ रथ के सारथी दिखाई देना चाहते हैं। यह अब तक की उनकी राजनीति के ‘गंभीर दोषों’ और उसकी ‘अयौक्तिक्ता’ के अंत का ही सूचक है। और इसीलिये आज वे सभी रोमांचविहीन तथा आकर्षणहीन हो गये हैं।    

सौन्दर्य का एक बड़ा श्रोत कौतुहल और रोमांच है। साहित्य और कला में आदमी खुद के और अपने इर्द-गिर्द के अभावनीय रूपों को देख कर जब कौतुहल और रोमांच से भरता है, वहीं से साहित्यिक पाठ के सौन्दर्य की सृष्टि होती है। इस प्रसंग में पाब्लो नेरूदा के जीवन की एक घटना पर गौर किया जा सकता है जिसका उनके एक जीवनीकार ऐडम फीनस्टीन ने हाल में प्रकाशित उनकी जीवनी ‘पाब्लो नेरूदा अ पैशन फॉर लाइफ’ में उल्लेख किया है। 

यह घटना 1945 की है जब द्वितीय विश्वयुद्ध खत्म होगया था, नाजी सेना पराजित हुई थी और चौतरफा सोवियत संघ की लाल सेना की ख्याति फैली हुई थी और नेरूदा ने भी कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता ले ली थी। नेरूदा तभी चीले के एक मरु क्षेत्र से सिनेटर भी चुने गये और तत्कालीन चीले सरकार ने उन्हें चीले का पहला राष्ट्रीय साहित्य पुरस्कार दिया। इस समूचे घटना-क्रम ने नेरूदा में एक लेखक और एक कम्युनिस्ट सिनेटर की दोहरी जिम्मेदारी की चेतना पैदा की जो 30 मई 1945 के दिन चीले के पार्लियामेंट में उनके पहले भाषण में साफ तौर पर दिखाई दी थी। अपने इस भाषण में उन्होंने कहा था कि "हम सब, अथवा लगभग हम सभी जिस विचारधारात्मक, नैतिक और वैद्यानिक जिम्मेदारी को महसूस करते हैं, मेरे मामले में वे और भी ज्यादा हैं।"

नेरूदा का यह पहला भाषण राजनीतिक आवेग से भरा भाषण था जिसमें उन्होंने हिटलर की मौत, नाजियों पर मित्र शक्ति की जीत और वामपंथ, खासतौर पर कम्युनिज्म की विजय पर खुशी जाहिर की थी। 

"कुछ दिनों पहले तक एक पागल आदमी था जिसने कम्युनिज्म-विरोध के झंडे तले कत्लेआम और विध्वंस किया, ईश्वर को कलुषित किया और उसकी निंदा की, मनुष्यों, शहरों, खेतों और गांवों, आमलागों और संस्कृतियों पर हमले किये और उनकी हत्या की। उस आदमी ने एक भयंकर शक्ति हासिल कर ली थी जिसे उसने मानवता के इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गयी वैसी नफरत और हिंसा की एक सबसे जबर्दस्त आंधी का रूप दे दिया। आज, अपने राष्ट्र के अवशेषों के बगल में, उन लाखों मृत लोगों की बगल में जिन्हें उसने कब्र में घसीट लिया, वह अपने खुद के दुर्ग के मलबे के तले जले और सूखे हुए अनाम मांस के लोथड़े की भांति पड़ा हुआ है। उस दुर्ग पर आज हंसिया, हथोड़े और सितारे के साथ शानदार लाल झंडा लहरा रहा है। और इस झंडे का, विजय की अन्य निशानियों के साथ, अर्थ है शांति और हमारी अपमानित मानवीय मर्यादा का पुनर्निर्माण।"

नेरूदा ने सोवियत संघ की प्रशंसा सिर्फ युद्ध के मैदान में नाजियों का मुकाबला करने की बहादुरी की लिये ही नहीं की, एक दूसरे सांस्कृतिक नजरिये से भी उन्होंने अपने इस भाषण में सोवियत संघ को सराहा। "मैंने अभी-अभी सरकारी आंकड़ों से एक तथ्य को जाना है जो मेरे लेखक के हृदय को अकूत खुशियों की बाढ़ से भर दे रहा है। वह यह तथ्य है कि युद्ध के दौरान सोवियत संघ में 100 विभिन्न भाषाओं में 1000 किताबों की एक अरब प्रतियां प्रकाशित हुई थी।" 

यह नेरूदा की एक राजनीतिज्ञ के रूप में नयी तस्वीर थी। 

उसी समय नेरूदा को मिले साहित्य के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये सांतियागो में उनके सम्मान में ‘सोसाइटी आफ चीलियन राइटर्स’ की ओर से एक सभा बुलायी गयी थी। नेरूदा के राजनीतिज्ञ रूप से आहत कुछ लोगों ने इस सभा में उन्हें कठघरे में खड़ा करते हुए यह अभियोग लगाया था कि आपने कविता, कवियों, मानवतावादियों और गैर-राजनीतिक कविता की पूरी व्यवस्था के प्रति विश्वासघात किया है। आपने गुप्त संधानो को त्याग दिया है, आप हमसे जादू के बारे में, आंद्रे ब्रेतां (तत्कालीन प्रसिद्ध अतियथार्थवादी स्पैनिश लेखक) के बारे में बात नहीं करते हैं। आप एक ...प्रचारक है। आप बहुत ही ग्राह्य और बहुत ज्यादा स्पष्ट है। आपके मिथ कहां गये, तिलिस्म कहां गया? मैंने काफ्का, अपोलिनेयर, मारक्वि द सादे, पिकासो और पॉल एलुआर्द को पढ़ा है, और उन सबमें अलौकिकता है।

