शुक्रवार, 6 नवंबर 2015

मिथ्या चेतना का घटाटोप और आलोचना

अरुण माहेश्वरी


‘लहक’ के पिछले (अगस्त-सितंबर 2015 के) अंक में विनोद शाही ने अपनी टिप्पणी  ‘साहित्य की स्वायत्तता और मार्क्सवाद’ के जरिये हमसे साहित्य की स्वायत्तता के बारे में जवाब मांगा है। मोटे तौर पर उनका मानना है कि एक तो भौतिक जगत है जिसके अपने नियम, कायदे-कानून, इतिहास और भूगोल है, जिनके दायरे में वह चलता है। इसके समानान्तर साहित्य का एक अपना अन्तर्जगत, अपना प्रभामंडल है। ‘‘साहित्य के पास जो इतिहास-बोध होता है - वह समकालीन सामाजार्थिक रिश्तों का उत्पाद भर नहीं होता। इसके साथ-साथ वह एक तरह के ‘जीवन’ के अब तक के इतिहास की हमारी चेतना में मौजूदगी का उत्पाद भी होता है। आप इस क्षण को नहीं जीते हैं, आप अपने भीतर इतिहास के उस अपार समृति-कोष को भी जीते हैं - जो वंश दर वंश हमें नैसर्गिक तौर पर ‘अचेत’ रूप में उपलब्ध कराया जाता है। साहित्य की ‘आंतरिक स्वायत्तता’ का एक स्रोत यह ‘नैसर्गिक इतिहास बोध’ होता है।’’

विनोद शाही ने अपने लेख में साहित्य की इस ‘आंतरिक’ या ‘बाह्य’ स्वायत्तता के लिये बड़ी मासूमियत से मार्क्स का अनुमोदन लेते हुए मार्क्स की ‘ईश्वर के प्रतीकार्थों’ वाली कथित व्याख्याओं की याद दिलाई है। कहते हैं - ‘‘मनुष्य के सुख-दुख मूलक संघर्षों का मुकाबला करने के लिए ईश्वर के रूप में ‘स्वायत्त’ चेतना का प्रतीक गढ़ा गया था।’’

चूंकि विनोद जी ने अपने इस ‘स्वायत्तता-तत्व’ के लिये कार्ल मार्क्स का अनुमोदन लेने की कोशिश की है, इसलिए उनके जवाब का सबसे आसान तरीका तो यह है कि इस प्रसंग में मार्क्स की कुछ बहुचर्चित उक्तियों को उद्धृत करके ही हम अपने काम की इतिश्री कर लें। मसलन, मार्क्स, एंगेल्स के ‘कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र’ के इस अंश को ही लिया जा सकता है जिसमें वे कहते हैं :

‘‘क्या यह समझने के लिए गहरी अन्तर्दृष्टि की जरूरत है कि मनुष्य के विचार, मत और उसकी धारणाएं - संक्षेप में, उसकी चेतना उसके भौतिक अस्तित्व की अवस्थाओं, उसके सामाजिक संबंधों और उसके सामाजिक जीवन के प्रत्येक परिवर्तन के साथ बदलती जाती है।
‘‘विचारों का इतिहास इसके सिवा और क्या साबित करता है कि जिस अनुपात में भौतिक उत्पादन में परिवर्तन होता है, उसी अनुपात में बौद्धिक उत्पादन का स्वरूप परिवर्तित होता है ? हर युग के प्रभुत्वशाली विचार सदा उसके शासक वर्ग के ही विचार रहे हैं।
‘‘जब लोग समाज में क्रांति लाने वाले विचारों की बात करते हैं तब वे केवल इस तथ्य को व्यक्त करते हैं कि पुराने समाज के अंदर एक नए समाज के तत्व पैदा हो होगए हैं और पुराने विचारों का विघटन अस्तित्व की पुरानी अवस्थाओं के विघटन के साथ कदम मिला कर चलता है।
‘‘प्राचीन दुनिया जिस समय अपनी अंतिम सांसें गिन रही थी, उस समय प्राचीन धर्मों को ईसाई धर्म ने पराभूत किया था। जब अठारहवीं शताब्दी में ईसाई मत बुद्धिवादी विचारों के सामने धराशायी हुआ, उस समय सामंती समाज ने तत्कालीन क्रांतिकारी बुर्जुआ वर्ग से अपनी मौत की लड़ाई लड़ी थी। धर्म-स्वातंत्र्य और अंत:करण की स्वतंत्रता की बातें ज्ञान जगत में मुक्त होड़ के प्रभुत्व को ही व्यक्त करती थीं।
‘‘कहा जायेगा कि ‘‘यह ठीक है कि इतिहास के विकासक्रम में धार्मिक, नैतिक, दार्शनिक, राजनीतिक और कानून संबंधी विचार बदलते आए हैं; लेकिन धर्म, नैतिकता, दर्शन, राजनीति और कानून तो सदा इस परिवर्तन से बचे रहे हैं।
‘‘इसके अलावा स्वाधीनता, न्याय, आदि ऐसे शाश्वत सत्य भी है , जो हर सामाजिक अवस्था में समान रूप से लागू होते हैं। लेकिन कम्युनिज्म उन्हें नए आधार पर प्रतिष्ठित करने के बजाय सभी शाश्वत सत्यों को खत्म कर देता है, वह समस्त धर्म और समस्त नैतिकता को मिटा देता है; इसलिए कम्युनिज्म विगत इतिहास के समस्त अनुभवों के विपरीत आचरण करता है।’’
‘‘इस आरोप का सार-तत्व क्या है? पिछले प्रत्येक समाज का इतिहास वर्ग विरोधों के विकास का इतिहास है, उन वर्ग विरोधों का, जिन्होंने भिन्न युगों में भिन्न रूप धारण किया था।
‘‘पर उन्होंने चाहे जो भी रूप धारण किया हो, पिछले सभी युगों में एक चीज हर अवस्था में मौजूद थी - समाज में एक हिस्से द्वारा दूसरे हिस्से का शोषण। अत: यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि विगत युगों की सामाजिक चेतना, अनेकानेक विविधताएं और विभिन्नताएं प्रदर्शित करने के बावजूद , किन्हीं सामान्य रूपों या सामान्य विचारों के दायरे में गतिशील रही है, जो वर्ग विरोध के पूर्ण रूप से विलुप्त होने के पहले पूरी तरह नहीं मिट सकते।
‘‘कम्युनिस्ट क्रांति समाज के परंपरागत संपत्ति संबंधों से आमूल संबंध-विच्छेद है ; फिर इसमें आश्चर्य क्या कि इस क्रांति के विकास का अर्थ है समाज के परंपरागत विचारों से आमूल संबंध-विच्छेद।’’

इसीप्रकार, मार्क्स की कृति ‘जर्मन विचारधारा’ तथा मार्क्स, एंगेल्स के अनगिनत पाठों से ऐसे तमाम उद्धरण निकाल कर रखे जा सकते है जहां वे यह साफ तौर पर कहते हैं कि विचारों का वास्तव में अपना कोई इतिहास नहीं होता। हमने अपने लेख ‘आलोचना के कब्रिस्तान से’ में ‘जर्मन विचारधारा’ से मार्क्स के एक कथन को उद्धृत किया था :

‘‘आदमी के दिमाग में बनने वाले काल्पनिक बिंब भी अनिवार्यत: उस भौतिक जीवन प्रक्रिया के संस्करण है, जिन्हें अनुभव द्वारा परखा जा सकता है और जो भौतिक पूर्वाधारों से संबद्ध है। नैतिकता, धर्म, तत्व मीमांसा, विचारधारा तथा चेतना के तदनुरूपी बाकी सभी रूप अब स्वतंत्रता का नकाब ओढ़े नहीं रह सकते। उनका कोई इतिहास, कोई विकास नहीं है; परंतु मनुष्य अपने भौतिक उत्पादन तथा अपने भौतिक संसर्ग के विकास से अपने इस वास्तविक अस्तित्व को और साथ ही अपने चिंतन और चिंतन के परिणामों को भी बदलता है। जीवन चेतना द्वारा निर्धारित नहीं होता बल्कि चेतना जीवन द्वारा निर्धारित होती है। निरीक्षण की पहली विधि के प्रस्थान बिंदु में चेतना को सजीव व्यक्ति मान कर चला जाता है; दूसरी विधि में स्वयं वास्तविक सजीव मनुष्य, जो वास्तविक जीवन के अनुरूप है, वही प्रस्थान बिंदु है तथा चेतना को पूरी तरह से उसकी चेतना मात्र माना जाता है।’’

एंगेल्स फ्रांज मेहरिंग के नाम अपने प्रसिद्ध पत्र में कहते हैं -‘‘विचारधारा एक प्रक्रिया है, जिसे यह सही है कि तथाकथित चिंतक चेतन रूप से संपन्न करता है पर मिथ्या चेतना के साथ। उसे प्रेरित करने वाली असल प्रेरक शक्तियां उसे अज्ञात रहती है। अन्यथा वह विचारधारात्मक प्रक्रिया ही न होगी। इसलिए वह झूठी या प्रतीयमान प्रेरक शक्तियों की कल्पना कर लेता है। चूंकि यह चिंतन की प्रक्रिया है, इसलिए इसका रूप एवं विषय वस्तु भी वह अपने या अपने पूर्ववर्तियों के विशुद्ध चिंतन से प्राप्त करता है। वह केवल चिंतन सामग्रियों को लेकर काम करता है, जिसे बिना जांच-परख के ही वह चिंतन-फल के रूप में स्वीकार कर लेता है और चिंतन से स्वतंत्र किसी अधिक दूरवर्ती स्रोत की छानबीन नहीं करता। वस्तुत: यही उसके लिए सहज मार्ग है, क्योंकि सारे कार्य में चिंतन की मध्यस्थता होने के कारण उसे वह अंतत: चिंतन पर आधारित ज्ञात होता है। ’’

उम्मीद है, विनोद शाही ने जिस ‘नैसर्गिक इतिहास बोध’ से उत्पन्न ‘स्वायत्त साहित्य’ की बात की है, उसमें ‘साहित्य’ से उनका तात्पर्य वैचारिक उत्पादों की श्रेणी की ऐसी ही एक चीज है। और, मार्क्स-एंगेल्स के उपरोक्त इतने लंबे उद्धरणों को कोई भी यदि ध्यान से पढ़ेगा तो इनमें ऐसे, ‘जीवन के अब तक के इतिहास की हमारी चेतना में मौजूदगी के उत्पाद’ को लेकर विनोद शाही की उन सभी शंकाओं का भरपूर उत्तर मिल जायेगा, जो उन्होंने मार्क्स के ही हवाले से हमारे सामने रखी है।

इसके बावजूद, हम विषय को मार्क्स-एंगेल्स के इस प्रकार के कथनों के उद्धरण पर ही खत्म नहीं करना चाहेंगे, क्योंकि ऐसा करने पर हमारे गूढ़-रहस्य संधानी विद्वान को लग सकता है कि यह तो मार्क्सवाद के सामान्य ज्ञान मात्र से निकाले गये सरल निष्कर्ष हैं। अर्थात एक प्रकार का निगमनात्मक तर्कदोष (deductive fallacy)!

कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र कहता है - ‘‘विगत युगों की सामाजिक चेतना, अनेकानेक विविधताएं और विभिन्नताएं प्रदर्शित करने के बावजूद , किन्हीं सामान्य रूपों या सामान्य विचारों के दायरे में गतिशील रही है’’ ; ‘जर्मन विचारधारा में मार्क्स कहते हैं -‘‘ नैतिकता, धर्म, तत्व मीमांसा, विचारधारा तथा चेतना के तदनुरूपी बाकी सभी रूप अब स्वतंत्रता का नकाब ओढ़े नहीं रह सकते।“ फ्रांज मेहरिंग को एंगेल्स लिखते हैं -‘‘ विचारधारा एक प्रक्रिया है, जिसे यह सही है कि तथाकथित चिंतक चेतन रूप से संपन्न करता है, पर मिथ्या चेतना के साथ।’’ (जोर हमारा)

हम अपनी बात को इस प्रश्न पर केंद्रित करना चाहते हैं कि जिस चीज को ऊपर के उद्धरणों में ‘सामान्य रूपों या सामान्य विचारों के दायरे’, ‘नकाब’ या ‘मिथ्या चेतना’ आदि कहा गया हैं, वे आखिर है क्या ? क्योंकि यही तो है जिनकी वजह से मार्क्स-एंगेल्स का कहना है कि ऐसे भ्रम पैदा होते हैं जिसमें विचारधारा के सारे कार्य अंतत: चिंतन पर आधारित ज्ञात होने लगते हैं! जीवन के ठोस यथार्थ से स्वतंत्र, ‘आंतरिक तौर पर स्वायत्त’! और यही वह आधार है जिसपर हमारे विनोद शाही जी का ‘साहित्य की स्वायत्तता’ का पूरा महल खड़ा होता है।

इस विषय की गहराई से जांच करने के लिये यदि हम मार्क्स की चिंतन प्रक्रिया के सिर्फ एक विषय पर अपने को केंद्रित करें तो हमारा मानना है कि हम यह जान पायेंगे कि जिसे मार्क्स-एंगेल्स चिंतन का एक ‘दायरा’, ‘नकाब’ या ‘मिथ्या चेतना’ बता रहे हैं, वह मूलत: क्या है ? यह विषय है - ‘पण्यों की जड़पूजा’ (commodity fetishism) का विषय, जिसे हम, भले अपनी सुविधा के लिये ही कहीं- कहीं, ‘पण्यों की जड़पूजा’ के बजाय ‘मालांधता’ कहना ज्यादा पसंद करेंगे।

मार्क्स की ‘पूंजी’ का पहला अध्याय है -पण्य और द्रव्य (Commodities and Money)। और इसमें सबसे पहले पण्य को अपने विचार का विषय बनाते हुए उन्होंने जो पहला वाक्य लिखा है, वह है -‘‘जिन समाजों में उत्पादन की पूंजीवादी प्रणाली व्याप्त है, उनमें धन ‘पण्यों के विशाल संचय’ के रूप में सामने आता है और उसकी इकाई होती है एक पण्य।’’

पण्य आदमी के बाहर की एक ऐसी वस्तु जो अपने गुणों के कारण उसकी किसी न किसी आवश्यकता की पूर्ति करती है, वह आवश्यकता भले ‘पेट से पैदा हुई हो या कल्पना से’। कोई वस्तु सीधे हमारे काम में आ सकती है या हमारे काम में आने वाली दूसरी वस्तु के उत्पादन में भी काम में आ सकती है। हर उपयोगी वस्तु में नाना गुण होते हैं और इसीलिए वह नाना प्रकार से हमारे उपयोग में आ सकती है।

मार्क्स कहते हैं कि ‘‘वस्तुओं के विभिन्न उपयोगों का पता लगाना इतिहास का काम है। इसीप्रकार इन उपयोगी वस्तुओं के परिमाणों के सामाजिक दृष्टि से मान्य पैमानों की स्थापना करना भी इतिहास का ही काम है। इन पैमानों की विविधता का मूल आंशिक रूप से तो इस बात में हैं कि मापी जाने वाली वस्तु नाना प्रकार की होती है और आंशिक रूप से प्रचलित ढर्रों (मान्यताओं) में निहित है।’’
‘‘किसी वस्तु की उपयोगिता उसे उपयोग मूल्य प्रदान करती है। लेकिन यह उपयोगिता कोई हवाई चीज नहीं है। वह चूंकि पण्य के भौतिक गुणों तक सीमित है, इसलिए पण्य से अलग उसका कोई अस्तित्व नहीं होता। इसीलिए पण्य जहां तक भौतिक है, उसका उपयोग मूल्य है।’’

इसी क्रम में मार्क्स आगे लिखते हैं कि किसी भी पण्य का गुण इस बात से स्वतंत्र होता है कि उसके उपयोगी गुणों का इस्तेमाल करने के लिए कितने श्रम की आवश्यकता होती है। लेकिन उपयोग मूल्य का हमेशा एक माप होता है, वह निश्चित परिमाणात्मक होता है। यह उपयोग मूल्य चरितार्थ होता है केवल उपयोग या उपभोग के जरिये। और उसके इसी भौतिक आधार से हम जिस समाज पर विचार करने जा रहे है उसमें उसका विनिमय मूल्य उत्पन्न होता है।

गौर करने की बात यह है कि पण्य का विनिमय मूल्य कोई स्थाई मूल्य नहीं होता। यह समय और स्थान के अनुसार हमेशा बदलता रहता है। इसीलिये विनिमय मूल्य अपने आप में एक सांयोगिक तथा पूरी तरह से सापेक्ष चीज प्रतीत होती है। इसप्रकार, ऐसा विनिमय मूल्य जो पण्य के अपने मूल्य से अभिन्न रूप में जुड़ा हुआ है, - यह खुद में एक अन्तर्विरोधी बात लगने लगती है। जो सांयोगिक है, समय और स्थान के सापेक्ष है, वह किसी पण्य के अपने स्थायी मूल्य से कैसे जुड़ा हो सकता है !

और यहीं से मार्क्स कदम-ब-कदम पूंजी के एक अबूझ से, अमूर्तनताओं, संयोगों और सापेक्षताओं के एक प्रकार के प्रेत-संसार की ओर अपनी यात्रा शुरू कर देते हैं। वे पाते हैं कि विभिन्न पण्यों के उपयोग मूल्य को यदि दरकिनार कर दिया जाएं तो जो एक चीज सभी पण्यों में समान रूप से पाई जाती है वह यह कि वे सभी श्रम के उत्पाद है। ‘‘मूल्यों के रूप में तमाम पण्य घनीभूत श्रम-काल की निश्चित राशियां मात्र है।’’

मार्क्स मजे की बात यह देखते हैं कि इस समाज में यह श्रम भी कोई अपने आप में इकहरी चीज नहीं है। श्रम को उसके उपयोग मूल्य से अलग कर लेने पर वह अपने उत्पादों के भौतिक रूपों से भी अलग हो जाता है। अलग-अलग वस्तुओं में लगे श्रम की अलग-अलग सूरत होती है, लेकिन भौतिक वस्तु से अपने को अलग कर लेने पर हर श्रम की एक ही सूरत होती है - अमूर्त मानव-श्रम। पण्य के उपयोग मूल्य और विनिमय मूल्य की तरह ही, जहां तक वह मूल्य के रूप में अपने को व्यक्त करता है, वहां तक उसमें वे गुण नहीं होते जो उपयोगमूल्य के सृजनकर्ताओं, कारीगरों आदि के नाते उसमें होते हैं।

ये अलग-अलग उत्पादक स्वतंत्र रूप से तथा निजी तौर पर जो विभिन्न प्रकार का उपयोगी श्रम करते हैं, उनके बीच का यह गुणात्मक अंतर विकसित होकर एक जटिल व्यवस्था - यानी सामाजिक श्रम-विभाजन बन जाता है। मार्क्स बताते हैं कि यदि हम उत्पादक क्रिया के विशेष रूप की ओर ध्यान न दें तो उत्पादक क्रिया मानव की श्रम शक्ति को खर्च करने के सिवा और कुछ नहीं है। उपयोग मूल्यों के परिमाण में वृद्धि होने का मतलब है भौतिक धन में वृद्धि।

इसप्रकार, जिसे हम पण्य कहते हैं वह वस्तु का भौतिक अथवा प्राकृतिक रूप और उसका मूल्य रूप, इन दो रूपों को धारण किये होता है। मूल्य की कोई स्वतंत्र सत्ता नहीं होती। वह केवल पण्य के साथ, पण्य के सामाजिक संबंधों के रूप में अपने को प्रकट कर सकता है।

आगे मार्क्स देखते हैं कि इस समाज में मूल्य अपने को एक और, द्रव्य (money) रूप में भी प्रकट करता है। मार्क्स कहते हैं कि पण्यों के मूल्य संबंधों के जरिये व्यक्त मूल्य अपनी सबसे सरल, लगभग अदृश्य रूप-रेखा से आरंभ करके कैसे आंखों को चौंधिया देने वाले द्रव्य रूप तक विकास करता है, यह एक सबसे महत्वपूर्ण पहेली और समझने लायक चीज है। वे बताते हैं कि पण्य के मूल्य का प्राथमिक रूप भिन्न प्रकार के दूसरे पण्य के साथ उसके मूल्य संबंध को व्यक्त करने वाले समीकरण में निहित है, अर्थात दूसरे पण्य के साथ विनिमय के संबंध में। लेकिन खुद में यह बात असंभव है कि इतनी असमान वस्तुएं कैसे किसी एक पैमाने से मापी जा सकती है, अर्थात उन्हें गुणात्मक रूप से समान बताया जा सकता है। इसप्रकार का समीकरण इन वस्तुओं की प्रकृति के लिये एक बाहरी चीज, परायी चीज है और इसलिए इसे सिर्फ व्यवहारिक उद्देश्य के लिए अपनाई गई एक ‘कामचलाऊ तरकीब’ कहा जा सकता है।

इसी संदर्भ में मार्क्स अरस्तू की उस प्रतिभा का लोहा मानते हैं कि उन्होंने पण्यों के मूल्यों की अभिव्यक्ति में समानता का संबंध देखा। लेकिन अरस्तू जिस समाज में रहते थे, उसकी परिस्थितियों ने ही उन्हें यह पता नहीं लगाने दिया कि इस समानता की तह में ‘सचमुच’ क्या था। अरस्तू यह नहीं देख पाएं कि पण्यों में मूल्य का आरोपण करना हर प्रकार के श्रम को समान मानव-श्रम के रूप में और इसलिए समान गुण के श्रम के रूप में व्यक्त करने का ही एक ढंग है।

इस प्रकार की एक विस्तृत चर्चा के संदर्भ में मार्क्स ‘पण्यों की जड़पूजा और उसका रहस्य’ विषय पर चर्चा करते हैं, जिसपर हम विनोद शाही जी की ‘स्वायत्तता-चिंता’ के संदर्भ में विशेष तौर पर विस्तार से बात करना चाहते हैं। पूंजी में मार्क्स जिस प्रकार अपने मुद्दे के विषय पर आने के पहले वकीलों की ब्रीफ की तरह अपनी समझ के सारे नुक्तों को सुपरिभाषित करते हुए, किस पद को किस संदर्भ के साथ जोड़ कर देखा जाना चाहिए इसकी एक पुख्ता नींव तैयार करते हैं और उसके आधार पर ‘पूंजी’ के विस्तृत विश्लेषण का अपना विशाल महल तैयार करते हैं, वह चीजों को देखने के मार्क्सवादी नजरिये को समझने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसीमें एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है, पण्य की जड़पूजा, मालांधता का मुद्दा, जो किसी भी वैचारिक उत्पाद की आंतरिक स्वायत्तता के रहस्य को समझने में किसी के लिये भी मददगार हो सकता है।

इस विषय पर मार्क्स इसप्रकार प्रारंभ करते हैं -

‘‘पहली दृष्टि में पण्य बहुत मामूली सी और आसानी से समझ में आने वाली चीज मालूम होता है। किंतु उसका विश्लेषण करने पर पता चलता है कि वास्तव में वह एक बहुत अजीब चीज है, जो आधिभौतिक सूक्ष्मताओं और धर्मशास्त्रीय बारीकियों से ओतप्रोत है। जहां तक वह उपयोग-मूल्य है, वहां तक, चाहे हम उसपर इस दृष्टिकोण से विचार करें कि वह अपने गुणों से मानव-आवश्यकताओं को पूरा करने में समर्थ है, और चाहे इस दृष्टिकोण से कि वे गुण मानव-श्रम के उत्पाद है, इसमें रहस्य की कोई बात नहीं है।... लेकिन जैसे ही वह पण्य के रूप में सामने आती है, वैसे ही वह मानो किसी इंद्रियातीत वस्तु में बदल जाती है। तब वह न सिर्फ अपने पैरों के बल खड़ी होती है, बल्कि दूसरे तमाम पण्यों के संबंध में सिर के बल खड़ी हो जाती है और अपने काठ के दिमाग से ऐसे-ऐसे अजीबोगरीब विचार निकालती है कि उनके सामने मृतात्माओं को बुलाने वाली प्रेत-विद्या भी मात खा जाती है।’’