नेरूदा ने इन सभी प्रहारों का संयत ढंग से जवाब देते हुए कहा था कि मैं मानव संस्कृति में सभी गहन अवदानों को अलौकिक मानता हूं। टोटेमिक आदिवासियों की रहस्यपूर्ण संगीतमय गोपनीयता का, चौसर, विल्लोन, बर्सिओ, अलिघियेरी के महान काव्यमय मुहावरों की चमकदार पैदाइश से लेकर रोनसार्द के रसिया पियानो, शेक्सपियर के आवेश और रत्नों, बाक अथवा तालस्ताय की काष्ठ शक्ति से होते हुए सोस्ताकोविच और पिकासो तथा पॉल एलुआर्द का भी मैं भक्ति भाव से आदर करता हूं। तिलिस्म और शिल्प कला के दो स्थायी डैने हैं, लेकिन मेरा मानना है कि जो लोग संस्कृति की रक्षा करने के बजाय खुद को उस अग्नि से दूर रखते है जिसमें संस्कृति जल रही है (भले ही इससे किसी का हाथ भी क्यों न जल जाए) वे कविता के प्रति विश्वासघाती है।

और, इसप्रकार नेरूदा ने फासीवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई को संस्कृति की रक्षा के लिये अनिवार्य बताया था। 

लेकिन उनके इस बयान में गौर करने लायक एक बात यह है कि वे मानव संस्कृति में ‘सभी गहन अवदानों’ को अलौकिक मानते हैं और तिलिस्म तथा शिल्प को कला के दो स्थायी डैने, अर्थात वह चीज जिसके बिना कोई कला उड़ान ही नहीं भर सकती है। कहना न होगा कि शायद यही दो डैने साहित्यिक पाठ को अन्य पाठों से अलगाते हैं, और उसमें सौन्दर्य की सृष्टि करते हैं। 

अब यदि इसी मानदंड को कोई राजनीति के कर्मकांडों के सौन्दर्य पर लागू करें जो व्यापक जनता को अपनी ओर आकर्षित करते हैं, उनके अंदर नाना प्रकार के स्वप्नों और कल्पनाओं को जन्म देते हैं तो इसमें भी बहुत कुछ तिलिस्म के रोमांच और अलौकिक के आकर्षण की तरह का तत्व पायेंगे। जब राजनीति इन स्वप्नों और तिलिस्मी रोमांच से कट कर शुद्ध कॉमन सेंस की, अथवा ‘सर्वसम्मति’ की चीज बन जाती है तो वह किसी भी अखबारी समाचार की तरह का एक एकार्थी उबाऊ पाठ भर बन कर रह जायेगी। इसका अंदुरूनी लोकरंजक अथवा प्रेरणादायी आकर्षण खत्म हो जायेगा। 

हरियाणा और बिहार के चुनावों में इधर नजर आरहा घटनाक्रम, नकारात्मक अर्थों में ही सही, यह जाहिर करता है कि वहां की अब तक चली आरही राजनीति विकास की ‘सर्वसम्मत’ कॉमनसेंस वाली राजनीति की चपेट में आकर अपना विशेष आकर्षण गंवा रही है। इससे राजनीति के सौन्दर्यशास्त्र के सामान्य सूत्रों के बारे में निश्चित तौर पर कुछ संकेत हासिल किये जा सकते हैं। जब हम कला के दो डैनों के रूप में ‘तिलिस्म और शिल्प’ की नेरूदा की बात को दोहराते हैं तो इससे हमारा तात्पर्य कत्तई यह नहीं होता कि कला सिर्फ तिलिस्म और शिल्प ही है। हमारा सिर्फ यही कहना होता है कि ये दोनों किसी भी कला के कला होने की अनिवार्य शर्त है। इनके बिना कोई कला कला नहीं हो सकती। इसीप्रकार, राजनीति का भी तब तक अपना कोई अलग सौन्दर्य अथवा आकर्षण नहीं हो सकता है जब तक वह किन्हीं विशिष्ट स्वप्नों और कल्पनाओं से न जुड़ी हो। ‘सर्वसम्मति’ हर प्रकार की राजनीतिक विशिष्टता के आकर्षण के लिये किसी दलदल की तरह है जिसमें प्रवेश करने के बाद उसके जिंदा बचे रहने की कोई उम्मीद नहीं रह जाती है। 

लालू के ‘जातिवाद’ और लालों की अनीतियों का दौर-दौरा अक्षुण्ण बना रहे, यह हमें कत्तई काम्य नहीं है। लालू का स्थान कोई रामजन्मभूमि वाला लाल लें, यह तो और भी नहीं स्वीकारा जा सकता। वह तो बेहद खतरनाक है, जो सर्वसम्मतिवाद का भी सबसे खूंखार रूप है। वह फासीवाद है जो तमाम मानवीय व्यवहारों को एक सामरिक सांचे में ढाल कर उन्हें यकसां बना देने पर उतारू है। इसीलिये वह तो पूरी तरह से त्याज्य है। त्याज्य उदार सर्वसम्मतिवाद भी है। इस पूरे उपक्रम में आशा की बात है कि लालू सिर्फ जातिवाद नहीं है, उनके दिये स्वप्नों से सामाजिक न्याय के, धर्म-निरपेक्ष और सहिष्णु भारत के स्वप्न भी समान रूप से जुड़े हुए हैं। इसीलिये लालू अब भी अपना आकर्षण बनाये हुए हैं, पूरी तरह से ‘सर्वसम्मति’ के दलदल की ओर बढ़ते नहीं दिखते और इसीलिये किसी न किसी रूप में राजनीतिक सौंदर्य का उद्रेक करते हैं। जहां तक हरियाणा की लाल-त्रिमूर्ति की परंपरा का सवाल है, कभी वह सिर्फ इसीलिये विशिष्ट थी क्योंकि सर्वसम्मतिवाद के चरम भ्रष्ट रूप के पूरी तरह से परिपक्व होकर सामने आने के पहले ही इसमें उसकी झलक दिखाई दे दी थी। अब तो सर्वत्र उसी का बोलबाला है। इसलिये उनकी ‘विशिष्टता’ वाली कोई बात नहीं रह गयी है। हरियाणा के चौटाला वहां की लाल-त्रिमूर्ति की परंपरा की बदबूदार लावारिश लाश भर है, जिसका इस चुनाव में किसी कूड़े के ढेर पर फेंक दिया जाना तय है। 
बहरहाल, राजनीति के सौन्दर्यशास्त्र की तलाश में बिहार, हरियाणा, फुकुयामा, नेरूदा और पुन: लालू, चौटाला तक की इस यात्रा के वृत्तांत के अंत में एक ही निष्कर्ष निकलता है कि सचमुच यदि हमें राजनीति के सौन्दर्यशास्त्र की रक्षा करनी है, उसके स्वप्निल तिलिस्म और करोड़ों लोगों को उत्साहित करने वाले शिल्प को बचाना है तो एक बड़ी जरूरत विकास के ‘सर्वसम्मतिवाद’ के दलदल को ठुकराने की है। वर्ना यह सचमुच राजनीति की संभावनाओं के अंत की पटकथा लिखेगा।    