इसमें वे आगे कहते हैं कि ’’देखने की क्रिया में तो हर सूरत में एक चीज से दूसरी चीज तक, बाह्य वस्तु से आंख तक, सचमुच प्रकाश जाता है। इस क्रिया में भौतिक वस्तुओं के बीच भौतिक संबंध कायम होता है। लेकिन पण्यों के बीच ऐसा कुछ नहीं होता। वह पण्यों के रूप में वस्तुओं के अस्तित्व का और वस्तुओं के बीच पाए जाने वाले उस मूल्य के संबंध का, जो कि उन वस्तुओं को पण्य बना देता है, उनके भौतिक गुणों से तथा इन गुणों से पैदा होने वाले भौतिक संबंधों से कोई ताल्लुक नहीं होता। वहां मनुष्यों के बीच कायम एक खास प्रकार का सामाजिक संबंध है जो उनकी नजरों में वस्तुओं के संबंध का अजीबोगरीब रूप धारण कर लेता है। इसलिए यदि उसकी उपमा खोजनी है तो हमें धार्मिक दुनिया के कुहासे से ढंके क्षेत्रों में प्रवेश करना होगा। उस दुनिया में मानव मस्तिष्क से उत्पन्न कल्पनाएं स्वतंत्र और जीवित प्राणियों जैसी प्रतीत होती है, जो आपस में मनुष्य जाति के साथ भी संबंध स्थापित करती रहती है। पण्यों की दुनिया में मनुष्य के हाथों उत्पन्न होने वाली वस्तुएं भी यही करती है। मैंने इसे जड़पूजा (अंधता - अ.मा.) का नाम दिया है ; श्रम से पैदा होने वाली वस्तुएं जैसे ही पण्यों के रूप में पैदा होने लगती है, वैसे ही उनके साथ यह गुण चिपक जाता है, और इसलिए यह अंधता पण्यों के उत्पादन से अलग नहीं की जा सकती।
‘‘...पण्यों के प्रति इस अंधता का मूल उनको पैदा करने वाले श्रम के अनोखे सामाजिक रूप में है।’’

कहना न होगा, अपनी कृति ‘पूंजी’ के तीनों खंडों में मार्क्स का आगे का पूरा उपक्रम पण्य के बजाय उसके प्रति इसी अंधता पर टिके सामाजिक-संबंधों के रूपों का पर्त-दर-पर्त विश्लेषण है। पण्य का सार-तत्व नहीं, उस सार-तत्व का एक प्रकार की अंधता पैदा करने वाला यह रहस्यमय, मायावी, बल्कि आकर्षक रूप - मार्क्सवाद इसी रूप के विस्तृत संजाल की व्याख्या का दर्शन है। वह पण्य के रूपों के रहस्य-जाल का उन्मोचन करता है। ठीक उसी प्रकार जैसे मनोविश्लेषक दार्शनिक स्लावोय जिजेक फ्रायड के बारे में कहते हैं कि फ्रायड का जोर स्वप्न के पीछे के सार-तत्व, उसके latent dream thought की व्याख्या नहीं था, बल्कि स्वप्न के रूप के रहस्य को उन्मोचित करना था।

और यही तो है वे ‘सामान्य रूपों या सामान्य विचारों के दायरे’, ‘नकाब’ या ‘मिथ्या चेतना’, ‘स्वायत्तताओं के कोटर’ जिनकी हमने इस लेख के शुरू में चर्चा की है और जो पण्यों के संसार के रूप की विशेषताएं हैं। जिस अनुपात में इस पण्यों के संसार के रूप की माया टूटेगी, उसी अनुपात में इन रहस्यों, अंधताओं पर से भी पर्दा उठता जायेगा। इसीलिये कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र कहता है -
‘‘कम्युनिस्ट क्रांति समाज के परंपरागत संपत्ति संबंधों से आमूल संबंध-विच्छेद है ; फिर इसमें आश्चर्य क्या कि इस क्रांति के विकास का अर्थ है समाज के परंपरागत विचारों से आमूल संबंध-विच्छेद।’’
इसप्रकार जाहिर है कि मार्क्सवाद के नाम पर जो यह समझते हैं कि वह शुद्ध पदार्थवाद है, वे शतप्रतिशत गलत है। यह तो पदार्थ कब, कैसे और क्यों कोई खास प्रकार का विनिमय-योग्य मूल्यवान रूप ग्रहण करता है, उस तंत्र के रूप की व्याख्या का सिद्धांत है। वैसे ही जैसे फ्रायड की विश्लेषण पद्धति स्वप्नों के पीछे के किसी सार-तत्व की तलाश की पद्धति नहीं है, बल्कि स्वप्नों के रहस्यमय, अतार्किक रूप के विश्लेषण की पद्धति है। पण्यों पर टिके सामाजिक संबंधों के रूप में भी कोरी अतार्किकताएं भरी हुई है, जिनका आकर्षण दुर्घटनाओं-संयोगों से बनने वाले मूल्यों के पैमानों पर आधारित कोरा रहस्य-रोमांच वाला आकर्षण है।

मार्क्स बताते हैं कि ‘‘पूंजी का परिचलन से उत्पन्न होना असंभव है और उसका परिचलन से बाहर भी जन्म लेना असंभव है। पूंजी का जन्म परिचलन के भीतर होते हुए भी उसके भीतर नहीं होना चाहिए।’’

यही है मालांधता का परिणाम। पण्यों की माया किसी सपने की माया से कम नहीं है, और जैसे फ्रायड अतार्किक स्वप्नों के लक्षणों के अध्ययन का एक पूरा शास्त्र गढ़ते हैं, मार्क्स ने बिल्कुल उसी प्रकार पूंजी के मूल चरित्र से बेखबर, इस मालांधता से पैदा होने वाले सामाजिक संबंधों और उसके सभी शास्त्रों के लक्षणों का अध्ययन किया था। लक्षण, अर्थात उसमें स्वाभाविक रूप से पड़ने वाली दरारें। मार्क्सवादी आलोचना दृष्टि किसी भी ढांचे की इन दरारों से उस पूरे ढांचे के दरकने की प्रक्रिया को और कैसे कोई ढांचा इन दरारों को पाटने में सक्षम होता है, उसे भी देखने की दृष्टि है। कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र जब कहता है कि ‘‘आधुनिक उद्योग का विकास पूंजीपति वर्ग के पैरों के नीचे से उस जमीन को ही खिसका देता है जिसके आधार पर वह उत्पादन करता है और पैदावार को हड़प लेता है। अत: पूंजीपति वर्ग अपनी कब्र खोदनेवालों को पैदा करता है।’’ किसी भी ढांचे या रूप के लक्षण एक ऐसी चीज है जो खुद अपने जन्मदाता को नष्ट करती है।

‘पण्य की जड़पूजा’, मालांधता के इस बेहद दिलचस्प किंतु सबसे उत्तेजक पहलू पर स्लावोय जिजेक की उस चर्चा को हम यहां लाना चाहेंगे जिसमें वे इसकी तुलना फ्रायड के विश्लेषण की पद्धति से करते हैं। आम तौर पर यह माना जाता है कि फ्रायड लक्षणों का अध्येता था। उसने उन्मादग्रस्त आदमी के सोच, उसके सपनों के विश्लेषण से उसके रोग के लक्षणों की खोज की पद्धति विकसित की थी। लेकिन जिजेक अपने प्रसिद्ध लेख, ‘कैसे मार्क्स ने लाक्षणिकता का आविष्कार किया?’ (How did Marx invent the Symptom) में बताते हैं कि लक्षणों की खोज के जिस क्षेत्र को आम तौर पर फ्रायड का क्षेत्र माना जाता है, मार्क्स ने उसके पहले ही किसी भी सामाजिक परिघटना के लक्षणों के अध्ययन की पद्धति विकसित कर ली थी। मार्क्स और फ्रायड की पद्धति में समानता यह है कि दोनों ही किसी भी रूप के पीछे छिपे सार-तत्व के अंध सम्मोहन से बचते हैं : अपने विश्लेषण से वे जिस ‘रहस्य’ पर से पर्दा उठाते हैं वह किसी रूप (पण्यों के रूप, स्वप्नों के रूप) की आड़ में छिपा हुआ सार-तत्व नहीं है, बल्कि इसके विपरीत, खुद इस ‘रूप का रहस्य’ है।

मार्क्स इस बात का विश्लेषण करते हैं कि आखिर वह कौन सा रहस्य है जिसके जरिये श्रम पण्य में मूल्य का रूप ग्रहण कर लेता है ; आखिर क्या बात है कि श्रम अपने उत्पाद के पण्य रूप में ही अपना सामाजिक चरित्र ग्रहण करता है। ठीक उसी प्रकार जैसे फ्रायड इस बात का विश्लेषण करते है कि आखिर क्यों कोई किसी स्वप्न का अंतर्निहित विचार एक स्वप्न की तरह का रूप धारण करके अपने को प्रकट करता है। जबकि न श्रम का मूल्य से कोई सीधा संबंध होता है, न सपने का उसके कथित ‘अन्तर्निहित विचार’ से।

आम तौर पर फ्रायड के सिद्धांत का जिक्र करते समय हमेशा सपनों के पीछे एक कामुकता की बात कही जाती है, जैसे मार्क्स के पण्य के पीछे श्रम की बात। इसी हवाले से फ्रायड की आलोचना भी होती है क्योंकि खुद उसीके अनेक परीक्षणों से यह कामुकता वाली बात साबित नहीं, बल्कि खारिज होती रही है।

इसी सिलसिले में जिजेक कहते हैं कि इस बात के लिये फ्रायड की आलोचना उनके बारे में एक बुनियादी सैद्धांतिक भूल पर टिकी हुई है। इसमें सपने के ‘अंतर्निहित विचार’ (latent thought) को सपने के पीछे काम कर रही अवचेतन की कामना मान कर, उसे सपने की पहचान मान लिया जाता है। जबकि फ्रायड हमेशा इस बात पर बल देते हैं कि इस अंतर्निहित विचार में ‘अवचेतन जैसा कुछ नहीं है’, यह पूरी तरह से एक ‘सामान्य’ विचार है, जिसे आसानी से रोजमर्रे की भाषा में व्यक्त किया जा सकता है, जो आदमी की चेतन/चेतन-पूर्व स्थिति है; आदमी उससे बखूबी परिचित होता है, बल्कि कहीं ज्यादा ही परिचित होता है क्योंकि वह उसे हमेशा पीडि़त किये रहती है। लेकिन खास बात यह है कि एक विशेष परिस्थिति, जैसे निद्रावस्था में, वह सामान्य विचार पृष्ठभूमि में, चेतना से बाहर फेंक दिया जाता है, अवचेतन में आ जाता है, अर्थात सपनों के निर्माण की निश्चित ‘प्राथमिक प्रक्रिया’ में पड़ कर ‘अवचेतन की भाषा’ में रूपांतरित होजाता है। इसलिए, सपना किसी ‘अन्तर्निहित सोच’ से नहीं, बल्कि सामान्य चेतना के विस्थापन, संक्षेपण, शब्दों या ध्वनियों के सार-तत्वों के आकृतियों में निरूपण की तरह की प्रक्रिया से निर्मित रूप होता है। यदि हम ‘सपने के रहस्य’ को उसके प्रकट रूप के अन्तर्निहित सार से खोलना चाहेंगे तो हमें सिवाय निराशा के कुछ भी हाथ नहीं लगेगा। और जो भी हाथ लगेगा वह बहुत ‘सामान्य’ सी बात होगी, अधिकांशत: ‘गैर-कामुक’ ; अवचेतन की तरह की बात तो कत्तई नहीं।

फ्रायड अपनी ‘स्वप्नों की व्याख्या’ (Interpretation of Dreams) में यह भी बताते हैं कि सपने की परिस्थिति में सामान्य विचार दब जाता है, अवचेतन की ओर भी नहीं जाता क्योंकि चेतन से अवचेतन का तार बीच में ही कहीं कट जाता है, और अवचेतन में पड़ी कोई दूसरी ही कामना उभर आती है, जिसका सपने के अंतर्निहित विचार से कोई संपर्क नहीं होता। विचारों की सामान्य श्रृंखला एक असामान्य मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया से, सपने की बुनावट की प्राथमिक प्रक्रिया से गुजरती है, और उसपर अवचेतन की कोई बचपन से दबी हुई कामना छा जाती है। इस अवचेतन की ‘कामुक कामना’ को कभी भी ‘विचारों की स्वाभाविक श्रृंखला’ में नहीं बदला जा सकता, क्योंकि वह बिल्कुल शुरू से ही नैसर्गिक तौर पर दमित है, उसका कोई मूल नहीं है, वह सपनों की बुनावट की ‘प्राथमिक प्रक्रिया’ के तंत्र में मौजूद है। सपने का विषय (अवचेतन की कामना) सिर्फ अपने को सपने के स्वरूप में ही व्यक्त करता है। और इस स्वरूप में यह अवचेतन तत्व इतनी तेज गति से प्रकट होता है कि चेतना में उसका रूप गड्ड-मड्ड, एक न सुलझाई जा सके, ऐसी पहेली बन जाता है।

इसी के आधार पर फ्रायड कहते हैं कि सबसे पहले तो हमें सपनों को अर्थहीन ऐसी परिघटना के रूप में देखना होगा जो कोई दमित संदेश प्रेषित कर रही है। सपने के रूप की व्याख्या के जरिये हमें उस संकेत को पकड़ना होगा। और दूसरा, हमें सपने के पीछे के ‘छिपे हुए अर्थ’, अर्थात सपने के स्वरूप के पीछे छिपे हुए सार-तत्व के प्रति मोह से मुक्त होना होगा और खुद उस रूप पर ध्यान देना होगा, ‘स्वप्न-स्वरूप’ में जिसे ‘अन्तर्निहित स्वप्न-विचार’ ने धारण किया है।

मार्क्स की पण्य और पण्य की जड़पूजा, मालांधता की दीर्घ चर्चा, पण्य के मूल्य के निर्धारण में गहरे तक बैठी सांयोगिकता अर्थात अतार्किकता की लंबी चर्चा के बाद, सपनों के रूप के बारे में फ्रायड के विचारों पर की गई इस चर्चा पर यदि हम गंभीरता से गौर करें तो इन दोनों में एक अनोखा साम्य दिखाई देगा।

मार्क्स ने भी फ्रायड की तरह ही सबसे पहले पण्य के रहस्यमय रूप को तोड़ते हुए देखा कि उसका मूल्य बिल्कुल मनमाने ढंग से, कामचलाऊ आधार पर, सांयोगिक और सापेक्ष होता है। उसका कोई तार्किक पैमाना नहीं होता। वे पण्यों के मूल्य के रहस्य को भेदते हैं। लेकिन देखते हैं कि इस संयोग के तत्व को जान लेने भर से उस पद्धति को नहीं बदला जा सकता है जिसके जरिये श्रम-समय के मूल्य का निर्धारण किया जाता है। अर्थात, ‘‘मूल्य के परिमाण का श्रम-काल द्वारा निर्धारित होना एक ऐसा रहस्य है जो पण्यों के सापेक्ष मूल्यों के प्रकट उतार-चढ़ाव के नीचे छिपा रहता है। इससे यह तो पता लग जाता है कि श्रम से उत्पन्न होने वाली वस्तुओं के मूल्यों के परिमाण केवल सांयोगिक ढंग से निर्धारित होते हैं, लेकिन इससे इस निर्धारित होने के ढंग में कोई तब्दीली नहीं आती।’’

मार्क्स कहते हैं कि इस रहस्य को भेदना ही यथेष्ट नहीं है। इसके बाद भी बहुत कुछ बचा रह जाता है। पूंजीवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र पण्य-रूप के रहस्य को तो भेद लेता है, लेकिन उसकी सीमा यह है कि वह अपने को पण्य-रूप के रहस्य के सम्मोहन से मुक्त नहीं कर पाता है। उसका ध्यान संपत्ति के स्रोत, श्रम पर अटका रह जाता है। वह पण्य-रूप के पीछे छिपे सार-तत्व को जानने में तो दिलचस्पी रखता है लेकिन स्वयं इस रूप के अपने रहस्य की व्याख्या नहीं कर पाता। यह वैसी ही एक पहेली बना रहता है, जैसे कोई सपना बना रहता है। सपने के अन्तर्निहित विचार को जान लेने पर भी हमारे लिये सपना एक सपना ही रहता है, मस्तिष्क में उभरने वाले अक्शों का एक ऐसा असंलग्न, अतार्किक रूप जिसकी कोई व्याख्या नहीं है। असल प्रश्न यही है कि क्यों कोई विचार अपने लिए इसप्रकार के रूप का आवरण ग्रहण करता है?

मार्क्स पूछते हैं कि ‘‘जैसेे ही कोई श्रम पण्य का रूप धारण करता है, क्या तभी श्रम का फल एक रहस्यमय रूप धारण नहीं कर लेता ? क्लासिकल राजनीतिक अर्थशास्त्र की सबसे बड़ी कमजोरी यही है कि वह रूप के उद्भव की इस प्रक्रिया पर ध्यान नहीं दे पाता है। ...उसने एक बार भी यह सवाल नहीं किया कि इस कथ्य ने यह खास रूप क्यों ग्रहण किया, अर्थात क्यों श्रम मूल्य से अभिव्यक्त होता है और क्यों श्रम का उसके समय के जरिये माप उत्पाद के मूल्य के परिमाण में व्यक्त होता है ?’’

स्लावोय जिजेक कहते हैं कि वैसे तो पण्य-रूप का मार्क्सवादी विश्लेषण एक आर्थिक विषय है, लेकिन इसने समाजवैज्ञानिकों, दार्शनिकों, कला इतिहासकारों की पीढि़यों पर गहरा प्रभाव डाला है। इसकी वजह यह है कि यह हमें एक ऐसा यंत्र प्रदान करता है जो ‘जड़पूजा’ या ‘अंधता’ में उलट-पुलट दिखाई देने वाले यथार्थ के सभी रूपों को साक्षात करने में हमें समर्थ बनाता है। यह कुछ ऐसा है जैसे पण्य-रूप की द्वंद्वात्मकता परिशुद्ध रूप में हमारे सामने उस प्रक्रिया का एक संस्करण पेश कर दें जिससे उन सभी परिघटनाओं के बारे में सैद्धांतिक समझ कायम करने की कुंजी मिल जाएं जिनका पहली नजर में राजनीतिक अर्थशास्त्र के क्षेत्र से सीधा कोई संबंध नहीं है, जैसे कानून, धर्म आदि। जाहिर है साहित्य भी एक ऐसा ही क्षेत्र है। इसप्रकार, जिजेक के शब्दों में ‘‘पण्य-रूप में खुद पण्य-रूप से कहीं ज्यादा तात्पर्य निहित है और यह ‘ज्यादा’ ही उसमें एक सम्मोहक आकर्षण पैदा करता है।’’

विनोद जी अपनी टिप्पणी में फ्रैंकफर्ट स्कूल के विद्वानों का जिक्र करते हैं। जिजेक ने भी इसी बिंदु पर फ्रैंकफर्ट स्कूल के फेलो ट्रैवलर्स जोन रैथल को उद्धृत किया है :
‘‘पण्य का बाकायदा विश्लेषण सिर्फ राजनीतिक अर्थशास्त्र की आलोचना की कुंजी नहीं है, बल्कि यह अमूर्त अवधारणामूलक चिंतन की पद्धति और उसके साथ ही पैदा हुए बौद्धिक और कायिक श्रम के बीच विभाजन की भी ऐतिहासिक व्याख्या प्रदान करता है।’’

जिजेक कहते है : उनके अनुसार, ‘‘दूसरे शब्दों में, पण्य-रूप के ढांचे में अनुभवातीत विषय का संधान संभव है। पण्य-रूप कांट के अनुभवातीत विषय की शरीर-रचना, उसके पंजर को पहले ही प्रस्तुत कर देता है - अर्थात अनुभवातीत श्रेणियों के उस संजाल को जिससे ‘वस्तुनिष्ठ’ वैज्ञानिक ज्ञान का एक पूर्व-ढांचा तैयार होता है। पण्य-रूप की यह विडंबना है कि यह अंतर-जगत की व्याधिमूलक परिघटना (pathological phenomenon) हमें ज्ञान के सिद्धांत के मूलभूत सवाल के समाधान की कुंजी देती है : वह वस्तुनिष्ठ ज्ञान जो सर्वकालिक महत्व का है।’’ जिजेक पूछते है - ‘यह कैसे संभव है ?’

रैथल के दर्शनशास्त्रीय चिंतन के इसी गड़बड़झाले की छानबीन करते हुए द्रव्य आदि की व्याख्या के बाद अंत में जिजेक मार्क्स के हवालों से ही दिखाते हैं कि जीवन के तमाम व्यापारों में मनुष्य एक व्यवहारिक अहंवादी (practical solipist), जीवन को मिथ्या समझने वाले व्यक्ति की ही भूमिका अदा करता है। वह तमाम विनिमयों में तर्क को दरकिनार करके चलता है। आदमी अपने लक्षणों को तभी भोग सकता है जब वह उसके तर्क को नहीं समझता।

इसीप्रकार आस्था का प्रश्न भी हमारी प्रभावी सामाजिक गतिविधियों में मूर्त होता है। मार्क्स की पूंजी में मुहावरे की तरह कहन के इस ढंग का बार-बार प्रयोग होता है कि ‘वह नहीं जानता, वह क्या कर रहा है’। कहना न होगा, पण्य की जड़पूजा अमूर्तताओं के जगत में व्याप्त अतार्किकता का पार्थिव आधार है। वह किसी ‘ईश्वरीय उपनिषद’ की देन नहीं है, मूलत: इसी व्यवहार जगत की उपज है।

इन सामाजिक और साहित्यिक-सांस्कृतिक लक्षणों के बल पर ही हम यह देख पाते हैं कि कैसे और किन परिस्थितियों में कोई अदना सा लेखक साहित्य जगत के ‘महापौर’ का रूप धारण कर लेता है। कैसे ‘साहित्य की स्वायत्तता’ की खुशफहमी साहित्य क्षेत्र की व्याधिमूलक परिघटना, उसके लक्षणों की उपज है। यही है, सारे तर्कों को दरकिनार कर साहित्य क्षेत्र में विनिमय के उपभोग का एक व्यवहारिक अहंवादी (practical solipist) तरीका।

यह तो है महापौर की प्रतिमा में जड़ीभूत परम तत्व की सूक्ष्म सिद्धांत चर्चा । यह इसलिये क्योंकि इस प्रतिमा के स्थूल रूप, इसके अंग-प्रत्यंग के ठोस वर्णन में अश्लीलता के ख़तरे तमाम हैं । फिर भी विनोद शाही जी को इस महापौर की निर्मिति में किये गये व्यय की ही अगर थाह पानी हो तो सिर्फ 'जगह' (सं. पीयूष दईया) और 'संसार का गुणगान' (सं.राजेंद्र मिश्र) शीर्षक अशोक वाजपेयी पर दो प्रशस्ति ग्रंथों को थोड़ी सी सजगता से देख लें  । दरबार के तमाम नवरत्नों और मनसबदारों को बादशाह की इबादत में सिर झुकाये एक क़तार में यहाँ जिस प्रकार खड़ा किया गया है, वह अरबों रुपये के सरकारी व्यय से 'लिफ़्ट पकड़ने के लिये हांफती साँसों' के कवि-कायांतर की पूरी कहानी के सूत्र थमा देते हैं । पहले पियूष दईया के ज़रिये अपनी मूर्ति की स्थापना की और दरबारियों को उनके सही स्थानों पर हमेशा के लिए साट देने की 'जगह ' बनाई और फिर कुछ नये- कुछ पुराने प्रशस्ति-पत्रों के ज़रिये आरती से मूर्ति में प्राण-प्रतिष्ठा कर सबके लिये गणेश परिक्रमा से 'संसार (यानी अशोक वाजपेयी) का गुणगान' के कीर्तन का स्थायी प्रबंध किया गया ! दशकों तक भारत सरकार और एक राज्य सरकार के संस्कृति और शिक्षा मंत्रालयों में बेख़ौफ़ चले conflict of interests वाले पहाड़ समान भ्रष्टाचार की निर्मितियों की इस कहानी की विडंबना यह है कि इनको खोदने पर अंत में हासिल एक चूहा ही होता है । यही है - 'स्वघोषित महापौर कि विडंबना' ! और, प्रशस्तिकारों में 'व्यवहार के विभ्रम' की विडंबना ! - जिस पर ऊपर काफ़ी चर्चा हुई है । इस संदर्भ को और भी जानना हो तो रमेश चंद्र शाह के नाम मलयज के पत्रों के संकलन ' रंग अभी गीले हैं ' के लगभग हर पृष्ठ में आए अशोक जी के उल्लेखों को देख लीजिए । 'धुरी- विहीन' बौद्धिक ।  ''शासन को ऐसे लोग ही चाहिए । जैसे संतों में विनोबा, मास्टरों में नामवर सिंह, वैसे ही दफ्तरशाहों में अशोक वाजपेयी '' । जब केदारनाथ सिंह को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला तो अशोक जी बुदबुदाये थे - अरे! यह चंद घोड़ों का मनसबदार चक्रवर्ती सम्राट बन गया ! 'इतना बड़ा तो यह न था !' 