 







बुधवार, 26 फ़रवरी 2014

हम भी इक अपनी हवा बांधते हैं : प्रसंग ‘वर्गीय राजनीति’


अरुण माहेश्वरी

जनसत्ता के 22 फरवरी 2014 के अंक में प्रभात पटनायक का लेख प्रकाशित हुआ है - नव उदारवाद से उपजी चुनौतियां। अनुमानत:, हाल में जनवादी लेखक संघ के कथित राष्ट्रीय सम्मेलन में दिये गये उद्घाटन भाषण का सार-संक्षेप, क्योंकि लेख की अंतिम पंक्ति है - ‘‘विचारों के इस संघर्ष में लेखकों की केंद्रीय भूमिका है।’’

यह सिर्फ एक अनुमान भर है, मुमकिन है इस लेख में उठाये गये विषयों को उन्होंने अपने भाषण में छुआ भी न हो। चूंकि यह लेखक खुद उस सम्मेलन में मौजूद नहीं था और अब तक कहीं भी उनके भाषण की कोई कायदे की रिपोर्ट उसे पढ़ने को नहीं मिली है, इसीलिये सिर्फ लेख की आखिरी पंक्ति के बल पर किया गया यह अनुमान सचाई से बिल्कुल परे भी हो सकता है।

बहरहाल, इस लेख का विषय है शासन की आर्थिक नीतियां और भारत के मजदूरों की वास्तविक स्थिति; खास तौर पर मजदूर वर्ग की बदल रही संरचना; संगठित क्षेत्र में रोजगार में कटौती, पूर्ण रोजगार के बजाय ठेका प्रणाली, आउटसोर्सिंग, निजीकरण आदि से श्रमबाजार के लचीलेपन के कारण काम पर लगे मजदूरों और बेरोजगारों की रिजर्व फौज के बीच के फर्क का मिट जाना और फलत: मजदूरों की हड़ताल करने, सौदेबाजी करने की ताकत का कम होना। प्रभात कहते हैं, इस परिस्थिति ने वर्ग-आधारित (वर्गीय राजनीति), जिसे दूसरे शब्दों में कहा जाए तो वामपंथी या कम्युनिस्ट राजनीति को कमजोर किया है और उसके बदले किसिम-किसिम की पहचान पर आधारित राजनीति (identity politics) के लिये जगह बनायी है। ‘पहचान पर आधारित राजनीति’ में एक ओर जहां दलितों-महिलाओं आदि के प्रतिरोध आंदोलन है, तो दूसरी ओर जातियों, खास-खास समुदायों के लिये आरक्षण की सौदेबाजी के आंदोलन हैं और तीसरी ओर पहचान की फासीवादी (सांप्रदायिक) राजनीति भी है। वर्गीय राजनीति की कमजोरी के कारण पहचान की प्रतिरोधवादी राजनीति में भी प्रगतिशीलता के तत्व कमजोर हुए हैं। कुल मिला कर, पहचान की राजनीति जनता के एक हिस्से को दूसरे से लड़ा कर व्यवस्था को ही बल पहुंचाने का कारक बनती है, व्यवस्था में परिवर्तन के विचार कमजोर पड़ते हैं।

यहीं पर प्रभात सवाल करते हैं, इस परिस्थिति में प्रगतिशील ताकतें क्या करें? और, जवाब में वे मार्क्स की ‘बदलाव के एजेंट’ के रूप में सर्वहारा के बारे में अति-परिचित, कतिपय हलकों द्वारा ‘आप्त कथन’ बना दी गयी बात का स्मरण करते हुए कहते हैं, वह ‘‘सिर्फ इतिहास को आगे नहीं ले जाता बल्कि खुद इतिहास के फंदे से मानव जाति को निकालने की सूरत भी बनाता है।’’ और इसी आधार पर वे ‘वर्गीय राजनीति’ के अब तक कुछ उपेक्षित क्षेत्रों में काम करने की सलाह देते हैं - ‘‘मजदूरों को संगठित करने के नये क्षेत्रों की ओर बढ़ा जाए, मसलन, अब तक असंगठित रहे मजदूरों और घरेलू कामगारों को संगठित करना, बल्कि वर्गीय राजनीति के लिये नए किस्म के हस्तक्षेप भी किया जाएं।’’