कम्युनिस्ट घोषणापत्र में एक बड़ा अध्याय है ‘प्रतिक्रियावादी समाजवाद’ पर। इसमें ‘काल्पनिक समाजवादियों’ की सबसे बड़ी कमजोरी यही बताया गया है कि वे किसी न किसी रूप में यह विश्वास करते हैं कि एक ऐसा समाज बनाना संभव है जिसमें विनिमय के संबंध होंगे, बाजार के लिए उत्पादन होगा लेकिन उत्पादन के साधनों का मालिक और कोई नहीं खुद मजदूर होगा ‘ताकि उनका शोषण न होने पायें’। अर्थात वे एक ऐसी सर्वकालिक (universal) व्यवस्था का बनना संभव समझते हैं जिसमें कहीं किसी दरार के लक्षण नहीं होंगे, जो उस ढांचे को बिखेरने की भूमिका अदा करते हो।

मार्क्सवादी विश्लेषण पद्धति हमें सामाजिक लक्षणों की तरह ही सभी अधिरचना से जुड़े क्षेत्रों के लक्षणों की जांच के भी औजार प्रदान करती है, जैसा कि हमने मालांधता के मामले में देखा ; जैसा फ्रायड सपनों के रूप से मनोरोगों के लक्षणों की सिनाख्त की एक पद्धति तैयार करते हैं। हमारे अनुसार, साहित्य की मार्क्सवादी आलोचना की यही भूमिका हो सकती है, कथित साहित्य-संसार के स्वरूप के लक्षणों की पहचान कराना। वर्ना सारी भाव-भंगिमाओं के बावजूद आलोचना की दशा उन्हीं सामंती समाजवादियों की तरह की होगी जिनका ‘कम्युनिस्ट घोषणापत्र’ में खींचा गया यह चित्र बेहद संकेतपूर्ण है :

‘‘फ्रांस और इंगलैंड के अभिजातों की ऐतिहासिक स्थिति ऐसी थी कि आधुनिक पूंजीवादी समाज के खिलाफ पैंफ्लेट लिखना उनका पेशा बन गया। ...सामंती समाजवाद की उत्पत्ति इसी तरह हुई : कुछ रोना-धोना, कुछ व्यंग्यात्मक तीर चलाना, कुछ अतीत को प्रतिध्वनित करना, कुछ भविष्य का भय दिखाना ; कभी-कभी अपनी कटु व्यंग्यपूर्ण और पैनी आलोचना द्वारा पूंजीपतियों के मर्म-स्थल को चोट पहुंचाना ; किंतु आधुनिक इतिहास की प्रगति को हृदयंगम करने में अपनी संपूर्ण असमर्थता के कारण अपने प्रभाव में सदा हास्यास्पद रह जाना।
‘‘जनता को अपनी तरफ करने के लिए इन अमीर-उमरा ने सर्वहारा वर्ग की भीख की झोली को अपना झंडा बनाया। लेकिन जब-जब जनता उनके साथ हुई, उसने देखा कि उनके कूल्हों पर अभिजातों के वंश चिन्हों के ठप्पे लगे हुए हैं, और वह हंसी के जोरदार ठहाकों से उनका अपमान करती हुई उन्हें छोड़ कर चल दी।’’


इस लेख के प्रारंभ में हमने मार्क्स-एंगेल्स के जो चंद उद्धरण दिये थे, इस लंबी चर्चा के बीच से उनके मर्म की बातें, ‘चिंतन के दायरे’, ‘नकाब’ और ‘मिथ्या चेतना’ की बातें, जरूर साफ होगई होगी। और जहां तक बिनोद शाही जी की ‘ईश्वर के प्रतीकार्थों’ वाली बात है, उसका बहुत कुछ तो इस बुनियादी ‘जड़पूजा’ चर्चा से स्पष्ट हो जाना चाहिए। इसके अलावा, इसी लेखक ने धर्म के बारे में मार्क्स के विचारों पर एक लंबा लेख लिखा है जो हाल में प्रकाशित पुस्तक ‘धर्म, संस्कृति और राजनीति’ में संकलित है, उस पर भी एक नजर डाली जा सकती है।

इतने सबके बाद भी यदि ‘स्वायत्तता’ का घटाटोप अपनी जगह कायम रहता है तो हम अपनी बात का अंत छांदोग्य उपनिषद की इंद्र और विरेचन की उस कहानी से करेंगे जिसके शुरू में प्रजापति कहते हैं,

‘‘आत्मा जो पापरहित है, अजर अमर है, दुख, बुभुक्षा, तृष्णारहित है, जिसका लक्ष्य और आदर्श परम सत्य है, उसीकी खोज की जानी चाहिए। उसी का बोध प्राप्त करने की इच्छा होनी चाहिए। जिसे आत्मा का बोध होगया, वह सभी लोकों और इच्छाओं को पागया।
देवों और असुरों दोनों ने इसे सुना फिर उन्होंने कहा : ‘आओ हम उस आत्मा को खोजे, जिसके बोध से मनुष्य सब लोकों और इच्छाओं को प्राप्त कर लेता है।’
देवताओं में से इंद्र और असुरों में से विरेचन प्रजापति के पास गए। दोनों ने इस पवित्र ज्ञान को प्राप्त करने के लिए बत्तीस वर्ष तक ब्रह्मचर्य का पालन किया।
तब प्रजापति ने दोनों से पूछा, ‘आप लोग कौन सी इच्छा को लेकर जी रहे हैं। दोनों ने बताया वे किस प्रकार की आत्मा की प्राप्ति की इच्छा के लिए जी रहे हैं।
तब प्रजापति ने इन दोनों को कहा : वह जो आंखों में दृष्टिगोचर है, वही आत्मा है जिसके संबंध में मैंने कहा है। वही अमर और भयरहित है। वही ब्रह्म है।
‘किंतु भगवन! जिसे हम जल और दर्पण में देखते हैं वह कौन है?
‘वस्तुत: वही इन सबमें दृष्टिगोचर है’, प्रजापति ने कहा। ‘जल के पात्र में देखो। आत्मा के बारे में तुम जो कुछ नहीं समझ पाते मुझे बताओ।’
तब दोनों ने जल के पात्र में देखा।
फिर प्रजापति ने उनसे कहा :‘तुम्हें क्या दिखाई दे रहा है?’
तब दोनों ने कहा : प्रभु हमें इसमें सब कुछ दिखाई दे रहा है। एक ऐसी आत्मा जो ठीक हम जैसी है। यहां तक कि बाल और नाखून भी हमारे जैसे ही है’।
तब प्रजापति ने उन दोनों से कहा : ‘तुम लोग स्वयं को आभूषणों एवं सुंदर वस्त्रों से अलंकृत करो और फिर जल के पात्र में देखो।’
तब दोनों ने अपने आप को सुंदर वस्त्रों और आभूषणों से सुसज्जित किया और जल के पात्र में देखा।
तब प्रजापति ने उनसे पूछा : ‘ आप लोगों को क्या दिखाई दे रहा है?’
दोनों ने उत्तर दिया : ‘ठीक वैसा ही जैसे कि हम हैं प्रभु, आभूषणों और वस्त्रों से सुसज्जित।’
‘वही आत्मा है’, प्रजापति ने कहा। अमर और भयरहित है, वही ब्रह्म है।’
तब शांत हृदय के साथ उन दोनों ने प्रस्थान किया।
प्रजापति ने उन्हें जाते हुए देखा और कहा : ‘वे दोनों बिना कुछ समझे और आत्मा को जाने लौट रहे हैं। जिस किसी के पास भी वह उपनिषद होगा चाहे वे देव हो या असुर, उनका विनाश हो जायेगा।
तब विरोचन शांत हृदय के साथ असुरों के पास आया। उसने उन्हें इस उपनिषद के बारे में बताया : ‘स्वआत्मा को इसी पृथ्वी पर सुखी बनाना है। इसी की सेवा करनी है। जो अपनी आत्मा को इस पृथ्वी पर सुखी बनाता है जो उसकी सेवा करता है उसे दोनों लोक प्राप्त होते हैं।’
इसीलिए आज भी इस पृथ्वी पर उसके संबंधी उस व्यक्ति को अश्रद्धावान कहते हैं जो दाता नहीं है, जिसकी आस्था नहीं है जो यज्ञ नहीं करता, यही असुरों का उपनिषद है। वे मृतक के शरीर को भिक्षा में प्राप्त वस्त्रों तथा आभूषणों से सजाते हैं और इस बात को मानते हैं कि इससे वे दूसरा लोक भी जीत लेंगे।’’ ( देवीप्रसाद चट्टोपाध्याय, लोकायत, मैकमिलन, हिंदी संस्करण, पृष्ठ: 35-37)

अंत में, चारों वेदों के चार महामंत्र, ब्रह्मवाक्यों, तत्वमसी के घटाटोप को नमस्कार !

हमको मालूम है जन्नत की हकीकत लेकिन
दिल के बहलाने को गालिब ख्याल अच्छा है।





श्रीमान स्वपन दासगुप्त ! उदार हलके विचारों की लड़ाई लड़ते हैं और फासीवादी विचारवानों का सफाया करते हैं ! इन दो बातों के फर्क को क्या आप जानते हैं ?


(आज के ‘टेलिग्राफ’ में स्वपन दासगुप्त के लेख पर एक प्रतिक्रिया)
-अरुण माहेश्वरी

कहते हैं न कि जब हम किसी चीज को बिना जाने उसकी कमियों का बखान करने लगते हैं, तब हम किसी न किसी रूप में अपनी ही कमी का, अपने नजरिये की विकृतियों का बखान कर रहे होते हैं।

इसका एक क्लासिक उदाहरण है स्वपन दासगुप्त का यह लेख -‘‘ The Liberal world and its predetermined conclusions : Enemies of Liberty “(उदार दुनिया और उसके पूर्वनिर्धारित निष्कर्ष : स्वतंत्रता के शत्रु)।
उनके लेख का निशाना साफ है - आज के भारत में असष्णिुता की परिस्थिति पर चल रही बहस। वे इसके लिये लंदन के कथित उदार जगत की एक कहानी गढ़ते हैं। बताते हैं कि फिलिस्तीनियों के ‘संघर्ष’ के इन पक्के समर्थकों ने गांधी और मंडेला की प्रशंसा की। लेकिन उगांडा के इदी अमीन और जिंबाब्वे के रोबर्ट मुगाबे को इन्होंने कभी नहीं स्वीकारा। उनके अनुसार, आज ऐसे ही घृणा के पात्रों की सूची में वे रूस के राष्ट्रपति पुतिन, सीरिया के राष्ट्रपति बशर-अल-असद को रखे हुए हैं। इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू और उनकी लिकुड पार्टी को भी यह हलका कभी नहीं स्वीकारता।

अपने इस लेख में उदारों की ‘घृणा के पात्रों’ की सूची में उन्होंने एक और नाम जोड़ा है - टर्की में हाल के चुनाव में विजयी राष्ट्रपति रिजेप ताय्येप एर्डोवान का नाम। वे लिखते हैं कि पिछले जून महीने के चुनाव में वहां किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था, उसकी तुलना में अब एर्डोवान की न्याय और विकास पार्टी (एकेपी) को साफ बहुमत मिलने से जाहिर हुआ कि टर्की के लोगों ने स्थिरता और देश को एक निश्चित दिशा में ले जाने के पक्ष में मत दिया है।

इसके साथ ही, दासगुप्ता ने अपने छिछले इतिहास ज्ञान को उजागर करते हुए एर्डोवान की इस जीत की तुलना 1980 में इंदिरा गांधी की जीत और 2014 में मोदी की जीत से की है। जाहिर है कि सन् ‘77 के जनता पार्टी के प्रयोग की विफलता से उत्पन्न अस्थिर राजनीतिक स्थिति और 2014 के वक्त लगातार दस सालों से चल रही एक स्थिर कांग्रेस सरकार की स्थिति में समानता सिर्फ वही व्यक्ति देख सकता है, जिसके पास ऐतिहासिक तुलनात्मकता का न्यूनतम बोध भी न हो !

बहरहाल, दासगुप्ता के लेख का मकसद यह नहीं, बल्कि उदार हलकों की संकीर्णता जाहिर करना है। उनका क्षोभ इस बात पर है कि एर्डोवान जीत गये, पर लंदन के उदारवादी हलके इस जीत को पचा नहीं पा रहे हैं। चैनल फोर का संवाददाता कहता है - ‘‘चुनाव स्वतंत्र हुआ लेकिन क्या सही हुआ ?’’ (Election was free but was it fair?) । ‘एर्डोवान विभाजनकारी है, टर्की में एकाधिकारवाद कायम कर सकता है।’ चुनाव के दौरान एकेपी के कुछ नेताओ ने वहां के उदारवादियों को धमकाया था - ‘देख लेंगे।’ दासगुप्त कहते हैं कि भारत में यह एक साधारण बात है, अमित शाह का ‘जुमला’, लेकिन हर देश के अपने-अपने मानदंड होते है!

इसी प्रसंग में वे कहते हैं कि टर्की में क्या हो रहा है, इसे लंदन में ‘गार्जियन’ का पाठक नहीं, भारत का आदमी ज्यादा अच्छी तरह से समझ सकता है। ‘बीबीसी के एक संवाददाता ने इस चुनाव से असंतुष्ट टर्की के एक मनोचिकित्सक से पूछा कि तब क्या आप ‘देश छोड़ देंगी’ तो उसका जवाब था - ‘क्यों, यह हमारा देश है’।’
इसप्रकार, उदार हलकों में घृणा के पात्र समझे जाने वाले इदी अमीन, मुगाबे, नेत्यानाहू , पुतिन, बशर-अल-असद के बाद एर्डोवान जैसे ‘मासूम’, उदार हलकों के पूर्वाग्रहों के ‘शिकार’ चरित्रों की दासगुप्ता की इस कहानी का एक संकेत यह भी है कि जो लोग इनसे नफरत करते हैं, वे उनके देश के नहीं, ‘लंदन के उदार हलको’ की तरह बाहर के, अर्थात विदेशी है। जैसे आज शाहरुख खान पाकिस्तानी है !

बहरहाल, हम ‘नफरत के पात्रों’ के पक्ष में दासगुप्ता की इस दलील में शुरू से उनके मुवक्किल के रूप में हिटलर को भी तलाश कर रहे थे। लेकिन इस कहानी में हिटलर का प्रवेश सीधे नहीं हुआ है, कहानी के अंत में, घुमा कर हुआ है। लेख के अंत में वे आगामी 13 नवंबर को लंदन के वैंबले स्टैडियम में मोदी की सभा का उल्लेख करते हैं और कहते हैं कि उदार तबकें इसकी तुलना न्यूरेमबर्ग में हिटलर की सभा से करेंगे।

इतिहास में घृणा के पात्रों के प्रति प्रीति जगाने के उनके इस उपक्रम की अंतिम पंक्ति है - ‘उदार हलके में सिर्फ एक मत, उनके अपने मत के लिए जगह है’।( In the liberal world, there is space for only one view - their own) ।

हम उनसे यही कहेंगे कि हिटलरों के जगत में मत-विरोध तो छोडि़यें, विरोध करने वाले के अस्तित्व मात्र के लिए भी कोई जगह नहीं होती है। विरोध से निपटने का उनका तरीका यहूदियों से निपटने के हिटलर के तरीकों से पैदा होता है। भारत में इसे ही डाभोलकर, पानसारे और कलबुर्गी पर आजमाया गया है। अखलाक को कुचल कर तमाम अल्पसंख्यकों को इसका संदेश पहुंचाया गया है। दलितों की हत्याओं से भी वही संदेश दिया जाता है।
स्वपन दासगुप्ता का यह लेख उनके उकसावेबाज चरित्र का ही एक प्रमाण है जिसके लिए एनजेएसी के बारे में टाइम्स नाउ की बहस के दौरान संविधानविद राजीव धवन ने उनकी खिलखिलाहट का तिरस्कार करते हुए कहा था - दासगुप्ता! बात कह कर हंसिये मत !

मंगलवार, 3 नवंबर 2015

बिहार और वाम

- अरुण माहेश्वरी

हम फिर एक बार बिहार चुनाव को लेकर खुद को वैसी ही उत्तेजना में पा रहे हैं, जैसी दिल्ली के पिछले चुनावों के वक्त थी। संक्रांति के ऐसे माहौल में, अनायास ही अपनी सही-गलत समझ और विश्लेषण के साथ हम भी उस सत्य के अंशी बन जाते हैं, जो सारी भ्रांतियों के अंत में, सामाजिक लक्षणों के अर्थ के रूप में प्रकट होने वाला है।
आज एक संवाददाता सम्मेलन में सीपीआई(एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य बोल रहे थे। उनका कहना था कि बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की करतूतों ने व्यापक जनता में उनके खिलाफ इतना गहरा असंतोष पैदा कर दिया है कि इस चुनाव मे उनकी भारी पराजय सुनिश्चित है। वे यह भी कह रहे थे कि भाजपा के एनडीए के खिलाफ सबसे बड़े गठबंधन के नाते नीतीश कुमारे के नेतृत्व के महागठबंधन को इस स्थिति का पूरा लाभ मिलेगा, उसकी एक बड़ी जीत सुनिश्चित है।

सब जानते हैं कि बिहार के इस चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के अलावा वामपंथी पार्टियों का एक और गठबंधन भी मैदान में उतरा हुआ था। ऐसे एक प्रतिद्वंद्वी गठबंधन के एक नेता द्वारा महागठबंधन की जीत को सुनिश्चित बताना, बिहार के चुनाव के सच को परिणाम सामने आने के पहले ही सबके सामने रखने के समान है।

इस चुनाव में वाममोर्चा अपनी पूरी ताकत के साथ लड़ रहा है, इसमें शक नहीं। आज जो विवर्तन की स्थिति बनी है, उसमें वाममोर्चा की इस लड़ाई का भी निश्चित योगदान है। हो सकता है कि वामपंथ को इसमें सीधा कोई खास लाभ न मिलें, लेकिन इस प्रक्रिया में उसकी सक्रिय और संगठित भागीदारी खुद में कम महत्वपूर्ण नहीं है। कोई भी सत्य क्या कभी सीधे प्रकट होता है ? हमेशा एक विरोधाभासी ढांचे के बीच से ही वह अपने को जाहिर करता है। इसे ही संक्रांति की भ्रांति कहते हैं जो अंतिम सत्य को प्रकट करने का माध्यम बनता है।

ऐसे में दीपांकर भट्टाचार्य का कथन वाम की राजनीतिक परिपक्वता का परिचायक है। वाममोर्चा की विफलता कोई ब़ड़ी बात नहीं है। सच यह है कि विफलताओं से ही सफलताओं की सीढ़ियाँ तैयार होती है, न कि किनारे से नजारा करने पर। कोई भी क्रांति बिना क्रांति किये नहीं होती। हमारे समाज के वास्तविक सत्य को, इसके विविधताओं से भरे धर्मनिरपेक्ष ढांचे के सत्य को सामने लाने वाली इस संक्रांति को संभव बनाने में वाम मोर्चे की भूमिका भविष्य में उसके नाटकीय उभार का आधार बन सकती है, बशर्ते इसके बीच से उसने जो भी शक्ति और गति हासिल की है, उसे आगे भी लगातार साधती रहे।

सोमवार, 2 नवंबर 2015

क्या कहेंगे प्रधानमंत्री जी की इन आत्महंता नीतियों को ?


-अरुण माहेश्वरी

कहते है ना कि किसी भी व्यक्ति के बारे में अनर्थकारी भविष्यवाणी तभी सच साबित होती है जब उस व्यक्ति को भविष्यवाणी के बारे में बता दिया जाता है। तब वह सचेत होकर उससे बचने के लिये तमाम उट-पटांग काम शुरू कर देता है और खुद ही ऐसे हालात पैदा कर देता है कि जिस नियति से वह बचना चाहता है, उसीकी चपेट में बुरी तरह फंस जाता है।

आज बिहार चुनाव को लेकर वही दशा नरेंद्र मोदी की हो गयी है। जैसे-जैसे उनको चारों ओर से यह सुनाई देने लगा कि वे बिहार में हार रहे हैं, इस हार को टालने के लिये उन्होंने इतने बुरे काम शुरू कर दिये हैं कि अब हार से बचना तो दूर, क्रमश: बात इसपर आकर टिक गयी है कि उनकी हार कितनी बुरी होने वाली है। बिहार में कहीं दिल्ली की कहानी तो नहीं दोहरा दी जायेगी? क्या एनडीए को दस प्रतिशत सीटें भी मिलेंगी ?

फ्रायड ने जिसे आदमी के अवचेतन की इडिपस ग्रंथी कहा था, व्यक्ति की अपने माता-पिता के प्रति आकर्षण की असहज ग्रंथी, उसका स्रोत भी यही था। । इडिपस की कहानी में उसके पिता को ज्योतिषी ने बता दिया था उसका बेटा उसे मार कर अपनी मां से ही शादी कर लेगा। पिता इस भविष्यवाणी से बचने के लिए अति सचेत हो गया। उसने बचपन में ही बेटे को अपने से दूर जंगल में भेज दिया। इसीलिए बाद में जब उसका बेटे से मुकाबला हुआ, बेटा उसे पहचान ही नहीं पाया और वह बेटे के हाथों मारा गया। बेटे ने अपनी सौतेली मां से ही शादी कर ली। कहने का मतलब यह है कि अगर इडिपस का पिता उस भविष्यवाणी को नहीं जानता तो इडिपस आराम से अपने मां-बाप के साथ रहता और इस ‘इडिपस-ग्रंथी’ नामकी कोई चीज पैदा नहीं होती।

हिंदी में कहावत है कि जब गीदड़ की मौत आती है तो वह शहर की ओर भागता है। समरसेट मौम के नाटक ‘शैपे’(Sheppey) में एक कहानी है - बगदाद का एक व्यापारी अपने नौकर को बाजार से सामान लाने भेजता है। नौकर जल्द ही बाजार से थरथराता हुआ लौट आता है। मालिक पूछता है, क्या हुआ ? नौकर कहता है, बाजार में भीड़ में एक औरत मुझसे टकराई। वह मौत थी। मुझे घूर-घूर कर देख रही थी। मुझे यहां से फौरन भागना होगा। मालिक, अपना घोड़ा दीजिए, मौत से बचने शहर से दूर चला जाऊंगा। मालिक ने अपना घोड़ा दे दिया और नौकर उसपर छलांग लगाते हुए सुदूर समारा की ओर चला गया। बाद में मालिक खुद बाजार गया। उसकी भी वहां मौत से मुलाकात हुई। मालिक ने उससे पूछा कि तुम सुबह यहां हमारे नौकर को क्यों घूर रही थी ? मौत ने कहा, मैं अचरज में थी। उससे तो मेरी मुलाकात समारा में होना तय था।

कहना न होगा, प्रधानमंत्री मोदी अनायास ही बिहार में आज नाना प्रकार के झूठे पोस्टरों और सांप्रदायिक विभाजन की सबसे जघन्य चालों से शायद ऐसी ही किसी अनर्थकारी नियति को पाने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं !

रविवार, 1 नवंबर 2015

जिनके पास कोई भविष्य नहीं, उनका अतीत में भी कोई दखल संभव नहीं !


-अरुण माहेश्वरी

नरेन्द्र मोदी पंडित नेहरू का नामोच्चार तक करने से परहेज करते हैं। उनकी सचेत कोशिश है कि नेहरू की जगह सरदार पटेल को स्थापित करें। वे सेकुलरिज्म के प्रति तिरस्कार का भाव रखते हैं, मुसलमानों से प्रीति के प्रदर्शन से सायास बचते हैं और गोमांस आदि की तरह के सवालों पर समाज की चरम दकियानूसी ताकतों के नजरिये को प्रश्रय देते हैं। प्रधानमंत्री हैं, लेकिन आरएसएस के प्रचारक की भूमिका नहीं छोड़ना चाहते। आरएसएस की अनेक झूठी बातों पर विश्वास करने के कारण ही वे अक्सर इतिहास के तथ्यों के बारे में अक्सर बड़ी-बड़ी भूलें करते हुए पाए जाते हैं।

दरअसल, आरएसएस यह मानता रहा है कि वह भारत के पूरे अतीत का एक नया आख्यान रच देगा। वह अब तक की सारी परंपराओं को खारिज करके पूरे समाज को ‘हिंदुत्व’ के कथित सिद्धांत के आधार पर एक नये रूप में ढाल देगा।

लेकिन वह यह काम किसी दबे हुए सच का अनुसरण करके नहीं, बल्कि शुद्ध रूप से राजसत्ता की पाशविक शक्ति के बल पर करना चाहता है। उसका आदर्श हिटलर है, जिसने आर्य श्रेष्ठता के झूठे सिद्धांत के आधार पर पूरी जर्मन जाति को बरगला कर उससे इतिहास का सबसे बड़ा अपराध करवाया था। संघ के प्रचारक के नाते नरेन्द्र मोदी भी आरएसएस के इस भ्रम के शिकार है। सत्ता की ताकत पर वे समझते हैं कि वे किसी भी झूठ को दुनिया से मान्यता दिलवा सकते हैं। इसीलिए सभी मंचों से बिना किसी दुविधा के अनर्गल, आधारहीन और झूठी बातें कहते रहते हैं।

दुनिया के इतिहास में हिटलर का जो हश्र हुआ, सब जानते हैं। वह मानव इतिहास में एक सबसे बड़ी बुराई और सिर्फ निंदा और तिरस्कार के पात्र के अलावा और कुछ नहीं रह गया है। आरएसएस उसके इस हश्र से कोई शिक्षा लेने के लिये तैयार नहीं है। नरेन्द्र मोदी भी नहीं। यह सभी उग्र, तानाशाही ताकतों की नियति है।

इसमें कोई शक नहीं कि इतिहास में ऐसे क्षण आते हैं जब जो कल तक कुछ भी नहीं दिखाई देता था, यदा-कदा उसके सिर्फ संकेत दिखाई देते थे, वही अचानक जैसे सबकुछ हो जाता है। वहां से सभ्यता के नए चरण की शुरूआत होती है। लेकिन सवाल है कि यह जो दबा हुआ संकेत था, वह अचानक सामने आता कैसे है ? वह सामने आता है भविष्य के जरिये। अर्थात वह किसी अतीत के गह्वर से नहीं, बल्कि उल्टी दिशा से, भविष्य की संभावनाओं के जरिये प्रकट होता है। और वहीं से इतिहास में एक ऐसी दरार पड़ती है जो तमाम परंपराओं, पूरे अतीत की पुनर्रचना संभव बनाती है। अतीत के नये सच का भी साक्षात्कार कराती है। इसे इतिहास का क्रांतिकारी क्षण कहा जा सकता है। इसीलिये माक्‍​र्सवाद को विचारों के इतिहास में कोपरनिकस क्रांति कहते है, सभ्यता के भविष्य का एक नक्शा साफ हुआ तो मानव समाज के विकास के पूरे इतिहास का एक नया आख्यान रचना संभव हुआ। ठीक वैसे ही, जैसे खगोलशास्त्र में कोपरनिकस के सूर्य-केंद्रित सोच के बाद उसके पहले का हजारों वर्ष का खगोल शास्त्र संबंधी धार्मिक चिंतन एक सिरे से खारिज होगया।

अर्थात जिसका कोई भविष्य होता है, वही अतीत में भी किसी प्रकार की दखल का हकदार हो सकता है।

लेकिन भारत में आरएसएस और उसकी विचारधारा का तो कोई भविष्य ही नहीं है। अगर सचमुच उसका कोई भविष्य होता तो उसे अपने अस्तित्व की रक्षा मात्र के लिये ही उन महात्मा गांधी को नहीं अपनाना पड़ता जिनसे उसका नेतृत्व सबसे ज्यादा नफरत करता रहा है और यहां तक कि उनपर उनकी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप भी लगा है। अगर उसका कोई भविष्य होता तो उसे उन्हीं सरदार पटेल को अपना नायक नहीं बनाना पड़ता जिन्होंने आरएसएस पर पाबंदी लगाने में अहम भूमिका अदा की थी। जिस स्वतंत्रता आंदोलन में भाग न लेना आरएसएस का एक सुचिंतित मत था, उसीके भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की तरह के नायकों को उसे अपने नायक नहीं बनाना पड़ता।

हमारा दृढ़ विश्वास है कि ठीक इसीप्रकार, पंडित नेहरू को खारिज करने की इनकी जिद भी औंधे मूंह गिरने के लिये अभिशप्त है। उनकी सारी कवायदें पंडित नेहरू की छवि को कभी कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकती।

हम यह बात इसलिये कह रहे हैं क्योंकि भारतीय समाज के लिये आरएसएस की तरह की एक धुर सांप्रदायिक ताकत के पास उज्जवल भविष्य के नाम पर देने के लिये कुछ भी नहीं है। और जिसके पास कोई भविष्य नहीं है, उसका समाज के अतीत पर भी वास्तव में कोई अख्तियार नहीं हो सकता। वे अपने कुछ लगुओं-भगुओं के साथ पचास लाख साल पुरानी किसी सरस्वती नदी और उसके तट पर हड़प्पा-पूर्व की सभ्यता के भव्य संसार की, वेदों से विमानों के निर्माण की तकनीक और प्लास्टिक सर्जरी की पद्धति खोज निकालने की तरह की मृगमरीचिकाओं के पीछे भटकते हुए मर-खप जाने के लिए अभिशप्त है।

देखने की बात सिर्फ यह है कि इसके पहले कि वे अपनी स्वाभाविक मृत्यु को प्राप्त करें, वे हमारे समाज के ताने-बाने और नागरिकों के जीवन को आइसिस और तालिबानियों की तरह ज्यादा नुकसान न पहुंचाने पाएं।  

‘नंगा नाच’

अरुण माहेश्वरी

आज के अखबारों में एक साथ भारत की तीन प्रमुख हस्तियों के बयान एक साथ प्रकाशित हुए हैं।

पहला बयान है राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी का। एक महीने में तीसरी बार उन्होंने भारत की बहुलता के हवाले से असहिष्णुता को ठुकराने का आह्वान किया है। उनके शब्दों में - ‘‘130 करोड़ लोगों का भारत मुख्यत: तीन नृजातीय समूहों, कॉकेसियन, द्रविड़ और मंगोलों का देश है। यहां 122 भाषाएं हैं, 1600 बोलियां हैं और सात धर्मों का पालन किया जाता है। भारत फला-फूला सामंजस्य और सहिष्णुता की अपनी शक्ति की बदौलत। इसकी हर कीमत पर रक्षा करनी होगी।’’
राष्ट्रपति जी ने यह भी कहा कि ‘‘हमारा बहुलतावादी चरित्र समय की कसौटी पर खरा उतरा है। हमारी प्राचीन सभ्यता ने सदियों से हमारी विविधता को कायम रखा है।’’
राष्ट्रपति दिल्ली हाईकोर्ट के स्वर्ण जयंती समारोह में बोल रहे थे।

दूसरा बयान है रिजर्व बैंक आफ इंडिया के गवर्नर रघुराम राजन का। आईआईटी, दिल्ली के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने संवाद के लिये सहिष्णुता और परस्पर सम्मान को नितांत जरूरी बताया। उनका बल इस बात पर था कि सिर्फ सहिष्णुता के बल पर अनेक बुराइयों से निपटा जा सकता है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने अमेरिका का जिक्र किया। वहां पहले अक्सर अमेरिकी विद्रोही नौजवान प्रदर्शनों में प्रशासन को भड़काने के लिये अमेरिकी झंडे को जला दिया करते थे। इससे पुलिस उनपर और भी उग्रता से हमला करती, जो प्रकारांतर से विद्रोहियों को ही लाभ पहुंचाता था। क्रमश: अमेरिकी समाज झंडे को जलाने के प्रति सहिष्णु होगया, प्रशासन ने उसे तवज्जो देना बंद कर दिया और देखा गया कि क्रमश: विद्रोही नौजवानों द्वारा झंडे को जलाना भी बंद होगया।
गवर्नर राजन ने सत्ता के बल पर किसी पर भी अपने विचार को लादने की भर्त्सना की।

तीसरी आवाज है इन्फोसिस के सह-संस्थापक, एन. आर. नारायणमूर्ति की। नारायणमूर्ति उन लोगों में रहे हैं जिन्होंने एक समय नरेन्द्र मोदी को आंकने के लिए हमेशा 2002 के गुजरात के जन-संहार के मानदंड के प्रयोग का विरोध किया था। कल उन्होंने ही एनडीटीवी पर एक बातचीत में साफ शब्दों में कहा - ‘‘आज की सच्चाई यह है कि भारत में अल्पसंख्यकों के दिमाग में काफी डर समा गया है।’’
‘‘इस या दूसरी किसी भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए कि केंद्र और राज्य, दोनों स्तर पर प्रत्येक भारतीय के अंदर फिर से यह आत्म-विश्वास, ऊर्जा, उत्साह और निष्ठा पैदा करे कि यह देश हम सबका है। हमें सब अधिकार समान रूप से प्राप्त है। हम यहां बिल्कुल सुरक्षित है और इसीलिये हम भारत के उत्थान के लिये काम करेंगे।
‘‘किसी भी देश ने तब तक स्थाई आर्थिक प्रगति हासिल नहीं की है जब तक उसमें अविश्वास और डर का अंत नहीं हो जाता, जब तक बहु-संख्यकों द्वारा अल्प-संख्यकों का उत्पीड़न समाप्त नहीं हो जाता।’’

दो दिन पहले ही आरएसएस के प्रवक्ता ने देश के बुद्धिजीवियों के ऐसे ही बयानों और असहिष्णुता के खिलाफ उनकी कार्रवाइयों को ‘नंगा नाच’ घोषित किया था।

राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन और इन्फोसिस के एन. आर. नारायणमूर्ति के उपरोक्त बयानों को आरएसएस कौन सा ‘नाच’ कहेगा ?

शनिवार, 31 अक्टूबर 2015

मुडीज और मोदी सरकार

अन्तरराष्ट्रीय एजेंसी मुडीज ने मोदी जी को चेतावनी दी है कि वे अपने मंत्रियों की जुबान पर लगाम लगायें, अन्यथा अन्तरराष्ट्रीय बाजार में भारत की साख गिर जायेगी !

मुडीज की इस चेतावनी पर कभी-कभी हंसी आती है। सोचता हूं क्या कभी किसी ने तालिबानियों, हिज्बुल मुजाहिदीनों, आइ एस वालों को ऐसी कोई चेतावनी दी थी ?

गहराई से देखे तो पहला सवाल उठेगा कि क्या आरएसएस का देश के विकास से कोई सरोकार है ? उसका एकमात्र सरोकार हिंदू वर्चस्व से, अल्पसंख्यकों के दलन से, हिंदू धर्म को एक सामी धर्म में बदल कर इस देश को अपने फतवों द्वारा संचालित करने की व्यवस्था से। सत्ता पर हो या सत्ता के बाहर, वे अपने इस एजेंडे को कभी नहीं छोड़ सकते। उनकी विकास की बातें भी सिर्फ और सिर्फ इसी एक एजेंडे को साधने के लिए है। उन्हें मूडीज जैसों के साख के प्रमाणपत्रों की जरा भी जरूरत नहीं है। इसका सबसे बड़ा प्रमाण तो उसकी अभी की रांची बैठक है जिसका मुख्य विषय था - जनगणना। हाल में प्रकाशित जनगणना की रिपोर्ट में मुसलमानों की आबादी में वृद्धि की दर किंचित ज्यादा पाई गई। आरएसएस ने इसे ही अपने विचार का सबसे प्रमुख विषय बना लिया ।

और, प्रधानमंत्री मोदी ! आरएसएस के अतिरिक्त तो वे शून्य है।

हिटलर की काली छाया का ख़तरा


आरएसएस ने लेखकों, इतिहासकारों, फ़िल्मकारों, वैज्ञानिकों और देश में बढ़ती हुई सांप्रदायिक असहिष्णुता का प्रतिवाद करने वालों की कार्रवाइयों को 'नंगा नाच' घोषित किया है । कल राँची में आरएसएस की चल रही बैठक के बीच से उसके प्रवक्ता ने संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही है ।

आरएसएस का यह रुख़ इस बात का साफ संकेत है कि आने वाले समय में और भी संगठित रूप में सांप्रदायिकता-विरोध की हर आवाज़ को कुचल देने की साज़िशें रची जायेगी । लेखकों के खिलाफ गंदे प्रचार को, उनको दी जाने वली गालियों और धमकियों को तथा उन पर शारीरिक हमलों को और भी तेज़ किया जायेगा । उन्होने साफ तौर पर हिटलर के नक़्शे-क़दम पर चलने और तर्क तथा विवेक के बजाय शुद्ध रूप से पाशविक शक्ति के बल पर विरोधियों से निपटने का निर्णय लिया है । हिटलर कहा करता था तर्क और विवेक नहीं, सारे मामलों को हमारा घूँसा तय करेगा । जिन लोगों ने डाभोलकर, पानसारेऔर कलबुर्गी की हत्याएँ की, वे इसी हिटलरी सिद्धांत के समर्थक रहे हैं । अब आरएसएस ने लेखकों-बुद्धिजीवियों के प्रतिवाद को 'नंगा नाच' घोषित करके अपने ऐसे तमाम तत्वों को उतर पड़ने के लिये हरी झंडी दिखा दी है ।

क्रमश: देश में ऐसी परिस्थिति बनती हुई दिखाई दे रही है जिसमें लगता है सरकार तमाम बौद्धकों के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर देगी । इस ख़तरे के प्रति सतर्क होने और प्रतिरोध की क़तार को और ज़्यादा विस्तृत और गहरा करने की ज़रूरत है । अन्यथा जैसे हिटलर का पूरा काल जर्मनी के लिये रचना-हीनता का काला काल साबित हुआ, भारत में भी कुछ ऐसा ही होता नज़र आयेगा ।

गुरुवार, 29 अक्टूबर 2015

लेखकों-बुदिधजीवियों का यह प्रतिवाद मोदी को हटाने का नहीं, अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपनी जान को बचाने का आंदोलन है

कर्मेन्दु शिविर ने अपनी वाल पर लेखकों द्वारा सम्मान को लौटाने का विरोध करते हुए किस्तवार लेखन शुरू किया है, जिसकी पहली किस्त उन्होंने आज लिखी है । उसके जवाब में हमने जो टिप्पणी की है, उसे हम यहाँ मित्रों से साझा कर रहे हैं । उनके लिखे को भी हम यहाँ अलग से नीचे टिप्पणी में दे रहे हैं -
Karmendu Shishir जी, आपकी बातों को पढ़ कर लगता है जैसे अभी जो चल रहा है, वह सब कोरा हवाई, आधारहीन मामला है । न इसकी कोई ठोस वजह है और न ही शायद इसका कोई ठोस रूप ! एक वर्चुअल संसार की सपनों की तरह की बातें, जिनमें कोई तारतम्य नहीं है !
हम आपसे सबसे पहली बात तो यह जानना चाहते हैं कि क्या डाभोलकर, पानसारे और अंत में कलबुर्गी की हत्याएँ हुई थी या नहीं ? दूसरी बात, साहित्य अकादमी से सम्मानित कलबुर्गी की हत्या के बावजूद साहित्य अकादमी ने तत्काल बयान देकर उस हत्या की निंदा नहीं की, बल्कि एक शोक प्रस्ताव भी पारित नहीं किया, यह सच है या नहीं ? तीसरी बात कि क्या लेखकों को डराने-धमकाने का सिलसिला पिछले चुनाव के पहले ही, जब अनंतमूर्ति को पाकिस्तान जाने का टिकट भेजा गया था, व्यापक पैमाने पर शुरू हो गया था या नहीं ? क्या फ़ेसबुक की तरह के सोशल मीडिया पर मोदी अथवा आरएसएस की राजनीति का विरोध करने वालों को संगठित रूप से बुरी से बुरी गालियाँ देने और डराने-धमकाने का काम चल रहा है या नहीं ? और क्या पूरे देश में विभिन्न प्रकार के सांप्रदायिक सवालों पर, जिनमें एक सवाल गोमांस का भी है, भयंकर असहिष्णुता का माहौल एक सचाई है या नहीं ?
आपकी बातों से लगता है, हमारे ये सारे सवाल कोरी कल्पना-प्रसूत है या ये जीवन-मृत्यु की तरह इतनी सामान्य बातें हैं जिन पर किसी भी लेखक या व्यक्ति के संवेदित, व्यथित अथवा क्षुब्ध होने का कोई तुक नहीं है !
अगर आप इन बातों को सच मानते हैं, मानते हैं कि विवेकवान बुद्धिजीवियों, लेखकों को डराया-धमकाया जाना और उनकी हत्या तक कर दिया जाना और समाज में साम्प्रदायिक असहिष्णुता का बुरी तरह बढ़ना एक सचाई है, तो सारा मामला इस बात पर टिक जाता है कि इन परिस्थितियों पर प्रतिक्रिया का रूप क्या होना चाहिए था और क्या नही ?
हमें लगता है कि आपके दिमाग़ में प्रतिवाद करने के तौर-तरीक़ों की कुछ बद्धमूल धारणाएं हैं । मसलन्, बांग्ला के बुद्धिजीवियों की तरह की, राष्ट्रपति को पत्र लिखो या वैसा ही कुछ और करो । आप उसे स्वीकार सकते हैं, लेकिन उदय प्रकाश से शुरू करके अब तक लगभग चालीस लेखकों और अन्य क्षेत्रों के रचनाकर्मियों-बुद्धिजीवियों ने सम्मानों को लौटाने का जो रास्ता अपनाया है, उसे आप नहीं स्वीकार कर सकते । आपकी इस पोस्ट का लुब्बेलुबाब यही है कि यह सम्मानों को ठुकराने का तरीक़ा सिर्फ ग़लत ही नहीं, बल्कि दुरभिसंधिमूलक है । बुरे लोगों का एक बुरा तरीक़ा ! इसमें आपको और भी बुरा लगा कि एक ने अभी प्रतिक्रिया दी तो दूसरे ने महीने भर बाद, तो बाक़ियों ने और भी बाद में । क्यों नहीं सब एक साथ ही बोलें !
सचमुच, आपकी ये सब घुमावदार दलीलें अनोखी लगती है । लेखक जिस बात को अपनी धड़कनों पर महसूस कर रहा है, जो भयानक परिस्थितियाँ कोरी कल्पना नहीं, ठोस सचाई है, उन्हें आप अजीब ढंग से अपनी कुछ आत्मगत निजी अवधारणाओं के साथ गड्ड-मड्ड करके सारे विषय को अमूर्त और गदला करके ऐसा काम कर रहे हैं, जो शायद ही आपका अभिप्रेत हो - संघी प्रचारकों की तरह प्रतिवाद के स्वरों की सचाई को संदेह के घेरे में डाल कर इस प्रतिवाद का तिरस्कार करने और आज की भयंकर रचना-विरोधी सच्चाई को झुठलाने का काम ।
लेखकों ने सचमुच निजी तौर पर, अपने लेखन कर्म पर पड़ रहे दबावों को महसूस करते हुए यह कार्रवाई की है और इसीलिये इसका कोई पूर्व-निर्धारित रूप नहीं रहा है । आज तक भी वे निजी तौर पर ही अपनी प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं । यही इस प्रतिवाद के अंदर के सच का सबसे बड़ा प्रमाण भी है । किसी भी सच्चे लेखक के लिये लिखने की स्वतंत्र परिस्थितयां ज्यादा मूल्यवान है, न कि कोई सरकारी सम्मान । खुल कर लिख न पाएँ, वैसी परिस्थिति में लेखक को ऐसे सम्मान गले में पडी ज़ंजीर लगने लगे तो इसमें कुछ भी अस्वाभाविक नहीं है ।
उल्टे, हमारा तो मानना है कि अगर शुरू से यह प्रतिवाद किसी सामूहिक या संगठित कार्रवाई के तौर पर सामने आता तब संघियों के लिये इसे बदनाम करना, इसे निराश राजनीतिज्ञों द्वारा संगठित कार्रवाई बताना और असहिष्णुता की इन भयावह परिस्थितियों को झुठलाना कहीं ज्यादा आसान होता । संभव है, उस समय आप भी शायद वैसी ही किसी और दलील के साथ लेखकों की भावनाओं को झुठलाते, क्योंकि आपकी इस पोस्ट से जो बात साफ तौर पर सामने आती है, वह यही कि आपके लिये लेखकों की अपनी स्वतंत्रता और अपनी जान की रक्षा की भावनाओं का कोई मायने नहीं है ।
दरअसल, लेखकों-बुदिधजीवियों का यह प्रतिवाद मोदी को हटाने का नहीं, अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपनी जान को बचाने का आंदोलन है ।

रविवार, 25 अक्टूबर 2015

अकादमी का सम्मान उसकी स्वायत्तता को एक सचाई में बदलने की ठोस कार्रवाइयों से लौटेगा, न कि एक प्रस्ताव के ज़रिये कोई भ्रम पैदा करने से

- अरुण माहेश्वरी

साहित्य अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक के प्रस्ताव को हमने बहुत ध्यान से पढ़ा । अकादमी की स्वायत्तता, भारत के संविधान के निदेशक सिद्धांतों के प्रति उसकी निष्ठा, कलबुर्गी की हत्या की निंदा आदि उन सब बातों को इसमें कहा गया है, जिनकी अकादमी से माँग की जा रही थी । इन अपेक्षित बातों के साथ, अंत में, अकादमी की प्रेस-विज्ञप्ति में लेखकों से यह निवेदन किया गया है कि वे अकादमी की मर्यादा की रक्षा करें और जिन्होंने अकादमी के सम्मान को लौटाया है, वे उन्हें वापस ले लें ।

एक प्रस्ताव के ज़रिये अकादमी के कर्त्तव्य-पालन के इस उपक्रम को देख कर मन में सबसे पहला यह सवाल उठता है कि कार्यकारी मंडल को अकादमी के सम्मान की तो चिंता है, और जो शायद जायज़ भी है, लेकिन इस पूरे प्रसंग में लेखक समाज को जिस प्रकार सुनियोजित ढंग से अपमानित किया गया, उनके मान-सम्मान की चिंता कौन करेगा ?

दरअसल, यह पूरा विषय सिर्फ अकादमी का विषय नहीं है । इसको काफ़ी व्यापक संदर्भ में देखने की ज़रूरत है । अकादमी और उसके सम्मान तो निमित्त है । इसके मूल में वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक सच्चाई है, वह सच्चाई जिसने विवेकवान लोगों, खास तौर पर लेखकों का जीना दूभर कर दिया है । यह धार्मिक कट्टरपंथ से जुड़ा मामला है ।

पिछले चुनाव के समय से ही इन कट्टरपंथी ताक़तों की गालियों, धमकियों और हमलों का सिलसिला शुरू हो गया था, जो अब हत्याओं तक पहुंच गया है । इनके चलते हर लेखक अपनी क़लम पर एक अवांछित दबाव महसूस करता है । मुख्यधारा के अख़बार और मीडिया वैसे ही बिकाऊ हैं । ऊपर से, सोशल मीडिया पर गालियों के संगठित अभियानों ने स्वतंत्र अभिव्यक्ति के क्षेत्र को बेहद संकुचित कर दिया है ।

इन दमघोंटू परिस्थितियों में दो विवेकवान विचारकों की हत्या की श्रृंखला में कलबुर्गी की हत्या ने सबको स्तब्ध कर दिया । इसके पहले तक लेखक घुट रहे थे, फिर भी चुप थे । साहित्य अकादमी स्वाभाविक रूप से ख़ामोश रही क्योंकि लेखकों की परेशानियों के ऐसे विषय सदा से उसकी 'स्वायत्तता' के दायरे के बाहर की चीज़ रहे हैं ! लेकिन जब कलबुर्गी की हत्या पर भी अकादमी की चुप्पी नहीं टूटी और वह लेखकों के रोष की थाह लेते हुए सरकार की मुखापेक्षी बनी रही, उसके बाद अकादमी की स्वायत्तता, संवैधानिक प्रतिज्ञाओं और मान-मर्यादा का इंद्रजाल पूरी तरह बिखर गया । किसी भी सच्चे लेखक के लिये अकादमी को लेकर कोई भ्रम नहीं रहा, भले ही इस पर सबकी प्रतिक्रिया एक सी न रही हो !