इसके बाद ही लेख के अंत में प्रभात कहते हैं- ‘‘ सबसे अधिक जिस चीज की जरूरत है, वह है नव उदारवाद के वैचारिक वर्चस्व को स्वीकार न करना। लोकतंत्र पर नव उदारवाद के हमले को रोकने और लोकतंत्र की हिफाजत से आगे समाजवाद के संघर्ष तक जाने के लिये नव उदारवादी वर्चस्व को नकारना और नव उदारवादी विचारों के खिलाफ प्रति-वर्चस्व गढ़ने का प्रयास करना एक शर्त है। विचारों के इस संघर्ष में लेखकों की केंद्रीय भूमिका है।’’

प्रभात पटनायक के इस ‘प्रति-वर्चस्व’ को तैयार करने के पूरे आख्यान में बुनियादी तौर पर सबसे अधिक गौर करने की बात यह है कि वे ये सारी बातें एक ऐसे देश के संदर्भ में कह रहे थे, जिस देश में आज भी 65 प्रतिशत से ज्यादा आबादी कृषि-निर्भर है। भारत में जिस ‘वर्गीय राजनीति’(वामपंथी या कम्युनिस्ट राजनीति) को वे मजदूर वर्ग की संरचना में बदलाव या उसकी हड़ताल करने अथवा सौदेबाजी की ताकत के कम होने की वजह से कमजोर होता हुआ बता रहे हैं, उसने भारत के राजनीतिक इतिहास में शायद ही कभी सिर्फ मजदूर वर्ग की शक्ति के बूते अपनी स्थिति को मजबूत किया होगा, क्योंकि शुद्ध संख्या की दृष्टि से ही भारत में संगठित मजदूरों की संख्या कुल आबादी में इतनी नगण्य रही है कि सिर्फ उसके बल पर यहां कभी किसी राजनीतिक शक्ति का विकसित होना संभव नहीं रहा है। भारत में वामपंथी राजनीति का अब तक जो भी विस्तार हुआ है, कहना न होगा, उसका सीधा संबंध कृषि क्रांति के मुद्दों से अथवा संवैधानिक और जनतांत्रिक अधिकारों से रहा है।

लेकिन चूंकि, वामपंथी सामान्य बुद्धि (common sense) में ‘वर्गीय राजनीति’ अर्थात कम्युनिस्ट राजनीति का मतलब माना जाता है - मजदूर वर्ग की राजनीति, इसीलिये  प्रभात पटनायक ने अन्य पक्षों को नजरंदाज करते हुए और साथ ही भारत सहित सारी दुनिया में उपलब्ध मजदूर वर्ग और समाजवाद संबंधी विपुल ऐतिहासिक तथ्यों की आलोचनात्मक दृष्टि से बिना कोई जांच-पड़ताल किये इसी ‘सामान्य बुद्धि’ की बातों को दोहरा कर कम्युनिस्ट बुद्धिजीवी के अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली।

मार्क्सवाद, कम्युनिज्म, समाजवाद, पूंजीवाद, मजदूर वर्ग, वर्गीय चेतना और वर्गीय राजनीति आदि से क्या तात्पर्य है और इनका परस्पर क्या संबंध है - आज किसी भी प्रकृत बुद्धिजीवी के लिये यह विषय कोरे विश्वास या आस्था की तरह की चीज नहीं हो सकते हैं कि जिनके बारे में कुछ ‘आप्त वचनों’ की तरह की उक्तियों को दोहरा भर देने से काम चल सकता है।

1848 में कम्युनिस्ट घोषणापत्र के प्रकाशन के बाद के इन लगभग 165 सालों में सारी दुनिया की नदियों से बेहिसाब पानी बह चुका है। मार्क्सवाद तो एक दार्शनिक पद्धति है, लेकिन वर्गीय चेतना, वर्गीय राजनीति, कम्युनिस्ट राजनीति और समाजवाद का अपना एक अच्छा-खासा इतिहास तैयार हो चुका है। उन देशों में भी जहां की 90 फीसदी से ज्यादा आबादी मजदूर वर्ग की है लेकिन जहां समाजवाद का कोई स्थान नहीं बन पाया है, और उन देशों में भी जहां ‘समाजवादी शासन’ के अंतर्गत ही वास्तव अर्थों में संगठित मजदूर वर्ग का पदार्पण हुआ है।

मार्क्सवाद के अप्रतिम इतिहासकार ऐरिक हाब्सवाम (1917-2012) की अंतिम पुस्तक है - How to change the world : Marx and Marxism 1840-2011। इस पुस्तक का आखिरी अध्याय है - Marx and Labour (मार्क्स और श्रमिक)। इस अंतिम अध्याय में हाब्सवाम ने मजदूर वर्ग और कम्युनिस्ट राजनीति तथा समाजवाद से जुड़ी ऐसी ही तमाम बातों को उनकी ऐतिहासिकता में समझने और विश्लेषित करने की कोशिश की है, जो ऐसे विषयों पर किसी भी मार्क्सवादी बुद्धिजीवी के यथार्थपरक दृष्टिकोण और आलोचनात्मक विवेक को बनाये रखने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

हाब्सवाम ने अपनी पुस्तक के इस अंतिम अध्याय के बारे में लिखा है कि ‘‘यह उचित है कि मार्क्सवाद के इतिहास के अध्ययन का समापन मजदूर वर्ग के संगठित आंदोलन के बारे में एक निबंध से हो। मार्क्स की दृष्टि में सर्वहारा ‘पूंजीवाद की कब्र खोदने वाला सामाजिक रूपांतरण का अनिवार्य तत्व था।’’

हाब्सवाम बताते हैं कि बीसवीं सदी में मजदूर वर्ग के अधिकांश आंदोलन और पार्टियों ने अपने को मार्क्स के सपनों से जोड़ा था और मार्क्सवादियों ने भी इन मजदूर आंदोलनों और पार्टियों को अपनी राजनीतिक गतिविधियों के क्षेत्र के रूप में चुन लिया था। इस तथ्य के बावजूद, हाब्सवाम का साफ मत है कि मार्क्सवाद और मजदूर आंदोलन के बीच के ‘जटिल और परिवर्तनशील संबंधों’ को समझने के लिये जरूरी है कि इन्हें परस्पर स्वतंत्र रूप में देखा जाए। ‘‘ये कत्तई एक और अभिन्न नहीं है।’’

इस कथन के साथ ही हाब्सवाम दुनिया में मजदूर आंदोलन के इतिहास का यथार्थपरक विवेचन शुरू करते हैं। उदाहरण दे-देकर बताते हैं कि कैसे 19वीं सदी के अंत के समय से ही यूरोपीय सरकारों ने संगठित और मजबूत मजदूर आंदोलन के अस्तित्व को स्वीकृति देना शुरू किया। मजदूरों की स्थिति और श्रमिकों के साथ विवादों को सुलझाने के लिये कानूनी प्राविधान तैयार होने लगे। यहां तक कि मजदूर वर्ग के प्रतिनिधि यूरोपीय सरकारों में भी शामिल होने लगे।

वे लिखते हैं कि सन् 1899 में फ्रांस की सरकार में जब जाने-माने समाजवादी एलेग्जेंडर मित्तरां को वाणिज्य मंत्री बनाया गया, मजदूरों की राजनीतिक पार्टियों में, खास तौर पर समाजवादी पार्टियों में संकटजनक खलबली मच गयी थी। हाब्सवाम के अनुसार, उस समय तक, और उसके बाद भी लंबे अर्से तक समाजवादी यह विश्वास ही नहीं कर सकते थे कि बिना क्रांति के अथवा ‘आम हड़ताल के जरिये पूंजीवाद को बिना परास्त किये’ किसी समाजवादी पार्टी के लिये किसी सरकार में शामिल होना संभव होगा। (भारत में तो आज, सवा सौ साल बाद भी कतिपय वामपंथी इस संशय से मुक्त नहीं होपाये हैं।)

हाब्सवाम लिखते हैं कि ‘‘विचारधारात्मक स्तर पर इसी संकट ने बीसवीं सदी में मजदूरों के राजनीतिक इतिहास का श्रीगणेश किया।’’

हाब्सवाम का सवाल है कि आखिर क्यों यूरोपीय सरकारों ने श्रमिकों को गंभीरता से लेना शुरू किया? उस समय तक तो यूरोप में मजदूरों की स्थिति बेहद कमजोर थी। ‘‘ब्रिटेन और फ्रांस में 15 से 20 प्रतिशत, जर्मनी में उससे भी कम। दूसरी जगह भी मजदूर बड़ी राजनीतिक ताकत नहीं थे।’’ इसका कारण दर्शाते हुए हाब्सवाम इन देशों में संसदीय जनतंत्र के उदय की ओर इशारा करते हैं और कहते हैं कि मजदूर  कमजोर होने पर भी यह नजर आने लगा था कि मजदूरों की पार्टियां बड़ी चुनावी ताकतें बन सकती हैं। 1914 के पहले ही स्कैंडिनेविया के देशों तथा और भी कई जगहों पर यह बात साफ हो चुकी थी।

इसके अतिरिक्त यूरोपीय सरकारों के लिये चिंता की एक और बात मजदूरों की बढ़ती हुई ‘वर्गीय चेतना’ भी थी। हाब्सवाम विंस्टन चर्चिल को उद्धृत करते हैं : ‘‘यदि कंजरवेटिव और लिबरलों की दो दलीय प्रणाली टूटती है तो ब्रिटिश राजनीति खुली वर्ग राजनीति बन जायेगी अर्थात वर्ग हित-संघर्ष से आच्छादित राजनीति।‘‘ हाब्सवाम के शब्दों में, ‘‘ वर्ग संघर्ष की राजनीति से बचना एक सामान्य समस्या बन गया था।’’
एडवर्ड बर्न्सटीन

फ्रांस में जब मित्तरां को सरकार में शामिल किया गया तभी पहली बार मजदूर वर्ग की पार्टी के सामने यह सवाल उठा कि शासन के साथ उसका क्या संबंध हो। उन्हीं दिनों मार्क्स-एंगेल्स के अत्यंत करीबी, खास तौर पर एंगेल्स के प्रिय एडुअर्ड बर्न्सटीन का प्रसिद्ध घोषणापत्र Des Sozialismus und Die Aufgaben Der Soziakldemorkratie (Evolutionary Socialim : a criticism and affirmation) प्रकाशित हुआ जिसमें उन्होंने मार्क्स के कम्युनिस्ट घोषणापत्र तक के लेखन को अपरिपक्व और परवर्ती लेखन को परिपक्व बताते हुए यह स्थापना दी थी कि ‘‘जनतांत्रिक समाजों में वैद्यानिक सुधारों के जरिये समाजवाद लाया जा सकता है।’’

इसके साथ ही समाजवादी आंदोलन में यह बुनियादी सवाल उठ खड़ा हुआ - क्रांति या सुधार? जब पूंजीवाद के पतन की उम्मीद नहीं, तब मजदूर वर्ग का ऐतिहासिक कर्त्तव्य क्या है?