सरकार की भूमिका का उल्लेख तो पहले ही किया जा चुका है । समाज में असहिष्णुता के जो तमाम लक्षण दिखाई दे रहे हैं, उन सबके साथ वर्तमान सत्ताधारियों की राजनीति का सीधा संबंध है । इसे दादरी की घटना ने दिन के उजाले की तरह साफ कर दिया है ।

यही वह पृष्ठभूमि है, जब उदय प्रकाश से शुरू हुआ सिलसिला आज दुनिया के इतिहास में लेखकों के प्रतिवाद आंदोलन की एक सबसे बड़ी घटना बन चुका है । राजनीति के न्यूनतम मानदंडों पर भी अब कोई भी राजनीतिक शक्ति इसकी अवहेलना नहीं कर सकती है ।

साहित्य अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक, उसका बयान और लेखकों से अकादमी के सम्मान की रक्षा की अपील को इस पूरी सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि से काट कर नहीं देखा जा सकता है ।

इसीलिये यह सवाल शेष रह जाता है कि अकादमी लेखकों से किसके सम्मान की रक्षा की माँग कर रही है ? अकादमी के सम्मान की या सरकार के सम्मान की ? इस प्रस्ताव में बहुलतावाद का ज़िक्र होने पर भी सांप्रदायिक असहिष्णुता के विरुद्ध साफ तौर पर कुछ नहीं कहा गया है, जो लेखकों की चिंता का एक प्रमुख विषय है ।
यही वजह है कि इतनी देर बाद, परिस्थितियों के इतना बिगड़ जाने के बाद पारित किया गया यह प्रस्ताव अकादमी की स्वायत्तता और इससे जुड़ी उसकी अन्य निष्ठाओं के बारे में शायद ही किसी को आश्वस्त करेगा । क्योंकि सवाल सिर्फ प्रस्ताव पारित करने का नहीं है, अकादमी, सरकार और लेखकों के बीच रिश्तों को ठोस रूप में बदलने का है । ऐसे में लेखकों से अकादमी के सम्मान की रक्षा की गुज़ारिश करने के बजाय अकादमी को लेखकों को आश्वस्त करने, भयमुक्त करने और उनको बदनाम करने वाले अभियानों का विरोध करने की ठोस पहलकदमी करनी चाहिए ।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संदर्भ में अभी की चिंताजनक परिस्थिति साहित्य अकादमी की तरह की संस्थाओं की स्वायत्तता के लिये परीक्षा की घड़ी है। उसमें लेखकों के पक्ष में खुल कर खड़ा होने में जरा भी हिचक नहीं होनी चाहिए थी। इस परीक्षा में अकादमी विफल रही है। इस प्रस्ताव में भी सांप्रदायिक असहिष्णुता पर नियंत्रण में सरकार की विफलता के विरोध में एक शब्द भी नहीं कहा गया है।

इसीलिये हम कहेंगे कि अकादमी का सम्मान उसकी स्वायत्तता को एक सचाई में बदलने की ठोस कार्रवाइयों से लौटेगा, न कि एक प्रस्ताव के ज़रिये कोई भ्रम पैदा करने से । यह काम लेखकों को नहीं, सिर्फ और सिर्फ अकादमी को करना है ।

लेखकों के खिलाफ संघ की युद्ध-घोषणा


आरएसएस और भाजपा ने देश के सम्मानित लेखकों और बुद्धिजीवियों के खिलाफ वस्तुत: एक युद्ध की घोषणा कर दी है । आज वित्तमंत्री अरुण जेटली का बयान इसका सबसे ताज़ा उदाहरण है । उनके पास लेखकों की पीड़ा को समझने की न्यूनतम संवेदना भी नहीं बची है । लिखने के वक़्त लेखक हमेशा एक अकेला प्राणी होता है । वह स्वच्छंद भाव से लिख सके इसके लिये ज़रूरी है कि वह किसी भी प्रकार के दंड और दमन के डर से मुक्त रहे । आतंक के साये में श्रेष्ठ साहित्य की रचना संभव नहीं है । इसीलिये किसी भी प्रकार का असहिष्णुता का माहौल लेखक को बुरी तरह उद्वेलित कर देता है ।

ऊपर से, अब तो संघ और भाजपा के प्रवक्ताओं ने प्रतिवाद की आवाज़ उठाने वालों पर व्यक्तिगत रूप में भी हमले करना शुरू कर दिया है । टेलिविज़न के चैनलों पर संघ प्रवक्ता राकेश सिन्हा जिस प्रकार ख़ास तौर पर उदय प्रकाश के खिलाफ झूठ के आधार पर आक्रमण कर रहे हैं, उससे इनकी मंशा और भी साफ हो जाती है । उन्होंने उदय प्रकाश को बदनाम करने के लिये उसी पुराने झूठ का सहारा लिया है, जिसका बहुत पहले ही खंडन हो चुका है । उन्होंने जान-बूझ कर योगी आदित्यनाथ द्वारा उदय प्रकाश को सम्मानित करने की बात को उछाला है ।

इस बारे में हम काफ़ी पहले ही जारी किये गये उदय प्रकाश के खंडन को यहाँ दोस्तों से फिर से शेयर करना चाहते है क्योंकि जब किसी झूठ को बार-बार दोहराया जाता है तो उसके प्रतिकार के लिये ही उसके खंडन को भी बार-बार दोहराने के अलावा दूसरा कोई चारा नहीं रह जाता है । उदय प्रकाश का खंडन इस प्रकार था -
''मेरे सगे फुफेरे भाई का नाम कुंवर नरेंद्र प्रताप सिंह था. वे संस्कृत के विद्वान थे और महंत दिग्विजय नाथ डिग्री कॉलेज, गोरखपुर, में पहले संस्कृत के प्राध्यापक और बाद में प्रिंसिपल बने. वे वी एच पी के थे और महंत अवैध्य नाथ और योगी आदित्य नाथ के बहुत करीबी थे.मेरा उनसे लगभग 32-35 वर्षों से कोई संपर्क नहीं था. हमारे परिवार और उनके बीच कोई वैचारिक सहमति भी भी नहीं थी. ना मेरे पिता के समय और ना मेरे समय. वे बड़े सामंत थे और उनका गाँव/स्टेट नौलखा के नाम से प्रसिद्ध था. उनका 60-70 के दशक में इलाहबाद के निकट फूलपुर constituency में आता था. जहाँ से विजयलक्ष्मी पंडित चुनाव लडती थीं. वे लोग कांग्रेस और विजयलक्ष्मी पंडित के विरोधी थे तथा स्वामी करपात्री और प्रभु दत्त ब्रह्मचारी के अनुयायी थे. लेकिन मेरे माता पिता उनके सगे मामा मामी थे.

इन्ही फुफेरे भाई की मृत्यु हुई और उनकी बरखी में पारिवारिक सम्बन्धियों के साथ मुझे मेरी भाभी, भतीजा, भतीजी ने आग्रहपूर्वक बुलाया. वह बिलकुल शुद्ध पारिवारिक कार्यक्रम था. गोरखपुर का सांसद होने के नाते तथा महंत दिग्विजय नाथ डिग्री कॉलेज की गवर्निंग बॉडी का चेयरमैन होने के नाते तथा इस परिवार के निकट होने के नाते वहां योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित थे. उन्ही के हाथों मेरे भाई के परिवार के लोगों ने एक स्मृति चिन्ह मुझे दिलवाया.जो कि शीशे में जड़ा मेरे भाई का चित्र था. जो कि अब भी मेरे पास है. वह कोई पुरस्कार नहीं एक स्मृति सम्मान था. वह भी अपने भाई का. वह ‘पुरस्कार’ नहीं था, वहां शाल और श्रीफल की कोइ गुंजायश नहीं थी क्योंकि वह बरखी (पुण्यतिथि/ डेथ एनिवर्सरी) थी. मैंने सोचा भी नहीं था कि इस नितांत पारिवारिक आयोजन का कोइ राजनीतिक अर्थ निकालकर विवाद पैदा किया जाएगा. लेकिन यह किया गया. मैंने इसका खंडन किया. तथ्य सामने रक्खे. सच्चाई बतलाई. लेकिन विडंबना यह है कि अपने आपको वामपंथी/क्रांतिकारी लेखक कहने वाले और दूसरी तरफ आर एस एस के नेता दोनों एक हैं ।''

क्या उदय प्रकाश के इस स्पष्ट बयान के बाद भी इस विषय में कहने के लिये कुछ शेष रह जाता है ?

15 अक्तूबर 2015

जनतांत्रिक और धर्म-निरपेक्ष भारत के पुनरुत्थान का व्यापक आलोड़न

19 अक्टूबर 2015 को शायक आलोक की वाल पर एक पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए एक प्रवाह में हमने कई बातें लिख दीं । हमारी टिप्पणी लंबी हो गई थी , फिर भी वापस देखने पर लगा कि इसमें कुछ ऐसी बातें आगई हैं, जिन्हें अपने सभी मित्रों से साझा करना अनुचित नहीं होगा । इसीलिये हम उसे यहाँ दे रहे हैं -

Shayak Alok जी, भारत में लेखकों द्वारा अकादमी के सम्मानों को लौटाने का यह जो सिलसिला चला है, इसकी सारी दुनिया में आज तक दूसरी कोई नज़ीर नहीं मिलती है । उदय प्रकाश का अकेले का निर्णय इन थोड़े से दिनों में ही अकल्पनीय सामूहिक आंदोलन का रूप ले चुका है । इसकी प्रतिध्वनि सिर्फ हिंदी में नहीं, लगभग सभी भारतीय भाषाओं में सुनाई देने लगी है । अब आगे यह और क्या-क्या रूप लेगा, इस पर निश्चय के साथ कुछ भी कहना मुमकिन नहीं है । यह सिर्फ लेखकों का विषय नहीं, बल्कि उसकी परिधि से बाहर बहुत व्यापक पैमाने पर एक सामाजिक-राजनीतिक आंदोलन के रूप में फैल जाने की संभावनाओं के संकेत दे रहा है ।

दुनिया का अनुभव यह बताता है कि जब भी किसी समाज को कोरी सत्ता की ताक़त पर उसके मूलचरित्र के विपरीत दिशा में ठेला जाता है, उसे रोकने में परंपरागत राजनीतिक शक्तियाँ निहायत कमज़ोर और असहाय सी दिखाई देने लगती है, तब अंदर ही अंदर जमा हो रहा रोष एक झटके के साथ कब किस कोने से ज्वालामुखी के लावे की तरह बहने लगता है, इसकी कोई भविष्यवाणी नहीं की जा सकती है । अरब वसंत का अनुभव इसका सबसे बड़ा उदाहरण है ।

इसके अलावा, आम तौर पर कोई भी समाज अपनी स्वाभाविक गति पर ही चलता रहता है । समय-समय पर कुछ संकट आने पर भी वह अपनी स्वाभाविक लय से हटना नहीं चाहता । इसमें जब किसी भी वजह से कोई बड़ा भटकाव आता है, तो यह तय है कि तमाम जटिलताओं के बावजूद समाज ऐसे सामयिक भटकाव से निकल कर अपनी लय को पाने के लिये मचल उठता है ।

भारत में नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के साथ ही आरएसएस और हिंदू उग्रवादी ताक़तों ने यह समझ लिया कि मोदी को सिर्फ कांग्रेस दल के खिलाफ तैंतीस प्रतिशत के क़रीब लोगों का समर्थन नहीं मिला है, बल्कि भारत के उस विविधतापूर्ण स्वरूप को ही बदल देने के लिये समर्थन मिला है जिसे मान्यता देकर ही आज़ादी की लड़ाई के बीच से आज के स्वतंत्र और अखंड भारत का निर्माण संभव हुआ है । मोदी और उनसे जुड़े संघ परिवार की इसी विकृत समझ के कारण मोदी के सत्ता पर आने के बाद ही जीवन के तमाम क्षेत्रों में पोंगापंथी, रूढ़िवादी, उग्र सांप्रदायिक विचारों के नग्न हमले शुरू हो गये ।

सत्ता की नीतियों में यह परिवर्तन भारतीय समाज की स्वाभाविक गति से एक बड़ा भटकाव है । यह चल नहीं सकता । इस दिशा में बढ़ने पर इस समाज का पुर्ज़ा-पुर्ज़ा बिखर जायेगा । एक जनतांत्रिक सभ्य समाज ग़ैर-जनतांत्रिक असभ्य और जंगली समाज में बदल जायेगा । इस भटकाव का अंत सुनिश्चित है ।

प्रश्न सिर्फ यही है कि यह अंत कैसे और किनके द्वारा होगा ? लेखकों के प्रतिवाद की चिंगारी जिस प्रकार दावानल की तरह फैलती दिखाई दे रही है, समाज के सारे ज्वलंत सवाल जिस प्रकार इसके साथ जुड़ जा रहे है, उसमें इस पूरे विषय को सिर्फ लेखकों, और वह भी हिंदी के लेखकीय जगत की कुछ लाक्षणिकताओं से जोड़ कर देखना, सारे विषय को बहुत संकुचित रूप में देखना है । विष्णु खरे या सुधीश पचौरी तो इस पूरे नाटक के अति छुद्र विदूषक भर हैं । आज जिस प्रकार समाज के सभी प्रतिष्ठित क्षेत्रों के, साहित्य, कला, संस्कृति, इतिहास आदि के प्रतिष्ठित लोग मुखर होकर लेखकों के साथ अपने स्वरों को मिला रहे है, हमारा प्रश्न है कि क्या यह सिर्फ विशिष्ट वर्गों तक ही सीमित कोई मामला रहेगा ? आज जिस स्वर में सभी भाषाओं के लेखकों के अलावा शर्मीली टैगोर या रामचंद्र गुहा अपनी आवाज मिला रहे हैं, क्यों नहीं प्रतिवाद के इन स्वरों के साथ ही आने वाले समय में भारत के किसान, मज़दूर, बेरोज़गार नौजवान, दलित, स्त्रियाँ, और तमाम शोषित-उत्पीड़ित जन भी अपनी आवाज को नहीं मिलायेंगे ? ऐसा न होने की क्या कोई वजह है ? यह जनतांत्रिक और धर्म-निरपेक्ष भारत के पुनरुत्थान के व्यापक आलोड़न का हेतु क्यों नहीं बन सकता ?

आज समाज में जो दरारें पैदा हुई है, उनकी निष्पत्ति के सारे लक्षण हमें तो इस लेखकीय प्रतिवाद आंदोलन में दिखाई दे रहे हैं । अभी से देश की सीमाओं के बाहर तक भी इसकी अनुगूँज सुनाई देने लगी है । हमें तो यह जनतांत्रिक और धर्म-निरपेक्ष शक्तियों को लड़ाई के मैदान में उतर जाने के बिगुल की तरह सुनाई पड़ रही है ।
एक रौ में काफी कुछ लिख गया हूँ ।

शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2015

असहिष्णुता और उन्माद का वातावरण लेखन को असंभव बनाने वाला वातावरण है


अरुण माहेश्वरी

(17 अक्तूबर 2015 के राष्ट्रीय सहारा के 'हस्तक्षेप' में प्रकाशित हमारी टिप्पणी)

भारत भर में लेखक समुदाय ने सरकारी सम्मानों को लौटा कर अपने प्रतिवाद का एक अनूठा अभियान शुरू किया है । इस मामले में हिंदी के लेखकों ने पहल की है । उनके साथ ही अब दूसरी भाषाओं के लेखक भी इस अभियान में शामिल हो रहे हैं । ख़ास तौर पर कन्नड़ भाषा के लेखक बड़े रूप में इसमें शामिल हुए हैं । कश्मीर के और उर्दू तथा पंजाबी भाषा के भी लेखकों ने इसी बीच साहित्य अकादमी के सम्मान को लौटाया है । पद्मश्री की तरह के सम्मानों को भी वापस करने का सिलसिला शुरू हो गया है । अपने आप में यह कोई साधारण बात नहीं है ।
भाजपा के नेताओं में मामूली संवेदनशीलता भी नहीं है कि वे लेखकों के इस स्वत:स्फूर्त प्रतिवाद के मर्म को जानने की कोशिश करें । वे पूरी उद्दंडता से लेखकों की इस मुहिम को राजनीतिक रंग देने में लगे हुए हैं । वे समझते हैं कि चूँकि लेखकों का बड़ा समुदाय शुरू से मोदी का विरोधी रहा है, इसीलिये वे आज मोदी सरकार के खिलाफ अभियान में उतरे गये हैं ।

इसमें कोई शक नहीं है कि देश के लेखकों और बुद्धिजीवियों का बड़ा हिस्सा सत्ता पर नरेंद्र मोदी की तरह के एक व्यक्ति के बैठने से बुरी तरह सशंकित था । ज्ञानपीठ पुरस्कार प्राप्त कन्नड़ के यू आर अनंतमूर्ति ने पिछली लोक सभा चुनाव के वक़्त साफ कहा था कि यदि नरेन्द्र मोदी देश का प्रधानमंत्री बनता है तो वे इस देश को छोड़ देंगे । इसकी वजह थी 2002 के गुज़रात के जन-संहार में उनकी भूमिका और बाद में भी गुजरात में न्याय-व्यवस्था को पूरी तरह से ख़त्म करके गुजरात में झूठ और फ़रेब पर टिके एक नग्न तानाशाही शासन की स्थापना । ऐसा दमनमूलक और दमघोंटू वातावरण लेखक की अभिव्यक्ति की आज़ादी पर एक सीधा हमला हैं जिसमें कोई भी सच्चा लेखक अपनी लेखनी के साथ ज़िंदा नहीं रह सकता है । इसीलिये अनंतमूर्ति ने तमाम लेखकों के अंदर के डर को अभिव्यक्ति देते हुए तब देश छोड़ देने की तरह की एक चरम बात भी कही थी ।

अनंतमूर्ति का यह डर ज़रा भी निराधार नहीं था । दुनिया के अनुभव इस बात के गवाह हैं कि जब भी किसी देश की सत्ता पर कोई फ़ासिस्ट सरकार आई है, वह सरकार लेखकों के लिये ही नहीं, लेखन मात्र के लिये भयावह रूप में घातक साबित हुई है । हिटलर के जर्मनी से अनेक अन्तरराष्ट्रीय ख्याति के लेखक, कलाकार जर्मनी छोड़ कर चले गये थे । इनमें थॉमस मान, एरिक मारिया रिमार्क जैसे लेखक भी शामिल थें । ३० जनवरी १९३३ के दिन हिटलर सत्ता पर आया और छ: महीने के अंदर उसने अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमले शुरू कर दिये । हालत यह हो गई कि १९३९ तक लगभग २५०० लेखक जर्मनी छोड़ कर चले गये थे । १० मई १९३३ के दिन जर्मनी में बाक़ायदा पुस्तकों की होली जलायी गई थी । जिन किताबों को जलाया गया उनमें थामस मान, एरिक मारिया रिमार्क, अल्बर्ट आइंस्टाइन की किताबों के साथ ही ग़ैर- जर्मन लेखक एमिल जोला, एच जी वेल्स की तरह के लेखकों की किताबें भी थी । उस समय हिटलर के प्रचार मंत्री गोयेबल्स ने बर्लिन विश्वविद्यालय में उन जलती हुई पुस्तकों के सामने भाषण देते हुए कहा था कि ये लपटें न सिर्फ पुराने युग के अंत को दर्शाती है बल्कि नये युग को प्रकाशित करेगी । इस घटना के बाद ही बर्तोल्त ब्रेख्त भी जर्मनी छोड़ कर चले गये । हिटलर ने अपने समय में बिल्कुल घटिया दर्जे के लेखकों को बढ़ावा दिया । हिटलर के शासन का गुणगान करने वाले लेखकों को थोक के भाव पुरस्कृत भी किया, जिन लेखकों का बाद में कोई नामलेवा भी नहीं था । हिटलर की आत्म जीवनी 'माईन कैम्फ', जो एक बहुत ही अपठनीय और बोर किताब थी, उसे उन दिनों साहित्य के श्रेष्ठतम मानदंड के रूप में पेश किया जाता था । यह तथ्य है कि ग्यारह साल के हिटलर के जर्मनी में एक भी ऐसी रचना नहीं लिखी गई जो साहित्य के मानदंड पर उल्लेखनीय रही हो । हिटलर के पूरे काल को जर्मनी में साहित्य के चरम अकाल का काल माना जाता है ।

बहुत दूर जाने की ज़रूरत नहीं है । पड़ौस के पाकिस्तान में बड़े-बड़े लेखकों को सालों तक निर्वासित जीवन जीने के लिये मजबूर होना पड़ा हैं । आज भी पाकिस्तान श्रेष्ठ साहित्य की रचना के लिये बंजर भूमि बना हुआ है । पूरब में बांग्लादेश की तसलीमा नसरीन अपने देश के बाहर दर-दर भटक रही है । वहाँ आज खुल कर ब्लाग लेखन भी असंभव होता जा रहा है ।

इसीलिये हिटलर के पद-चिन्हों पर चलने वाले मोदी के शासन को लेकर अनंतमूर्ति बिल्कुल सही चिंतित थे और उन्होंने अपने डर को बेबाक़ ढंग से व्यक्त भी किया था ।
लेकिन इसके विपरीत भाजपा वालों ने क्या किया ? देश के एक इतने बड़े लेखक की चिंता को समझने की मामूली सी भी कोशिश करने के बजाय उन्होंने अनंतमूर्ति को पाकिस्तान जाने का टिकट भेज दिया । एक कार्यक्रम में उन पर पत्थर भी फेंके गये ।

मोदी के जीत कर अाने के बाद, अनंतमूर्ति ने जिस बात की आशंका ज़ाहिर की थी, भाजपा और आरएसएस के लोगों की तमाम करतूतों ने उसे अक्षरश: सही साबित करना शुरू कर दिया । अब तो ऐसा लगता है कि आरएसएस ने सनातन संस्थान की तरह के अपने हत्यारे दस्ते तैयार कर लिये हैं जिन्हें विवेकशील लेखकों और संस्कृतिकर्मियों की हत्याओं का, उन्हें डराने-धमकाने का दायित्व सौंपा गया है । इन्होंने पहले नरेंद्र डाभोलकर की हत्या की, फिर गोविंद पानसारे की और बाद में साहित्य अकादमी का सम्मान प्राप्त लेखक एम एम कलबुर्गी को मरवा दिया । और सबसे बड़ी चिंता की बात है कि इन हत्याकांडों के एक भी अपराधी को आज तक पकड़ा नहीं गया । यह उसी प्रकार है जैसे मालेगांव और समझौता एक्सप्रेस बम विस्फोट से जुड़े संघ परिवार के लोगों को, और गुजरात के जनसंहार में शामिल बाबू बजरंगी, माया कोडनानी आदि को जेल से छुड़वाने में केंद्र सरकार सबसे ज़्यादा सक्रिय दिखाई दे रही है, अपराधियों को दंडित करने के मामले में नहीं । आरएसएस के ही एक सनकी व्यक्ति दीनानाथ बत्रा ने पेंग्यून जैसी प्रकाशन संस्था को धमका कर वेंडी डोनिगर की किताब ' हिन्दूज : ऐन अल्टरनेटिव हिस्ट्री' की लुब्दी बनवा दी ।

लेखकों को सीधे हमलों का निशाना बनाने के साथ ही इस सरकार के काल में कभी लव जिहाद तो कभी गोमांस आदि की तरह के मुद्दों पर जिस प्रकार का सामाजिक उन्माद पैदा किया जा रहा है, वह किसी भी लेखक में गहरे तक ख़ौफ़ पैदा करने के लिये काफ़ी है । इसमें भी ग़ौर करने की बात है कि संघ परिवार के ऐसे सारे उत्तेजक अभियान सबसे अधिक हिंदी क्षेत्रों में चलाये जा रहे हैं । पिछले चुनाव के वक़्त ही सोशल मीडिया पर हिंदी के लेखकों और बुद्धिजीवियों के खिलाफ संगठित रूप से जिस प्रकार की गाली-गलौज का भाषा का प्रयोग किया जाता रहा, इसने भी हिंदी के लेखकों में सबसे अधिक ख़ौफ़ की अनुभूति पैदा की है । हाल में दिल्ली से लगे हुए दादरी में सिर्फ अफवाह के बल पर एक गरीब मुसलमान को भीड़ के ज़रिये मरवा दिया गया । उसके बाद तो किसी भी विवेकवान व्यक्ति का दहल जाना लाज़िमी है । लेखक जो अकसर अकेला होता है और स्वतंत्र भाव से लिखता है, उसके लिये तो यह एक असंभव सी परिस्थिति है ।

यही वजह रही कि जब कलबुर्गी की हत्या के बाद साहित्य अकादमी की तरह की संस्था ने, जिसने कलबुर्गी को सम्मानित किया था, हत्यारों की कड़ी भर्त्सना करते हुए एक शब्द नहीं कहा और न ही हत्यारों को पकड़ कर सज़ा देने की माँग की, तब सबसे पहले हिंदी के कथाकार उदय प्रकाश ने साहित्य अकादमी के सम्मान को यह कह कर लौटा दिया कि इस सम्मान का क्या मूल्य है जब इसे देने वाली संस्था उन्हीं तत्वों के हाथ का खिलौना बन गई है जो इस देश में लेखन मात्र को एक असंभव काम बना दे रहे हैं ।

उदय प्रकाश के इस फैसले ने जैसे पहले से घुटन महसूस कर रहे और भी सम्मानित लेखकों की भावनाओं को वाणी दे दी । और, इसके बाद सम्मानों को ठुकराने का जो सिलसिला शुरू हुआ है, आज उसकी अनुगूँज अन्तरराष्ट्रीय पैमाने पर सुनाई देने लगी है ।

मजे की बात यह है कि लेखकों के इस इतने बड़े प्रतिवाद के बावजूद भाजपा के लोगों की संवेदनहीनता अभी चरम पर है । वे लेखकों की चिंताओं को कहीं से भी समझ नहीं पा रहे हैं और पूरे मसले पर उसी प्रकार चल रहे हैं जैसे वे राजनीति के अखाड़े में चला करते हैं । आज की सभ्य दुनिया में शायद यह अकेली मोदी सरकार है जिसने अपने देश के लेखकों और कलाकारों के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर दी है ।

हिटलर कहा करता था तर्क, विवेक, संस्कृति या सच नहीं, सिर्फ हमारा घूँसा बोलेगा। आज भारत की मोदी सरकार के प्रवक्ता लगभग उसी भाषा में बोल रहे हैं । वे लेखकों को दिये जाने वाले सम्मानों को उनका अर्जित अधिकार नहीं, बल्कि सरकारी अनुदान समझते हैं । इसीलिये वे इस प्रकार की शर्मनाक दलील देने से भी बाज़ नहीं आते कि जो लेखक पुरस्कारों को लौटा रहे हैं उन्हें कांग्रेस सरकारों ने पुरस्कृत किया था ।

प्रधानमंत्री यह सफ़ाई दे रहे है कि दादरी में जो हुआ उसके लिये केंद्र सरकार कैसे ज़िम्मेदार है ? उनके दिमाग़ में एक क्षण के लिये भी यह सवाल क्यों नहीं आता कि गोमांस आदि की तरह के तमाम मुद्दों को लेकर जो जन-उन्माद पैदा किया जा रहा है उसके लिये क्या उनकी और आरएसएस की राजनीति ज़िम्मेदार नहीं है ? न उनके पास इस सवाल का कोई जवाब है कि उनके जैसा हर छोटी-बड़ी बात पर बयान देने वाला आदमी दादरी की तरह की पाशविक हत्या पर इतने दिनों तक चुप्पी क्यों साधे रहा ?