बर्नस्टीन को तो कम्युनिस्ट इंटरनेशनल ने एक सिरे से खारिज कर दिया क्योंकि उसने ‘इंटरनेशनल’ के औचित्य पर ही सवाल उठा दिया था। इसीप्रकार, मित्तरां प्रसंग को भी ‘एक व्यक्ति की विचलन’ बता कर संभाल लिया गया। लेकिन हाब्सवाम कहते हैं कि उस समय की सोशल डेमोक्रेटिक पार्टियों ने बर्न्सटीन की एक बात को जरूर मान लिया कि पूंजीवाद के अंतर्गत ही उन्हें मजदूर वर्ग की स्थिति में सुधार के लिये काम करना होगा। हाब्सवाम के शब्दों में, ‘‘सन् 1900 के बाद से प्रमुख पूंजीवादी देशों में मार्क्सवादी मजदूर आंदोलन पूंजीवाद के खिलाफ संघर्ष नहीं, बल्कि सहयोग के रास्ते पर काम करते रहे।’’

इसी बिंदु पर हाब्सवाम एक बहुत गहरी बात कहते हैं कि श्रमिक और समाजवाद जितने भी एक और अविभाज्य क्यों न दिखाई दें, आंदोलन के स्तर पर वे कत्तई एक नहीं है। ‘‘मित्तरां और बर्न्सटीन समाजवाद के लिये संकट थे, मजदूर आंदोलन के लिये नहीं।’’ समाजवाद पूंजीवाद को स्थानापन्न करने वाली एक भिन्न आर्थिक प्रणाली की परियोजना है, लेकिन मजदूर आंदोलन या वर्ग चेतना कोई परियोजना नहीं, बल्कि ‘‘सामाजिक उत्पादन के एक निश्चित चरण में मजूरी के बदले काम पर लगे लोगों की विशेषता है।’’

हाब्सवाम कहते हैं कि अमेरिकी इतिहास में मजदूर आंदोलन की एक अहम भूमिका रही है। आज भी डेमोक्रेटिक पार्टी में उसे देखा जा सकता है। लेकिन सवाल है कि ‘‘अमेरिका में समाजवाद क्यों नहीं है? ...एक विचारधारा अथवा राजनीतिक आंदोलन के रूप में वहां समाजवाद अनुपस्थित और गैर-महत्वपूर्ण है। ब्रिटेन में लिब लैब श्रमिक आंदोलन राजनीतिक समर्थन के लिये लिबरल पार्टी का मूंह जोहता था, महायुद्ध के काल तक उसके साथ उसने अपने संबंध नहीं तोड़े। अर्जेंटिना में काफी समय से कुंठित समाजवादियों और कम्युनिस्टों के लिये यह समझना मुश्किल रहा कि आखिर क्यों 1940 के दशक में विकसित हुआ उस देश का स्वतंत्र और रेडिकल मजदूर आंदोलन उस विचार (पेरोनवाद) से जुड़ गया जिसकी निष्ठा एक लोकप्रिय सैनिक जैनरल में थी।’’

इसी सिलसिले में हाब्सवाम ने पोलैंड में ‘सोलिडरिटी’ के समाजवाद-विरोधी मजदूर आंदोलन, विभिन्न राष्ट्रवादों, धर्मों और दूसरी विचारधाराओं से जुड़े श्रमिक आंदोलनों का विस्तार से उल्लेख किया है। भारत में हम इसे आसानी से कम्युनिस्ट पार्टियों से लेकर कांग्रेस, भाजपा, शिवसेना और यहां तक कि दत्ता सामंत आदि की तरह के कई व्यक्तियों के साथ जुड़े श्रमिक संगठनों और आंदोलनों के इतिहास से भी जोड़ कर देख सकते हैं।

हाब्सवाम बताते हैं कि कम्युनिस्ट धोषणापत्र के प्रकाशन से लेकर 1970 के काल तक मजदूर आंदोलन के साथ समाजवाद का एक गहरा रिश्ता दिखाई देता है। इससे मजदूर आंदोलन और समाजवादी आंदोलन, दोनों ही लाभान्वित भी हुए हैं। लेकिन, हाब्सवाम का अभियोग है कि समाजवादी व्यवस्था के सच, Socialism as it exists ने ही इस रिश्ते को तोड़ने में सबसे बड़ी भूमिका अदा की।

‘‘रूस में बोल्शेविक सर्वहारा के नाम पर सत्ता में आए और उनकी पंचवर्षीय योजनाओं ने बड़ा औद्योगिक मजदूर वर्ग पैदा किया। लेकिन जैसा कि हम सब जानते हैं, उन्होंने मजदूर आंदोलन को खत्म कर दिया।...कम्युनिस्ट दुनिया में मजदूर वर्ग का इतिहास लिखना संभव है... मजदूर आंदोलनों का इतिहास नहीं। 1980 के दशक में पोलैंड में सोलिडेरिटी इसका सबसे बड़ा अपवाद है।’’

‘‘सोवियत संघ की तरह ही चीन और वियतनाम में भारी औद्योगीकरण की परिणति स्वतंत्र मजदूर संगठनों के रूप में नहीं हुई है।’’

दरअसल, मार्क्सवादी सिद्धांतकार मजदूर वर्ग और मार्क्सवाद को कभी भी नैसर्गिक तौर पर एक और अविभाज्य नहीं मानते हैं। उनका विश्वास हैं कि मजदूर खुद से समाजवाद का निर्माण नहीं करते बल्कि समाजवाद के विचार को उनमें बाहर से ले जाना पड़ता है। हाब्सवाम कहते हैं कि अमेरिकी, फ्रांसीसी और औद्योगिक क्रांतियों ने पश्चिम के बौद्धिक परिदृश्य में इस बोध को स्थापित किया था कि एक अलग और बेहतर समाज बनाना संभव है - प्रतिद्वंद्विता के बजाय सामुदायिक सहयोग पर टिका न्यायपूर्ण समाज। इस बौद्धिक परिदृश्य में समाजवाद को स्थापित करने के लिये समाजवादी राजनीतिक पार्टी ने बाहर से प्रवेश किया। ‘‘श्रमिकों के संघ उनके जीवन के अनुभवों से स्वत: पैदा हो जाते हैं, लेकिन पार्टियां नहीं।’’
हाब्सवाम कहते हैं कि कम्युनिस्ट पार्टी के रूप में मार्क्स-एंगेल्स ने वैसी ही एक पार्टी के निर्माण की पेशकश की थी। वह सिर्फ मजदूरों को संबोधित पार्टी नहीं थी; सामान्य रूप से समाज की आधुनिक संरचना को साधने के लिये थी। हाब्सवाम कहते हैं कि उनके बाद यूरोप में सर्वत्र ऐसी पार्टियां बनी, सत्ता पर आयीं और समाजों की आधुनिक संरचना के विकास में अपनी भूमिका अदा की। ‘‘लेकिन यह बात निराधार साबित हुई कि सर्वहारा ऐतिहासिक तौर पर अनिवार्यत: सच्चा क्रांतिकारी है।’’

‘‘इतिहास ने हमें यह भी सिखाया कि क्रांतियां घटनाओं का इतना जटिल समुच्चय है कि उन्हें किसी खास वर्गीय संरचना का प्रतिरूप नहीं माना जा सकता है।’’

हाब्सवाम कहते हैं कि इतिहास की इस सीख को यदि ग्रहण कर लिया गया होता तो वामपंथी सिद्धांतकार और इतिहासकार उस बेहिसाब मेहनत और समय को जाया करने से बच जाते जो उन्होंने यह साबित करने में खर्च की कि अधिकांश श्रमिक पार्टियां क्यों अपनी क्रांतिकारी भूमिका अदा करने से चूक गयीं।’’

हाब्सवाम के अनुसार जब उन पिछड़े हुए देशों में, जहां क्रांति कोरा शब्दाडंबर नहीं, बल्कि एक वास्तविक संभावना जान पड़ती है, मार्क्सवादियों को बुर्जुआ पूंजीवादी विकास ही आगे का एकमात्र पथ दिखाई देता है, तब विकसित पूंजीवादी देशों में तो मजदूरों और फलती-फूलती अर्थ-व्यवस्था का सहजीवन नितांत स्वाभाविक है। ‘‘पेट्रोग्राड की सोवियत क्रांति ने अपने को बर्लिन में स्थापित नहीं किया, और अब तो साफ है कि उसकी उम्मीद भी करना गैर-यथार्थवादी होता।’’

पूंजीवाद और मजदूर वर्ग के सहजीवन के इस लंबे आख्यान में हाब्सवाम बीसवीं सदी में ‘70 के दशक को एक नये मोड़ का सूचक बताते हैं। वे कहते हैं कि इसके बाद की सामाजिक परिघटना यह है कि कायिक मजदूरों की संख्या कम होती गयी और इसके साथ ही मजदूरों की ‘वर्गीय चेतना’ भी कमजोर हुई। ‘‘समृद्ध उपभोक्ता समाजों में धन की जबरदस्त वृद्धि से मजदूर वर्ग भी लाभान्वित हुए और साथ ही उस स्वयं सिद्ध विश्वास की हानि हुई कि मजदूर वर्ग के जीवन में वास्तविक सुधार आपसी भाईचारे और सामूहिक कार्रवाई के जरिये ही मुमकिन है।’’

प्रभात पटनायक ने अपने लेख में ‘श्रम बाजार के लचीलेपन’ की जिस पदावली का प्रयोग किया है, हाब्सवाम इसे ‘70 के बाद की परिस्थितियों का परिणाम बताते हैं जब ‘‘पूर्ण रोजगार का स्थान श्रम बाजार के लचीलेपन और ‘बेरोजगारी की प्राकृतिक दर’ के सिद्धांत ने ले लिया।’’ यह रेगन-थैचर के ‘बाजार की पूर्ण-स्वायत्तता’ का दौर था। किसी समय कम्युनिज्म के भय ने पूर्ण रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के प्रति अमेरिका सहित सभी पश्चिमी सरकारों को जिसप्रकार वचनबद्ध किया था, बर्लिन की दीवार के गिरने के बाद उसमें कमजोरी दिखाई देने लगी।

‘70 के बाद का यह दौर सन् 2008 के भयावह आर्थिक संकट तक जारी रहा। 1973 से 2008 के बीच के काल में बर्नस्टीन का सुधारवाद परित्यक्त हुआ और नरम-गरम, सभी प्रकार के कम्युनिस्टों की साख इस हद तक गिर गयी कि पश्चिम में कम्युनिज्म कोई राजनीतिक शक्ति ही नहीं रह गया। सन् 2008 में परिस्थिति में फिर एक बदलाव आया। जिन सरकारों ने बाकायदा निजीकरण और अवनियमीकरण के जरिये बाजार का डंका पिटवाया था और नव उदारवाद की आधारशिला रखवाई थी, उन्हीं सरकारों को मुसीबत में फंस चुकी अर्थ-व्यवस्था के उद्धारकर्ता की भूमिका अदा करनी पड़ी।

सन् 2008 के बाद की महा-संकट की परिस्थितियों में सिद्धांतत: मजदूर आंदोलन के पुनरोदय की संभावना होने पर भी, हाब्सवाम को व्यवहार में यह मुमकिन नहीं लगा था। वे याद दिलाते हैं कि 1929-33 की महामंदी का एक राजनीतिक परिणाम यह हुआ था कि सर्वत्र मजदूर आंदोलन और वाम का संबंध-विच्छेद होगया। उस समय, फिर भी, सोवियत संघ की संकट-मुक्त अर्थ-व्यवस्था का उदाहरण मौजूद था। आज स्थिति यह है कि पारंपरिक समाजवाद में विश्वासी बौद्धिक आज के संकट से निजात की दूसरे लोगों की तुलना में न कोई बेहतर समझ रखते हैं और न ही उनके पास सोवियत संघ जैसा दिखाने लायक कोई उदाहरण है। पर्यावरण, शांति की तरह के रेडिकल विषय मजदूरों के लिये प्रासंगिक नहीं है, ये मूलत: मध्यवर्ग पर आधारित है। जैसे सन् 2008 में भारत में ‘न्यूक्लियर संधि’ का मुद्दा था। मजदूर आंदोलन पूंजीवाद का विरोधी है, लेकिन पूंजीवाद के बारे में और उसके स्थान पर वे क्या लाना चाहते हैं, उसके मामले में भी उनकी धारणा स्पष्ट नहीं है। संभावना-विहीन तीव्र असंतोष सिर्फ मीडिया के लिये महत्वपूर्ण हो सकता है। अराजक मजदूर संघवाद का इतिहास में कोई साक्ष्य नहीं मिलता।