ज़ाहिर है कि ऐसा एक ज़हरीला, उन्मादपूर्ण वातावरण लेखन के लिये सर्वथा प्रतिकूल वातावरण है । इसीलिये लेखकों ने सरकारी सम्मानों और ख़िताबों को लौटाने का निर्णय लिया है क्योंकि जब वे लिख ही नहीं पायेंगे तो इन सम्मानों को रख कर क्या करें

गोमांस प्रसंग और हमारी चिंता


बिहार के चुनाव ने गोमांस की पूरी बहस को हिंदू-मुसलमान प्रसंग से हटा कर कई नये आयाम दे दिये हैं ।
वेदों सहित प्राचीन भारतीय साहित्य में गोमांस के सेवन के अनगिनत प्रसंग भरे हुए हैं । यह बात सभी जानते हैं । फिर भी इस विषय को अनेक वर्षों से एक धार्मिक और नैतिक सवाल बना कर ख़ास तौर पर मुसलमानों के बरक्स इसे हिंदू धर्म की पहचान का विषय बनाये हुए हैं । गोरक्षा आंदोलन कृषि-आधारित अर्थ -व्यवस्था के हितों को साधने के लिये नहीं, मूलत: हिंदू धर्म के रक्षार्थ चलाया जाता रहा है । इसीलिये इसमें प्रतीकात्मकता ज़्यादा रही है । गोवंश का हित, उनकी नस्ल और उनकी देख-रेख में सुधार में भारत के गोरक्षा आंदोलन का ज़रा सा भी अवदान नहीं हैं । गोरक्षा आंदोलन वालों ने शायद ऐसी एक भी गोशाला कहीं तैयार नहीं की है जिसे गायों के रख-राव के लिहाज़ से श्रेष्ठ और आदर्श गोशाला माना जा सके ।
बहरहाल, बिहार में पहले लालू प्रसाद और अब रघुवंश प्रसाद सिंह ने गोमांस के विषय पर भारी उन्माद पैदा करने वालों को भारत के उन प्राचीन ग्रंथों की याद दिलाई है जिनमे गोमांस के सेवन के उदाहरण मिलते हैं । उनका साफ कहना है कि इस विषय को इतना तूल देकर शुद्ध रूप से सांप्रदायिकता भड़काने का काम किया जा रहा है । इसका धार्मिकता से कोई संबंध नहीं है । यह अभियान अंतत: शाकाहारियों और मांसाहारियों के बीच झगड़ा पैदा करने तक जा सकता है ।
जो भी हो, इसी बीच एक और अत्यंत चिंताजनक ख़बर आ रही है । कहा जा रहा है कि मोदी सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने भारतीय साहित्य के प्राचीन क्लासिक भवभूति के संस्कृत नाटक 'उत्तररामचरितम्' को संस्कृत उच्चविद्यालयें के पाठ्यक्रम से निकाल देने का निर्णय लिया है ।
सभी जानते हैं कि संस्कृत साहित्य के सर्वप्रिय नाटककारों में भवभूति का सम्मानपूर्ण स्थान है । उनकी कृति ‘उत्तररामचरित’ के लिए ही उनकी ख्याति संसार में हमेशा रहेगी । आलोचनाशास्त्र के पण्डितों ने इसे नाट्यकला की एक अद्वितीय रचना माना है। इसकी कथावस्तु रामायण के उत्तरकाण्ड पर आश्रित है।
रावण का संहार करके राम सीता-सहित अयोध्या में वापिस आते हैं और कुछ लोग सीता के चरित्र के सम्बन्ध में चर्चा आरम्भ कर देते हैं। श्रीराम लक्ष्मण द्वारा सीता को वन में निर्वासित कर देते हैं। सीता गर्भवती थी। वन में उसके दो पुत्र- कुश तथा लव उत्पन्न होते हैं। बारह वर्ष बाद श्रीराम अश्वमेध यज्ञ आरम्भ करते हैं। इसी में, प्रसंगवश वशिष्ठ-पत्नी अरुन्धती प्रजाजनों की, सीता के चरित्र पर मिथ्या लांछन लगाने के लिए, भर्त्सना करती है और राम को अपनी निर्दोष-निष्कलंक पत्नी को स्वीकार करने के लिए प्रार्थना करती हैं। समस्त प्रजा इस प्रार्थना में सम्मिलित होती है और अपने किए दुष्कर्म पर लज्जित होती है। तब राम और सीता का पुनर्मिलन होता है और आनन्द-विभोर प्रजाजनों के जय-जयकार के साथ अभिनय की समाप्ति होती है।
इसी आश्रम में ऋषियों द्वारा माँस के सेवन का चित्र आया है ।
कहते हैं कि शिक्षा मंत्रालय ने इसी वजह से कलात्मक उत्कृष्टता में कालिदास के नाटकों के समकक्ष माने जाने वाले इस विश्व-प्रसिद्ध नाटक को पाठ्यक्रम से निकाल देने का निर्णय लिया है ।
अगर यह बात सच है तो इसमें कोई शक नहीं रह जायेगा कि मोदी सरकार भारतीय साहित्य और संस्कृति के दुश्मनों की सरकार है । गोमांस को भी इन्होंने भारतीय संस्कृति पर हमले का एक हथियार बना लिया है ।
ऐसे में लालू प्रसाद और रघुवंश प्रसाद की आपत्तियाँ और भी अर्थपूर्ण हो जाती है ।
भवभूति के नाटक का संदर्भित पृष्ठ :

'मार्क्सवाद और आंबेडकरवाद' पर

- अरुण माहेश्वरी

जनवादी लेखक संघ की वेब साईट पर बाँदा में हाल में हुए एक त्रिदिवसीय (2-4अक्तूबर 2015) कार्यशाला की रिपोर्ट जारी की गई है । इस कार्यशाला में विचार का विषय था - 'मार्क्सवाद और आंबेडकरवाद - पारस्परिकता के धरातल' । विषय के शीर्षक से कुछ इस प्रकार का भ्रम हो सकता है कि जैसे आयोजकों ने अंबेडकर के विचारों को मार्क्सवाद की तरह ही एक सुसंगत विचारधारा माना है । लेकिन रिपोर्ट के शुरू में ही यह बता दिया गया है कि ज़्यादातर वक्ताओं ने आंबेडकर के विचारों को एक सुव्यवस्थित 'वाद' मानने से इंकार किया ।
बहरहाल, इस कार्यशाला की प्रमुख विशेषता यह रही कि इसे सीपीआई(एम) के पूर्व महासचिव प्रकाश करात ने संबोधित किया था । उनके एक घंटे के भाषण का विषय था - ' जाति उन्मूलन और मार्क्सवाद' । अपने भाषण में उन्होंने डीडी कोसांबी के उद्धरण के आधार पर कहा कि चूँकि जाति-व्यवस्था उत्पादन व्यवस्था का ही हिस्सा है इसलिये उसे 'सरल तरीक़े से अधिरचना का अंग मान कर' कोई यांत्रिक निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए ।
इस संदर्भ में प्रकाश से हमारा एक अत्यंत बुनियादी सवाल है कि आखिर वे 'आधार' और 'अधिरचना' की पदावली के मार्क्सवादी विमर्श में 'आधार' का मतलब क्या समझते हैं ?
वे क्या ग़ुलाम, प्रजा, वर्ग, वर्ण, जाति, मालिक, सामंत, ज़मींदार, पूँजीपति आदि की तरह की नाना प्रकार की सामूहिक आर्थिक श्रेणियों और अस्मिताओं को 'आधार' की चीज़ मानते हैं ?
मार्क्सवाद में आधार तो शुद्ध रूप से उत्पादन प्रणाली को माना जाता है । उत्पादन प्रणाली की ख़ास लाक्षणिकताओं के आधार पर आदिम साम्यवाद, ग़ुलामी प्रथा, सामन्तवाद, पूँजीवाद आदि नाना उत्पादन संबंधों पर आधारित समाज-व्यवस्थाओं की श्रेणियों की सिनाख्त की गई । लेकिन मार्क्स ने देखा कि इतिहास की सचाई यह है कि हर युग में किसी न किसी रूप में अधिशेष को हड़पने की व्यवस्था, अर्थात शोषण की व्यवस्था बनी रही है । इस मामले में पूँजीवाद की अपनी कोई विशेषता नहीं है । पूँजीवाद की विशेषता यह है कि इसके मातहत पण्य नामक एक नई वस्तु का जन्म होता है जो मनुष्यों के उपयोग में आने वाली वस्तुओं का एक ख़ास कायांतर है । इसमें वस्तु का उपयोग मूल्य विनिमय मूल्य से स्थानांतरित कर दिया जाता है और वस्तु में इस मूल्य के अधिष्ठान के पीछे कोई तर्क नहीं होता, सिर्फ संयोग होता है । इसे ही मार्क्स ने पण्य की जड़पूजा कहा है । यह पूँजीवादी समाज की एक लाक्षणिकता है, जो उसे अन्य समाजों से अलगाती है । पूँजीवाद में पण्य अतिरिक्त मूल्य का स्रोत होता है ।
आधार के विषय में चर्चा में इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि सामाजिक जीवन में उसके कैसे-कैसे परिणाम सामने आते हैं । मसलन, इस्लाम के अंतर्गत तो काफ़िर अर्थात विधर्मी को भी एक आर्थिक श्रेणी का रूप दिया गया था जब यह व्यवस्था की गई कि काफ़िरों से जज़िया लिया जायेगा । अर्थात कर चुका कर भिन्न मत के पालन की अनुमति बाक़ायदा दी गई थी ।
इसीलिये यदि कोई यह मानता है कि वर्ग तो आधार से जुड़ी हुई सामाजिक संरचना है और वर्ण कुछ और, तो वह दोनों के बारे में ही मार्क्सवाद की बहुत ही उथली समझ का शिकार कहलायेगा ।
यही वजह है कि जाति को अधिशेष के हड़पने की व्यवस्था बता कर उससे कोई ख़ास अर्थ निकालने के उपक्रम का कोई मायने नहीं है ।
विभिन्न समाजों में विभिन्न प्रकार की सामाजिक संरचनाएँ निर्मित होती है और ख़त्म भी होती है । पूँजीवाद के अंतर्गत उत्पादन की कारख़ाना प्रणाली के विकास के साथ मार्क्स ने एक व्यापक वर्गीय समूह और वर्गीय चेतना के उदय को देखा था । इस नयी सामाजिक संरचना के उदय से यह माना जाता रहा है कि पुरानी संरचनाओं का ढाँचा टूट जायेगा । लेकिन अंतत: यह सामाजिक सामूहिक अस्मिता का ही विषय है जिस पर अधिरचना के अंतर्गत ही कोई विचार संभव है ।
मुश्किल तब होती है जब हम यांत्रिक ढंग से अधिरचना की तमाम संरचनाओं की अपनी खुद की द्वंद्वात्मकता को स्वीकारने से इंकार करने लगते हैं । किसी भी उत्पादन प्रणाली से कोई भी सामाजिक संरचना क्यों न पैदा हुई हो, उस संरचना का अपना भी एक द्वंद्वात्मक अस्तित्व होता है । उसकी अपनी भी लाक्षणिकताएं होती हैं । उस संरचना के ढाँचे में अपनी दरारें होती हैं । ख़ास परिस्थितियों में वे इन दरारों के चलते बिखर जाती है और कभी-कभी इन्हें सामयिक तौर पर पाटने में भी सफल होती है ।
इस रिपोर्ट के कुछ अंशों पर, जिन्हें जगदीश्वर चतुर्वेदी ने अपनी वाल पर लगाया था, फ़ेसबुक में हमने टिप्पणी की थी । उसमें हमने कहा था -
"अंबेडकर दार्शनिक नहीं थे, मार्क्स थे । इसीलिये मार्क्स के विचार सर्वकालिक है, अंबेडकर के नहीं ।
"जिस कार्यशाला में तेलतुम्बड़े बोले थे, उसकी एक रिपोर्ट मैंने भी पढ़ी है । चंचल चौहान ने भेजी है । उससे न मार्क्सवाद के बारे में कोई समझ बनती है और न अंबेडकर के बारे में । पता नहीं, कुछ लोग ऐसे बेढंगे आइनों की तरह होते हैं जिनसे प्रतिबिंबित अक्स हमेशा विकृत और शक्लें बदशक्ल होकर दिखाई देने लगते हैं । यह एक ख़ास यांत्रिकता है । मार्क्सवाद की गुटकों वाली समझ की यांत्रिकता । उस रिपोर्ट में एक बहुत ऊँचा सूत्र दिया गया है - 'जातिवाद अधिशेष को हड़पने का एक तरीक़ा रहा है ।'
"सवाल है कि जिन समाजों में भारत की तरह का जातिवाद नहीं दिखाई देता, उनमें क्या अधिशेष को हड़पा नहीं जाता था या जाता है ! इस प्रकार की 'सैद्धांतिक' दूर की कौड़ियों से पता नहीं कैसे किसी समाज की कोई ठोस समझ क़ायम होती है !
बहरहाल, वर्ण व्यवस्था, जातिवाद और इनका जघन्यतम रूप छूआछूत - ब्राह्मणवाद और सनातन धर्म की हमारे सामंती समाज को सौंपी गई ख़ास सौग़ात है और इसमें शक नहीं कि आधुनिक पूँजीवाद के साथ इनकी वास्तव में कोई संगति न होने पर भी आज तक इस क्षयिष्णुता के लक्षण बने हुए हैं तो यह सामंती अवशेषों की वजह से ही है । आज के काल में इसमें जो अतिरिक्त आक्रामकता दिखाई दे रही है, उसके मूल में सांप्रदायिक शक्ति के रूप में ब्राह्मणवाद की बढ़ी हुई ताक़त है । भारत में सांप्रदायिकता की पराजय जातिवाद के सभी रूपों के अंत का प्रारंभ होगा ।"
इसके अलावा, इसी रिपोर्ट और एक अंश पर टिप्पणी करते हुए हमने लिखा कि
"आपकी वाल पर ही इस रिपोर्ट के अन्य हिस्से पर मैंने टिप्पणी की है । इस अंश पर भी मैं वही दोहराना चाहूँगा । जाति-व्यवस्था के अंदर से वर्ग बन रहे है तो क्या जातिवाद के अंत से वर्ग ख़त्म हो जायेंगे ? यह बिल्कुल यांत्रिक सूत्रीकरण है । आज़ादी के बाद से अब तक आरक्षण आदि के ज़रिये जातिवाद पर जो प्रहार हुए हैं, उन पर इससे कोई रोशनी नहीं गिरती ।"
इसी में हमने और भी लिखा था कि
"मार्क्सवाद किसी भी संरचना के लक्षणों की, उसकी दरारों की पहचान कराता है । जाति से अगर वर्ग बनते हैं तो जातियों का अंत वर्ग का अंत नहीं हो सकता । यह एक संरचना का टूटना और उसकी जगह दूसरी संरचना का निर्माण है । इसीलिये कम्युनिस्टों ने जातिवाद के विरोध के साथ ही वर्ग संघर्ष पर हमेशा बिल्कुल सही बल दिया है । जातिवाद का ख़ात्मा तो पूँजीवाद के विकास से भी होगा, लेकिन जातिवाद के अंत से पूँजीवाद का अंत नहीं होगा । "
अंत में, हमारी राय में, " आज जो लोग कम्युनिस्ट आंदोलन में आए गतिरोध के कारण जातिवाद के मसले के प्रति कम्युनिस्टों के नज़रिये में किसी प्रकार के दोष में देख रहे हैं, वे पूरे विषय को सिर के बल खड़ा कर रहे हैं । कम्युनिस्ट आंदोलन को अपनी विफलता के कारण अपनी राजनीतिक कार्यनीति और सांगठनिक नीतियों की कमियों में खोजना चाहिए । मुश्किल यह है कि ऐसा करने पर पार्टियों के प्रभावी नेतृत्व की क्षमताओं पर सवाल उठने लगेंगे, जो कोई करना नहीं चाहता ।"
उम्मीद है कि ऊपर की बातों से फ़ेसबुक पर हमारी टिप्पणियां और भी साफ हुई होगी । प्रकाश करात सीपीआई(एम) के एक वरिष्ठ नेता रहे हैं । आज कम्युनिस्ट आंदोलन की सही और परंपरागत समझ पर वे जिस कोण से सवाल उठा रहे हैं, वह मार्क्सवाद की उनकी बिल्कुल यांत्रिक समझ का प्रमाण है । यह मार्क्सवाद को निहायत तात्कालिक राजनीतिक समीकरणों को साधने के लिये जातिवादियों की सोच का पिछलग्गू बनाने वाला सोच है । और, कहीं न कहीं पार्टी के विकास में दिखाई दे रहे गतिरोध के लिये मिथ्या सैद्धांतिक कारणों का विभ्रम पैदा करना है ।

डाभोलकर, पानसारे और अब कलबुर्गी - हत्याओं की इस श्रृंखला से फासीवाद की पदध्वनि साफ सुनाई दे रही है - उदयप्रकाश


(कन्नड़ लेखक एम. एम. कलबुर्गी की हत्या के प्रतिवाद में हिंदी के रचनाकार उदयप्रकाश ने अपना साहित्य अकादमी का पुरस्कार लौटा देने की घोषणा की है। इस घोषणा के चंद दिनों बाद ही उदयप्रकाश कोलकाता आए थे। इस पूरी घटना के संदर्भ में अरुण माहेश्वरी और सरला माहेश्वरी से उनकी कोलकाता में लंबी बातचीत हुई। उस बातचीत को हम यहां प्रकाशित कर रहे हैं :)

अरुण माहेश्वरी : आज की पूरी सामाजिक-आर्थिक स्थितियों को आप देख रहे हैं। जो परिस्थिति है, वह क्रमश: खास तौर पर साहित्यकारों और संस्कृतिकर्मियों के लिये असहनीय सी हो रही है। सत्ताधारी पार्टी के नेता जिस जुबान में आम तौर पर बात करते हुए पाए जाते हैं, उसी से पता चलता है कि नीचे समाज में क्या हो रहा है। बुद्धिजीवियों और लेखकों को तो सीधे तौर पर शारिरिक हिंसा का शिकार बनाया जा रहा है। एम.एम.कलबुर्गी की हत्या को लेकर आपने जिसप्रकार अपना तीव्र प्रतिवाद दर्ज किया है उसका बड़े पैमाने पर रचनाकर्मियों ने स्वागत किया है। उसीसे पता चलता है कि अभी की परिस्थिति पर आम रचनाकर्मियों में कितना गुस्सा है। एकाध व्यक्ति ने इस कदम का मजाक भी उड़ाया है। हमारा आपसे सवाल है कि मौजूदा परिदृश्य की ऐसी कौन सी बातें है, जिनकी वजह से आपने एक इतना बड़ा कदम उठाना जरूरी समझा ? हांलाकि सारी दुनिया में ऐसे अनेक उदाहरण मौजूद है। हमें तो लगता है कि जैसे कुछ पुरस्कारों की तो महत्ता ही इस बात में हैं कि उन्हें सही समय में परिस्थितियों की मांग के अनुसार लौटाया जाएं या ठुकराया जाएं। इस बारे में आपका क्या कहना है ?

उदय प्रकाश : पहली बात तो यह है कि मैंने यह कदम बहुत सोच-समझ कर, इसके राजनीतिक परिणामों को मद्देनजर रखते हुए नहीं उठाया है। पिछले दिनों लगातार जो घटनाएं घट रही है उन्हें आप देख ही रहे हैं। यह सिलसिला लगभग दो सालों से चल रहा है। यू आर अनंतमूर्ति के घर को घेरा गया, उन्हें पाकिस्तान जाने का टिकट भेजा गया, उनपर पत्थर फेंके गये। इसके पहले ए. के. रामानुजन को लीजिए। उन्हें कौन नहीं जानता। ‘थ्री हंड्रेड रामायनाज’ के लेखक। उनके इस लेख को दिल्ली विश्वविद्यालय के एकेडमिक कौंसिल ने भारी बहुमत से पाठ्य पुस्तक से निकालने का निर्णय लिया। ग्यारह लोगों ने उसके खिलाफ मतदान किया। पेनगुइन की तरह का प्रकाशक, जो लेखकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए बाकायदा सभी न्यायिक चुनौतियों का सामना करता रहा है, लेडी चैटरलीज लवर, लोलिता जैसी विवादास्पद किताबों के लिए जिसने लंबी कानूनी लड़ाइयां लड़ी, उन्हें प्रतिबंधित होने से बचाया। उसी पेनगुइन ने दीनानाथ बत्रा नामके एक सनकी आदमी से डर कर, जिसके पास कोई शैक्षणिक योग्यता नहीं है, वेंडी डोनिगर की ‘एन अल्टरनेटिव हिस्ट्री ऑफ हिंदुइज्म’ को पल्प कर दिया। मेरी किताब ‘द गर्ल विद द गोल्डेन पैरासोल’ को पल्प आउट कर दिया क्योंकि वह जाति व्यवस्था के खिलाफ थी।

इसप्रकार, कहीं न कहीं यह प्रक्रिया पहले से ही शुरू होगई थी, लेकिन ऐसा नहीं लगता था कि यह प्रक्रिया शारिरिक हिंसा में बदल जायेगी। लेखकों की पिटाई ही नहीं, उनकी हत्याएं होने लगेगी। ये सब हत्याएं एक श्रृंखला में हुई हैं। पहले डाभोलकर, फिर पानसारे और अब कलबुर्गी। ये सब हत्याएं इस बात का भी संकेत देती है कि समस्या सिर्फ हिदुत्व और इस्लाम की नहीं है। खुद हिंदुत्व के अंदर हिंसक झगड़े चल रहे हैं। पाकिस्तान में भी यही हो रहा है। इस पूरे उपमहादेश में इस प्रकार की असहिष्णुता कि कब किसकी भावना आहत हो जाए, पता नहीं चलता है। और किसकी भावनाएं! जो भावनाएं आहत हो रही हैं, वे आहत होने लायक ही हैं। इसके बिना आप एक कदम भी आगे नहीं बढ़ सकते। जब तक आप इन भावनाओं को आहत नहीं करेंगे, तो जिसे लोकतांत्रिक सहिष्णुता कहते हैं, उसे कभी नहीं ला पायेंगे। यह करना ही पड़ेगा। उनके साथ कानून और व्यवस्था के आधार पर, आईपीसी के आधार पर, न्यायिक व्यवस्था के जरिये भी निपटने की जरूरत है। इनके जरिये उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

सरकार का काम है लेखकों को बचाना। लेखक तो अकेला होता है। बाबाओं, साधुओं को जेड सिक्यूरिटी दी जाती है। ऐसे लोगों की एक पूरी फसल तैयार हो गई है। ये बलात्कार करें, धोखेबाजी करें, इनको कोई नहीं मारता। ये भले अपने अपराधों की वजह से कभी पकड़े गये तो पकड़े गये। लेकिन उनपर सामाजिक तौर पर हिंदू समाज की ओर से कोई आक्रमण नहीं होता। क्या हम यह मान ले कि कलबुर्गी, पानसारे, अनंतमूर्ति से तो उनकी भावनाएं आहत होती है और राधे मां, आशाराम बापू, जो बलात्कार करते हैं, उनसे उनकी भावनाएं आहत नहीं होती है। कई बार मन में यह सवाल पैदा होता है और मन में डर भी लगने लगता है, क्योंकि जब हम देखते हैं कि कहीं कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, कोई हत्यारा पकड़ा नहीं जाता है, न कोई गिरफ्तारी हो रही है।

हम राकेश शर्मा की डाक्यूमेंट्री ‘फाइनल सोल्यूशन’ देखते हैं जिसमें 2002 के गुजरात के जनसंहार का पूरा डाक्यूमेंटेशन है। उसमें सारे अपराधी खुल कर बता रहे हैं कि कैसे उन्होंने कत्लेआम किया। इसका विजुअल डाक्यूमेंटेशन है। बाद में अदालतों में भी वे सब प्रमाणित हुए हैं। बाबू बजरंगी, माया कोडनानी आदि सबको उम्र कैद, फांसी की सजाएं हुई है। फिर भी उनको छोड़ दिया जा रहा है। ऐसा क्यों हो रहा है ! अपराधी छोड़े जा रहे हैं, हत्यारे छोड़े जा रहे हैं और लेखक मारे जा रहे हैं।

सरला माहेश्वरी : प्रतिवाद का कोई स्वर नहीं दिखाई देता। सरकार के किसी कोने से इसके खिलाफ एक आवाज तक नहीं आती !