जो भूमंडलीकरण बिना कोई विकल्प प्रदान किये जीवन और मानव संबंधों के पुराने तरीकों को नष्ट कर रहा है, हाब्सवाम कहते हैं, उससे कतिपय देशों में रेडिकल दक्षिणपंथ के रूझान का खतरा बढ़ जाता है, हांलाकि लातिन अमेरिका में ऐसा कोई खतरा नहीं है। लेकिन अमेरिका के बारे में हाब्सवाम का कहना था कि वहां इस आर्थिक संकट से ‘29 की महामंदी के बाद के एफ डी रूजवेल्ट की तरह का वामपंथ की दिशा में अपेक्षाकृत परिवर्तन आ सकता है।

इसप्रकार, इस पूरे इतिहास-विवेचन के अंत में हाब्सवाम यह निष्कर्ष निकालते हैं कि 2008 ने साफ कर दिया है कि पूंजीवाद उत्तर नहीं, बल्कि सवाल है। पूंजीवाद को अजर-अमर घोषित करने वाला ‘इतिहास के अंत’ का सोच अस्वीकृत हुआ है। और साथ ही 1980 के दशक के बाद से यह भी साफ हुआ है कि समाजवादियों, मार्क्सवादियों या दूसरे किसी के पास भी पूंजीवाद के उनके परंपरागत विकल्प का कोई औचित्य नहीं रह गया है, कम से कम तब तक जब तक ‘समाजवाद’ से अपने आशय पर वे पुनर्विचार नहीं करते और इस मान्यता को त्याग नहीं देते कि कायिक श्रम करने वाला मजदूर ही सामाजिक रूपांतरण का प्रमुख कारक होगा। ‘‘जो आज है वह चल नहीं सकता, लेकिन कल क्या होगा, कोई नहीं जानता।’’

हाब्सवाम इसी बिन्दु पर लेख का अंत करते हुए कहते हैं, ऐसी स्थिति में इस रोग के सबसे बड़े डाक्टर, मार्क्स की शरण में जाने की जरूरत है। यह सभी संबद्ध लोगों के हित में है। उसने 1848 में दिखा दिया था कि यह पूंजीवादी भूमंडलीकरण कहां ले जायेगा। उसने पूंजीवाद में आवधिक संकटों (periodical crisis) की बात कही थी। आज का संकट लगभग वैसा ही है। असंभव मुनाफे की तलाश में यह असीमित और अधिकाधिक हाइ-टेक आर्थिक विकास भूमंडलीय धन तो पैदा करता है, लेकिन उत्पादन में गौण बना दिये जारहे मानव श्रम और विश्व के प्राकृतिक संसाधनों की कीमत पर। इक्कीसवीं सदी की इस समस्या का निदान आर्थिक और राजनीतिक उदारवाद के पास नहीं है। न अकेले दम पर और न दोनों मिल कर।

हाब्सवाम की इस पुस्तक के अंतिम अध्याय की आखिरी पंक्ति है - ‘‘एक बार फिर मार्क्स को गंभीरता से लेने का समय आगया है।’’

हाब्सवाम के जरिये वर्तमान समय के इस दीर्घ राजनीतिक विमर्श के बाद, अब शायद यह बताने की जरूरत नहीं है कि प्रभात पटनायक की तरह के सिद्धांतवेत्ताओं की कथित ‘वर्गीय राजनीति’ और ‘वर्गीय चेतना’ वाली पदावली कितनी अनैतिहासिक, निरर्थक और खोखली है। वे लेखकों से नव-उदारवाद का प्रति-वर्चस्व कायम करने का आह्वान करते हैं, लेकिन किस बूते? इतिहास को झुठला कर, उससे कोई सीख न लेकर, अर्थहीन थोथी बातों से?

इस मायने में आज के वामपंथी नेता कहीं ज्यादा विवेकवान प्रतीत होते हैं जो किसी सैद्धांतिकी के निर्माण के पचड़ों से अधिक से अधिक दूर दिखाई देते हैं। वे रोजमर्रे की राजनीति की व्यवहारिक सांगठनिक जरूरतों में ज्यादा मुब्तिला हैं और कभी कलम उठाते भी हैं तो पत्रकारों की तरह सिर्फ अपने दैनंदिन राजनीति के हितों को साधने के लिये। एक संवैधानिक जनतंत्र में समाज की आधुनिक संरचना के निर्माण-कार्य में जनता के अधिकतम हिस्सों के बीच अपने प्रभाव के विस्तार की कोशिश के लिये किसी सैद्धांतिक अनुमोदन की जरूरत नहीं है! फिर भले संगठित मजदूर हो या असंगठित मजदूर। ‘प्रति वर्चस्व’ से मतलब कोई ‘वर्गीय तात्पर्य’ के बजाय  शुद्ध प्रभाव-विस्तार ही है तो कुछ कहना नहीं है। इस काम में सभी पार्टियां अपने प्रचार-तंत्र के साथ उतरी हुई है। कम्युनिस्ट पार्टियां भी अपने जन-संगठन के अधीन आये लेखकों से इतनी सी उम्मीद रखे तो क्या हर्ज है! लेकिन, बाकी बातें?

आह का किसने असर देखा है
हम भी इक अपनी हवा बांधते हैं।