उदयप्रकाश : कलबुर्गी को मेरी ही तरह साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था। साहित्य अकादमी जिनको पुरस्कृत करती है, उनके प्रति उसकी जरा भी जवाबदेही नहीं है। कलबुर्गी की हत्या पर अकादमी की ओर से एक छोटा सा शोकसंदेश तक नहीं आया। उनका भी परिवार है, बच्चे हैं। दुख सबको होता हैं। सांत्वना का एक शब्द भी नहीं। किसी रेल दुर्घटना में जब लोग मारे जाते हैं तो खुद रेल मंत्री उन्हें देखने के लिए जाते हैं, मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हैं, मुआवजों की घोषणा की जाती है। लेकिन साहित्य अकादमी ने क्या किया। एक प्रतिक्रिया तक नहीं। ऐसी असंवेदनशीलता ! जब किसी को साहित्य अकादमी अवार्ड दिया जाता है उसे तय करने के लिए एक निर्णायक-मंडल बनता है, ज्यूरी। हर कोई जानता है कि पुरस्कार कैसे दिये जाते हैं। फिर भी एक काल की सर्वोत्कृष्ट मानी जाने वाली कृति को पुरस्कार दिया जाता है। जिसको आपने सम्मानित किया, उन्हीं विचारों की हत्या कर दी जाए और खामोशी से देखते रहें।
इसीलिये मेरे निर्णय के पीछे कोई राजनीति नहीं है। आप जानते हैं मेरी कोई राजनीति नहीं है। मैं किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं जुड़ा हूं। लेखक तो वैसे ही प्रकृति से स्वतंत्र होता है। उसका समय उससे लिखवाता है। लेकिन दिक्कत यह है कि जो अपने समय को सच्चाई से लिखता है उससे सारी राजनीतिक सत्ताएं नाराज ही रहती है। इन्हीं तमाम कारणों से मुझे लगा कि इस पुरस्कार को लौटा दिया जाना चाहिए।

अरुण माहेश्वरी : बिल्कुल सही कहा आपने। हाल में फ्रांस की सरकार ने वहां के अर्थशास्त्री थामस पिकेटी को नोबेलजयी अर्थशास्त्री के साथ ही फ्रांस के सर्वोच्च पुरस्कार से नवाजने की कोशिश की थी तो पिकेटी ने यह कह कर उस सम्मान को स्वीकारने से इंकार कर दिया कि सरकार का काम यह तय करना नहीं है कि समाज में कौन सम्मानित होगा और कौन नहीं। सरकार का काम है अर्थ-व्यवस्था को सुधारना और यदि आप अर्थ-व्यवस्था को संभालने में विफल होते हैं तो मेरे लिये आपका कोई महत्व नहीं है। जो सरकार अपने नागरिकों को, लेखकों और साहित्यकारों को न्यूनतम सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकती उस सरकार के दिये किसी भी सम्मान का कोई मूल्य नहीं है। और, मेरे अनुसार तो ऐसे पुरस्कारों को सही समय पर लौटाना ही अपनी प्रतिवाद के दर्ज कराने का एक सही तरीका है।

उदय प्रकाश : हां, कुछ लोग टाइमिंग की बात उठाते हैं। टाइमिंग का क्या। वह तो कभी भी हो सकती है। अभी शायद यह एक ऐसा समय था जब परिस्थिति सबसे ज्यादा सघन, इंटेन्सीफाई हो गयी है। यह फासिज्म की ओर बढ़ने के लक्षण है। अभी-अभी मैं म्यूनिख से लौटा हूं। मैंने वहां वो संग्रहालय देखा है जिससे पता चलता है फासिज्म कैसे पैदा हुआ। जब कारपोरेट, मीडिया, मोनोलॉग अर्थात रेह्टोरिक एक हो जाते हैं तभी फासिज्म आता है। और इस समय यहां सब एक हो रहे हैं। रिलीजन, कारपोरेट और कारपोरेट से शक्ति प्राप्त मीडिया इन सबने एक उन्माद पैदा किया। एक प्रकार का राष्ट्रवादी उन्माद।
आज ही मेरे फेसबुक वाल पर किसी और ने लिख दिया कि हिंदी एक कृत्रिम भाषा है। उसपर तत्काल एक कमेंट आया - जो हिंदी को कृत्रिम भाषा कहता है वह भारतीय, नस्ल का ही नहीं है। अब इन्होंने एक और नई नस्ल भी पैदा कर ली है। इंडियन रेस। क्या कभी आपने ऐसी कोई नस्ल के बारे में सुना है। दुनिया में कोई ऐसी किसी नस्ल की बात नहीं करता, कोई पुरातात्विक नहीं कहता। हर कोई जानता रेसेस के बारे में। मोंगोलाइट्स, प्रोटो आस्ट्रोलाइट्स, नाइजेरिस्ट, द्रविड़, आर्य सुनते आए हैं। इनके बीच सदियों में लगातार इंटरेक्शन होता रहा है। जेनेटिक अध्ययन बताते हैं कि 87 प्रतिशत तक का जेनेटिक इंटरेक्शन हो चुका है। और ये शुद्ध नस्ल का दावा करते हैं। हमारा डीएनए, पाकिस्तान में रहने वालों, हड़प्पा सम्यता के लोगों का डीएनए एक है।

सरला माहेश्वरी : इस विषय पर मुकेश कुमार की एक कविता याद आ रही है। ‘ हां, हरामजादे हैं।’ वे कहते हैं - ‘‘पुरखों की कसम खाकर कहता हूं/ कि हम सब हरामजादे हैं/ आर्य, शक, हूण, मंगोल, मुगल, अंग्रेज,/द्रविड़, आदिवासी, गिरिजन, सुर-असुर/जाने किस-किस का रक्त/ प्रवाहित हो रहा है हमारी शिराओं में/उसी मिश्रित रक्त से संचरित है हमारी काया/हां हम सब वर्णसंकर हैं।’’

उदयप्रकाश : सचमुच, भारत के मुसलमान, ईसाई सब एक ही नस्ल के हैं।

अरुण माहेश्वरी - यह सही है। लेकिन हिंदी की एक और खास स्थिति है। हिंदी में अभी पुरस्कारों की बाढ़ आई हुई है। ‘वागर्थ’ जैसी पत्रिकाओं को हम देखते हैं तो उसमें लिखने वाला शायद ही कोई ऐसा लेखक होगा जो अपने सिर पर चार-पांच पुरस्कारों की कलंगी न लगाए हुए हो। इस तुलना में हिंदी साहित्य समाज में बेहद अप्रासंगिक सा दिखाई देता है। सवाल उठता है कि तब वे कौन लोग है जो ये सारे पुरस्कार दे रहे हैं ? अगर समाज में लेखकों का सचमुच मान होता तो साहित्य की बिक्री की यह दशा नहीं होती। लेखक की तो कोई पहचान नहीं है, और उसे नाना पुरस्कारों से लाद दिया जा रहा है !

उदयप्रकाश : यह एक बहुत दुखदायी स्थिति है। यह सारा उपक्रम बेहद अवमाननापूर्ण है। मैंने एक कमेंट किया था कि साल में 365 दिन होते हैं और इन 365 दिनों में रोज के हिसाब से दस-दस पुरस्कार दिये जा रहे हैं। हजारों पुरस्कार! इनके शुरू में पुरस्कार किसी न किसी बड़े साहित्यकार के नाम पर दिये जाते थे। प्रतिष्ठित और प्रगतिशील साहित्यकारों के नाम पर। शमशेर सम्मान, केदारनाथ अग्रवाल सम्मान। लेकिन हालत यह है कि केदारनाथ अग्रवाल के घर को बिकने से नहीं बचाया जा सका। वह तहस-नहस होगया था। दुष्यंत स्मृति सम्मान अढ़ाई लाख का पुरस्कार है। अभी दुष्यंत के घर को बड़ी मुश्किल से बचाना संभव हुआ है। सचमुच यह सवाल है कि ये कौन लोग हैं, पुरस्कार देने वाले। प्रेमचंद के लमही की स्थिति से आप अच्छी तरह वाकिफ हैं। गालिब की मजार को किसी तरह से हल्ला-गुल्ला करके उसका पुनरुद्धार किया जा सका है। शर्मनाक है कि इन लोगों के नाम से सम्मान देना और खुद ही सम्मानित हो जाना। यह एक प्रकार का ‘शामिल बैंडबाजा’ है। एक-दूसरे को सम्मानित करेंगे। समीक्षाएं मैनुफैक्चर्ड होगी। आप उनको पढ़ कर देखिये, वे किसी लायक नहीं होती।

सरला माहेश्वरी - वो मुक्तिबोध की कविता है ना - ‘‘सफलता की आंख से/ दुनिया को निहारती फैली है/ पूनो की चांदनी/...-मनुष्य के लिए नहीं - फैली यह / सफलता की, भद्रता की,/कीर्ति-यश-रेशम की पूनो की चांदनी/मुझको डर लगता है,/मैं भी तो सफलता के चन्द्र की छाया में/घुग्घू या सियार या / भूत नहीं कहीं बन जाऊं !‘‘

अरुण माहेश्वरी : संपादक अक्सर यह कहते हुए पाए जाते हैं कि हमें तो लेखक लोग समीक्षाएं भिजवाते हैं, तभी वे छपती है। अपनी ओर से समीक्षाएं लिखवाने का हमारे पास कोई तरीका नहीं है।

कहने का मतलब यह है कि इस पूरे परिदृश्य में कहीं न कहीं हिंदी के नाम पर चलने वाली जो असंख्य संस्थाएं हैं, और उनमें बैठे हुए लोग है, वे सब इसके लिए कम जिम्मेदार नहीं है। हिंदी के नाम पर भारत सरकार और विभिन्न सरकारों की ओर से अरबों रुपये खर्च किये जाते हैं, क्या यह कोरी बंदरबांट नहीं है ?

उदय प्रकाश : नहीं, इसे मुहावरों की भाषा में कहना विषय को हल्का करना होगा। यह सरासर लूट है। इसे शुद्ध फिनेंशियल टम्र्स में देखा जाना चाहिए। हजारों, लाखों करोड़ के जो इतने सारे स्कैम्स हो रहे हैं, यह भी एक स्कैम हैं। इसी दृष्टि से इसे देखा जाना चाहिए। भाषा का उद्योग, खास तौर पर हिंदी भाषा का, उसके जेनेसिस में आप जायेंगे तो पता चलेगा कि किस प्रकार 19वीं सदी से ही, मध्यकाल से सुनियोजित ढंग से हिंदी को एक धर्म के साथ जोड़ने की कोशिश चल रही है। और यह बढ़ते-बढ़ते अब यह यहां तक चला गया है कि इसे जाति विशेष के साथ जोड़ दिया जा रहा है। Identified with certain castes। इस बीच जब वी पी सिंह ने मंडल आयोग को लागू किया तो ‘90 के बाद आरक्षण में एक नया पहलू जुड़ गया। आरक्षण की मांग और जातियां भी करने लगी। ऐसी स्थिति में अब पहले की तरह सिर्फ एक ही जाति के लोगों की नियुक्ति नहीं हो सकती है। तो इससे एक नई चुनौती पैदा हुई है। मैंने जब ‘पीली छतरी वाली लड़की’ लिखा, वह दरअसल एक प्रकार का भाषा विमर्श ही था। हिंदी विभाग में आकर वह कैप्सूल्ड हुआ था, जहां वह प्रेमकथा चल रही थी। जैसा कि एंगेल्स ने कहा हैं, Language is the practical consciousness of man । यह हमारी व्यवहारिक चेतना है। तो  आप इसे जितना सब्जूगेट करेंगे, गुलाम बनायेंगे, मैनुपुलेट करेंगे, उतना ही चेतना पर उसका असर आयेगा। आप सोचिये, इस भाषा में हमारी सदियां गुजर गई है। इसमें तरह-तरह की धारणाएं, मिथ आदि भरे गए हैं। आज तक बहुत बड़ा समुदाय उन्हें अपनाए हुए हैं। प्रवचनकारी बाबाओं की जो जमात है, वे जो भाषण देते हैं, वह और क्या है, भाषा का ही तो खेल है। इन प्रवचनकारियों का एक और लक्ष्य होता है ब्लैक मनि को व्हाइट करना। ये कोलोनाइज करते हैं, भू-माफियाओं की तरह काम करते हैं। यह एक पूरा उद्योग है।

फिर टेलिविजन आगया। उत्तर आधुनिकता ने हमें यह तो बताया ही है कि आगे स्पीच-सेन्ट्रिक एज होगा। वाक्-केन्द्रित सभ्यता। और सबसे ज्याद निवेश भाषा पर ही होगा। तो भाषा कोई मामूली चीज नहीं है। आप तो बहुत पढ़ते हैं। अंबर्तो इको ने ही अपने ट्रैवल इन हाइपरियल्टीज में कहा है कि कोई भी समाज में कौन सा वर्ग भाषा को कितना शेयर करता है, उससे समाज में उस समुदाय की स्थिति का पता चलता है। जैसे साहित्यकार होता है। आप याद करें विक्टर ह्यूगो का समय। उस समय लेखक आथोरिटी था। उनके उपन्यास धारावाहिक प्रकाशित होते थे और हर परिवार में उसके पाठक होते थे। उसके चरित्रों पर बहस होती थी, अगले दिन क्या होगा, इसके भी कयास लगाये जाते थे। ऑथर की भाषा पर आथोरिटी थी। इसी से ऑथर शब्द बना। आज उसकी यह ऑथोरिटी छीन ली गई है। अब नेतागण भाषण-प्रवचन देते रहते हैं, बाबाओं ने भाषा पर कब्जा जमा रखा है।

दरअसल, साहित्यकार के लिए भाषा उसकी आजीविका है। वह उसी में जीता है, मरता है, सांस लेता है, उसी में रहता है। आज उसकी स्थिति क्या है। क्रिकेट में देखिये, किसी ने जरा सा बल्ला चला दिया, उसके लिये दुनिया के सारे विशेषण, महानता और नायकत्व की सारी बातें कही जाने लगती है। अब टैगोर बनाना असंभव है। अब किसी साहित्यकार को कभी भारत-रत्न नहीं मिल सकता। क्रिकेटर को मिल सकता है, बॉलीवुड के एक्टर को मिल सकता है। व्यवसायी को तो यह सब मिलता ही है। लेकिन साहित्यकार को देखिये। उसकी स्थिति कमजोर होती जा रही है। दरअसल, वह भाषा को बहुत कम शेयर कर पाता है। भाषा के प्रमुख शेयरहोल्डर्स अब दूसरे लोग हो गये हैं। मेरी नजर में हिंदी के साहित्यकार के पास एक प्रतिशत भी भाषा नहीं बची है। मोदी से ज्यादा भाषा पर कौन कब्जा जमाए हुए हैं। विज्ञापनों को देखिए, टीवी एंकर्स को देखिए, क्रिकेट को देखिए। ग्लैमर वल्र्ड, क्राइम इन्फारमेशन - भाषा पर इन अन्यों का कब्जा है। तो साहित्यकार कहां बचेगा।

मेरे गुरू ताद्युश रोज़ेविच की कविताओं का एक संकलन है, 2007 में आया था, उसका शीर्षक है - वर्ड्स, शब्द। उसमें सारी कविताएं शब्द पर है। एक कविता मुझे याद आती है, जिसकी थीम है कि शब्द जो है वे राजनीतिज्ञों के दांतों को चमकाने और कुल्ला करने के काम आते हैं। शब्द जो है खूबसूरत होठों में जो च्विंगम चबा रहे हैं, उसके बैलून बनाने का काम कर रहे हैं। और वह कहता है, शब्द कन्टेमिनेट हो रहे हैं, शब्द खत्म हो रहे हैं, जो अखबारों की रद्दी के टुकड़ों की तरह फेंक दिये गये हैं, सड़ रहे हैं। ये शब्द वही थे जिन्हें हम देते थे उसे जिससे बहुत गहराई से प्यार करते हैं। शब्द वे थे जो हमारे घावों पर मलहम का काम किया करते थे। लेकिन फिर वे अंत में कहते हैं - शब्द में अब भी शक्ति है। किसी बम की तरह वे कभी भी विस्फोट कर सकते हैं।
उनकी कविताएं कुछ इस प्रकार है : एक कविता है - मैं क्यों लिखता हूं।
कभी-कभी 'जीवन' उसे छिपाता है/ जो जीवन से ज़्यादा बड़ा है / कभी-कभी पहाड़ उस सबको छुपाते हैं / जो पहाडों के पार है
इसीलिए पहाडों को खिसकाया जाना चाहिए / लेकिन पहाडों को खिसकाने लायक / न तो मेरे पास तकनीकी साधन हैं / न ताकत / न भरोसा / इसलिए मैं जानता हूँ कि आप उन्हें इसी जगह देखते रहेंगे

और यही वजह है कि / मैं लिखता हूँ ।

एक कविता है – सफेद ।
सफ़ेद न तो उदास है / न प्रसन्न / बस सफ़ेद है

मैं लगातार कहता रहता हूँ / यह सफ़ेद है / लेकिन सफ़ेद सुनता नहीं / वह अंधा है /  और बहरा है / वह बिल्कुल मुकम्मल है / धीरे-धीरे / वह और सफ़ेद होता जाता है । /

‘शब्द’ कविता का पूरा पाठ कुछ इस प्रकार है :

शब्दों का इस्तेमाल किया जा चुका है / चुइंगम की तरह उन्हें चबाया जा चुका है / सुन्दर जवान होठों द्वारा / सफ़ेद फुग्गों बुल्लों में बदला जा चुका है / राजनीतिकों द्वारा घिसे-रगड़े गए / उनका इस्तेमाल दांत चमकाने और मुँह की सफाई के लिए / कुल्ले-गरारे में किया गया

मेरे बचपन के दिनों में / शब्दों को मरहम की तरह / घावों पर लगाया जा सकता था

शब्द दिए जा सकते थे उसे / जिसे तुम प्यार करते थे

घिसे- बुझे / अखबार मे लिपटे /शब्द अभी भी संक्रामक हैं ... अभी भी उनसे भाप उठती है / अभी तक उनमे गंध है / वे अभी भी चोट पहुँचाते हैं

माथे के भीतर छुपे हुए / छुपे हुए हृदय के भीतर / छुपे हुए सुन्दर जवान लड़कियों के कपडों के अन्दर / पवित्र पुस्तकों में छुपे हुए / वे अचानक फूट पड़ते हैं / और मार डालते हैं ।

यही एक विश्वास है शब्दों के प्रति, जो हमलोगों में बचा हुआ है। वर्ना शब्दों की जो तबाही हो रही है, हम देख ही रहे हैं। महान शब्द को देखिये। कितना दुरुपयोग होता है इसका। हर कोई महान होता है। कोई एक लूट-लाट कर बिजनेस खड़ा कर लेता है और जेल चला जाता है, वह भी महान होता है। यह जो पूरी इकॉनमी है, पूंजी की भूमिका, incoming technology, इसने सिर्फ दुनिया को नहीं बदला है, पूरी भाषा को छिन्न-भिन्न कर दिया है। क्षतिग्रस्त किया है।

मुझे जो साहित्य अकादमी का अवार्ड दिया गया, कलबुर्गी को दिया गया, पता नहीं आज तक किन-किन को दिया गया। आप पायेंगे कि सब कहीं न कहीं कुछ रखते हैं। इस बारे में अरुंधती राय के उस वक्तव्य को पढ़ा जाना चाहिए जो उन्होंने साहित्य अकादमी पुरस्कार ठुकराते हुए दिया था।

ऐसा नहीं है कि सिर्फ उद्योग विभाग ही भ्रष्ट होता है, या वित्त विभाग या निजी पूंजीपति ही भ्रष्ट होते हैं। ये साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्थाएं, ये किसी से कम भ्रष्ट है क्या ?

हंटिंगटन ने, जिसने Clash of civilisation लिखा था, उसने कहा था कि आने वाले समय में सबसे ज्यादा खर्च संस्किृति पर होगा। संस्कृति अभी केंद्र में है। इतिहास से लेकर संस्कृति के जो तमाम रूप है, पुरानी भाषा का इस्तेमाल करें तो जो अधिरचना की चीजें हैं, सबसे ज्याद हमले उन्हीं पर हो रहे हैं। यह एक आपातकाल, Dark Age है। और जो लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं, वे उदयप्रकाश और पता नहीं किस-किस टम्र्स में सोच रहे हैं। यह बिल्कुल गलत है, भले उनमें लेफ्ट ही क्यों न हो। ऐसा बिल्कुल नहीं है।
अरुण माहेश्वरी : अभी जो विश्व हिंदी सम्मेलन भोपाल में चल रहा है और जिसमें छत पर चढ़ कर चिल्ला-चिल्ल कर कहा जा रहा है कि हिंदी बाजार को जीतेगी। नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि दुनिया में सिर्फ तीन भाषाएं बचेगी, अंग्रेजी, चीनी और हिंदी। यह जो अवधारणा है कि भाषा बाजार के जरिये बचेगी, कायम रहेगी, इसपर आपका क्या विचार है। हमारे अनुसार तो भाषा बाजार से जीवित नहीं रह सकती। बाजार सच कहा जाए तो भाषा के नाश की जगह है। शेयर बाजार, फाटका बाजार में तो सब कुछ इशारों पर होता है। अभी तो बाजार की भाषा एप्स है। क्या ऐसा नहीं है कि जो हिंदी की बाजार पर विजय का उन्माद पैदा कर रहे हैं, वे प्रकारांतर से यह कह रहे हैं कि दुनिया के बाजार पर हिंदी वालों का वर्चस्व होगा। आज मुकेश अंबानी या कोई भी अन्य अगर अपना वाणिज्य फैलाता है तो वह हिंदी की सेवा नहीं करेगा। क्या यह भाषा के जरिये भी एक प्रकार के अंधराष्ट्रवाद को हवा देने की कोशिश नहीं है?

उदयप्रकाश : अरुण जी, देखिये, आज बाजार यदि कोई है तो वह ग्लोबल बाजार है। किसी देश का निजी बाजार नहीं बचा है। कोई अगर यह कहे कि यह अपना, स्वदेशी बाजार है, खादी ग्रामोद्योग की तरह का, तो यह कोरा धोखा है। सबकुछ ग्लोबल है। यह माना जाता है कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार है। यूरोप की पूरी आबादी से बड़ा। अब इस बाजार में जिस हिंदी की बात की जा रही है, वह तो है ही नहीं। ग्लोबल मार्केट की भाषा अभी अंग्रेजी है। चाइनीज भी नहीं है। आप पता कीजिए, चीन में, फ्रांस में, जर्मनी में भी, सब जगह इंग्लिश-स्पीकिंग के कोर्स जोरों पर चल रहे हैं। तो बाजार की भाषा तो अंग्रेजी ही है।

मोदी जी जो कहते हैं कि मैंने चाय बेचते-बेचते यूपी के भैयों से हिंदी सीखी, तो यूपी के लोगों की हिंदी में ही पिछले दस सालों में जो परिवर्तन हुए है, इसका किसी को अंदाज है। अभी कुछ साल पहले से ही प्रभु जोशी ने हिंदी के क्रेयोलीकरण का सवाल उठाना शुरू किया है। हिंदी की वोकबलरी में, शब्द भंडार में, हिंदी के मूल शब्द कितने बचे हुए हैं? आप ही देखिये चौरासी वैष्णवन की वार्ता की भाषा, लाला श्रीनिवास दास की परीक्षा गुरू या सुदर्शन की कहानियों की भाषा। कामायनी को ही याद कीजिए। और फिर आज की भाषा को देखिए। अखबारों की हेडलाइन्स, दैनन्दिन व्यवहार की भाषा। आपने एप्स की चर्चा की। एप्स ही क्यों, एसएमएस, इंटरनेट, मोबाइल, उनसे जो भाषा बन रही है, इनके जरिये हमारे शब्द भंडार में ऐसे शब्द आरहे हैं जो पूरी तरह से एलियन शब्द है। जो कभी नहीं थे और स्थिति यह है कि उन्हें कभी हटाया या बदला भी नहीं जा सकता है। पहले जैसे हम पैंट को पतलून कर लेते थे, प्लेटो को अफलातून या सोक्रेटीज को सुकरात बना लेते थे, अपने ढांचे में, अपनी मिट्टी में उनको गढ़ने, बनाने, उन्हें नया कलेवर देने की जो कोशिश रहती थी, अब तो वैसी कोई इच्छा शक्ति भी नहीं बची है। मोबाइल रिचार्ज अब मोबाइल रिचार्ज ही रहेगा। दिल मांगे मोर। यह जो परिवर्तन हो रहे हैं, होते चले जा रहे हैं, मोदी किस हिंदी की बात कह रहे हैं। बाजार में जो हिंदी बची रहेगी, वह कैसी हिंदी होगी ? क्या वह राजभाषा वाली हिंदी होगी ? या ऐसी बाजार वाली?

और वैसे कहा जाए तो हिंदी बनी ही है बाजार के लिए, एक संपर्क भाषा के तौर पर। साहित्य की भाषा, सृजनात्मकता की भाषा हिंदी थी ही नहीं। ब्रज भाषा, अवधि, और दूसरी भाषाएं थी। अब मार्केट के लिए आपने एक भाषा बनाई। संपर्क के लिए। और फिर धीरे-धीरे, बड़ी चतुराई से उसमें संस्कृत के शब्दों को लाकर इसके शब्द भंडार को एक पवित्र सा रूप दे दिया। बहुत सारे लोग तो आज भी उसमें अपनी अभिव्यक्ति नहीं कर पाते हैं। उनके लिए यह असंभव सी है। नाजिम हिकमत कहते हैं न कि जब मैं टर्किस में लिखना चाहता हूं इंकलाब, तो उसका अर्थ निकलता है जेहाद। इसप्रकार, जो शब्द आते हैं, वे अपने साथ पूरी अर्थ-स्मृति लेकर आते हैं।

आपने पाली को छोड़ा, बौद्ध बाहर चले गए। एक इतना उदारवादी दर्शन, जो जातिप्रथा को नहीं मानता, पुनर्जन्म को नहीं मानता, जिसमें रेशनलिटी थी। वह हमसे छूट गया। आपने प्राकृत को छोड़ दिया तो महावीर बाहर होगये। सोरसैनी, अपभ्रंश, जो स्थानीय जनपदीय भाषाएं हैं, उनके शब्दों को छोड़ दिया। एक फ्लाईओवर बनाया, सीधे संस्कृत से और गढ़ ली गई हिंदी। उस हिंदी को सब लोगों पर थोप दिया गया। अब आप बताइयें, यह हिंदी कैसे बचेगी? हिंदी नहीं बचेगी, वही हिंदी बचेगी जो जीवित है, जो जनता द्वारा, मनुष्यों द्वारा, जीवित लोगों द्वारा व्यवहृत है। व्यवहार में लाई जा रही है। उस हिंदी पर कोई संकट नहीं है। मैं नहीं मानता कि हिंदी पर कोई संकट है। दुनिया में बहुत सी छोटी-छोटी भाषाएं बची हुई है और बड़ी-बड़ी भाषाएं लुप्त हो चुकी है। गणेश दैवी भी जो अपने भाषा सर्वेक्षण में कहते हैं। अफ्रीका की भी छोटी भाषाएं बची हुई है। और जो प्रमुख भाषाएं हैं, वे गायब हो चुकी है। यह एक दूसरे स्तर पर चलने वाली परिघटना है। बाजार ही नहीं, इसमें और भी ढेर सारी चीजें सम्मिलित है। जैसे एक बहुत बड़ा उदाहरण है आइजक बेसाविस सिंगर का। उसने एक ऐसी भाषा में अपना साहित्य लिखा जो डेड, मृत भाषा थी। उसे कोई नहीं बोलता था। लोगों ने जब उनसे पूछा कि आप ऐसी भाषा में क्यों लिख रहे हैं जो मुर्दों की भाषा है तो उसने कहा कि इसलिए ताकि उसे सिर्फ प्रेत ही पढ़ें। तो यह जरूरी नहीं कि साहित्य बहुत प्रभावशाली भाषा में ही लिखा जाए। आप तो रूस के बहुत सारे लेखकों को जानते हैं। रसूल हमजातोव। किरगीज भाषा में उन्होंने लिखा। उसे बोलने वाले बमुश्किल तीन-चार लाख लोग थे। लेकिन वे एक महान लेखक बन गये, विश्व के श्रेष्ठतम साहित्य में उनका स्थान है। तो भाषा कोई मैटर नहीं करती है। बाजार उसका इस्तेमाल कर रहा है या नहीं, यह भी मैटर नहीं करता। साहित्य या किसी भी सृजनात्मक कर्म का इससे कोई संबंध नहीं होता। मार्क्स ने भी कहा था कि जो highest forms of art है उसमें संगीत आता है। सर्वोत्कृष्ट कला-रूप। जिसका भौतिक विज्ञान में जन्म हुआ उसका सर्वोच्च रूप मैथ्स, गणित है, जहां सब कुछ एब्सर्ड हो जाता है। संगीत में भाषा नहीं, स्वर होते हैं।

सरला माहेश्वरी : रवीन्द्रनाथ का ही उदाहरण लें। एक प्रांतीय, बांग्ला भाषा के इस कवि ने किस प्रकार सारी दुनिया के, विश्व कवि बन गये।

उदयप्रकाश : देखिये, विश्व हिंदी सम्मेलन में उन्होंने किनको आमंत्रित किया। अमिताभ बच्चन को। मैंने एक छोटा सा बयान दिया। अमिताभ बच्चन तो उत्तर-छायावादी कवि हरिवंश राय बच्चन के पुत्र हैं।

उनको तो हिंदी साहित्य की काफी जानकारियां होगी। नरेंद्र शर्मा, अंचल भी उसी काल के थे। हमारे बहुत सारे गीतकार। उसी काल में प्रगतिवाद भी शुरू होता हैं। त्रिलोचन और अमरकांतजी भी इलाहाबाद के ही थे। उनको तो इन सबके बारे में काफी जानकारी होगी। विश्व हिंदी सम्मेलन में सिर्फ बाजार की बात हुई। चाय वाली बात पर मोदी ने काफी तालियां पिटवाई। लेकिन साथ ही यह भी कहा कि मेरी मातृभाषा गुजराती है। हिंदी भी एक नहीं है। कई हिंदिया है। राष्ट्रभाषा की बात करते हैंं। खुद हिंदुस्तान अभी तक राष्ट्र नहीं बना तो राष्ट्रभाषा क्या बनेगी। और अगर हम मान लेते हैं कि राष्ट्रभाषा बनेगी तो राष्ट्रभाषा को तो दूसरी भारतीय भाषाओं की ज्यादा परवाह करनी चाहिए। कन्नड़ का लेखक मार दिया जाता है, तमिल के लेखक मुरुगन से उसकी कलम छीन ली जाती है। बंगालियों पर हमले हो रहे हैं। और हिंदी वाले विश्व सम्मेलन में जाकर बाबाओं आदि के जरिये धर्म-कांडों में लगे हुए हैं! बाजार के सबसे बुरे लोग, बाबा, साधू - ये सब ही इकट्ठे हो रहे हैं। हिंदी को प्रचारित करने में बॉलिवुड वालों का बड़ा योगदान है। लेकिन बॉलिवुड के भी लेखकों को भोपाल में नहीं बुलाया गया। अमिताभ बच्चन को बुला रहे हैं जिनको इन सब बातों की जरा भी चिंता नहीं है। न मोदी को है कि दूसरी भारतीय भाषाओं के साथ अभी क्या हो रहा है।
अभी तो खाने-पीने, पहनने-ओढ़ने के मामलों तक में डिक्टेट किया जा रहा है। चार दिन तक कोई मांसाहार नहीं करेगा। रामदेव ने भी कह दिया है।

ये सब साफ तौर पर फासीवाद के लक्षण है। और इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए जरूरत सिर्फ इस बात की है कि आप लोकतांत्रिक हो। फासीवाद के खिलाफ लड़ाई में लोर्का एक प्रतीक बन गये थे। वे कोई कम्युनिस्ट या वामपंथी नहीं थे। लोकतांत्रिक थे। साहित्य अकादमी के दिये पुरस्कार को आज लौटा कर मैंने इसी भयानक परिस्थिति के खिलाफ अपनी प्रतिवाद की छोटी सी आवाज उठाई है। इससे ज्यादा और कुछ नहीं समझा जाना चाहिए।






न्यायपालिका और कार्यपालिका

संसदीय जनतंत्र में संसद की सार्वभौमिकता सिद्धांततः स्वीकृत होने पर भी शासक दलों में तानाशाही की ओर बढ़ते रुझानों के मद्दे-नज़र यह सार्वभौमिकता जनतंत्र के विपरीत खड़ी दिखाई देने लगती है । ऐसे में न्यायपालिका की अधिकतम स्वतंत्रतता जनतंत्र के हितों के ज़्यादा क़रीब है । मौजूदा सरकार जिस प्रकार सभी संवैधानिक संस्थाओं पर अपना शिकंजा कस रही है, स्वायत्त संस्थाओं की स्वायत्तता का नग्न हरण कर रही है, उसे देखते हुए न्यायपालिका से इसे कोसों दूर रखने में ही नागरिक समाज के हित है । संविधान की मूलभूत प्रतिज्ञाओं की रक्षा में अब न्यायपालिका की बड़ी भूमिका हो गई है, क्योंकि कार्यपालिका ऐसे तत्वों की गिरफ़्त में है जो भारत के वर्तमान संविधान को वस्तुत: नहीं मानते हैं । भ्रष्ट और संविधान-विरोधी शक्तियों की सरकार की न्यायपालिका में दख़लंदाज़ी राष्ट्र के लिये बेहद नुक़सानदेह साबित होगी ।
इसीलिये जजों की नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय आयोग के गठन के प्रस्ताव को ठुकराने के सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले का हम स्वागत करते हैं । यह एक ऐतिहासिक फ़ैसला है । इसके दूरगामी परिणाम है ।

साहित्य अकादमी के कार्यकारी मंडल का प्रस्ताव उसकी प्रतिष्ठा को फिर से कायम करने के लिए यथेष्ट नहीं है


शुक्रवार, 11 सितंबर 2015

हिंदी और बाजार

अरुण माहेश्वरी

आज तक चर्चा हमेशा भाषा और मनुष्य की अथवा भाषा और समाज की होती रही है। लेकिन इधर कुछ तबकों से भाषा और बाजार के संबंधों पर चर्चा पर बल दिया जा रहा है। जैसे आदमी के काम में आने वाली हर चीज को एक पण्य, बिकाऊ माल बनाया जा रहा है, प्रकृति से सहज प्राप्त हवा और पानी तक को, श्रम-शक्ति को श्रम के बाजार का पण्य माना ही जाता है वैसे ही क्यों न मनुष्य की तमाम नैसर्गिकताओं को कोरा माल बना कर बेचा जाए! भाषा और बाजार की चर्चा में कहीं न कहीं कुछ इसी प्रकार की समझ काम कर रही होती है -भाषा के पैकेज बना कर उसे बाजार में चलाने की समझ। उसी प्रकार, जैसे वित्तीय उत्पादों के पैकेज, लाइफ स्टाइल अर्थात जीने के तौर तरीकों, स्वास्थ्य-व्यायाम के पैकेज।  और, सारे मामले को कुछ इसप्रकार पेश किया जाता है कि यदि हम भाषा को किसी पैकेजबंद बिकने वाले माल का रूप नहीं देते हैं तो उससे भाषा का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जायेगा। अन्य सभी मालों की तरह भाषा भी एक माल है और मालों का चलन निर्भर करता है बाजार पर, इसीलिये भाषा का अस्तित्व भी समाज नहीं बाजार तय करेगा !

इसे ही कहते है माल की और उसके विचरण के क्षेत्र, बाजार की अंधपूजा। मालांधता। माल जो ईश्वर की तरह मनुष्य द्वारा निर्मित लेकिन उसी की तरह सर्व-व्यापी, सर्वशक्तिमान ! और संसार - महज एक बाजार! बाजार का सच यह है कि इसमें हर चीज अपने मूल रूप को गंवा कर सिर्फ नगद-कौड़ी से विनिमय के लायक माल का रूप ले लेती है, उसकी अपनी चारित्रिक-विशेषता का कोई अर्थ नहीं होता। फिर भी मजे की बात यह है कि इसी बाजार को, वस्तु की अपनी चारित्रिक विशेषता का हनन करने वाले तंत्र को भाषा की तरह के मनुष्य की नैसर्गिकता से, अन्य प्राणियों से उसे विशिष्ट बनाने वाले पहलू से जुड़े विषय के विकास का साधन मान कर बाजार की सर्वस्वता का ढिंढोरा पीटा जाता है।

सवाल है कि ऐसा क्यों है और ऐसा कौन करता है ? मनुष्यों के समाज में, सभ्यता के विकास के साथ ही पठन-पाठन के क्षेत्र के पेशेवरों की भी एक फौज हमेशा से रही है। एक काल में तो भाषा-ज्ञान ही सब ज्ञान का मूल माना जाता था और पंडितों की प्रमुख भूमिका विधार्थियों को भाषा ज्ञान कराने की ही होती थी। भाषाओं के विकास के एक लंबे इतिहास में भाषा स्वयं एक अर्जित सचाई है, लेकिन वह आदमी की अपनी आंतरिक, नैसर्गिक, अभिव्यक्ति की जरूरत से जुड़ी सचाई है, उससे बाहर के किसी बाजार की नहीं।
यदि भाषाओं का भविष्य बाजार पर ही निर्भर है, तो यह तय माना जाना चाहिए कि दुनिया की किसी भी भाषा का कोई भविष्य नहीं है। बाजार को भाषाओं के किसी जटिल या विकसित तंत्र की जरूरत नहीं है। वह तो बहुत सीमित चिन्हों, इशारों के बल पर ही अपना काम चला लेता है। जैसे शेयर बाजार और फाटका बाजारों में तो हमेशा उंगलियों के इशारों से सौदे होते रहे हैं। आज सारी दुनिया का बाजार भाषाओं के प्रयोग से पूरी तरह मुक्त, डिजिटल ऐप्स के जरिये संचालित होने की दिशा में बढ़ रहा है।

इसीलिये, किसी भी भाषा का अस्तित्व, उसका भविष्य कत्तई बाजार के साथ जुड़ी हुई सचाई नहीं है। उसका भविष्य ठीक इसके उल्टे, मनुष्य के अस्तित्व की इस सचाई में निहित है कि आदमी हमेशा एक उपभोक्ता नहीं होता। जीवन में वह हमेशा स्वार्थों और तात्कालिक प्रयोजनों के द्वारा चालित नहीं होता। वह हमेशा बहुत कुछ ऐसा करता होता है, जिसके पीछे कोरे स्वार्थ नहीं होते, कोई तात्कालिक प्रयोजन नहीं होता।

मसलन्, साहित्य को ही लिया जाए। आदमी साहित्य किसी स्वार्थवश नहीं पढ़ता। वह सिर्फ अपनी आत्मिक जरूरतों से, मनुष्य होने की अपनी नैसर्गिकता के कारण पढ़ता है। और सच कहा जाए तो यही वह बिंदु है जहां से भाषा का असली और सबसे गहरा संबंध होता है। भाषा किसी राजा या प्रशासन या शिक्षाशास्त्री के आदेशों की मुहताज नहीं होती। वह सिर्फ संवेदनशील होती है साहित्य के इशारों के प्रति।
हिंदी को ही देख लीजिये। डा. रघुवंश अथवा सरकारी राजभाषा विभाग हिंदी का भाग्य निर्धारित नहीं कर पाये हैं, जबकि इनके प्रकल्पों पर अब तक अरबों रुपये खर्च हो गये हैं। विश्व हिंदी सम्मेलनों से हिंदी भाषा का रत्ती भर भी लाभ हुआ है, कोई नहीं मानेगा। इसके विपरीत, हिंदी कविता की धारा छायावाद को लेते हैं। छायावादियों की भाषा में बहुत कुछ ऐसा हो सकता है जो आज भी आम बोलचाल की भाषा में दाखिल नहीं हो पाया है, लेकिन जो साहित्य पर विश्वास करते हैं वे भाषा के इस रूप के प्रति तब से लेकर आज तक, समान रूप से उत्साहित है। वही हिंदी भाषी जनता की आधुनिक जरूरतों को पूरा करती है, देश की दूसरी अधिकांश जातीय भाषाओं से उसका एक सहजात रिश्ता कायम करती है; भारत की राष्ट्रीय एकता का आधार तैयार करती है।

इसीलिये कहना न होगा, जब भी भाषा और बाजार के रिश्तों पर अतिरिक्त बल दिया जाता है, तब वह और कुछ नहीं, भाषाओं के खासप्रकार के पेशेवरों की एक मुहिम का हिस्सा होता है।

हम यहां फिर से दोहराना चाहेंगे कि भाषा आदमी की नैसर्गिकता है, अन्य प्राणियों से उसे अलगाने वाली, बुद्धि का सबसे प्रमुख अंग। बल्कि अनेक अर्थों में खुद मनुष्य। और बाजार है मनुष्य की, उसके समाज की एक निर्मिति। इसीलिये भाषा के साथ बाजार के संबंध का विषय मनुष्य के साथ उसकी निर्मिति के संबंध का विषय है। फिर भी मजे की बात यह है कि आज के दौर में, हमारा व्यवहार हमेशा कुछ ऐसा रहता है कि जैसे बाजार को मनुष्य नहीं बल्कि मनुष्य को बाजार तैयार कर रहा है। ज्ञान के स्तर पर इस बात को जानते हुए भी कि बाजार को आदमी ने अपने आर्थिक विनिमय की जरूरतों को पूरा करने के लिये तैयार किया है, व्यवहार के स्तर पर बाजार के प्रति हमारे अंदर एक ऐसी अंधता छायी रहती है मानो आदमी ने अपने सोचने-समझने और निर्णय लेने की सारी क्षमताओं को खुद के बाहर की, बाजार की शक्ति के हवाले कर दिया है। कहना न होगा, हमारा यह सामाजिक व्यवहार एक भ्रम का शिकार होता है, जिसके मूल में हमारा ज्ञान नहीं बल्कि शुद्ध व्यवहार होता है।

सामान्यतया यह माना जाता है कि आदमी की आस्था और विश्वास उसके आत्मिक विषय है, और ज्ञान बाहरी, अर्थात ऐसा विषय जिसे बाहरी उपायों से जांचा-परखा जा सकता है। लेकिन बाजार की प्रमुखता के इस दौर में हमारी आस्था और विश्वास भी हमसे बाहर की वस्तु बन जाते हैं। हम नहीं सोचते, हमारे लिये बाजार सोचता है। बाजार की आस्था और विश्वास प्रमुख हो जाता है, हमारी अपनी आस्था और विश्वास नहीं। जैसे बौद्ध मठों में प्रार्थना का घूमता हुआ चक्र होता है। उस घूमते हुए बेलनाकार डिब्बे में कागज के टुकड़े पर प्रार्थना को लिख कर डाल कर यह मान लिया जाता है कि वह डब्बा प्रार्थना के स्वरों को स्वत: चारों दिशाओं में तरंगित कर दे रहा है। जैसे मनुष्यों का समूह गान, जिसमें शामिल आदमी अपना स्वर जब चाहे मिलाये और जब चाहे थक कर रुक जाए, गान की तान नहीं टूटती।

जाहिर है, भाषा, संगीत या साधना के किसी भी रूप में कर्मकांडी कार्यों का योगदान खुद में एक कोरा भ्रम है, हमारे सामाजिक यथार्थ में निहित भ्रम। इनसे न भाषा का, न मनुष्य की दूसरी किसी नैसर्गिकता का वास्तविक संरक्षण या संबद्र्धन होता है।

हम हिंदी के संदर्भ में ही बाजार की चर्चा करें। भाषाई सर्वेक्षणों पर लगातार काम करने वाले डा. जयंती प्रसाद नौटियाल के अनुसार, आज हिंदी दुनिया की सबसे बड़ी आबादी के द्वारा बोली और समझे जाने वाली भाषा है। दुनिया की आबादी का 18 प्रतिशत हिस्सा इसे समझता है, जबकि चीनी भाषा मैंडरीन को समझने वालों की संख्या 15.27 प्रतिशत और अंग्रेजी समझने वालों की संख्या 13.85 प्रतिशत बताया गया है। इस बारे में और ज्यादा तथ्यों पर विस्तार से जाने के बजाय यह अकेला तथ्य ही यह बताने के लिये काफी है कि भाषा का संपर्क यदि मनुष्यों की नैसर्गिकता से है तो हिंदी भाषा के अस्तित्व पर किसी प्रकार के खतरे का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है।

लेकिन जब भी हम बाजार को मनुष्य के भाग्य का अंतिम नियंता मान लेंगे तो मामला उलट जाता है। असली बात यह है कि तब सवाल भाषा की रक्षा या विकास का नहीं, बाजार पर हिंदी भाषी लोगों के वर्चस्व का, एक प्रकार के हिंदी अंध-राष्ट्रवाद का हो जाता है। इसका भाषा के अस्तित्व और विकास से कोई संबंध नहीं होता। जैसा कि हमने पहले ही कहा, बाजार को भाषाओं के विकास से कोई मतलब नहीं है। समाज यदि कोरा बाजार होगा तो हिंदी क्या, शायद किसी भी भाषा की जरूरत शेष नहीं रहेगी। मनुष्य ऐप्स का प्रयोग करने वाला ‘एप’ (बंदर) भर होगा। भाषा संबंधी बाजार-चेतना एक प्रकार का पागलपन है। झूठे भय पर टिका पागलपन।

इसीलिये भाषाओं के विकास की असली गारंटी साहित्य के विकास में है। जैसे सामाजिक विकास की भी असली गारंटी बाजार से मुक्ति और मनुष्यों के समतापूर्ण समाज के विकास में है। भाषा का पण्यीकरण सिर्फ एक सीमित समुदाय, भाषा के पेशेवरों के हितों को साधने का साधन हो सकता है। इससे भाषा के अपने विकास का कोई संबंध नहीं है।

यह बाजारंधता एक प्रकार का उन्माद है। मनोविश्लेषक इसप्रकार के उन्माद के लिए एक ऐसे पागल का चुटकुला सुनाते हैं, जो यह मान लेता है कि वह मनुष्य नहीं, मक्के की एक दाना भर है। पागलखाने में इलाज के बाद जब वह समझ जाता है कि वह मक्के का दाना नहीं बल्कि मनुष्य है, तो उसे पागलखाने से छोड़ दिया जाता है। लेकिन बहुत जल्द ही वह, बाहर एक मुर्गे को देखकर इतना डर जाता है कि फिर पागलखाने में आजाता है। डाक्टरों ने जब उससे पूछा कि तुम तो जानते हो कि तुम मनुष्य हो, फिर किस बात का डर है? तो वह कहता है, मैं तो जानता हूं कि मैं मनुष्य हूं, लेकिन वह मुर्गा इस बात को नहीं जानता। यह है मुर्गे का, अर्थात बाहर के बाजार का आतंक ! निष्ठा आंतरिक विषय नहीं, बाहरी विषय हो जाती है।

कहना न होगा, मनुष्य अगर कोरा उपभोक्ता पशु होगा तो उसको भाषा की कोई प्रयोजनीयता नहीं रहेगी, किसी भी भाषा की नहीं। लेकिन, मनुष्य अपनी अस्मिता के लिये हर क्षण जूझने वाला प्राणी है। यही उसका असली प्राणी-सत्य है। और इसी में भाषा का भविष्य भी सुरक्षित है। किसी बाजार का पण्य बनने में कदापि नहीं ।